समाचार 01 फ़ोटो 01
सौभाग्यशाली लोगों को अनूपपुर जिले में कार्य करने का मौका मिलता है- कलेक्टर रत्नाकर झा
*नागरिकों द्वारा दिए गए इस सम्मान को जीवन भर संजोकर रखूंगा-हर्षल पंचोली*
अनूपपुर
जिला विकास मंच अनूपपुर द्वारा मिड वे ट्रीट में कलेक्टर हर्षल पंचोली की विदाई एवं रत्नाकर झा का स्वागत का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम मे जनप्रतिनिधि ,प्रशासनिक अधिकारी ,कर्मचारी, समाजसेवी, वकील, पत्रकार, किसान , आमजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जिले के नवागत कलेक्टर रत्नाकर झा ने मंच और उपस्थित गणमान्य लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मैने जिले का भ्रमण करके देखा है कि अनूपपु्र बहुत बडा जिला है और कई तरह की समस्याएँ भी हैं । जितना भी काम करो वह कम होगा क्योंकि यहाँ कार्य करने की संभावनाएँ बहुत हैं । मैं दो साल डिण्डोरी मे था और वहाँ मैने बडी मेहनत से काम किया। यह नर्मदा क्षेत्र है, बहुत ही भाग्यशाली लोगों को यहाँ कार्य करने का सौभाग्य मिलता है। मुझे लगता है कि कुछ कार्य शेष रह गये हैं इसलिए मुझे अनूपपु्र जिले मे वापस बुला लिया गया है।
श्री झा ने कहा कि मेरे अन्दर जो भी उर्जा और क्षमता है तथा अब तक जो भी मैने सीखा है , बेहतर से बेहतर कार्य करने की पूरी कोशिश करुंगा।उन्होने निवर्तमान कलेक्टर हर्षल पंचोली के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि आज सुबह से मैं हर्षल पंचोली के विदाई कार्यक्रम और सम्मान समारोह का साक्षी हूँ । आप सबका इनके प्रति स्नेह यह बतलाता है कि इन्होंने जिले मे बेहतर कार्य किया है।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर रत्नाकर झा ने कहां की हम आपके साथ खेल के पुराने साथी रहे हैं। कलेक्टर रत्नाकर झा ने हर्षल पंचोली को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि आप निजी और कार्यगत जीवन मे संतुलन बना कर सतत आगे बढते रहें।उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि जिले से जुडे विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव और जानकारी देते रहें। सभी के सहयोग से मैं जिले के लिये बेहतर कार्य करने का प्रयास कर पाऊंगा।
इससे पूर्व निवर्तमान कलेक्टर हर्षल पंचोली ने अनूपपु्र जिला विकास मंच की सराहना करते हुए कहा कि इस मंच के द्वारा मिड वे ट्रीट मे आयोजित यह तीसरा आयोजन है। पिछले सभी आयोजनों को याद करें तो यह ध्यान आता है कि दो साल पहले हम कहां खडे थे और दो साल मे हमारी क्या उपलब्धियाँ रहीं।
समाचार 02 फ़ोटो 02
बस व बोलेरो में टक्कर, 6 लोग घायल, 2 की हालत गम्भीर, मामला दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
शहडोल
जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में सीधी-वनसुकली मार्ग पर एक तेज रफ्तार बस और सवारी से भरी बोलेरो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो सवार छह यात्री घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। दो दिनों पहले भी बस बोलोरो की भिड़ंत शहडोल रीवा मार्ग में हुई थी।
पुलिस के अनुसार बोलेरो नगनौड़ी की ओर जा रही थी, जबकि बस सामने से ब्यौहारी की ओर आ रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बोलेरो में सवार छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो को गंभीर चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो में सवार कुछ यात्री वाहन में ही फंस गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल भेजा।
पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। ब्यौहारी थाना प्रभारी जिया उल हक ने कहा घटना की जानकारी लगते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी, घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है। पुलिस मामले में जांच कर रही है। दो दिनों पहले भी सड़क हादसा हुआ था जिसमें जांच चल रही।
समाचार 03 फ़ोटो 03
सावन में मंदिर से शिवलिंग हुआ चोरी, ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस चोरो की तलाश में जुटी
शहडोल
जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के लेदरा गांव में स्थित एक प्राचीन मंदिर से शिवलिंग चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मंदिर के समीप स्थित तालाब में भी गोताखोरों की मदद से शिवलिंग की तलाश कराई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सुबह जब ग्रामीण रोज की तरह पूजा-अर्चना करने मंदिर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मंदिर के गर्भगृह से भगवान शिव की शिवलिंग गायब है। यह देख लोगों के होश उड़ गए। कुछ ही देर में पूरे गांव में शिवलिंग चोरी होने की खबर फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्र हो गए। इसके बाद तत्काल गोहपारू पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मंदिर के आसपास साक्ष्य जुटाने के साथ ही पुलिस ने समीप स्थित तालाब में भी शिवलिंग होने की संभावना को देखते हुए स्थानीय गोताखोरों को उतारकर तलाश शुरू कराई। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक शिवलिंग का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
गोहपारू पुलिस के अनुसार, लेदरा निवासी कृष्णकांत शुक्ला की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि इस मंदिर का निर्माण उनके पूर्वजों ने कराया था। मंदिर में भगवान हनुमान और भगवान शिव की नियमित पूजा-अर्चना होती है, लेकिन अज्ञात बदमाश मंदिर से शिवलिंग चोरी कर ले गए।
समाचार 04 फ़ोटो 04
38 दिनों बाद मध्यप्रदेश से तीन हाथी वापस पहुँचे छत्तीसगढ़, ग्रामीण किसानों ने ली राहत की सांस,
अनूपपुर
पांच हाथियों के समूह में से तीन हाथियों का समूह 38 दिनो तक अनूपपुर जिले के जैतहरी एवं अनूपपुर इलाके में निरंतर विचरण करते रविवार की सुबह जैतहरी के चोलना गांव से सीमा पार कर छत्तीसगढ़ राज्य के मरवाही क्षेत्र के मालाडांड के जंगल में पहुंचकर विश्राम कर रहे हैं। जबकि एक बड़ा हाथी कुछ दिन जैतहरी इलाके में रहने बाद छत्तीसगढ़ वापस हो गया रहा तथा एक खतरनाक हाथी को बांधवगढ़ के रेस्क्यू दल द्वारा के शहडोल जिले के केशवाही वन परिक्षेत्र के रामपुर बीट से रेस्क्यू कर बांधवगढ़ ले जाकर वन क्षेत्र में छोड़ा रहा है।
हाथियों के समूह के एक बार फिर से वापस हो जाने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है हाथियों द्वारा क्षेत्र के कई ग्रामीणों के घरों में तोड़फोड़ कर खेत एवं बांड़ी में लगे विभिन्न तरह के फसलो को अपना आहार बनाया रहा है।
38 दिनों तक निरंतर विचरण दौरान तीनों हाथियों द्वारा कई ग्रामीणों के घरों में रात के समय अचानक पहुंचकर तोड़फोड़ कर घर के अंदर रखे विभिन्न तरह की सामग्रियों,घर के अंदर रखे महुआ,शराब का सेवन कर खेत एवं बांड़ियों में लगे विभिन्न तरह के अनाजों,फलो को अपना आहार बनाया इस दौरान हाथियों के कारण दो व्यक्ति घायल हुए,ग्रामीण द्वारा हाथियों के समूह को अपने इलाके से बाहर किए जाने के हर संभव कोशिश की जाने पर हाथियों ने भी प्रतिउत्तर देते हुए ग्रामीणो एवं वन विभाग की गस्ती दल के कर्मचारियों को दौड़ाने,ग्रामीणों से बचने के लिए जंगल एवं झाड़ियां में कुछ समय के लिए ठहर कर हाथी फिर से निकल कर आहार की तलाश करते रहे हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं वन विभाग से हाथियों के द्वारा किए गए संपत्तियों के नुकसान पर सर्वेक्षण कराते हुए जल्द ही राहत राशि दिलाए जाने की अपेक्षा की है।
समाचार 05 फ़ोटो 05
सुंदरम इंस्टीट्यूट का द्वितीय स्थापना दिवस संपन्न, नुक्कड़ नाटक के माध्यम से साइबर सुरक्षा व नशा मुक्ति का दिया संदेश
उमरिया
सुंदरम इंस्टीट्यूट ऑफ कंप्यूटर टेक्नोलॉजी का द्वितीय स्थापना दिवस समारोह उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. मुकुल तिवारी, विशिष्ट अतिथि हिमांशु तिवारी एवं सचिन गुप्ता द्वारा विद्या की देवी मां सरस्वती के चित्र पटल पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर संस्थान के डायरेक्टर दिलीप शर्मा एवं संरक्षक सुंदर लाल शर्मा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए संस्था की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। समारोह में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। साथ ही छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बढ़ते साइबर अपराधों एवं नशा मुक्ति के प्रति जनजागरूकता का प्रभावशाली संदेश दिया। नाटक में साइबर ठगी से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार तथा नशे के दुष्परिणामों को जीवंत प्रस्तुति के माध्यम से दर्शाया गया, जिसकी उपस्थित जनसमुदाय ने सराहना की।
मुख्य अतिथि डॉ. मुकुल तिवारी ने अपने उद्बोधन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते प्रभाव, उसके लाभ एवं संभावित चुनौतियों पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं सचिन गुप्ता ने वर्तमान समय में कंप्यूटर शिक्षा की उपयोगिता एवं रोजगार के क्षेत्र में उसकी बढ़ती आवश्यकता पर अपने विचार रखे।
युवा टीम संयोजक हिमांशु तिवारी ने समाज के विकास में एआई एवं कंप्यूटर तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को नई तकनीकों को सीखने के लिए प्रेरित किया।
समाचार 06 फोटो 06
ट्रक व बाइक की जोरदार टक्कर, युवक की घटनास्थल में हुई मौत
उमरिया
जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत घुनघुटी चौकी के राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। मृतक शैलेंद्र सिंह (26) सीधी जिले का निवासी था और करीब 10 दिन पहले अपनी मां के मायके घुनघुटी आया था। वह बाइक से शहडोल जा रहा था, तभी सामने से आ रहे ट्रक से उसकी बाइक की टक्कर हो गई।
जानकारी के अनुसार, हादसा घुनघुटी-शहडोल मार्ग पर हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि शैलेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरसिंहपुर पाली लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी डॉक्टर आर. के. प्रजापति ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि शैलेंद्र सिंह करीब 10 दिन पहले सीधी से अपनी मां के मायके घुनघुटी आया था। शनिवार को वह निजी काम से शहडोल जा रहा था, तभी हादसे का शिकार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
समाचार 07 फ़ोटो 07
प्रथम हॉस्पिटल एवं चंद्राचार्य धर्मार्थ चिकित्सालय के तत्वावधान में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित
अनूपपुर
पावन तपोभूमि अमरकंटक में जनसेवा और स्वास्थ्य संरक्षण की भावना को साकार करते हुए प्रथम हॉस्पिटल एवं चंद्राचार्य धर्मार्थ चिकित्सालय के संयुक्त तत्वावधान में प्रति रविवार आयोजित होने वाले निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन श्रद्धा, सेवा और मानवीय संवेदनाओं के वातावरण में संपन्न हुआ। शिविर में दूर-दराज़ से आए ग्रामीणों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं जरूरतमंद मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण और परामर्श का लाभ प्राप्त किया।
शिविर में अनुभवी चिकित्सकों द्वारा मरीजों की विस्तृत जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श, उपचार तथा स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस अवसर पर डॉ. रजनीश पाण्डेय ने मरीजों का परीक्षण कर बदलती जीवनशैली, मौसमी बीमारियों और नियमित स्वास्थ्य जांच की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उपचार से अनेक गंभीर रोगों से बचाव संभव है।
स्वास्थ्य शिविर में 41 मरीजों का पंजीयन किया गया। सभी मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं तथा आगे की चिकित्सा संबंधी सलाह दी गई। शिविर में प्रयोगशाला संबंधी सेवाओं का दायित्व लैब तकनीशियन अभिषेक मिश्रा एवं लैब तकनीशियन राजेश कुमार तिवारी ने निभाया, जिन्होंने आवश्यक जांच प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया।
समाचार 08 फ़ोटो 08
चाकू दिखाकर डरा धमका रहा युवक गिरफ्तार
अनूपपुर
जिले की सरई चौकी पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध धारदार चाकू लेकर घूम रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लोहे का धारदार चाकू बरामद कर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध धारदार चाकू लेकर क्षेत्र में घूम रहा है और आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। साथ ही उसके किसी वारदात को अंजाम देने की आशंका भी जताई गई। सूचना मिलते ही मंगला दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम संतोष सिंह गोंड, पिता रायसेन सिंह गोंड, उम्र 40 वर्ष, निवासी छोटी तुम्मी, थाना पाली, जिला उमरिया बताया।
समाचार 09 फ़ोटो 09
बेजुबान पशुओं की सुरक्षा में शिव मारुति युवा संगठन तीन वर्षों से जारी रेडियम बेल्ट अभियान
अनूपपुर
बेजुबान पशुओं एवं मानव जीवन की सुरक्षा को समर्पित शिव मारुति युवा संगठन का रेडियम बेल्ट अभियान पिछले तीन वर्षों से लगातार जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। संगठन द्वारा 23 जुलाई 2026 से इस वर्ष के अभियान की शुरुआत की गई, जिसके तहत अब तक 250 से अधिक निराश्रित गौवंशों के गले में रेडियम बेल्ट बांधी जा चुकी हैं।
संगठन के सदस्य प्रतिदिन शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर निराश्रित गौवंशों को रेडियम बेल्ट पहनाने का कार्य कर रहे हैं। रात्रि के समय इन बेल्टों की चमक से वाहन चालकों को सड़क पर मौजूद पशु दूर से ही दिखाई देते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका काफी हद तक कम हो जाती है। यह पहल न केवल बेजुबान पशुओं के जीवन की रक्षा कर रही है, बल्कि राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि यह अभियान पूरी तरह निस्वार्थ सेवा भावना से संचालित किया जा रहा है। पिछले तीन वर्षों से निरंतर चल रहे इस अभियान के माध्यम से हर वर्ष बड़ी संख्या में निराश्रित गौवंशों को रेडियम बेल्ट पहनाई जाती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का प्रयास किया जा रहा है।