6 करोड़ की सड़क योजना अधूरी, बीच सड़क में खड़े बिजली के खंभे से हो रहा दुर्घटना, लोगो मे आक्रोश
अनूपपुर
धार्मिक तीर्थ एवं पर्यटन नगरी अमरकंटक में भारत सरकार के हुडको से वित्तपोषित आईडीएसएमटी योजना के अंतर्गत लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से वर्षों पूर्व शहडोल–अनूपपुर मुख्य मार्ग पर दोहरे सीमेंट-कंक्रीट सड़क निर्माण का कार्य कराया गया था। यह निर्माण कार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नाका तिराहा से पुराने स्टेट बैंक शाखा, कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन विद्यालय, रे वा पेट्रोलियम तथा पुलिस थाना के सामने होते हुए पाल बंगला (अध्यक्ष निवास) तक कराया गया।
किन्तु आश्चर्यजनक रूप से सड़क का दूसरा भाग आज तक अधूरा पड़ा हुआ है। नाका तिराहा से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के सामने तक बनने वाला द्वितीय मार्ग अब तक प्रारंभ नहीं किया गया, जिससे सड़क निर्माण योजना अधूरी अवस्था में ही दिखाई देती है।
सबसे गंभीर चिंता का विषय यह है कि मार्ग के बीचों-बीच स्थित तीन विद्युत पोल आज भी यथावत खड़े हैं। सड़क का डिवाइडर इन खंभों तक पहुंचकर समाप्त हो जाता है, जिसके कारण वाहन चालकों को अचानक दिशा बदलनी पड़ती है। रे वा पेट्रोलियम एवं पुलिस थाना के सामने तथा विद्युत मंडल पावर हाउस के समीप होटल के बगल में स्थित विद्युत खंभे विशेष रूप से दुर्घटना की आशंका को बढ़ा रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार इन खंभों के कारण कई बार सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इस संबंध में नगर परिषद, विद्युत विभाग तथा स्थानीय प्रशासन को अनेक बार अवगत कराया जा चुका है, किंतु आज तक न तो विद्युत पोलों को स्थानांतरित किया गया और न ही अधूरी सड़क का निर्माण पूर्ण कराया गया। विद्युत खंभों को हटाकर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण नहीं कराया गया, तो भविष्य में कोई भी गंभीर सड़क दुर्घटना हो सकती है।
