समाचार 01 फ़ोटो 01

खेत मे रोपा लगाकर लौटते समय ट्रैक्टर पलटा, बालिका की हुई  मौत, तीन महिला मजदूर घायल

अनूपपुर

जिला मुख्यालय के समीप करहीवाह में मंगलवार की दोपहर एक किसान के खेत में रोपा लगाने बाद किसान के ही ट्रैक्टर से वापस घर आते समय अचानक अनियंत्रित होने से ट्रैक्टर एवं ट्राली के पलटने पर दबने दौरान, एक 15 वर्षीय बालिका की स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन महिला मजदूरो के घायल होने पर जिला अस्पताल में भर्ती करख कर उपचार किया जा रहा है,बघटना की सूचना पर अस्पताल एवं कोतवाली पुलिस द्वारा कार्यवाही की जा रही है।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार अनूपपुर नगर के वार्ड क्रमांक 6 सामतपुर के चौधरी समुदाय की कुछ महिलाएं मोहल्ले के ही एक राठौर समाज के किसान के ग्राम पंचायत परसवार अंतर्गत करहीवाह गांव में स्थित खेत में मंगलवार की सुबह धान का रोपा लगाने के लिए गए थे, जहां रोपा लगाने का काम पूरा होने पर खेत मालिक के ही ट्रैक्टर से करहीवाह से कच्चे रास्ते से अनूपपुर के सब्जी मंडी की ओर आ रहे थे, तभी अचानक रास्ते में ट्रैक्टर एवं ट्राली अचानक अनियंत्रित होकर खेत में जाकर पलट गई,  जिसमें दबने से 15 है वर्षीय नजर चौधरी पिता राजू चौधरी निवासी वार्ड नंबर 6 सामतपुर की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर में सवार 22 वर्षीय प्राची चौधरी,25 वर्षीय शांति चौधरी एवं 30 वर्षीय सीमा चौधरी को अंदरूनी चोट आने पर जिला चिकित्सालय अनूपपुर में भर्ती कराया गया। मृतिका बालिका को परिजनों एवं अन्य लोगों द्वारा बेहोश स्थिति में जिला अस्पताल लाने पर परीक्षण दौरान ड्यूटी डॉक्टर ने अस्पताल पहुंचने के पहले ही मृत्यु होना बताते हुए, घटना की जानकारी अस्पताल पुलिस को दिए जाने पर अस्पताल एवं कोतवाली पुलिस द्वारा मृतिका बालिका के परिजनों की उपस्थिति में शव का पंचनामा कर ड्यूटी डॉक्टर से शव का पीएम करा कर शव को परिजनों को सौंप कर जांच कर रही है। घायल तीनों महिला मजदूर की हालत चिकित्सको द्वारा खतरे से बाहर होना बताया गया है।

समाचार 02 फ़ोटो 02

आशीर्वाद हॉस्पिटल में चेस्ट के जटिल ट्यूमर का सफल ऑपरेशन, 46 वर्षीय महिला को मिला नया जीवन

 अनूपपुर

जिला मुख्यालय अनूपपुर में पिछले आठ वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अपनी विश्वसनीय पहचान बना चुका आशीर्वाद हॉस्पिटल एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं को लेकर चर्चा में है। अस्पताल के अनुभवी डॉक्टरों की टीम ने एक बेहद जटिल एवं चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को सफलता पूर्वक अंजाम देकर 46 वर्षीय महिला मरीज को नया जीवन प्रदान किया है। इस सफलता के बाद अस्पताल की विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। अस्पताल में भर्ती 46 वर्षीय महिला प्रमिला राठौर के सीने (चेस्ट) में एक जटिल गांठ (ट्यूमर) से पीड़ित थी। यह समस्या लगातार गंभीर होती जा रही थी और मरीज को सांस लेने सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। जांच के बाद डॉक्टरों ने इसे अत्यंत संवेदनशील मामला मानते हुए तत्काल ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। अस्पताल संचालक डॉ. सुनील गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में गठित विशेषज्ञ टीम ने पूरी तैयारी और आधुनिक चिकित्सा तकनीकों का उपयोग करते हुए इस क्रिटिकल सर्जरी को सफलतापूर्वक पूरा किया। ऑपरेशन में डॉ. देवेंद्र नरवरिया, डॉ. आर.पी. द्विवेदी एवं डॉ. गुड़िया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डॉक्टरों की टीम की विशेषज्ञता, अनुभव और सतर्कता के चलते जटिल सर्जरी बिना किसी गंभीर जटिलता के सफल रही। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति लगातार बेहतर हो रही है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है और स्वास्थ्य में तेजी से सुधार देखा जा रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि समय पर सही इलाज मिलने से मरीज की जान बचाई जा सकी। न्यूनतम शुल्क में आधुनिक उपचार की सुविधा आशीर्वाद हॉस्पिटल पिछले आठ वर्षों से अनूपपुर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को कम खर्च में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। अस्पताल में लगभग 20 सदस्यीय प्रशिक्षित एवं समर्पित स्टाफ मरीजों की देखभाल में लगातार सेवाएं दे रहा है। आधुनिक जांच एवं उपचार सुविधाओं के साथ यहां सामान्य से लेकर जटिल बीमारियों का इलाज भी किया जा रहा है, जिससे मरीजों को बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता कम पड़ रही है। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि जनवरी 2026 से अब तक आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत लगभग 200 मरीजों का सफल एवं पूरी तरह निःशुल्क उपचार किया जा चुका है। अस्पताल लगातार शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह अस्पताल किसी बड़ी राहत से कम नहीं है।

समाचार 03 फ़ोटो 03

अनिल, राधे, तबरेज, दीपांकर व गफ्फार चला रहे हैं 52 परी का फड़,  एसपी का आदेश बेअसर, पुलिस पर उठ रहे सवाल

शहडोल

जिले के खैराहा थाना अंतर्गत जंगलों से कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाली सनसनीखेज खबर सामने आई है। रात के अंधेरे व  दिन के उजाले में भी' 52 परी' नाम से मशहूर जुए के बड़े फड़ पर रोजाना लाखों रुपये की नाल वसूली की जा रही है। शहडोल पुलिस कप्तान संजय अग्रवाल के अपराधियों पर अंकुश लगाने के सख्त निर्देश इस क्षेत्र में पूरी तरह बेअसर साबित हो रहे हैं, जिससे स्थानीय खैराहा पुलिस की कार्यप्रणाली सीधे सवालों के घेरे में है।

सूत्रों के मुताबिक, इस अवैध जुआ सिंडिकेट को अमराडंडी निवासी अनिल मंडल, राधे पटेल, तबरेज, दीपांकर और गफ्फार अमरादंडी जैसे नामचीन लोग मिलकर संचालित कर रहे हैं। इस फड़ पर आधी रात को दूर-दराज के इलाकों से ताश के शौकीनों और बड़े जुआरियों का जमावड़ा लगता है। जंगलों के बीच चल रहे इस खेल में रोजाना लाखों के दांव लग रहे हैं।

इतने बड़े पैमाने पर चल रहे इस अवैध कारोबार की भनक स्थानीय पुलिस को न होना मुमकिन नहीं लगता। चर्चा है कि खाकी के संरक्षण के बिना जंगलों में ऐसा सिंडिकेट चलना नामुमकिन है। नवागत पुलिस कप्तान संजय अग्रवाल के कड़े रुख के बावजूद खैराहा थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ज्ञात हो की थाना अमलाई अंतर्गत  चल रहे इस खेल को मास्टरमाइंड अनिल मंडल ने बकायदे सेटिंग कर खैराहा के जंगलों मे गेम शिफ्ट किया है अब देखना यह है कि इस गंभीर मामले के उजागर होने के बाद वरिष्ठ अधिकारी खैरहा पुलिस और इन जुआरियों के सिंडिकेट पर क्या ठोस कार्रवाई करते हैं।

समाचार 04 फ़ोटो 04

व्यापारी के घर पर चोरो ने बोला धावा, 5 लाख के सोना चांदी के जेवर लेकर हुए फरार, मामला दर्ज

शहडोल

गोहपारू थाना क्षेत्र के चोरमारा गांव में एक चक्की व्यापारी के घर चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर घर में घुसकर करीब दो तोला सोना और डेढ़ किलो चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने चोरी गए सामान की कीमत पांच लाख रुपये से अधिक बताई है। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, पीड़ित द्वारा बताए गए एक संदेही से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। घर की बाड़ी में कुछ सामान मिला है।

चोरमारा निवासी चक्की व्यापारी अरुण कुमार साहू ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि घटना के समय वह अपने परिवार के साथ घर के दूसरे कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर घर में घुस गए और दूसरे कमरे में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। आहट होने पर परिवार के सदस्य जागे तो चोरी की जानकारी मिली।

घर में रखा करीब दो तोला सोना और लगभग डेढ़ किलो चांदी के जेवरात गायब थे। चोरी का पता चलते ही परिवार ने घर के पीछे एक संदिग्ध व्यक्ति को घूमते हुए देखा। इसके बाद तत्काल डायल-112 को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध को पूछताछ के लिए अपने साथ थाने ले गई। पुलिस चोरो के खिलाफ विवेचना शुरू कर दी गई है। घटनास्थल से मिले तथ्यों और पीड़ित द्वारा बताए गए संदेही के आधार पर जांच की जा रही है। 

समाचार 05 फ़ोटो 05

प्रेम प्रसंग के विवाद पर ट्रैक्टर से कुचला, चाचा की हुई मौत, घायल भतीजा अस्पताल में भर्ती

शहडोल 

जिले में प्रेम प्रसंग को लेकर चल रहे विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया, देवलोंद थाना क्षेत्र के ग्राम मगरदहा में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सड़क पर जा रहे चाचा-भतीजे को अपनी चपेट में ले लिया, हादसे में चाचा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि भतीजा ट्रैक्टर से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा, हालांकि वह गंभीर रूप से घायल हो गया, परिजनों ने इसे महज हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताते हुए ट्रैक्टर चालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

देवलोंद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मगरदहा के धरी नंबर-01 में उस समय सनसनी फैल गई, जब तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने दो लोगों को कुचल दिया, इस घटना में रामप्रताप कोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके भतीजे दुर्गा कोरी ने ट्रैक्टर से कूदकर अपनी जान बचा ली, हादसे में घायल दुर्गा कोरी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि ट्रैक्टर चालक आकाश वैश्य ने जानबूझकर ट्रैक्टर चढ़ाकर रामप्रताप कोरी की हत्या की है। परिजनों का कहना है कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद चला आ रहा था और इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। ,घटना की सूचना मिलते ही देवलोंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया,वहीं घायल का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

समाचार 06 फ़ोटो 06

आग से झुलसे युवक की मौत के बाद परिजनों ने लगाए हत्या के आरोप

उमरिया

मानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मझौली में एक युवक की जलने से हुई मौत का मामला अब गंभीर आरोप-प्रत्यारोपों के बीच जांच का विषय बन गया है। मृतक के परिजनों ने इसे पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की घटना बताते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि युवक ने स्वयं आग लगाई थी या उसे आग लगाई गई, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। शिकायतकर्ता अशोक केवट ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि 16 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे ग्राम मझौली निवासी विद्या बाई, ग्राम बड़ार निवासी पंकज साहू और उसके दो अन्य साथियों ने उसके भाई कृष्ण कुमार केवट को कमरे में बंद कर उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आरोप है कि घटना के बाद कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजनों के अनुसार घटना की सूचना डायल-112 को दी गई और गंभीर हालत में कृष्ण कुमार को शहडोल जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज शहडोल, फिर जबलपुर और बाद में बिलासपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई, परिजनों का दावा है कि वह लगभग 90 प्रतिशत तक झुलस चुका था।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक शर्मा ने मामले में कहा कि "मृतक ने स्वयं आग लगाई है या उसे आग लगाई गई है, यह जांच का विषय है।मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है, जांच उपरांत जो भी तथ्य सामने आएंगे,उनके आधार पर विधिसंगत कार्रवाई की जाएगी।

समाचार 07 फ़ोटो 07

51 परिवारों का सामूहिक रुद्राभिषेक सम्पन्न, विशाल भंडारे का  आयोजन 

अनूपपुर

जमुना कॉलोनी स्थित श्री रामेश्वर महादेव मंदिर में पवित्र श्रावण मास के शुभ अवसर पर करौली शंकर महादेव दरबार शंकर सेना, जिला अनूपपुर के तत्वावधान में 51 परिवारों द्वारा भव्य सामूहिक रुद्राभिषेक एवं शिव आराधना का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम में भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से रुद्राभिषेक, पूजन एवं शिव आराधना की गई। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने "रोग मुक्त  शोक मुक्त भारत" के पावन संकल्प के साथ राष्ट्र, समाज एवं समस्त मानवता के कल्याण, सुख, शांति, समृद्धि और विश्व मंगल की प्रार्थना की।

इस ऐतिहासिक आयोजन का नेतृत्व शंकर सेना जिला अध्यक्ष राजेश सिंह ने किया। आयोजकों के अनुसार जमुना-कोतमा क्षेत्र में पहली बार इतने बड़े स्तर पर 51 परिवारों के सामूहिक रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया, जिसे श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व सहयोग एवं उत्साह प्राप्त हुआ। धार्मिक अनुष्ठान के समापन के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ प्राप्त किया। 

समाचार 08

6 जुआड़ी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, 1.12 लाख का मशरूका जब्त

अनूपपुर

रामनगर पुलिस ने सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत प्रभावी कार्रवाई करते हुए जुए के फड़ पर दबिश देकर 06 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आमाडांड क्षेत्र में छापेमारी की, जहां आरोपी ताश के 52 पत्तों से रुपये-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने मौके से ₹2,200 नगद, ताश के 52 पत्ते, एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल CG-31-B-0802 तथा एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल MP-65-MD-7313 जब्त की। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत ₹1,12,200 है।

आरोपी अजय कुमार चौधरी, राजाराम चौधरी, श्रवण कुमार गुप्ता, राजकुमार चौधरी, सुरेन्द्र चौधरी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा मौके पर जप्ती एवं तलाशी की संपूर्ण कार्रवाई नियमानुसार संपन्न की गई, जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई। आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 228/26 के तहत धारा 13 सार्वजनिक जुआ अधिनियम में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। आरोपियों को न्यायालय में उपस्थित होने हेतु पाबंद किया गया।

समाचार 09

गांजा तस्कर को पुलिस ने किया गिरफ्तार

अनूपपुर

कोतवाली अनूपपुर को सूचना प्राप्त हुई कि रेलवे स्टेशन छुलहा के तरफ से एक व्यक्ति नीले रंग की शर्ट एवं काले रंग का पेंट पहना है, हाथ में हल्के गुलाबी रंग का ट्राली सूटकेस में मादक पदार्थ गांजा लेकर अनूपपुर बस्ती तरफ आने वाला है। जिस पर कोतवाली पुलिस द्वारा छुलहा रेलवे स्टेशन के पास जाकर दबिश दिया तो, अनूपपुर-छुलहा के बीच सड़क किनारे बनी निर्माणाधीन सुनसान भवन के पास एक व्यक्ति मदन महानंदिया पिता केदार महानंदिया उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम बीजापदर पोस्ट ब्रम्हनीपाली थाना बौध जिला बौध प्रांत (उड़ीसा) के ट्राली बैग में छः पैकेटो में अवैध मादक पदार्थ गांजा कुल 06 किलो 355 ग्राम कीमती करीब 60,300/- रुपये एवं एक वीवो कम्पनी का मोबाईल फोन कीमती 15000 रूपये का बरामद होने पर आरोपी से जप्त किया गया है। तथा आरोपी मदन महानंदिया के विरूद्ध थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 451/26 पंजीबद्ध कर कार्यवाही की जा रही है।

समाचार 10

तेज रफ्तार कार खाई में गिरी, तीन हुए घायल 

उमरिया

पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ी तुम्मी में देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बताया जा रहा है की देर रात  तेज रफ्तार कार क्रमांक MP 18 ZH 3550 तुम्मी से पिकनिक मनाकर वापस शहडोल जा रही थी। इसी दौरान सिद्ध घाट के नीचे अचानक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में तीन लोग सवार थे, जिन्हें गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायल शहडोल निवासी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। बताया जा रहा है कि कार सवार पार्टी मनाकर वापस लौट रहे थे। घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है।


Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget