समाचार 01 फ़ोटो 01

चेक बाउंस मामले में आरोपी को एक वर्ष का सश्रम कारावास, 3.50 लाख प्रतिकर देने का आदेश

अनूपपुर/ चेक अनादरण से जुड़े एक महत्वपूर्ण मामले में माननीय श्री बॉबी सोनकर, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, अनूपपुर द्वारा कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपी रविशंकर पटेल, निवासी ग्राम भोलगढ़, डाकघर पसला, थाना एवं तहसील अनूपपुर, जिला अनूपपुर (म.प्र.) को परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के अंतर्गत दोषसिद्ध किया गया है।

न्यायालय द्वारा आरोपी को एक वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई है तथा ₹3,50,000/- (तीन लाख पचास हजार रुपये) प्रतिकर के रूप में अदा किए जाने का आदेश पारित किया गया है। प्रकरण में भारतीय स्टेट बैंक, शाखा अनूपपुर से संबंधित ₹2,72,740/- (दो लाख बहत्तर हजार सात सौ चालीस रुपये) के भुगतान से संबंधित चेक का अनादरण हुआ 

उक्त प्रकरण में भारतीय स्टेट बैंक, शाखा अनूपपुर की ओर से बैंक के पैनल अधिवक्ता विजेंद्र सोनी, एडवोकेट द्वारा प्रभावी पैरवी की गई। प्रकरण में बैंक की ओर से चेक, बैंक संबंधी अभिलेख, ऋण खाते से संबंधित दस्तावेज एवं वैधानिक नोटिस सहित आवश्यक दस्तावेज न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए गए। 

न्यायालय ने उपलब्ध साक्ष्यों एवं दस्तावेजों के परीक्षण के पश्चात आरोपी को धारा 138 परक्राम्य लिखत अधिनियम के अंतर्गत दोषी माना गया। इस संबंध में बैंक के पैनल अधिवक्ता श्री सोनी ने कहा कि बैंक से लिया गया ऋण समय पर वापस करना प्रत्येक ऋणग्राही का महत्वपूर्ण वित्तीय एवं वैधानिक दायित्व है।

समाचार 02 फ़ोटो 02

योजना बनाकर अपने साथ लूट की झूठी घटना बताकर खयानत करने वाले आरोपी की जमानत निरस्त

अनूपपुर/ योजना बनाकर अपने साथ लूट की झूठी घटना बताकर 1,20,467/- रूपये की अमानत में खयानत करने वाले आरोपी कुलदीप शर्मा की जमानत तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश श्रीकृष्णा डागलिया ने की निरस्त कर दिया है।

लोक अभियोजक पुष्पेन्द्र कुमार मिश्रा द्वारा बताया गया कि शिकायतकर्ता अमित नामदेव थाना उपस्थित होकर आवेदक के विरूद्व टाईपशुदा आवेदन पत्र पेश किया कि उसके कंपनी माईक्रो फायनेंस प्राईवेट कम्पनी में कुलदीप शर्मा पिता कन्हैयालाल शर्मा उम्र 24 वर्ष, निवासीग्राम उचेेहरा, थाना गोहपारू, जिला शहडोेल (म0प्र0) फिल्ड आॅफिसर के पद पर कार्यरत रहकर देवरी, खुटवा, चचाई, सकोला से समूूह के पैसे वसूली का काम करता है दिनांक 06 अगस्त 2026 को खुटवा, चचाई, सकोला के समूूह वसूली पैसे का कलेक्शन करने सुबह अनूूपपुर से मोटरसाईकिल से निकला जो वसूली का पैसा जमा करने अनूूपपुर नहीं आया और अपना मोबाईल बंद कर लिया तब दिनांक 07-08-2026 को बोला गया कि अगर वह समूूह वसूली के पैसे को आफिस मेें जमा नहीं करेेगा तो उसे नौकरी से निकाल दिया जायेगा तब आवेदक द्वारा बताया गया कि पैसों की जरूरत होने से उसने अपने व्यक्तिगत लाभ के लिये उक्त समूूह वसूली की राशि 1,20,467/-रूपये अपने खर्र्चेे के लिये एवं मोबाईल व बैग जंगल मेें छुपा दिया (समूूह के वसूली पैसे हड़पने की नियत से शिकायतकर्ता को गुमराह करने के लिये अपने साथ लूट की घटना होना बताया शिकायतकर्ता अमित नामदेव को शंका है कि उक्त समूह  के वसूली पैसे आवेदक अपने व्यक्तिगत लाभ के लिये अमानत में खयानत करने के उद्देश्य से समूह के वसूली नगदी कुल 1,20,467/-रूपये हडप लिया है। 

इस मामले में चचाई थाना द्वारा प्रथम सूचना रिपोर्ट अपराध क्र0 216ध्2026 धारा 316(2), 316(5) भारतीय न्याय संहिता, 2023, के तहत अपराध पंजीबद्व किया गया। आरोपी अभी जेल में निरूद्व है।                                                         

समाचार 03 फ़ोटो 03

भारी बारिश से पुलिया टूटकर बहा, जनजीवन प्रभावित, प्रसव पीड़ा से परेशान महिला को रेस्क्यू टीम ने कराया नाला पार

उमरिया/ जिले में भारी बारिश की वजह से जनजीवन प्रभावित हो गया है। झिरझिरी नदी के ऊपर बनी पुलिया के कई हिस्से नदी के तेज बहाव में बह गया है। जिसके कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहाहै। बारिश का असर कई जिलों में देखने को मिल रहा है। कई स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं जबकि नदी-नाले उफान पर हैं। जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।  

भारी बारिश के चलते जिले के नदी-नाले उफान पर हैं। बारिश और तेज जलभराव के कारण कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। वहीं, कुछ स्थानों पर पुल-पुलिया क्षतिग्रस्त होकर पानी के तेज बहाव में बह गई हैं। इसके चलते ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मानपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम बरतराई में झिरझिरी नदी के ऊपर प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत हाल ही में बनी पुलिया के कई हिस्से तेज बहाव में बह गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी में अचानक बढ़े जलस्तर के कारण स्थिति गंभीर हो गई है और ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर नदी-नालों को पार करना पड़ रहा है।   

उमरिया जिले में चपहा नाला उफान पर आ गया। प्रसव पीड़ा से परेशान महिला को अस्पताल पहुंचाना मुश्किल था। ऐसे समय एन डी आर एफ जवानों ने जान जोखिम में डालकर महिला को नाला पार कराया, जिसके बाद उसने स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।

समाचार 04 फ़ोटो 04

अमरकंटक मुख्य मार्ग के छोटी पुलिया के ऊपर पानी आने से मार्ग हो जाता है अवरुद्ध

अनूपपुर/ जिले के राजेन्द्रग्राम अमरकंटक मुख्य मार्ग पर हमेशा गिजरी नाले में बहुत ही छोटा पुलिया होने के कारण बहुत जल्द ही पानी पुलिया के ऊपर चलने लगता है, जिस कारण से हमेशा आवागमन अवरुद्ध जो जाता है, पिछले दिन पुलिया के ऊपर पानी होने से 12 घंटे तक आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी रही, राहगीर घंटों से अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए परेशान होते नजर आये।

गिजरी नाले में पानी बढ़ने के बाद पुलिस और प्रशासन ने एहतियातन मार्ग पर आवागमन रोक दिया है। सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए नाले के दोनों छोर पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। साथ ही, पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई है। राजेंद्रग्राम और अमरकंटक के बीच आवागमन करने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पुष्पराजगढ़ विधायक फुदेलाल सिंह ने गिजरी नाले पर बने पुल को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि, एमपीआरडीसी का ये पुल काफी नीचा है। थोड़ी सी तेज बारिश होते ही पुल के ऊपर पानी आ जाता है और आवागमन बंद करना पड़ता है। पुल के निर्माण की मांग की जा रही है। कई वर्षों से एमपीआरडीसी के अधिकारियों से पत्राचार कर पुराने पुल की जगह नया पुल बनाने की मांग कर रहे हैं।

समाचार 05 फोटो 05

पंचमी पर अमरकंटक में उमड़ा आस्था का सागर, रात से शुरू हुआ स्नान-दर्शन और पूजन का क्रम, 

*ज्वालेश्वर महादेव के जलाभिषेक को लगीं लंबी कतारें*

अनूपपुर/ पवित्र श्रावण मास के तृतीय सोमवार एवं श्रावण शुक्ल पंचमी, नाग पंचमी के पावन संयोग पर आदितीर्थ अमरकंटक में सोमवार को आस्था, भक्ति और शिव आराधना का अद्भुत संगम देखने को मिला। पवित्र नगरी में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिवभक्त और श्रद्धालु मां नर्मदा के पावन तट पर पहुंचे। अनुमान के अनुसार लगभग एक लाख श्रद्धालुओं ने अमरकंटक पहुंचकर नर्मदा स्नान, ध्यान, दर्शन-पूजन तथा भगवान ज्वालेश्वर महादेव के जलाभिषेक का पुण्य लाभ प्राप्त किया।

तड़के लगभग 3 बजे से ही स्नान, दर्शन, पूजन-अर्चन एवं अभिषेक का क्रम प्रारंभ हो गया था। जैसे-जैसे सुबह हुई, नर्मदा उद्गम क्षेत्र, रामघाट, कोटि तीर्थ घाट और ज्वालेश्वर धाम की ओर श्रद्धालुओं का सैलाब बढ़ता गया। चारों ओर भगवा वस्त्रों में कांवड़िए, हाथों में नर्मदा जल और कंठ में शिवनाम का जाप करते श्रद्धालु दिखाई दिए।

ज्वालेश्वर धाम पहुंचने से पूर्व बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने रामघाट एवं कोटि तीर्थ घाट में आस्था की पुण्य डुबकी लगाई। पवित्र नर्मदा में स्नान के पश्चात श्रद्धालु मां नर्मदा उद्गम मंदिर पहुंचे और मां नर्मदा के दर्शन-पूजन कर पवित्र जल प्राप्त किया। इसके बाद यही नर्मदा जल लेकर कांवड़िए एवं शिवभक्त भगवान ज्वालेश्वर महादेव के जलाभिषेक के लिए ज्वालेश्वर धाम की ओर रवाना होते रहे।

मां नर्मदा उद्गम मंदिर में भी सुबह से ही भारी भीड़ बनी रही। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर मां नर्मदा के दर्शन और पूजन करते रहे। मंदिर परिसर से लेकर नर्मदा तट तक श्रद्धा का वातावरण बना रहा। घाटों पर धार्मिक मंत्रोच्चार और शिवनाम संकीर्तन से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा।

समाचार 06 फ़ोटो 06

साल बोरर कीट से प्रभावित वन क्षेत्र का प्रबंधन एवं संरक्षण पर एक दिवसीय कार्यशाला अमरकंटक में आयोजित

अनूपपुर/ इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय अमरकंटक में वन विभाग द्वारा साल बोरर कीट से प्रभावित वन क्षेत्र का प्रबंधन एवं संरक्षण पर एक दिवसीय कार्यशाला सह प्रशिक्षण का आयोजन किया गया इस दौरान मुख्य अतिथि से संबोधित करते हुए फग्गन सिंह कुलस्ते सांसद मंडला एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कई वर्षों बाद एक बार फिर से मध्यप्रदेश के डिंडौरी एवं अनूपपुर जिले के इलाकों में बृहद पैमाने पर प्राकृतिक तौर पर साल वृक्ष जो बहुतायत मात्रा में है जिममे साल बोरर नामक कीट एक बार फिर से उत्पन्न होने से साल के वृक्षो के प्रभावित होने की संभावना बड़ी संख्या में है साल वन हमारे पर्यावरण के तंत्रिका तंत्र के लिए नितांत आवश्यक है जिसे बचाए रखने हेतु हम सभी को मिलकर सार्थक प्रयास करने की आवश्यकता है उन्होंने वन विभाग के साथ वन समितियो,ग्रामीण जनों को इस बड़ी बीमारी की जानकारी एकत्रित कर समय रहते ही निदान किए जाने की बात कही।

इस दौरान पुष्पराजगढ़ क्षेत्र के विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को ने कहा कि हमारा यह नर्मदाचल क्षेत्र साल वन क्षेंत्र है साल के वर्षों में वर्षा काल में गिरने वाले पानी को कई माह तक संग्रहित कर रखने की क्षमता है जिस कारण हमारा यह क्षेत्र वर्ष भर हरा भरा रहने के साथ वर्ष भर पानी की अधिकता रहती है यह क्षेत्र जनजातीय समुदाय का बहुल क्षेत्र होने के कारण हम सभी को वनों के रहने से कई तरह के लाभ प्राप्त होते हैं लेकिन कई वर्षों बाद फिर से साल के वृक्षो में साल बोरर नामक कीट के उत्पन्न हो जाने से वृक्षो में बुरा प्रभाव पड़ रहा है जिस साल के वृक्ष संकट की स्थिति में है समय रहते इस समस्या का समाधान स्थाई रूप से किया जाना हम सभी का दायित्व है।

कार्यशाला दौरान वन विभाग के अधिकारियों द्वारा साल वृक्षो में साल बोरर कीट के संबंध में जानकारी प्रस्तुत कर कार्य योजना के संबंध में अवगत कराया। कार्यशाला में मध्यप्रदेश स्तर के वन अधिकारी विभिन्न वैज्ञानिक सम्मिलित रहे।

समाचार 07 फ़ोटो 07

विवेक पब्लिक स्कूल में मेधावी छात्रों को किया गया सम्मानित

शहडोल/ स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर रोटरी क्लब विराट शहडोल द्वारा विवेक पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य आयोजन बेहद हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में किया गया। इस दौरान स्कूल परिसर भारत माता के जयकारों से गुंजायमान रहा।कार्यक्रम में मुख्य रूप से स्कूल के संरक्षक रोटेरियन गोपाल निगम, प्रिंसिपल अनीता निगम और समस्त स्टाफ मौजूद रहा, जिन्होंने कार्यक्रम में पधारे सभी रोटेरियन साथियों का आत्मीय स्वागत और सम्मान किया। स्वतंत्रता दिवस के इस विशेष मौके पर स्कूली छात्र-छात्राओं ने रंगारंग व देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन और उनकी असाधारण प्रतिभा को सराहते हुए उन्हें क्लब की ओर से विशेष उपहार भेंट किए गए। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए बच्चों को पौधे वितरित कर वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया गया। इस गरिमामयी समारोह में रोटरी क्लब विराट के प्रेसिडेंट डॉ. देवेंद्र श्रीवास्तव, सचिव डॉ. कपिल मिश्रा, कोषाध्यक्ष शाहिद खान सहित प्रमुख रोटेरियन साथी दीपक गौतम, संजय रोहरा, सी.एम. मेंहानी, श्रीकांत शर्मा, साईं शेखर, नितिन गुप्ता, अरुण शुक्ला, बी.के. गुप्ता और लखन बुचवानी विशेष रूप से सम्मिलित हुए। उपस्थित वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि आजादी का यह महापर्व हमें देशभक्ति, आपसी एकता और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाने की प्रेरणा देता है।

समाचार 08 फ़ोटो 08

पड़ोसियों के बीच विवाद के बाद जमकर हुई मारपीट, दो लोगों का सिर फटा, घायल अस्पताल में भर्ती

शहडोल/ शहर के इंदिरा चौक से न्यू बस स्टैंड मार्ग पर पड़ोसियों के बीच सामान को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद सामान उठाने को लेकर शुरू हुआ था। आरोप है कि बिना पूछे लोहा और अन्य सामान उठाए जाने को लेकर पड़ोसियों के बीच बहस हुई, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

बताया जा रहा है कि पहले दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक कहासुनी होती रही। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और बात मारपीट तक पहुंच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन कुछ देर तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। घटना के दौरान दो लोगों के सिर में चोट लगने की बात सामने आई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर पहुंच गई। तस्वीर में भी बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर मौजूद दिखाई दे रहे हैं। सड़क किनारे सामान और मलबा बिखरा हुआ नजर आया, जिसके बीच विवाद को लेकर लोगों में चर्चा होती रही।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पड़ोसियों के बीच छोटी-सी बात को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक गंभीर रूप ले बैठा। सामान और लोहे को लेकर पहले आरोप-प्रत्यारोप हुए और बाद में दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई।फिलहाल घटना को लेकर पुलिस में शिकायत और आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच के बाद ही विवाद की वास्तविक वजह और मारपीट में शामिल लोगों के संबंध में स्थिति साफ हो सकेगी। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

समाचार 09 फ़ोटो 09

बाँधवगढ़ में पर्यटकों का उत्साह, एक दिन में 100 से ज्यादा पर्यटक

उमरिया/ बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व के बफर जोन में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है। बफर जोन के सुबह शाम की पारी में विभिन्न द्वारों से कुल 24 वाहन वन पर्यटन के लिए रवाना हुए, जिनमें विभिन्न जगहों के 111 पर्यटक शामिल थे।

पर्यटकों ने बफर जोन की घनी हरियाली, प्राकृतिक नज़ारों और वन्यजीवों के दर्शन कर अपने अनुभव साझा किए। सुबह और शाम की पाली में सफारी के दौरान कई पर्यटकों को कई मांसाहारी तथा शाकाहारी वन्यजीव जैसे हिरण, सांभर, मोर सहित अन्य वन्यजीव देखने को मिले।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से वन अमले द्वारा सभी वाहनों की गेट पर गहन जांच की गई। प्रत्येक वाहन के साथ प्रशिक्षित गाइड एवं गेट पर स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई थी ताकि पर्यटक निर्धारित मार्ग से ही भ्रमण करें और वन्यजीवों को किसी प्रकार का व्यवधान न हो।


Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget