समाचार 01 फ़ोटो 01

दुकानदार की गोली मारकर हत्या करने वाला 30 हजार का इनामी आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

​शहडोल

अमलाई थाना क्षेत्र के रामपुर में दुकानदार रज्जन उर्फ भूपेंद्र कहार की गोली मारकर हत्या करने वाले 30,000 रुपये के इनामी मुख्य आरोपी राजकुमार मिश्रा उर्फ ‘लल्ला महाराज’ को पुलिस ने छतरपुर जिले के बागेश्वर धाम से धर दबोचा है।

13 जुलाई 2026 को रामपुर में दुकानदार पर दिनदहाड़े गोली चलाने की वारदात के बाद से मुख्य आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में गठित विशेष जांच टीम (SIT) आरोपी की लगातार तलाश कर रही थी। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी छतरपुर के बागेश्वर धाम में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने वहां डेरा डालकर रेकी शुरू की और उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

विवेचना के दौरान सामने आया था कि घटना के बाद आरोपी को पनाह देने और भगाने में पवन मिश्रा और सीतेश सोनी ने सक्रिय भूमिका निभाई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों सह-आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।

आरोपी राजकुमार शर्मा उर्फ लल्ला (पिता शेषमणि शर्मा, निवासी रामपुर) आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं। कोतवाली अनूपपुर में एनडीपीएस एक्ट एवं भा.दं.वि. अप.क्र. 125/2005), राजेन्द्रग्राम अनूपपुर में राज्य सुरक्षा अधिनियम एवं 188 भा.दं.वि. अप.क्र. 56/2006), गौरेला छत्तीसगढ़ में20बी, 29 एनडीपीएस एक्ट अप.क्र. 297/2024), ​कोतवाली शहडोल 8/20 एनडीपीएस एक्ट अप.क्र. 661/21, ​अमलाई शहडोल धारा 103(1) BNS एवं 25/27 आर्म्स एक्ट (अप.क्र. 192/2026)।

समाचार 02 फ़ोटो 02

विधायक नाराज होकर पंच सम्मेलन कार्यक्रम छोड़कर निकली बाहर, पंच सरपंच कलेक्ट्रेट पहुँच जताया विरोध

शहडोल

जिला स्तरीय पंच सम्मेलन शहडोल के सोहागपुर में अव्यवस्थाओं को लेकर जमकर नाराजगी देखने को मिली, जयसिंहनगर विधायक मनीषा सिंह का सम्मेलन से नाराज होकर बाहर निकलने का वीडियो वायरल हो गया, जिसने पूरे मामले को सुर्खियों में ला दिया है। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम स्थल पर बैठक व्यवस्था समेत अन्य इंतजामों से विधायक असंतुष्ट थीं, विधायक के कार्यक्रम छोड़ने के बाद सम्मेलन में पहुंचे सरपंच, उपसरपंच और पंच भी लामबंद हो गए और कार्यक्रम का बहिष्कार करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंच गए, यहां जनप्रतिनिधियों ने व्यवस्थाओं को लेकर विरोध जताया, मामला बढ़ता देख कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने स्वयं जनप्रतिनिधियों से चर्चा की और उनकी शिकायतें सुनीं, आखिर पंच सम्मेलन में ऐसी क्या अव्यवस्था रही कि विधायक को कार्यक्रम छोड़कर बाहर निकलना पड़ा और जनप्रतिनिधियों को कलेक्ट्रेट पहुंचकर विरोध जताना पड़ा। 

जनपद पंचायत सोहागपुर में विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण से संबंधित प्रशिक्षण एवं जिला स्तरीय पंच सम्मेलन आयोजित किया गया था,इसमें जिलेभर से बड़ी संख्या में निर्वाचित जनप्रतिनिधि शामिल हुए थे,आरोप है कि सम्मेलन स्थल पर बैठक व्यवस्था सहित अन्य इंतजाम अपेक्षा के अनुरूप नहीं थे,इसी दौरान जयसिंहनगर विधायक मनीषा सिंह भी कार्यक्रम की व्यवस्थाओं से नाराज नजर आईं।

सरपंच, उपसरपंच, पंच और जनपद सदस्यों ने बैठक व्यवस्था और सम्मानजनक इंतजाम नहीं होने का आरोप लगाते हुए सम्मेलन का बहिष्कार किया और एकजुट होकर कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंच गए। 

समाचार 03 फ़ोटो 03

मूक बाधित किशोरी के साथ दुष्कर्म के आरोपी को न्यायालय ने सुनाई आजीवन कारावास की सजा

अनूपपुर/ कोतमा प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायधीश की अदालत से मूक बाधित किशोरी के साथ दरिंदगी के आरोपी को आजीवन कारावास एवं जुर्माने की सजा से दंडित किया है।

प्रकरण में विशेष लोक अभियोजक वृंदा चौहान द्वारा शासन की ओर से पैरवी की गई।  जिनके द्वारा बताया गया कि किशोरी के साथ घटना होने पर सत्र प्रकरण क्रमांक 14/23 थाना -बिजुरी के अपराध क्रमांक -238/23, धारा 450,376(3),376(2)l भा.द .वी .3/4,5k/6 पॉक्सो का मामला दर्ज किया गया था। विवेचना पूर्ण कर सुनवाई हेतु डायरी न्यायालय पेश किया गया।

पीड़िता 15 वर्ष की शारीरिक एवं मानसिक रूप से निः शक्त बालिका है,जो जन्म से मूक एवं श्रव्य बाधित होने के कारण अपने नित्यकर्म करने में अक्षम थी। घटना 25 जुलाई 2023 की है। पीड़िता की मां सुबह घर में अकेला छोड़कर बाहर से ताला बंद कर खेत में रोपा लगाने गई थी एवं पीड़िता का भाई स्कूल चला गया था,दोपहर 3 बजे वापस घर आने पर देखा कि गांव का सुंदर लाल साहू घर के अंदर बेटी के साथ के साथ बिस्तर में आपत्तिजनक स्थिति में लेटा है, मां के चिल्लाने पर आरोपी घर के पीछे तरफ से भाग गया था, भागने के दौरान उसके कपड़े घर पर छूट गए थे। 

आरोपी सुंदर लाल साहू को धारा 450 में 5 वर्ष के साथ 1000 रुपए के अर्थदंड, धारा 376(3),एवं 376(2)l में आजीवन कारावास एवं  5000 रुपए के अर्थदंड एवं धारा 5k/6 पॉक्सो एक्ट में आजीवन कारावास एवं 5000 रुपए के अर्थदंड की सजा से दंडित किया गया।

समाचार 04 फ़ोटो 04

युवती ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

अनूपपुर/ कोयलांचल क्षेत्र के फुनगा चौकी थाना अंतर्गत पयारी नम्बर 01 गांव में  सुबह खाना बनाकर अपने पति और सास, ससुर को खिलाने के बाद कमरे में फांसी लगाकर जान देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नवविवाहिता संतोषी बाई चौधरी 24 की अचानक मौत से पूरे गांव में सनसनी मच गई।  

जानकारी अनुसार संतोषी चौधरी विवाह वर्ष 2025 विमलदास में  के साथ हिन्दू रीति रिवाज से हुआ था। मृतिका का मायका छत्तीसगढ़ के मरवाही थाना अंतर्गत लोहारी गांव में है। नवविवाहित की मौत की सूचना मिलते ही एसडीओपी आरती शाक्य, नायब तहसीलदार  एवं चौकी प्रभारी सोनेसिंह परस्ते मौके पर पहुंच जांच पड़ताल शुरू कर दी।

नवविवाहिता की मौत के बाद नायब तहसीलदार द्वारा मौका पंचनामा की कार्यवाही की गई। महिला की मौत के बाद मायके पक्ष के लोगों द्वारा ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना से मौत होने का आरोप लगाते रहे। आक्रोशित परिजनों को अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया गया। मामला नवविवाहिता होने के कारण जांच एसडीओपी आरती शाक्य द्वारा की जा रही है।

समाचार 05 फ़ोटो 05

एलबम के नाम पर युवती से 18 हजार की हुई ऑनलाइन ठगी, थाना में हुई शिकायत

अनूपपुर/ कोतमा नगर के वार्ड क्रमांक 01 में रहने वाली 23 वर्षीय युवती के साथ ऑनलाइन ठगी का शिकार होने की घटना सामने आई है। जालसाजों ने ऑनलाइन विशेष फोटो एलबम भेजे जाने का झांसा देकर अलग-अलग दिनों में युवती से करीब 18 हजार रुपए ठग लिए। ठगी का एहसास होने के बाद युवती ने अपने चाचा मनोज जैन के साथ कोतमा थाने एवं साइबर यूनिट में शिकायत दर्ज कराई है।

थाने में की गई शिकायत के अनुसार युवती ने ऑनलाइन एक विशेष फोट एलबम को पसंद किया था, जिसकी कीमत 1200 रुपए बताई गई थी। इसके बाद जालसाजों ने उससे 600 रुपए एडवांस लेकर आईडी बनाने तथा 25 हजार रुपए की लिमिट बनाने के नाम पर अलग-अलग प्रक्रिया पूरी करने को कहा। जालसाजों के कहने पर युवती ने अलग-अलग दिनों में करीब सात से आठ खातों एवं स्कैनर के माध्यम से रकम ट्रांसफर कर दी। इस तरह कुल 18 हजार रुपए की ठगी हो गई। और रुपए की मांग होने पर युवती को अपने साथ हुई जालसाजी का पता चला। बाद में नंबर भी बंद हो गया। 

परिजनों को जानकारी देते हुए चाचा मनोज जैन के साथ थाने एवं साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। साइबर टीम द्वारा संबंधित खातों पर रोक लगाने की कार्रवाई करते हुए मामले की जांच की जा रही है।

समाचार 06 फ़ोटो 06

सावन में 20 वर्षों से कांवरियों की सेवा कर रहा कोतमा का तिवारी सनाढ्य सेवा शिविर 

अनूपपुर/ कोतमा नगर में रहने वाले तिवारी परिवार द्वारा सावन माह में लगातार 20 वर्षों से बाबा धाम जाने वाले कांवरियों की सेवा के लिए शिविर लगाया जा रहा है। इस वर्ष भी बिहार के बांका जिले में जलेबिया मोड़ के आगे टांगेश्वर में कपूर चंद तिवारी और भोला तिवारी के नेतृत्व में सनाढ्य सेवा शिविर का संचालन किया जा रहा है।

व्यापारी मुन्ना तिवारी ने बताया कि शिविर में प्रतिदिन बाबा धाम जल अर्पित करने के लिए जाने वाले सैकड़ों कांवरियों के लिए नाश्ता, चाय, ठंडे एवं गर्म पानी की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही कांवरियों के रात्रि विश्राम के लिए भी शिविर में ठहरने की निशुल्क सुविधा दी है।

आयोजित शिविर में करीब 12 लोगों की टीम पूरे दिन_रात कांवरियों की सेवा में जुटी रहती है। समिति द्वारा बताया गया कि यह सेवा शिविर पूरे सावन माह तक संचालित रहेगा। समिति ने कोतमा एवं आसपास के क्षेत्रों से बाबा धाम जाने वाले सभी श्रद्धालुओं से टांगेश्वर स्थित सेवा शिविर में पहुंचकर सुविधाओं का लाभ लेने की अपील की है।

समाचार 07 फोटो 07

खराब सड़को के कारण दुर्घटना होने पर संबंधित सड़क निर्माण विभाग के अधिकारी होगे जिम्मेदार - कलेक्टर

*सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न*

उमरिया

कलेक्टर राखी सहाय की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि खराब सडको के कारण दुर्घटना में किसी की मृत्यु होती है तो संबंधित निर्माण विभाग के अधिकारियो के विरूध्द कार्यवाही की जाएगी । उन्होने कहा कि सडक निर्माण विभाग के अधिकारी दुर्घटना संभावित स्थल से पूर्व सावधानी से संबंधित संकेतक लगाएं तथा खराब सड़को का आगामी 10 दिन मे अभियान चलाकर सुधार कार्य कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि नियत समय में विभागीय अधिकारियों व्दारा निर्देशों का पालन नही किया गया तो संबंधितों के विरूध्द कडी अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।

कलेक्टर सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने  विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षा काल में जिले की सभी सड़को को दुरूस्त रखा जाए तथा क्षतिग्रस्त सड़को व पुल पुलियों के सुधार का कार्य लगातार जारी रखें ताकि कहीं से भी पहुंच मार्ग खराब होने की शिकायतें न प्राप्त हो।

बैठक में कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना,  एमपीआरडीसी तथा एन एच ए आई के अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके क्षेत्राधिकार की सभी सड़के नियत समय में दुरूस्त कराएं। गति सीमा निर्धारण के बोर्ड लगाएं तथा गत सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों का पालन प्रतिवेदन आगामी बैठक से पूर्व प्रस्तुत करें । उन्होंने सड़क के ब्लैक स्पॉट की सूची प्रस्तुत करनें और वहां लगाए जाने वाले संकेतको की जानकारी देने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए।

निर्माणाधीन आरओबी के किनारें बनाएं गए वैकल्पिक मार्ग को तत्काल सुधार करानें के निर्देश दिए। शहरी क्षेत्रों मे निर्मित फुटपाथ पर लगाई जाने वाली दुकानों को व्यवस्थित ढंग से लगवाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। हाईवे के किनारे निर्धारित स्थान में ही भारी वाहनों के पार्किग की व्यवस्था कराएं। ब्लैक स्पॉट को चिन्हित करें।

समाचार 08

टास्क फोर्स समिति की बैठक संपन्न

उमरिया

कलेक्टर राखी सहाय की अध्यक्षता में कलेक्टर सभागार में टास्क फोर्स समिति की बैठक संपन्न हुई ।कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अवैध उत्खनन व अवैध परिवहन पर सतत कार्यवाही करें । खनिज व पुलिस विभाग राजस्व विभाग के सहयोग से निरंतर क्षेत्र भ्रमण कर अवैध उत्खनन व परिवहन करने वालों के विरूध्द कार्यवाही सुनिश्चित करें ।  बैठक में बताया गया कि जिले में अवैध उत्खनन के 6 प्रकरणों में से 5 प्रकरणों पर कार्यवाही करते हुए 7.75 लाख रूपये की वसूली की गई है। इसी तरह अवैध परिवहन के 59 प्रकरणों में से 47 प्रकरणों पर कार्यवाही करते हुए 33.43 लाख रूपये की वसूली हुई।  इसी प्रकार अवैध भंडारण के 2 प्रकरणों में से एक प्रकरण का निराकरण करते हुए  0.12 लाख रूपये की वूसली की गई है। 

समाचार 09

रोजगार सहायक की सेवाएं समाप्त करने के निर्देश

शहडोल

कमिश्नर शहडोल संभाग सुरभि गुप्ता की उपस्थित में आज कमिश्नर कार्यालय के अमरकंटक सभाकक्ष में साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में शहडोल जिले के सोहागपुर जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम पंचायत देवगवां, कटहरी निवासी रामवती सिंह ने कमिश्नर को आवेदन करते हुए बताया कि ग्राम पंचायत के रोजगार सहायक ने मुझे 21 नवम्बर 2024 को मृत घोषित करके समग्र पोर्टल से मेरा नाम हटा दिया है। जिसके कारण खाद्य पोर्टल व लाडली बहना योजना से मैं वंचित हो चुकी हूं। उन्होंने बताया कि मुझे किसी भी प्रकार की सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। शिकायत पर कमिश्नर ने संयुक्त आयुक्त विकास से शिकायत के संबंध में वस्तुस्थिति की जानकारी ली तथा शिकायत की जांच कर ग्राम पंचायत देवगवां के रोजगार सहायक की सेवाएं समाप्त करने के निर्देश संयुक्त आयुक्त विकास को दिए।  

समाचार 10

150 यूकेलिप्टस जबरन काट लिए, हुईं शिकायत

अनूपपुर/ पुष्पराजगढ़ तहसील के ग्राम लेंढरा के रामनरेश ने कमिश्नर को आवेदन देते हुए बताया कि उन्होंने ग्राम लेंढरा मेें लगभग 150 यूकेलिप्टस के पेड़ लगाए थे। जिसे जबरन ग्राम के दशरथ, हेमराज, फूलसिंह के द्वारा मजदूर लगाकर जबरन कटवाया जा रहा है। मना करने पर मुझे, मेरी पत्नि एवं पुत्री के साथ गाली-गलौज की जा रही है तथा उन्हें धमकी भी दी जा रही है। मेरे द्वारा घटना की लिखित शिकायत अमरकंटक थाने में की गई, किन्तु उक्त व्यक्तियों के विरूद्ध पुलिस में एफआईआर नहीं की जा रही है। रामनरेश ने कमिश्नर से परेशान करने वाले तथा पेड़ों को काटने वाले व्यक्तियों के विरूद्ध कड़ी कानूनी कार्यवाही किए जाने की मांग की। जिस पर कमिश्नर ने एसडीएम पुष्पराजगढ़ को शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।  

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget