निजी भूमि पर विनय पुरोहित व राहुल पुरोहित ने किया अवैध खनन, 2 लाख टन पत्थर निकाले जाने की शिकायत
*एसडीएम व खनिज विभाग में हुई शिकायत, कार्यवाही की मांग*
अनूपपुर
कोतमा तहसील क्षेत्र के ग्राम बसखला निवासी मनोहर सिंह गोंड ने अपनी निजी भूमि पर कथित रूप से बड़े पैमाने पर अवैध खनन किए जाने की शिकायत अनुविभागीय अधिकारी कोतमा एवं खनिज विभाग अनूपपुर से की है। पीड़ित ने लिखित शिकायत पत्र सौंपकर भूमि का सीमांकन, खनन क्षेत्र की वैज्ञानिक तरीके से नपाई, कथित रूप से निकाले गए खनिज की वास्तविक मात्रा का निर्धारण तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार ग्राम बसखला, तहसील कोतमा स्थित खसरा क्रमांक 130 उसकी निजी भूमि है। आरोप है कि उसकी अनुमति के बिना विनय पुरोहित एवं राहुल पुरोहित द्वारा आपसी मिलीभगत से कथित रूप से अवैध खनन किया गया। पीड़ित का कहना है कि भूमि के बड़े हिस्से से पत्थर एवं बोल्डर का उत्खनन किया गया है, जिससे उसकी कृषि भूमि का स्वरूप प्रभावित हो गया है।
मनोहर सिंह गोंड ने शिकायत में प्रथम दृष्टया अनुमान लगाया है कि उक्त भूमि से लगभग 2 लाख टन पत्थर-बोल्डर का कथित रूप से अवैध उत्खनन किया गया है। उनका कहना है कि यदि मौके पर तकनीकी एवं वैज्ञानिक तरीके से खदान की नपाई कराई जाए तो वास्तविक खनिज मात्रा और शासन को हुई राजस्व क्षति का सही निर्धारण हो सकेगा। शिकायत में रॉयल्टी, जुर्माना एवं अन्य शासकीय देयताओं की संभावित राशि करीब 10 करोड़ रुपये तक होने की बात भी कही गई है।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि कथित अवैध खनन के कारण वह अपनी भूमि पर खेती नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक और कृषि संबंधी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने राजस्व अभिलेख के अनुसार सीमांकन, मौके का पंचनामा, वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने जांच पूरी होने तक भूमि पर किसी भी प्रकार के आगे के खनन पर रोक लगाने तथा राजस्व एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मामले की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने मांग की है कि आरोप प्रमाणित होने पर संबंधित लोगों से नियमानुसार जुर्माना, रॉयल्टी एवं अन्य देय राशि की वसूली कर भूमि को हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिलाया जाए। मामले में संबंधित पक्षों का पक्ष प्राप्त होना शेष है।

