खड़े हाइवा से टकराई मोटरसाइकिल, बाइक सवार की घटना स्थल पर हुई मौत, पुलिस जांच में जुटी
शहडोल
जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा मऊ टोल प्लाजा के पास उस समय हुआ, जब युवक की बाइक सड़क किनारे खड़े एक हाइवा वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान अमित पाल (पिता स्व. दशरथ पाल), निवासी झिरिया वार्ड क्रमांक-5, थाना देवलोंद के रूप में हुई है। अमित पाल रात ब्यौहारी से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रीवा मार्ग स्थित मऊ टोल प्लाजा के समीप सड़क किनारे खड़े हाइवा वाहन से उसकी बाइक सामने से टकरा गई। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के संबंध में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मृतक का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सड़क किनारे खड़े वाहन की स्थिति, दुर्घटना के समय की परिस्थितियां और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
