समाचार 01 फ़ोटो 01
खेत में बोवाई के दौरान परिवार पर लाठी से हमला, खुलेआम गुंडागर्दी, 4 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
अनूपपुर
जिला मुख्यालय अनूपपुर से लगभग तीन किलोमीटर दूर स्थित सकरिया गांव में खेत में बोवाई के दौरान एक परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सकरिया गांव निवासी सागर पटेल अपने परिवार के सदस्यों के साथ खेत में बोवाई का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान दुलहरा गांव निवासी राहुल पटेल, गोवर्धन पटेल, लाल जी पटेल, सत्यनारायण पटेल और महिमा पटेल वहां पहुंचे। आरोप है कि सभी ने मिलकर लाठी, डंडों तथा मुक्कों से सागर पटेल और उनके परिवार पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से खेत में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और परिवार के सदस्य घबरा गए।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने विवाद के दौरान कानून को अपने हाथ में लेते हुए खुलेआम गुंडागर्दी की और परिवार के साथ जमकर मारपीट की। घटना में कुछ लोगों को चोटें भी आईं, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने राहुल पटेल पिता गोवर्धन पटेल, लाल जी पटेल, सत्यनारायण पटेल एवं महिमा पटेल, सभी निवासी दुलहरा, के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(बी), 115(2), 351(2) एवं 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटना से जुड़े सभी तथ्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच के दौरान अन्य तथ्य सामने आते हैं तो उनके अनुसार प्रकरण में आवश्यक धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं।
ग्रामीण क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चर्चा का माहौल है। लोगों का कहना है कि खेतों में काम कर रहे परिवारों के साथ इस प्रकार की हिंसक घटनाएं कानून-व्यवस्था के लिए चिंता का विषय हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषी पाए जाने वाले आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी।
समाचार 02 फ़ोटो 02
बेथल मिशन हायर सेकेंडरी स्कूल में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, 200 विद्यार्थियों का हुआ सम्पूर्ण चेकअप
अनूपपुर
विद्यार्थियों के बेहतर स्वास्थ्य और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बेथल मिशन हायर सेकेंडरी स्कूल, अनूपपुर में जिला अस्पताल के 6 विशेषज्ञ चिकित्सकों के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्कूल के लगभग 200 छात्र-छात्राओं के साथ-साथ शिक्षक एवं शिक्षिकाओं का भी स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने सभी की संपूर्ण स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी सुझाव प्रदान किए।
शिविर के दौरान चिकित्सकों की टीम ने विद्यार्थियों की सामान्य स्वास्थ्य जांच, आंख, कान, गला, दांत, रक्तचाप, वजन, पोषण स्तर सहित अन्य आवश्यक परीक्षण किए। जांच के दौरान जिन विद्यार्थियों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रारंभिक लक्षण पाए गए, उन्हें समय पर उपचार कराने तथा संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वच्छ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी गई।
स्कूल प्रबंधन ने बताया कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और प्रारंभिक स्तर पर बीमारियों की पहचान कर समय रहते उचित उपचार सुनिश्चित करना है। नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास का बेहतर आकलन किया जा सकता है, जिससे उनकी शिक्षा और सर्वांगीण विकास पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
इस अवसर पर स्कूल के डायरेक्टर पी. के. पुन्नुस ने जिला अस्पताल के चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों का स्वस्थ रहना ही उनके उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी नींव है। उन्होंने कहा कि स्कूल समय-समय पर इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा, ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का भी लाभ मिल सके।
प्राचार्य सुदीप चक्रवर्ती ने कहा कि शिक्षा के साथ स्वास्थ्य भी समान रूप से महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से चिकित्सकों द्वारा दिए गए सुझावों का पालन करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आग्रह किया। वहीं मैनेजर नोएल टी. पुन्नुस ने स्वास्थ्य विभाग एवं चिकित्सकों की टीम का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर बच्चों और अभिभावकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होते हैं।
समाचार 03 फ़ोटो 03
छत्तीसगढ़ खपाने जा रही 25 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब इनोवा कार सहित जब्त, 3 आरोपी गिरफ्तार
अनूपपुर
जिले के थाना रामनगर थाना प्रभारी सुमित कौशिक के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम ने अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 पेटी, 234 लीटर अवैध शराब, तस्करी में प्रयुक्त टोयोटा इनोवा वाहन क्रमांक CG 08 0991 जब्त कर 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
बीते रात्रि लगभग 12:30 बजे से 01:00 बजे के मध्य थाना रामनगर पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक लग्ज़री इनोवा वाहन में भारी मात्रा में अवैध शराब भरकर मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ ले जाई जा रही है। सूचना प्राप्त होते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिनके निर्देशानुसार तत्काल नाकाबंदी कर सघन वाहन चेकिंग प्रारंभ की गई।
नाकाबंदी के दौरान टोयोटा इनोवा वाहन क्रमांक CG 08 0991 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन की डिक्की एवं अंदर से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। पूछताछ में वाहन सवार व्यक्तियों ने अपना नाम मो. सोएब ख़ान उर्फ पप्पू, पिता मो. यूसुफ़ ख़ान, उम्र 42 वर्ष, निवासी जमुना कॉलरी, थाना भालूमाड़ा, जिला अनूपपुर। मो. राजिक उर्फ राज, पिता गोरखदास बैरागी, उम्र 30 वर्ष, निवासी जमुना कॉलरी, थाना भालूमाड़ा, जिला अनूपपुर। रामू बंसल, पिता रवि बंसल, उम्र 19 वर्ष, निवासी जमुना कॉलरी, थाना भालूमाड़ा, जिला अनूपपुर। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे जमुना क्षेत्र से शराब लेकर छत्तीसगढ़ ले जा रहे थे।
शराब की अनुमानित कीमत 1,58,580/ तस्करी में प्रयुक्त टोयोटा लक्ज़री इनोवा कार कीमत लगभग ₹10 से ₹15 लाख) भी जप्त की गई। उक्त आरोपियों के विरुद्ध थाना रामनगर में अपराध क्रमांक 197/2026 अंतर्गत धारा 34(2), मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में विवेचना की जा रही है।
समाचार 04 फ़ोटो 04
खड़े हाइवा से टकराई मोटरसाइकिल, बाइक सवार की घटना स्थल पर हुई मौत, पुलिस जांच में जुटी
शहडोल
जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा मऊ टोल प्लाजा के पास उस समय हुआ, जब युवक की बाइक सड़क किनारे खड़े एक हाइवा वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान अमित पाल पिता स्व. दशरथ पाल, निवासी झिरिया वार्ड क्रमांक-5, थाना देवलोंद के रूप में हुई है। अमित पाल रात ब्यौहारी से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रीवा मार्ग स्थित मऊ टोल प्लाजा के समीप सड़क किनारे खड़े हाइवा वाहन से उसकी बाइक सामने से टकरा गई। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के संबंध में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मृतक का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सड़क किनारे खड़े वाहन की स्थिति, दुर्घटना के समय की परिस्थितियां और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
समाचार 05 फ़ोटो 05
बिजली के करंट से आदिवासी युवक की दर्दनाक मौत, तार चोरी की आशंका ने खड़े किए गंभीर सवाल
अनूपपुर
कोतमा नगर के वार्ड क्रमांक-4 स्थित बालक पुरम् सरस्वती हायर सेकेंडरी स्कूल के पीछे बिजली के खंभे के नीचे एक आदिवासी युवक का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान संतराम सिंह गोंड (35 वर्ष), पिता इंद्रपाल सिंह गोंड, निवासी वार्ड क्रमांक-4, सोनू अग्रवाल साइकिल स्टोर के मकान में निवासरत के रूप में हुई है।
सुबह लोगों ने खंभे के नीचे युवक का शव पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस और जनप्रतिनिधियों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि मृतक के हाथ में प्लास रखा हुआ था तथा हाथ बुरी तरह झुलसा हुआ था। प्रारंभिक परिस्थितियों से आशंका जताई जा रही है कि युवक बिजली के तार काटने या चोरी करने के दौरान करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से बिजली काटने में उपयोग होने वाले औजार भी जब्त किए गए हैं। मामले में मर्ग कायम कर विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू कर दी गई है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया कि 7 जुलाई की रात लगभग 1 बजे उनके पति घर से मोबाइल और चप्पल छोड़कर निकले थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार चिंतित था। सुबह सूचना मिली कि उनकी करंट लगने से मृत्यु हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
समाचार 06 फ़ोटो 06
100-200 गांव संभाल रहे आत्मा कर्मचारी, सारथी ऐप की बाध्यता से महिला स्टाफ बेहाल
संविदा कर्मचारी संघ ने सीएम को लिखा पत्र*
उमरिया
मध्यप्रदेश शासन ने वर्ष 2026 को "किसान कल्याण वर्ष" घोषित किया है, लेकिन धरातल पर योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने वाले आत्मा परियोजना के कर्मचारी ही परेशान हैं। कृषि तकनीकी संविदा कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर उमरिया को ज्ञापन सौंपकर "सारथी ऐप" पर उपस्थिति दर्ज कराने की बाध्यता से मुक्त करने की मांग की है।
संघ के जिला अध्यक्ष आर. दीपक पटेल ने पत्र में लिखा कि आत्मा परियोजना के आत्मा/बीटीएम कर्मचारी ही कृषि विभाग की अंतिम कड़ी हैं। यही कर्मचारी प्राकृतिक खेती, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजनाओं को प्रत्येक कृषक तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। लेकिन विभाग द्वारा सभी जिलों में कर्मचारियों को सारथी ऐप पर उपस्थिति दर्ज करने के लिए बाध्य किया जा रहा है, जिससे फील्ड में काम कर रहे कर्मचारियों को भारी दिक्कत हो रही है।
1 कर्मचारी को 100 से 200 गांव देखना पड़ रहे हैं। साथ में सोयाबीन भंडारण, धान खरीदी, बाढ़ वितरण, एसआईआर सर्वे जैसे अन्य विभागों का काम भी दिया जा रहा है। कभी-कभी रात तक गांव में रुकना पड़ता है। महिला कर्मचारियों के लिए देर रात घर लौटना संभव नहीं।
फील्ड में सूर्यास्त 5:30 PM तक हो जाता है, जबकि कर्मचारी सुबह 8:00 AM से शाम 5:00 PM तक फील्ड में रहते हैं। इससे चेक इन/चेक आउट में समस्या आती है। कई महिला कर्मचारी वाहन नहीं चलातीं। उन्हें पब्लिक ट्रांसपोर्ट से दूरदराज गांव जाना पड़ता है। समय से वापसी नहीं होने पर उपस्थिति दर्ज नहीं हो पाती। फील्ड में मुख्यालय के अलावा बैठने या शौचालय जैसी कोई शासकीय व्यवस्था नहीं है।
संघ ने मुख्यमंत्री से समस्याओं को देखते हुए मांग की है, कृषि विभाग की आत्मा परियोजना के कर्मचारियों को सारथी ऐप पर उपस्थिति दर्ज कराने की बाध्यता से मुक्त रखा जाए, ताकि वे बिना दबाव के किसानों की सेवा कर सकें।
समाचार 07 फ़ोटो 07
मुरुम के गड्ढो नया बताकर लाखो का खेल, पुराने तालाबो के नाम पर हुआ राशि का आहरण का लगा आरोप
शहडोल
जिले में डीएमएफ फंड से तालाब निर्माण के नाम पर लाखों खर्च किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हाईवे निर्माण के दौरान मुरम निकालने से बने गहरे गड्ढों, पुराने तालाबों और नालों को ही दस्तावेजों में नवीन तालाब निर्माण दर्शाकर 20 से 25 लाख रुपये तक की राशि स्वीकृत और भुगतान कर दिया गया।
मामला जनपद पंचायत जयसिंहनगर के जोरा गांव के पास का बताया जा रहा है। रीवा-शहडोल हाईवे निर्माण के दौरान सड़क किनारे मुरम निकालने से करीब दो से ढाई एकड़ क्षेत्र में बड़ा गड्ढा बन गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि इसी गड्ढे को नया तालाब बताकर करीब 25 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई और खर्च भी दर्शा दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह किसी योजना के तहत बनाया गया जलस्रोत नहीं, बल्कि सड़क निर्माण के दौरान खुदाई से बना गहरा गड्ढा है, जिसमें बारिश के दिनों में पानी भर जाता है।।
जयसिंहनगर ब्लॉक की बरना पंचायत के झिरिया गांव में भी पुराने तालाब को लेकर सवाल उठे हैं। जहां करीब 20 वर्ष पुराना तालाब मौजूद है, जिसकी पाल तीन वर्ष पहले टूट गई थी। आरोप है कि इसकी मरम्मत कराने के बजाय पुराने तालाब को ही नवीन तालाब निर्माण बताकर 20 लाख 56 हजार रुपये की स्वीकृति जारी कर दी गई।
ब्यौहारी ब्लॉक के तेंदुआ गांव में बाणसागर डैम किनारे स्थित दर्री नाले को लेकर भी विवाद है। जानकारी के अनुसार, नाले की पुलिया और पिचिंग का काम पहले ही डीएमएफ मद से करीब 12 लाख रुपये में कराया जा चुका था। इसके बाद उसी स्थान को सांसद प्रस्ताव के माध्यम से करीब 25 लाख रुपये की लागत से नवीन तालाब निर्माण बताकर स्वीकृति दिए जाने का आरोप है।
इस मामले में कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने कहा है कि डीएमएफ से पुराने तालाब नहीं बनाए जाते। उनके संज्ञान में आए मामलों की जिला स्तर पर टीम गठित कर जांच कराई जाएगी और अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी।
समाचार 08 फ़ोटो 08
महिला की धारदार हथियार से हत्या, नदी किनारे खून से सना मिला शव, हत्या का मामला दर्ज
शहडोल
जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। बाजार से घर लौटते समय रास्ते में कुल्हाड़ियां नदी के पास उनका खून से सना शव मिला। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान ग्राम कनाड़ी निवासी गेंदा बाई यादव 60, पत्नी ललुआ यादव के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि गेंदा बाई सोमवार को घर से बाजार जाने के लिए निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की।
इसी दौरान गेंदा बाई के घर के पास रहने वाली एक महिला बाजार से लौटते समय कुल्हाड़ियां नदी के पास पहुंची तो उसने गेंदा बाई का शव देखा, महिला ने तुरंत गांव पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में महिला की गर्दन पर धारदार हथियार से किए गए वार के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका की पुष्टि हुई है। पुलिस अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।