वन विभाग के कर्मचारियों लोहे की सब्बल से जानलेवा हमला, बाइक तोड़ी, चौकी की चाबी लेकर फरार हुए आरोपी
उमरिया
जिले के चंदिया वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम नरवार-25 के कुदरी टोला में वन विभाग के कर्मचारियों पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। वन कर्मियों ने बताया की हमलावर आरोपी मिथुन बैगा जंगल की जमीन में जुताई कर रहा था जिसे मना करने गए वन कर्मियों पर जान लेवा हमला कर दिया। आरोप है कि नरवार-25 निवासी मिथुन बैगा ने वनकर्मियों पर लोहे की सब्बल से हमला कर दिया। घटना में वनकर्मी सतेंद्र प्रजापति, विमलेश गुप्ता और चौकीदार संतोष यादव घायल हो गए। सभी घायलों ने चंदिया थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी ने वनकर्मी सतेंद्र प्रजापति की बाइक भी लोहे की सब्बल से क्षतिग्रस्त कर दी। इतना ही नहीं, बाइक की चाबी भी निकालकर अपने साथ ले गया। बताया जा रहा है कि उसी चाबी के गुच्छे में वन चौकी की चाबी भी लगी हुई थी, जिसके चलते वन चौकी फिलहाल बंद पड़ी है।
इस घटना ने वन विभाग के कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी चंदिया वन परिक्षेत्र के सलैया गांव में कथित रेत माफियाओं द्वारा वनकर्मियों पर हमला किया गया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से यह सवाल उठ रहा है कि आखिर वन अमले पर हमले करने वालों में कानून का भय क्यों कम होता जा रहा है।
फिलहाल चंदिया पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
