हाथी ने गिराया दीवार, मलबे में दबकर वृद्ध हुआ घायल, अस्पताल में चल रहा है इलाज
अनूपपुर
जिले के जैतहरी थाना अंतर्गत चोई गांव के पडमनिया टोला में धनगवां बीट के जंगल से आए एक अकेला नर हाथी द्वारा भोला प्रसाद पिता छोटू राठौर उम्र 70 वर्ष के घर के पास धान रखने वाले कुठला को तोड़कर धान निकाल कर खा रहा था, इसी दौरान 70 वर्षीय वृद्ध भोला प्रसाद बाथरूम के लिए घर से निकल ही रहे थे, तभी हाथी द्वारा ईट की दीवाल जिसे मुरूम से जोड़ा गया था लकड़ी के गेट सहित धक्का मार के तोड़ दिया, दीवाल गिरने से मरवा में वृद्ध दब गया, जिससे उनके हाथ पैर एवं कमर में चोट आने पर सूचना मिलते ही वन विभाग के गश्ती दल के वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी लाए जाने पर ड्यूटी डॉक्टर सुयांशु दास द्वारा मरीज को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। डॉक्टर दास द्वारा बताया गया कि वृद्ध की हालत स्थिर है जिनके अन्य परीक्षण एवं बेहतर उपचार हेतु जिला चिकित्सालय रेफर किया जावेगा।
वही एक अकेला हाथी ग्राम पंचायत पड़रिया के चोई गांव के अनेकों टोला/मोहल्ला में तेजी तेजी से भाग कर लोगों के घरों की दीवालो को फोड़ते हुए खेतों में लगे कटहल एवं अन्य तरह की फसलों को आहार बना रहा है।
तीन हाथियों का समूह कोतवाली थाना तहसील एवं वन परिक्षेत्र अनूपपुर के ग्राम पंचायत पोंडी मानपुर एवं बरबसपुर के ग्रामीण अंचलों में देर रात चुपचाप तरीके से पहुंचकर, कई ग्रामीणों के घरों में तोड़फोड़ कर खेत एवं बांड़ी में लगे सब्जी एवं अन्य फसलों को खा कर नुकसान पहुंचाते हुए, पोंडी एवं खांड़ा के जंगल में दूसरे दिन दिनभर विश्राम करने बाद राष्ट्रीय राजमार्ग को पोंडी गांव के सांधा के पास से पार करते हुए जिला मुख्यालय अनूपपुर से 5 किलोमीटर दूर स्थित बरबसपुर गांव में प्रवेश कर ग्रामीणों के घरों को तोड़फोड़ कर खेत एवं बांड़ी में लगे फसलों सब्जियों को आहार बनाते हुए वर्तमान समय बरबसपुर ग्राम के टोला मोहल्ला में विचरण कर रहे हैं।
