समाचार 01 फ़ोटो 01
कार से 3.58 किलो गाँजा, 3 नग कारतूस, 5 मोबाइल, 37 हजार, वाई फाई डोंगल जप्त, 2 आरोपी गिरफ्तार
*नशे के विरुद्ध पुलिस की कार्यवाही*
अनूपपुर
थाना कोतमा पुलिस द्वारा रात्रिकालीन वाहन चेकिंग के दौरान मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 3 किलो 58 ग्राम गांजा, 03 नग .32 बोर के जिंदा कारतूस, ₹37,300 नगद, 05 मोबाइल फोन , एक वाई फाई डोंगल एवं एक ग्रैंड विटारा कार जप्त की गई है।
दिनांक 13 जुलाई 2026 को थाना कोतमा की पुलिस टीम द्वारा ग्राम पथरौड़ी स्थित एंजल किराना स्टोर के सामने रात्रिकालीन वाहन एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की ग्रैंड विटारा कार क्रमांक MP 18 ZE 5709 पुलिस चेकिंग देखकर पीछे मुड़कर भागने का प्रयास करने लगी। पुलिस टीम ने तत्परता से घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
वाहन में चालक शिवा विश्वकर्मा एवं उसके साथ रेखा उर्फ मनीषा गुप्ता सवार मिले। दोनों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर नियमानुसार पूछताछ एवं तलाशी की गई। पूछताछ में आरोपियों ने वाहन में गांजा रखा होना स्वीकार किया।
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को निम्न सामग्री, 03 किलो 58 ग्राम गांजा अनुमानित कीमत ₹45,000, 03 नग 32 बोर के जिंदा कारतूस,₹37,300 नगद, 05 मोबाइल फोन, जियो कंपनी का एक वाई-फाई डोंगल, सिम व दो बैग बरामद की है। ग्रैंड विटारा कार अनुमानित कीमत ₹12 लाख है, बरामद सम्पूर्ण सामग्री की कुल अनुमानित कीमत ₹1400000 है।
रेखा उर्फ मनीषा गुप्ता, उम्र 35 वर्ष, निवासी हनुमान नगर, नई बस्ती, थाना कोलगवां, जिला सतना, शिवा विश्वकर्मा, उम्र 30 वर्ष, निवासी लालपुर, थाना बुढ़ार, जिला शहडोल को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतमा में धारा 8/20(b) एनडीपीएस एक्ट एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।
समाचार 02 फ़ोटो 02
विद्यालय में पीने के पानी की नही है व्यवस्था, बच्चे घर से लाते हैं पानी, कई माह से हैंडपंप बन्द
*शोपीस बना नल, शिकायत के बाद नही हुआ सुधार*
अनूपपुर
जिले के शासकीय माध्यमिक विद्यालय धुम्मा विद्यालय में पेयजल संकट ने बच्चों की परेशानी बढ़ा दी है। विद्यालय परिसर में पीने के पानी के लिए कोई व्यवस्था नहीं है एक हैंडपंप भी है तो वह आज कई दिनों से बंद है ऐसे में विद्यालय के छात्र-छात्राएं पेयजल के लिए तरस रहे हैं और कई बार पूरे दिन प्यासे रहने को मजबूर हो जाते हैं।
विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों का कहना है कि वे घर से पानी की बोतल लेकर आते हैं, लेकिन कुछ ही घंटों में पानी खत्म हो जाता है। इसके बाद विद्यालय में पानी नहीं मिलने के कारण उन्हें प्यासा रहना पड़ता है। कई घंटे तक विद्यालय में रहने वाले बच्चों के सामने यह स्थिति रोज की समस्या बन गई है।
विद्यालय की रसोइया कार्यकर्ता ने बताया कि पानी के कारण मध्याह्न भोजन बनाने और अन्य दैनिक कार्यों में भी भारी परेशानी होती है। कई बार उन्हें दूर से पानी लाना पड़ता है, जिससे समय और श्रम दोनों अधिक लगते हैं।
विद्यालय की प्राचार्य ने बताया कि पेयजल समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों को लिखित एवं मौखिक रूप से जानकारी दी जा चुकी है। और साथ ही इस संबंध में सीएम हेल्पलाइन भी की गई है लेकिन इसके बावजूद अब तक न तो खराब हैंडपंपों की मरम्मत कराई गई और न ही स्वच्छ पेयजल की कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।
विद्यालय में जो एकमात्र हैंडपंप है, उससे निकलने वाला पानी मटमैला और मिट्टीयुक्त है। ऐसे पानी के सेवन से बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका बनी हुई है। बावजूद इसके बच्चों के सामने कोई दूसरा विकल्प नहीं है।
विद्यालय प्रबंधन और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि विद्यालय में जल्द से जल्द स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बच्चों को प्यासा न रहना पड़े और दूषित पानी पीने की मजबूरी से मुक्ति मिल सके। विद्यालय जैसे संवेदनशील स्थान पर पेयजल संकट को लेकर जिम्मेदार विभाग की उदासीनता पर भी सवाल उठ रहे हैं।
समाचार 03 फ़ोटो 03
मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ का जिला सम्मेलन आज, सोशल मीडिया व वर्तमान पत्रकारिता विषय पर होगी चर्चा
अनूपपुर
16 जुलाई 2026 दिन गुरुवार को अनूपपुर जिला मुख्यालय स्थित धनश्री पैलेस मे प्रात: 11 बजे से मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री शलभ भदौरिया , मध्यप्रदेश शासन के स्वतंत्र प्रभार मंत्री दिलीप जायसवाल, शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह, अजजा आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल, मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री बिसाहूलाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति रमेश सिंह , पुष्पराजगढ विधायक फुन्देलाल सिंह, कलेक्टर हर्षल पंचोली, पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब, सीईओ जिला पंचायत अर्चना कुमारी, पूर्व विधायक मनोज अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष हीरासिंह श्याम, नगरपालिका अध्यक्ष के साथ गणमान्य नागरिक और श्रमजीवी पत्रकार गणों की उपस्थिति मे जिला स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।
संघ के जिलाध्यक्ष राजेश पयासी ने बतलाया कि अतिथियों , विशिष्ट आतिथियों , गणमान्य नागरिकों , पत्रकारों की गरिमामयी उपस्थिति मे जिला स्तरीय पत्रकार सम्मेलन सोशल मीडिया और वर्तमान पत्रकारिता जैसे ज्वलंत और गंभीर विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन भी किया जा रहा है।
इस विचारगोष्ठी मे मंचासीन अतिथियों के सार गर्भित विचारों को सुनने, समझने का महत्वपूर्ण अवसर जिले के पत्रकारों के सामने होगा। राजेश पयासी ने बतलाया कि प्रदेश अध्यक्ष शलभ भदौरिया 15 जुलाई की प्रात: नर्मदा एक्सप्रेस से अनूपपु्र आ चुके हैं।
राजकुमार दुबे, मो अली,प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज द्विवेदी, मेंहदी हसन , शहडोल संभाग अध्यक्ष अजीत मिश्रा के साथ जिला मुख्यालय के वरिष्ठ पत्रकारों के साथ सर्किट हाऊस मे दोपहर भोजन उपरांत कार्यक्रम की तैयारियाँ की समीक्षा किए तथा रात्रि विश्राम उपरांत अगले दिन गुरुवार 16 जुलाई को जिला सम्मेलन मे शामिल होंगे। जिले के सभी श्रमजीवी पत्रकारों से अपील की है कि इस महत्वपूर्ण आयोजन मे शामिल होकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
समाचार 04 फ़ोटो 04
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ग्राम पंचायत खैरहा में करेंगे 3.57 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन
शहडोल
मध्यप्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल 16 जुलाई 2026 को जनपद पंचायत सोहागपुर के ग्राम पंचायत खैरहा मे 3.15 करोड़ लागत से निर्मित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं 42.50 लाख लागत की लागत वाले नवीन निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद हिमाद्री सिंह करेंगी। विशिष्ट अतिथियों के रूप में जैतपुर विधायक जयसिंह मरावी, जिला योजना समिति की सदस्य अंमिता चपरा, जिला पंचायत निर्माण समिति के सभापति जगन्नाथ शर्मा तथा जनपद सदस्य दीपिका जगन्नाथ शर्मा, ग्राम पंचायत सरपंच दुईजी बाई कोल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
लोकार्पण किए जाने वाले कार्यों में नवीन पंचायत भवन परिसर जिसकी लागत 21.74 लाखा, सामुदायिक भवन खैरहा लागत 12 लाख, सामुदायिक भवन कदौंहा लागत 14.49 लाख, बाउन्ड्रीवाल पंचायत भवन खैरहा 5.50 लाख, पेपर ब्लाक एवं सेड निर्माण 05.9 लाख, सीसी रोड एवं नाली निर्माण 02.99 लाख, स्टॉप डैम निर्माण कर्रहा घाट बहरा नाला खैरहा 17.94 लाख स्टाॅप डैम निर्माण झोझा नाला कुदरी टोला खैरहा लागत 13.99 लाख, स्टाॅप डैम निर्माण महुआदहा नदी कर्बला के पास लागत 69 लाख, गे्रवल रोड निर्माण हायर सेकेण्डरी स्कूल से बरमहा तालाब तक 66 लाख, घाट निर्माण पतरिहाई तालाब ग्राम कंदौहा लागत 4 लाख के साथ ही सीसी रोड एवं नाली निर्माण के कार्यों का लोकार्पण करेंगे।
इसी तरह बाउंड्रीवाल निर्माण समुदायिक भवन यज्ञशाला परिसर ग्राम कंदौहा, लागत 17 लाख, सीसी रोड निर्माण अस्पताल तिराहा से माध्यमिक विद्यालय तक लागत 21.50 लाख, नाली निर्माण गुरू के घर से चिकनी चैराहा तक लागत 04 लाख रूपए कुल 42 लाख 50 हजार रूपए की लागत वाले कार्याें का भूमिपूजन करेंगे।
समाचार 05 फ़ोटो 05
पांच दिन बाद अमरकंटक में मेघों की झमाझम दस्तक, मूसलाधार बारिश से मौसम हुआ रमणीय
अनूपपुर
प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक तीर्थस्थल पवित्र नगरी अमरकंटक में आषाढ़ शुक्ल पक्ष प्रतिपदा एवं पुष्य नक्षत्र के शुभ संयोग पर बुधवार, 15 जुलाई 2026 को दोपहर लगभग 1 बजे के बाद आधे घंटे तक झमाझम मूसलाधार वर्षा हुई। पांच दिनों के अंतराल के बाद हुई इस बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया और संपूर्ण क्षेत्र को शीतलता व ताजगी से भर दिया।
बीते कुछ दिनों से वर्षा नहीं होने के कारण वातावरण में उमस और हल्की गर्मी महसूस की जा रही थी। दोपहर तक आसमान में बादलों और धूप की आंख-मिचौली चलती रही, लेकिन दोपहर बाद नीले आकाश पर काले घने मेघों ने डेरा जमाया और देखते ही देखते तेज बारिश शुरू हो गई। मेघों की रिमझिम और झमाझम फुहारों ने प्रकृति को मानो नवजीवन प्रदान कर दिया। वर्षा के बाद चारों ओर हरियाली निखर उठी और वातावरण अत्यंत मनोहारी, रमणीय एवं सुहावना हो गया।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 125 रहा। संध्या लगभग 5 बजे के बाद भी रिमझिम वर्षा का सिलसिला जारी रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में शीतल हवाएं बहने लगीं और मौसम और अधिक आनंददायक हो गया।
इन दिनों आषाढ़ मास प्रारंभ होने के कारण अमरकंटक में पर्यटकों एवं तीर्थयात्रियों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में अपेक्षाकृत कम है। इसके बावजूद बारिश के बाद मां नर्मदा उद्गम क्षेत्र, पर्वत श्रृंखलाओं और घने वनों का प्राकृतिक सौंदर्य देखते ही बन रहा है। वर्षा की फुहारों से सराबोर अमरकंटक का अलौकिक एवं मनोरम स्वरूप श्रद्धालुओं और प्रकृति प्रेमियों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।
समाचार 06 फ़ोटो 06
13 दिन से तीन हाथियों ने भोलगढ के जंगल में जमाया डेरा, पहुंचे हाईवे के किनारे, किसान परेशान
अनूपपुर
तीन हाथियों का समूह 24 जून को छत्तीसगढ़ राज्य के सीमा को पारकर अनूपपुर जिले में प्रवेश किए थे, निरंतर जैतहरी से अनूपपुर के इलाके में विचरण करते हुए, आज तेरहवे दिन जिला मुख्यालय अनूपपुर से 6 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत बरबसपुर के ग्राम एवं वन बीट भोलगढ़ के जंगल में दिन के समय जंगल में बिता कर शाम एवं रात होते ही आहार की तलाश में जंगल से निकलकर ग्रामीण अंचलों में पहुंचकर ग्रामीणों के घर,खेत एवं बाडियों में तोड़फोड़ कर लगे एवं रखे विभिन्न तरह के अनाजों को खा रहे हैं, मंगलवार एवं बुधवार की मध्य राज्य तीन में से दो हाथी भोलगढ़ के जंगल से हाईवे रोड पार करते हुए भोलगढ गांव में वन विभाग की चौकी परिसर में पहुंचकर फिंसिग वायर एवं आरसीसी खम्भा को तोड़कर परिसर के पक्के आवास की खिड़की को तोड़ने का प्रयास किया, हल्ला किए जाने पर एक बैगा परिवार के घर में दीवाल तोड़कर सुबह होते ही फिर से भोलगढ़ के जंगल चले गए, दिन भर जंगल में रहने बाद देर शाम जंगल से निकलकर भोलगढ़ के खेल मैदान के समीप से हाईवे मार्ग के मध्य वर्तमान समय विचरण करते रामबांस को खा रहे हैं।
वन विभाग का गश्ती दल हाथियों के विचरण पर निरंतर ग्रामीण जनों को सचेत एवं सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं, लेकिन कुछ सामाजिक तत्व शराब का सेवन कर हाथियों के निगरानी में लगे वनकर्मियों के साथ अभद्रतापूर्ण व्यवहार करते नजर आए।
समाचार 07 फ़ोटो 07
राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं को पोषण एवं नशा मुक्ति के प्रति किया गया जागरूक
उमरिया
कलेक्टर राखी सहाय के निर्देशन में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल भरौल में आउटरीच गतिविधि का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा वी एस चंदेल के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का समन्वय राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के परामर्शदाता राकेश चौधरी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व, स्वच्छ जीवनशैली, व्यक्तिगत स्वास्थ्य एवं किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक और मानसिक परिवर्तनों की जानकारी दी गई। साथ ही तंबाकू, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला चिकित्सालय की तरफ से किशोर स्वास्थ्य परामर्शदाता पूजा पांडे ने छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को नशा मुक्त रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन, संतुलित पोषण और नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि विद्यार्थी स्वयं जागरूक रहेंगे और अपने परिवार व समाज को भी जागरूक करेंगे, तो एक स्वस्थ एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव होगा।
समाचार 08 फ़ोटो 08
धान बीज के विक्रय पर तत्काल प्रभाव से लगाया गया प्रतिबंध
उमरिया
कृषकों के हितों एवं गुणवत्तायुक्त बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में बीजों की गुणवत्ता की सतत निगरानी की जा रही है। उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास संग्राम सिंह मरावी ने बताया कि मेसर्स राम दरबार बीज भंडार, ग्राम बड़छड़, विकासखंड मानपुर द्वारा विक्रय किए जा रहे कंपनी सीड वर्कस इंटरनेशनल लिमिटेड, गोडावली विलेज, मेडचल, मेसर्स राम खाद एवं बीज भंडार मानपुर, कंपनी सीड वर्कस इंटरनेशनल लिमिटेड, गोडावली विलेज, मेडचल, मेसर्स शुक्ला बीज भंडार मानपुर, कंपनी अंकुर सीडस प्राई. लि.नागपुर, सायाजी सीडस अहमदाबाद, निरमल सीडस प्राई. लि. भडगांव रोड पचौरा, मेसर्स दिव्या ट्रेडर्स ग्राम पड़वार मानपुर, कंपनी कावेरी सीडस कंपनी लि. सिकंदराबाद, मेसर्स नयन बीज भंडार ग्राम बकेली, कंपनी बायर बायो साईंस प्राई. लि. हीरानंदनी महाराष्ट्र के धान बीज नमूनें अमानक स्तर के पाए जाने के कारण उक्त धान बीज के विक्रय पर तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक प्रतिबंध लगाया गया है। संबंधित बीज विक्रेता को निर्देशित किया गया है कि प्रतिबंधित धान बीज का विक्रय, वितरण अथवा स्थानांतरण तत्काल बंद करें तथा उपलब्ध समस्त स्टॉक को पृथक रखें एवं बीज का विक्रय न करें।
समाचार 09
अध्यक्ष राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग का कार्यक्रम जारी
शहड़ोल
सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग आनंद राय सिंहा ने जानकारी दी है कि अध्यक्ष राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग अंतर सिंह आर्य (भारत सरकार केन्द्रीय कैबिनेट मंत्री दर्जा) 15 से 16 जुलाई 2026 तक जिले के प्रवास पर रहेंगे। आयोग द्वारा 16 जुलाई 2026 को पूर्वान्ह 09:00 बजे से 11:00 बजे तक कन्या शिक्षा परिसर कंचनपुर जिला शहडोल में तथा 11:30 बजे से कलेक्ट्रेट सभागार शहडोल में कार्यक्रम एवं दोपहर 01:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेन्स निर्धारित है।