भवन आलीशान लेकिन डॉक्टर नहीं, बेलिया बड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खुद 'बीमार', ग्रामीण परेशान
*झाड़ियों से घिरा स्वास्थ्य केंद्र,
अनूपपुर
ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के सरकारी दावों के बीच कोतमा विधानसभा के बेलिया बड़ी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की हकीकत कुछ और ही तस्वीर बयां कर रही है। भवन तो तैयार है, लेकिन वर्षों से नियमित डॉक्टर की उपलब्धता नहीं होने और स्टाफ की कमी के कारण हजारों ग्रामीणों को इलाज के लिए भटकना पड़ रहा है।
बेलिया बड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से लेदरा, पकरिहा, राजाकछार सहित आसपास के 8 से 10 गांवों की करीब 10 से 15 हजार आबादी निर्भर है। यह क्षेत्र आदिवासी बहुल और दूरस्थ होने के कारण यहां प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की अहम भूमिका है, लेकिन डॉक्टर के अभाव में मरीजों को मामूली इलाज के बाद भी कोतमा या जिला अस्पताल रेफर किया जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. गणेश प्रजापति पदस्थ हैं, लेकिन उन्हें लंबे समय से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा में अटैच कर दिया गया है। इसके चलते बेलिया बड़ी अस्पताल डॉक्टर विहीन हो गया है। , जिससे मरीजों को प्राथमिक उपचार तक के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।
अस्पताल परिसर में बड़ी-बड़ी झाड़ियां और खरपतवार उग आए हैं। साफ-सफाई और रखरखाव के अभाव में परिसर में जहरीले जीव-जंतुओं और मच्छरों का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति लंबे समय से बदहाल है, लेकिन जिम्मेदार विभाग ध्यान नहीं दे रहा।
एक ओर शासन बड़े अस्पतालों के निर्माण और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की घोषणाएं कर रहा है, वहीं दूसरी ओर बेलिया बड़ी जैसे ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र मूलभूत सुविधाओं और चिकित्सकीय स्टाफ के अभाव से जूझ रहे हैं। इससे ग्रामीणों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है। सूत्रों का कहना है कि जो स्टाफ है भी तो ना समय से आते हैं और ना समय से जाते हैं इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र किस तरह चल रही है
*क्या कहते हैं अधिकारी*
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.एल. दीवान ने बताया कि डॉक्टरों की कमी के कारण वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर बेलिया बड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पदस्थ डॉक्टर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा में अटैच किया गया है। वहीं ड्रेसर के सेवानिवृत्त होने के बाद उसका पद भी वर्तमान में रिक्त है। लेकिन डॉक्टर नहीं हैं।
