बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, चोरी की 8 मोटरसाइकिल बरामद, 6 आरोपी गिरफ्तार
शहडोल
जिले में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सुनियोजित कार्रवाई के तहत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की आठ मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
कोतवाली पुलिस लंबे समय से मोटरसाइकिल चोरी के मामलों की जांच और संदिग्धों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उनकी निशानदेही पर आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
गिरफ्तार आरोपियों में सुनील वर्मा (26), निवासी ग्राम कोटमा, थाना सोहागपुर; मोहम्मद अहमद (38), निवासी वार्ड क्रमांक 4, कल्याणपुर, थाना कोतवाली; शुभम सरवारी उर्फ पापे (26), निवासी वार्ड क्रमांक 28, सौखी मोहल्ला, थाना कोतवाली; सुधीर केवट उर्फ छोटू (32), निवासी जमुई, थाना सोहागपुर; सागर जायसवाल उर्फ शिवम जायसवाल (24), निवासी जमुई, थाना सोहागपुर तथा विजय जायसवाल (31), निवासी जमुई, थाना सोहागपुर शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। बरामद मोटरसाइकिल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा जाएगा।
