समाचार 01 फ़ोटो 01

अधिवक्ताओं ने पुलिस के छात्रों पर लाठीचार्ज व नीट परीक्षा पेपर लीक मामले में किया विरोध प्रदर्शन

*संविधान व लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए की आवाज बुलंद*

अनूपपुर। 

नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक की घटनाओं तथा इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर दिल्ली पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को अनूपपुर जिले के अधिवक्ताओं ने जिला एवं सत्र न्यायालय के मुख्य द्वार के समक्ष शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया।

अधिवक्ताओं ने इस दौरान संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया तथा संविधान, लोकतंत्र और नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के समर्थन में नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि छात्रों का शांतिपूर्ण विरोध लोकतांत्रिक व्यवस्था का अभिन्न हिस्सा है और ऐसे आंदोलनों पर बल प्रयोग किसी भी लोकतांत्रिक समाज के लिए चिंताजनक है।

अधिवक्ताओं का कहना था कि नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक जैसी घटनाओं से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। इसी विषय पर देशभर में विभिन्न छात्र संगठनों एवं सामाजिक समूहों द्वारा शांतिपूर्ण प्रदर्शन किए जा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि संसद की ओर मार्च कर रहे छात्रों पर दिल्ली पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज में अनेक छात्रों को चोटें आईं, जिसकी उन्होंने कड़ी निंदा की।

विरोध प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने मांग की कि छात्रों पर बल प्रयोग की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए तथा संविधान द्वारा प्रदत्त अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार का पूर्ण सम्मान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही लोकतांत्रिक मूल्यों एवं संवैधानिक व्यवस्था की रक्षा का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।

प्रदर्शन में जिले के बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने भाग लिया। उपस्थित अधिवक्ताओं ने कहा कि अधिवक्ता समाज हमेशा से राष्ट्रीय और जनहित के मुद्दों पर अपनी जिम्मेदारी निभाता रहा है और भविष्य में भी संविधान तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा। आम नागरिकों ने भी अधिवक्ताओं के इस शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन का समर्थन करते हुए अपना सहयोग एवं एकजुटता व्यक्त की।

समाचार 02 फ़ोटो 02

संस्कार लॉ कॉलेज, अनूपपुर में "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के तहत विविध कार्यक्रमों का सफल आयोजन

*​विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली नशामुक्त का दिया संदेश*

​अनूपपुर

​युवाओं को नशे की लत के प्रति सतर्क करने और समाज में नशामुक्त वातावरण का निर्माण करने के उद्देश्य से संस्कार लॉ कॉलेज, अनूपपुर (म.प्र.) में "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इस अभियान में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों और प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की।

​कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज परिसर से निकाली गई एक जन-जागरूकता रैली से हुई, जिसे महाविद्यालय प्रबंधन एवं मुख्य अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। हाथों में जागरूकता संदेशों वाली तख्तियां (पोस्टर्स) और बैनर लिए कानून के विद्यार्थियों ने शहर के प्रमुख मार्गों पर भ्रमण किया। रैली के दौरान छात्रों ने "नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो", "नशे से दूरी, जीवन के लिए जरूरी" और "स्वस्थ युवा, सशक्त भारत" जैसे ओजस्वी नारों के साथ आम जनमानस को जागरूक किया।

​रैली के समापन के पश्चात महाविद्यालय के मुख्य सभागार में एक विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। इस व्याख्यान में कानून और स्वास्थ्य क्षेत्र के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। विधि विशेषज्ञों ने छात्रों को एनडीपीएस एक्ट और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार व सेवन से जुड़े कड़े कानूनी परिणामों की जानकारी दी। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नष्ट करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को गर्त में धकेल देता है।

​अभियान के तहत विद्यार्थियों की रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के लिए पोस्टर मेकिंग, स्लोगन लेखन और भाषण प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया गया।

​कार्यक्रम के अंतिम चरण में महाविद्यालय परिसर में सामूहिक शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। संस्थान के प्राचार्य एवं मुख्य अतिथियों की उपस्थिति में सभी संकाय सदस्यों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने जीवन में कभी भी नशा न करने और अपने आसपास के लोगों को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की निष्ठापूर्वक शपथ ली।

समाचार 03 फ़ोटो 03

नगरीय निकायों में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दे, कचरा फैलाने वालों पर लगायें जुर्माना - कलेक्टर

*ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की समीक्षा बैठक सम्पन्न*

शहडोल

कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला कार्यालय के सभाकक्ष में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी नगरीय निकायों में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, स्रोत स्तर पर कचरे के पृथक्करण तथा नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी नगरीय निकायों में स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा शहरों और कस्बों में कहीं भी कचरे के ढेर दिखाई नहीं देने चाहिए। उन्होंने कहा कि नियमित सफाई, समयबद्ध कचरा संग्रहण एवं उसका वैज्ञानिक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। स्वच्छ एवं सुंदर शहर बनाने के लिए प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें।

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थानों, सड़कों, बाजारों एवं अन्य जगहों पर कचरा फैलाने वाले व्यक्तियों, दुकानदारों एवं संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के प्रति सख्ती बरती जाए, ताकि आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़े और लोग नियमों का पालन करें।

बैठक में कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिले के सभी शासकीय एवं निजी संस्थानों, कार्यालयों, मैरिज गार्डनों, होटल, रेस्टोरेंट, धर्मशालाओं, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा अन्य बड़े संस्थानों से सूखा एवं गीला कचरा अलग-अलग संकलित किया जाए। सभी संबंधित संस्थानों में दो डस्टबिन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा स्रोत स्तर पर ही कचरे का पृथक्करण कराया जाए, जिससे उसके पुनर्चक्रण एवं वैज्ञानिक निस्तारण में सुविधा हो।

उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों द्वारा संचालित डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा प्रत्येक घर, दुकान एवं प्रतिष्ठान से पृथक-पृथक सूखा एवं गीला कचरा संग्रहित किया जाए। कचरा संग्रहण करने वाले वाहनों में भी दोनों प्रकार के कचरे के लिए अलग-अलग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए नगरीय निकायों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

समाचार 04 फ़ोटो 04

जिला शिक्षा अधिकारी ने अमरपुर एवं भरेवा विद्यालयों का किया निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर

उमरिया

जिले के शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अमरपुर एवं शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भरेवा का जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के नामांकन की स्थिति, पाठ्यपुस्तकों के वितरण, साइकिल वितरण, छात्रवृत्ति योजना के क्रियान्वयन, शिक्षकों की दैनिक डायरी के संधारण तथा संचालित शैक्षणिक गतिविधियों का विस्तार से अवलोकन किया गया। उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर शिक्षण व्यवस्था का जायजा लिया तथा विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी अध्ययन संबंधी जानकारी भी प्राप्त की।

जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय के समस्त शिक्षकों को निर्देशित किया कि शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक पात्र विद्यार्थी को समय पर पाठ्यपुस्तक, साइकिल एवं छात्रवृत्ति का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने दैनिक डायरी का नियमित एवं व्यवस्थित संधारण करने, शिक्षण कार्य को रुचिकर एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने तथा विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता में निरंतर सुधार लाने पर विशेष बल दिया।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए अभिभावकों से सतत संपर्क बनाए रखें तथा बेहतर परीक्षा परिणाम प्राप्त करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से अध्ययन-अध्यापन कराया जाए। साथ ही शासन द्वारा जारी सभी निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए विद्यालयों में अनुशासित, गुणवत्तापूर्ण एवं छात्र-केंद्रित शैक्षणिक वातावरण विकसित करने के निर्देश दिए।

समाचार 05 फोटो 05 

पुलिस की बड़ी सफलता: दो अपहृत नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बरामद कर परिजनों से मिलाया

अनूपपुर 

थाना अमरकंटक पुलिस ने अपहरण के दो अलग-अलग मामलों में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करते हुए दो नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की तत्परता, सतत खोजबीन और प्रभावी कार्रवाई से दोनों परिवारों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहले मामले में 13 जून 2026 को एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री के अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण किए जाने की रिपोर्ट थाना अमरकंटक में दर्ज कराई थी। इस संबंध में अपराध क्रमांक 91/26 के तहत धारा 137(2) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने 23 जुलाई 2026 को ग्राम रेंगड़िया टोला मोहंदी से बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।

वहीं दूसरे मामले में 18 जुलाई 2026 को दर्ज शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 113/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 22 जुलाई 2026 को ग्राम शिवरी चंदास, थाना राजेंद्रग्राम, जिला अनूपपुर से दूसरी नाबालिग बालिका को भी सुरक्षित दस्तयाब कर लिया।

दोनों मामलों में बरामद बालिकाओं को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर उनके कथन दर्ज कराए गए तथा बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया। समिति के निर्देशानुसार आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद दोनों बालिकाओं को उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की इस त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई की क्षेत्रवासियों ने सराहना करते हुए इसे पुलिस की सजगता और प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

समाचार 06 फ़ोटो 06

नगर परिषद अमरकंटक में नव नियुक्त एल्डरमैन एवं मनोनीत पार्षदों का भव्य सम्मान समारोह संपन्न

अनूपपुर

नगर परिषद अमरकंटक में नव नियुक्त एल्डरमैन एवं मनोनीत पार्षदों के सम्मान में आयोजित समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, नगर परिषद के अधिकारियों, पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। समारोह के माध्यम से नव नियुक्त मनोनीत पार्षदों का पुष्पगुच्छ एवं शाल भेंट कर अभिनंदन किया गया तथा उनके उज्ज्वल कार्यकाल की मंगलकामनाएं व्यक्त की गईं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व अमरकंटक विकास प्राधिकरण अध्यक्ष अंबिका प्रसाद तिवारी रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नगर के समग्र विकास, स्वच्छता, जनसुविधाओं के विस्तार तथा नागरिकों की अपेक्षाओं को पूरा करने में जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नव नियुक्त एल्डरमैन एवं मनोनीत पार्षद जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अमरकंटक के विकास में उल्लेखनीय योगदान देंगे।

विशिष्ट अतिथि पूर्व उपाध्यक्ष नगर परिषद रामगोपाल द्विवेदी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनप्रतिनिधि जनता और प्रशासन के बीच एक मजबूत कड़ी होते हैं। नगर के विकास के लिए सभी को मिलकर सकारात्मक सोच के साथ कार्य करना चाहिए।

कार्यक्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री चैन सिंह परस्ते ने नव नियुक्त सदस्यों का स्वागत करते हुए नगर परिषद की विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी दी तथा नगर हित में समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया। समारोह में नव नियुक्त मनोनीत पार्षद सूरज साहू, समीर मानिकपुरी, भगत चंद्रवंशी एवं राजेश बर्मन का पुष्पमालाओं एवं सम्मान प्रतीकों के साथ अभिनंदन किया गया। सभी सम्मानित सदस्यों ने नगर के विकास, स्वच्छता, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार तथा नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

समाचार 07 फ़ोटो 07

28 वाहनों पर कार्यवाही, 1.12 लाख का जुर्माना

अनूपपुर

अनूपपुर जिले में बिना परमिट संचालित 2 स्कूल बसों सहित कुल 7 स्कूली वाहनों पर मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। इसके साथ ही शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए 3 वाहन चालकों के विरुद्ध भी कड़ी वैधानिक कार्रवाई करते हुए उनके वाहन जब्त कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। सनराइज कॉन्वेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल निगवानी के बच्चों का परिवहन कर रही 2 स्कूल बसें बिना वैध परमिट संचालित पाई गईं।  इसी तरह लिटिल स्टेप स्कूल अनूपपुर, मेगामाइंड स्कूल अनूपपुर के बच्चों को ले जा रहे वाहनों पर भी कार्यवाही हुई।बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए सभी वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 28 वाहनों पर कार्यवाही करते हुए ₹1,12,500 से अधिक का जुर्माना अधिरोपित किया गया।

समाचार 08 

एसडीएम ने सहकारी समिति का किया निरीक्षण

अनूपपुर 

कलेक्टर हर्षल पंचोली के निर्देशन में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जैतहरी कमलेश पुरी ने बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि सहकारी समिति मर्यादित, वेंकटनगर का निरीक्षण कर खाद भंडारण एवं वितरण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने समिति में उपलब्ध उर्वरकों के स्टॉक, भंडारण व्यवस्था का अवलोकन किया। 

उन्होंने किसानों को शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उर्वरक वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को समिति की व्यवस्थाओं का नियमित अनुश्रवण करते हुए किसानों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। इस दौरान संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

समाचार 09

डिप्टी कलेक्टर ने किया पदभार ग्रहण

उमरिया

मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा परीक्षा 2023 एवं 2024 से नियुक्त राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारियों को विभागीय आदेश द्वारा परिवीक्षाधीन उपजिलाध्यक्ष, सामान्य प्रशासन विभाग (पूल) के पद पर पदस्थ किया गया है। राज्य शासन एतद व्दारा सामान्य प्रशासन विभाग (पूल) में पदस्थ राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को प्रशासकीय आधार पर तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित करते हुए अस्थाई रूप से आगामी पर्यन्त के लिए पदस्थत किया है। इसी क्रम में नवागत परिवीक्षाधीन डिप्टी कलेक्टर प्रिया अग्रवाल ने उमरिया जिले में पदभार ग्रहण कर लिया है।

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget