समाचार 01 फ़ोटो 01

तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने गौवंश को कुचला, 6 की हुई मौत, 4 घायलों का इलाज जारी, मामला दर्ज

शहडोल

जिले में एक अज्ञात बेकाबू वाहन ने सड़क पर मौजूद गौवंशों को बेरहमी से कुचल दिया। इस भीषण हादसे में 6 से ज्यादा गौवंशों की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई, जबकि 4 से अधिक गौवंश गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही गौ सेवक और गौ रक्षक मौके पर पहुंचे, घायल गौवंशों को इलाज के लिए गौशाला भेजा गया। पुलिस अब फरार वाहन और चालक की तलाश में जुटी है।

बुढ़ार थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-43 पर पंचवटी चौराहे के समीप गौवंश सड़क पर एकत्र थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन गौवंशों को रौंदते हुए निकल गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मवेशियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और सड़क पर ही तड़पते हुए 6 से ज्यादा गौवंशों ने दम तोड़ दिया। हादसे को अंजाम देने के बाद बेकाबू वाहन चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। सड़क पर तड़पते गौवंशों को देखकर राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना गौ सेवकों को दी।

सूचना मिलते ही गौ सेवक तत्काल घटना स्थल पर पहुंचे और बिना समय गंवाए तत्परता दिखाई। सभी गंभीर रूप से घायल गौवंशों को रेस्क्यू कर इलाज के लिए नजदीकी गौशाला पहुंचाया। फिलहाल गौशाला में चिकित्सकों और गौ सेवकों की देखरेख में घायल गौवंशों का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

समाचार 02 फ़ोटो 02

जे.एम.एस. कम्पनी के वाहन से दुर्घटना पर जिला कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, दोषियों पर कठोर कार्यवाही की मांग

*कार्यवाही नही हुई तो होगा घेराव*

अनूपपुर

जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर अध्यक्ष गुड्डू चौहान के नेतृत्व में 29 जुलाई 2026 को कोतमा-निगवानी मार्ग पर हुई सड़क दुर्घटना के मामले में थाना प्रभारी, कोतमा को ज्ञापन सौंपकर हिट एंड रन का प्रकरण दर्ज करने तथा वाहन चालक एवं जे.एम.एस. कम्पनी के जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि जे.एम.एस. कम्पनी के एक वाहन ने एक युवक को गंभीर रूप से टक्कर मार दी, जिसके बाद वाहन चालक घायल को घटनास्थल पर छोड़कर वाहन सहित फरार हो गया। कांग्रेस ने इसे स्पष्ट रूप से हिट एंड रन का मामला बताते हुए कहा कि दुर्घटना के समय वाहन में कम्पनी के जिम्मेदार अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद थे, लेकिन उन्होंने घायल को अस्पताल पहुंचाने अथवा पुलिस को सूचना देने जैसी मानवीय एवं कानूनी जिम्मेदारी का निर्वहन नहीं किया।

जिला कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित वाहन को तत्काल जप्त किया जाए, वाहन चालक के विरुद्ध हिट एंड रन सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी की जाए तथा वाहन में मौजूद जे.एम.एस. कम्पनी के जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाए। साथ ही घायल के समुचित उपचार की संपूर्ण व्यवस्था कम्पनी के माध्यम से तत्काल सुनिश्चित कराने एवं रिहायशी क्षेत्रों में तेज गति से चलने वाले भारी वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण एवं वैधानिक कार्रवाई करने की भी मांग की गई है।

यदि पांच दिवस के भीतर दोषियों के विरुद्ध हिट एंड रन का मामला दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी जनहित में थाना घेराव एवं लोकतांत्रिक आंदोलन करेगी। इसके अतिरिक्त यदि जे.एम.एस. कम्पनी द्वारा घायल के उपचार की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो कम्पनी के विरुद्ध भी व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा। जिला कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन से प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष, त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। 

समाचार 03 फ़ोटो 03

श्रावण के प्रथम दिवस पर शिवमय हुआ अमरकंटक, "बोल बम" के जयघोष से गूंज उठी तपोभूमि

अनूपपुर

पावन श्रावण मास के प्रथम दिवस से ही विश्व प्रसिद्ध तीर्थ एवं तपोभूमि अमरकंटक भगवान भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर हो उठा है। मां नर्मदा की पावन नगरी इन दिनों "बोल बम", "हर-हर महादेव" और "जय भोले" के जयघोष से गुंजायमान है। केसरिया वस्त्र धारण किए हजारों शिवभक्त मां नर्मदा के उद्गम स्थल पर पहुंचकर पवित्र जल अपने कांवड़ में भर रहे हैं और विभिन्न शिवधामों की ओर अपनी कठिन पदयात्रा प्रारंभ कर रहे हैं। संपूर्ण अमरकंटक क्षेत्र श्रद्धा, आस्था और सनातन संस्कृति के दिव्य रंग में रंगा दिखाई दे रहा है।

श्रावण मास के साथ ही छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कांवड़िये अमरकंटक पहुंच रहे हैं। यहां से मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर वे लगभग 200 किलोमीटर दूर स्थित विख्यात भोरमदेव महादेव में जलाभिषेक करने के लिए पैदल यात्रा कर रहे हैं। वहीं बिलासपुर एवं आसपास के श्रद्धालु मां नर्मदा का जल लेकर रतनपुर स्थित भगवान शिव का अभिषेक करने निकल रहे हैं, जबकि शहडोल अंचल के कांवड़िये अमोलेश्वर धाम पहुंचते हैं तथा भगवान्  भोलेनाथ को जलाभिषेक कर अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने की कामना करते हैं।

अमरकंटक पहुंचने वाले श्रद्धालु सर्वप्रथम मां नर्मदा उद्गम मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। इसके बाद वे मां नर्मदा के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य एवं मंगलमय जीवन का संकल्प लेते हैं। श्रद्धालु अमरेश्वर महादेव तथा जालेश्वर महादेव सहित अन्य प्राचीन शिवालयों में दर्शन-पूजन कर अपनी यात्रा का शुभारंभ करते हैं। मंदिरों में गूंजते वैदिक मंत्र, घंटियों की मधुर ध्वनि झांझ, मजीरा और ढोलक - मांदल की थाप और शिवभक्तों के जयघोष से संपूर्ण वातावरण शिवमय हो उठ रहा है।

समाचार 04 फ़ोटो 04

पानी बिजली की समस्या को लेकर, छात्रावास की छात्राएं सड़को पर उतरी, प्रशासन के आश्वासन के बाद हुई वापस

शहडोल

बिजली, पानी और बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर जिले के बुढ़ार विकासखंड स्थित माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर की दर्जनों आदिवासी छात्राएं सड़क पर उतर आईं। छात्राओं ने कलेक्टर से सीधे अपनी बात कहने के लिए करीब 30 किलोमीटर पैदल जिला मुख्यालय जाने का फैसला कर लिया। हालांकि प्रशासन ने बीच रास्ते में पहुंचकर उन्हें समझाइश दी और समस्याओं के समाधान का आश्वासन देकर वापस छात्रावास भेज दिया, लेकिन इस घटना ने व्यवस्था और छात्रावासों की सुरक्षा दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ग्राम कटकोना स्थित माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर का है। जहां संस्था तो है लेकिन मूलभूत सुविधाएं न के बराबर हैं। इन्ही मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर एकजुट होकर छात्रावास से बाहर निकल आईं और छात्राएं पैदल ही कलेक्ट्रेट की ओर रवाना हो गईं। छात्राओं का कहना था कि जब बार-बार शिकायतों के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो अब वे सीधे कलेक्टर के सामने अपनी बात रखेंगी।

इसकी सूचना प्रशासन को जैसे ही मिली जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त आनंद राय सिन्हा सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने छात्राओं से चर्चा की, इस दौरान उन्होंने छात्राओं की समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का भरोसा दिलाया इसके बाद छात्राएं वापस परिसर लौट गईं। 

समाचार 05 फ़ोटो 05

शासकीय स्कूल की छत का गिरा प्लास्टर, तीन छात्र हुए घायल, जर्जर स्कूल में पढ़ने को मजबूर बच्चे

उमरिया

जिला मुख्यालय के अंतिम छोर में पड़ने वाले गांव अखराड़ के सरकारी स्कूल में एक घटना देखने को मिली। यहां एक क्लास की छत के प्लास्टर का बड़ा हिस्सा छात्रों के ऊपर गिर गया। इसकी वजह से दो से तीन छात्र घायल हो गए।

इस मामले में हैरान कर देने वाली बात यह है कि शासकीय विद्यालय में इतनी बड़ी घटना हो गई लेकिन इसकी खबर किसी को नहीं लगी। जिला शिक्षा अधिकारी ने भी इस घटना से अनजान होने की बात कही है। जो छात्र घायल हुए हैं। उसमें से एक की हालत गंभीर है क्योंकि उसके सिर और कंधे सहित शरीर के कई हिस्से में फैक्चर हुआ है।

हादसे में जो छात्र घायल हो गए हैं। उनके मुताबिक बाथरूम से लौटते वक्त अचानक छत का प्लास्टर ऊपर से गिर गया। मामले की सूचना लगने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो प्राचार्य ने इलाज की जिम्मेदारी लेकर सबको शांत कर दिया। स्कूल प्राचार्य ने घायल छात्रों का चुपचाप इलाज करा कर अफसर को इस बात की खबर नहीं लगने दी। यही वजह रही कि इस बारे में किसी को भी जानकारी नहीं लगी।

स्कूल के जिस कक्षा में यह घटना हुई है वहां पर अभी भी मलबे के रूप में बड़े-बड़े पत्थर पड़े हुए हैं। लगभग 5 फीट से ज्यादा का प्लास्टर टूटा है। हादसे के बाद क्लास को दूसरे कमरे में शिफ्ट कर दिया गया है। प्राचार्य ने बताया है कि एक छात्र ज्यादा घायल हुआ है उसके एक्सरे भी कराए हैं। मैंने उन्हें छात्र का इलाज अपने स्तर पर ठीक तरह से कराने के लिए निर्देशित किया है।

समाचार 06 फ़ोटो 06

मंडी शुल्क 1.5% के विरोध में सौंपा जाएगा ज्ञापन, निर्णय वापस न हुआ तो सड़कों पर उतरेंगे किसान-व्यापारी

उमरिया

मध्य प्रदेश सरकार द्वारा मंडी शुल्क को 1.5% किए जाने के निर्णय के विरोध में मध्य प्रदेश कांग्रेस उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ कल मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेगा। प्रकोष्ठ ने इस निर्णय को किसान विरोधी और व्यापार विरोधी बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की है।

जिलाध्यक्ष अंकित मिश्रा के नेतृत्व में प्रकोष्ठ का प्रतिनिधिमंडल कल प्रबंध संचालक, मंडी बोर्ड के माध्यम से ज्ञापन सौंपेगा। ज्ञापन में कहा जाएगा कि मंडी शुल्क में बढ़ोतरी से कृषि उपज की लागत सीधे बढ़ जाएगी। इसका सबसे ज्यादा नुकसान किसान को होगा क्योंकि उसे अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पाएगा। वहीं लागत बढ़ने से बाजार में महंगाई भी बढ़ेगी जिसका बोझ आम उपभोक्ता को उठाना पड़ेगा।

व्यापारियों का कहना है कि पड़ोसी राज्यों की तुलना में मंडी शुल्क अधिक होने से मध्य प्रदेश से व्यापारियों का पलायन तय है। इससे न सिर्फ प्रदेश का व्यापार प्रभावित होगा बल्कि मंडियों से जुड़े लाखों लोगों के रोजगार पर भी संकट के बादल मंडराएंगे। लघु और मध्यम उद्यम पहले से ही मंदी से जूझ रहे हैं, ऐसे में अतिरिक्त शुल्क उनके लिए दोहरी मार साबित होगा। 

प्रकोष्ठ ने सरकार से मांग की है कि मंडी शुल्क वृद्धि को तुरंत वापस लिया जाए, सरकार इस निर्णय पर पुनर्विचार नहीं किया तो मध्य प्रदेश कांग्रेस उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ प्रदेशभर के व्यापारियों और किसानों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से बड़ा जनआंदोलन करेगा। 

समाचार 07 फ़ोटो 07

युवा टीम ने लिया 5 हजार पौधों के रोपण एवं संरक्षण का संकल्प, कलेक्टर व जिला सीईओ ने किया पौधारोपण

उमरिया

पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत युवा टीम उमरिया द्वारा 5000 पौधों के रोपण एवं संरक्षण के लक्ष्य का शुभारंभ कलेक्टर कार्यालय परिसर से किया गया। अभियान की शुरुआत उमरिया कलेक्टर राखी सहाय (आई.ए.एस.) एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभय सिंह ओहरिया द्वारा पौधारोपण कर की गई।

इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी नागरिकों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी पौधारोपण कर हरित एवं स्वच्छ उमरिया के निर्माण का संकल्प लिया।

कलेक्टर राखी सहाय ने कहा कि “वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की भी आधारशिला हैं। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माँ और प्रकृति के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है। यदि प्रत्येक नागरिक पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प ले, तो हमारा जिला और अधिक हरित एवं समृद्ध बन सकता है। 

पर्यावरण मित्र एवं युवा टीम उमरिया के संस्थापक/अध्यक्ष हिमांशु तिवारी ने बताया कि युवा टीम उमरिया द्वारा प्रत्येक वर्ष बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान संचालित किया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष 5000 पौधों के रोपण एवं उनके संरक्षण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 

समाचार 08 फ़ोटो 08

कोयला भंडारण में लगी भीषण आग, दमकल विभाग ने आग पर पाया काबू

अनूपपुर

जिले के बिजुरी क्षेत्र स्थित कपिलधारा के पास कोयले के भंडारण में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। आग की तीव्रता को देखते हुए लगातार पानी की बौछार की जा रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।

प्रशासन व संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद है और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किसी जनहानि की सूचना नहीं है, हालांकि आग से कोयले के बड़े भंडार को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा। प्रशासन ने लोगों से घटना स्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाने और सुरक्षा दूरी बनाए रखने की अपील की है।

समाचार 09

संस्कार लॉ कॉलेज में प्रवेश की अंतिम तिथि

​अनूपपुर

उच्च शिक्षा विभाग एवं अतिरिक्त संचालक (एड़ी,) रीवा के निर्देशानुसार संस्कार महाविद्यालय में सत्र 2026-27 हेतु विधि पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जुलाई तय की गई है।महाविद्यालय में बीए एलएलबी (Hons.) (12वीं पास हेतु), एलएलबी (स्नातक पास हेतु) एवं एलएलएम (लॉ ग्रेजुएट्स हेतु) पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है।

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget