समाचार 01 फ़ोटो 01
महिला के साथ अश्लील हरकत व छेड़खानी करने वाले आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
अनूपपुर
थाना कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा महिला के साथ छेड़खानी के मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। कोतवाली अनूपपुर क्षेत्र निवासी 27 वर्षीय महिला द्वारा 23 जून 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि शाम लगभग 04 से 05 बजे के बीच जब वह अपने घर पर अकेली थी, उसी दौरान आरोपी नीरज यादव निवासी ग्राम औढेरा, अनूपपुर उसके घर पहुंचा और महिला के साथ अश्लील हरकत एवं छेड़खानी करने का प्रयास किया। महिला द्वारा विरोध करने एवं आसपास के लोगों को आवाज देने पर आरोपी मौके से भाग गया।
महिला की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 380/26 पंजीबद्ध कर धारा 74 भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 3(2)(va) अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के अंतर्गत वैधानिक कार्यवाही प्रारंभ की गई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी कोतवाली अनूपपुर निरीक्षक अरविंद जैन के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए आरोपी नीरज यादव पिता प्रहलाद यादव, उम्र लगभग 22 वर्ष, निवासी ग्राम औढेरा, अनूपपुर को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्यवाही की जा रही है। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी एक महिला संबंधी अपराध का प्रकरण दर्ज होकर न्यायालय में विचाराधीन होना पाया गया है।
समाचार 02 फ़ोटो 02
गौरक्षक बताकर लोगों से मारपीट, लूटपाट व 50 हजार की अवैध वसूली करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
शहडोल
जिले की कोतवाली पुलिस ने खुद को गौरक्षक बताकर लोगों से मारपीट, लूटपाट और अवैध वसूली करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी पशु व्यापारियों और ग्रामीणों को निशाना बनाकर उनसे जबरन पैसे वसूलने का प्रयास करते थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पाण्डवनगर निवासी 64 वर्षीय नरेश प्रसाद पनिका ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे अपने तीन पालतू बैलों को खेती के कार्य के लिए अनूपपुर जिले के ग्राम सिलवारी भेजने के लिए पिकअप वाहन में लोड कर रहे थे। इसी दौरान रात करीब 10 बजे कार से पहुंचे तीन लोगों ने खुद को गौरक्षक बताते हुए उन पर पशुओं की चोरी कर कटाई के लिए ले जाने का आरोप लगाया।
शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने फरियादी और उसके साथ मौजूद श्रमिकों के साथ गाली-गलौज की। इसके बाद डंडों, लोहे की रॉड और थप्पड़ों से मारपीट की गई। आरोपियों ने धमकाते हुए 50 हजार रुपये की मांग भी की।
विरोध करने पर आरोपी फरियादी और उसके साथियों को जबरन वाहन में बैठाकर अडना नदी के किनारे स्थित एक फार्म हाउस ले गए। वहां उन्हें बंधक बनाकर रखा गया। आरोपियों ने उनके मोबाइल फोन और नगदी भी छीन ली। घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अनूज सिंह, आशुतोष चतुर्वेदी और राजेश बैगा शामिल हैं।
समाचार 03 फ़ोटो 03
गैराज के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो में लगी आग, अगला हिस्सा जलकर हुआ खाक, अन्य कार भी आई चपेट में
शहडोल
जिला मुख्यालय शहडोल शहर के रिहायशी क्षेत्र में स्थित एक मोटर गैराज के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो में बुधवार तड़के अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना सोहागपुर थाना क्षेत्र के रीवा रोड स्थित मदन एजेंसी के सामने की बताई जा रही है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने गैराज के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो से धुआं और आग की लपटें निकलते देखीं। इसके बाद तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का काम शुरू किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बताया गया कि आग वाहन के इंजन वाले हिस्से से शुरू हुई थी। देखते ही देखते स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह जल गया। आग की चपेट में पास में खड़ी एक अन्य कार भी आ गई, जिससे उसे भी नुकसान पहुंचा है।
जिस स्थान पर यह मोटर गैराज संचालित हो रहा है, उसके ठीक सामने एक निजी स्कूल और अस्पताल मौजूद है। वहीं गैराज परिसर में भी कई अन्य वाहन खड़े थे। ऐसे में यदि आग फैल जाती तो बड़ा नुकसान हो सकता था। समय रहते दमकल टीम मौके पर पहुंच गई, जिससे स्थिति नियंत्रण में रही। लोगों ने आशंका जताई कि यदि यह घटना स्कूल खुलने के समय होती और परिसर में बच्चे मौजूद रहते, तो गंभीर स्थिति बन सकती थी।
समाचार 04 फ़ोटो 04
नदी में मुर्गी वाहन की धुलाई, इसी पानी पर निर्भर है लोग, रहवासियों में आक्रोश, स्वास्थ्य पर मंडराया खतरा
अनूपपुर
कोतमा क्षेत्र की महत्वपूर्ण केवई नदी में एक मुर्गी परिवहन वाहन को बीच नदी में खड़ा कर उसकी धुलाई किए जाने का मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी और चिंता व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि केवई नदी केवल एक जलधारा नहीं, बल्कि आसपास के कई गांवों के लोगों के जीवन का महत्वपूर्ण आधार है। बड़ी संख्या में लोग इस नदी के पानी का उपयोग पीने, घरेलू कार्यों, पशुओं की जरूरतों और अन्य आवश्यक उपयोगों के लिए करते हैं। ऐसे में नदी के बीच वाहन की धुलाई किए जाने के मामले ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार क्षेत्र के कई परिवार आज भी केवई नदी के पानी पर निर्भर हैं। लोगों का कहना है कि गर्मी के दिनों में नदी का पानी अनेक जरूरतों को पूरा करता है। ऐसे में जिस नदी से लोगों की दिनचर्या जुड़ी हुई है, उसी नदी में मुर्गी परिवहन वाहन को खड़ा कर धोना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं माना जा सकता। ग्रामीणों का कहना है कि मुर्गी वाहनों में अक्सर पंख, गंदगी और अन्य जैविक अवशेष लगे रहते हैं। ऐसे वाहनों को सीधे नदी में धोना जल स्रोत की स्वच्छता को प्रभावित कर सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात का मौसम शुरू हो चुका है और इस दौरान जलजनित बीमारियों का खतरा पहले से अधिक बढ़ जाता है। ऐसे समय में जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखना प्रशासन और समाज दोनों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि नदी को प्रदूषित करने वाली गतिविधियों पर समय रहते प्रभावी रोक नहीं लगाई गई, तो भविष्य में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। स्थानीय नागरिकों ने स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच कराई जाए, केवई नदी में वाहन धुलाई तथा अन्य प्रदूषणकारी गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाई जाए और नदी क्षेत्र में नियमित निगरानी व्यवस्था लागू की जाए।
समाचार 05 फ़ोटो 05
केवई नदी पर प्रस्तावित बांधों और अदानी परियोजनाओं के विरोध में कांग्रेस का ज्ञापन, क्षेत्रीय संकट को लेकर दी चेतावनी
अनूपपुर
कोतमा विधानसभा क्षेत्र में संचालित अदानी समूह की कोल माइंस एवं पावर परियोजनाओं से प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं को लेकर पूर्व विधायक सुनील सराफ के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कोतमा को ज्ञापन सौंपकर स्थानीय युवाओं को रोजगार, प्रदूषण नियंत्रण, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, पेयजल व्यवस्था तथा केवई नदी पर प्रस्तावित बांधों के निर्माण पर रोक लगाने की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि क्षेत्र की जनता ने विकास और रोजगार की उम्मीद के साथ औद्योगिक परियोजनाओं का समर्थन किया था, लेकिन वर्तमान में स्थानीय युवा रोजगार के अवसरों से वंचित हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कंपनियों द्वारा बाहरी लोगों को प्राथमिकता दिए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं, जिससे क्षेत्र के शिक्षित एवं योग्य युवाओं में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने प्रभावित गांवों के युवाओं का पंजीयन कर भर्ती प्रक्रिया में प्राथमिकता देने तथा पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग की है। खदानों में लगातार हो रही ब्लास्टिंग के कारण आसपास के गांवों के मकानों में दरारें आ रही हैं तथा कई मकान क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। किसानों के कुएं, बोरवेल और अन्य जल स्रोत भी प्रभावित हो रहे हैं।
सुनील सराफ ने कहा कि जब केवई नदी पर पहला बांध प्रस्तावित हुआ था, और अब केवई नदी पर आठ और बांध बनाए जाने की तैयारी चल रही है। जिससे आसपास के क्षेत्रों को गंभीर पेयजल संकट का सामना करना पड़ सकता है।
कांग्रेस ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र और संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई तो लोकतांत्रिक एवं वैधानिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन, धरना-प्रदर्शन और चक्का जाम जैसे कदम उठाए जाएंगे। ज्ञापन में कहा गया है कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन तथा संबंधित कंपनियों की होगी।
समाचार 06 फ़ोटो 06
बस व कार की टक्कर से हुआ विवाद, मुख्य मार्गों पर बेतरतीब पार्किंग से लग रहा जाम, हादसों का बढ़ा खतरा
अनूपपुर
तीर्थनगरी अमरकंटक के मुख्य मार्गों पर सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से वाहनों की पार्किंग अब गंभीर यातायात समस्या का रूप ले चुकी है। दीनदयाल चौक से होकर नर्मदा मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग सहित मुख्य बाजार क्षेत्र में आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। सड़कों के संकरे होने, होटल-लॉज-आश्रमों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सामने लगातार वाहनों के खड़े रहने तथा बड़े वाहनों की आवाजाही के कारण न केवल यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी रहती है।
नर्मदा मंदिर की ओर जा रही एक बस सड़क किनारे खड़े चारपहिया वाहन से टकरा गई। टक्कर के बाद बस चालक और वाहन स्वामी के बीच कहासुनी और विवाद की स्थिति बन गई। बाद में स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर सड़क खाली कराई, तब जाकर यातायात सुचारु हो सका। इस घटना ने एक बार फिर अमरकंटक के मुख्य मार्गों पर अव्यवस्थित पार्किंग और कमजोर यातायात प्रबंधन की समस्या को उजागर कर दिया है।
दीनदयाल चौक, मुख्य बाजार, नर्मदा मंदिर मार्ग और आसपास के व्यस्त रास्तों पर दिनभर सड़क किनारे वाहन खड़े रहते हैं। इनमें निजी कारें, यात्री वाहन, होटल-लॉज में ठहरे पर्यटकों के वाहन और स्थानीय व्यापारिक प्रतिष्ठानों के सामने खड़ी गाड़ियां शामिल हैं। कई स्थानों पर सड़क इतनी संकरी है तीर्थस्थल होने के कारण अमरकंटक में हर दिन बाहर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। इसके बावजूद पार्किंग नियंत्रण की कोई ठोस व्यवस्था नही है। यदि समय रहते सड़क किनारे पार्किंग और यातायात प्रबंधन की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
समाचार 07 फ़ोटो 07
नुक्कड़ नाटक गीत संगीत के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश देकर लोगो को किया जागरूक
उमरिया-
नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत कलेक्टर राखी सहाय व पुलिस अधीक्षक विजय भागवानी के मार्गदर्शन पर पाली पुलिस एसडीओपी शिवचरण बोहित व थाना प्रभारी राजेश चंद्र मिश्रा की उपस्थिति में पाली थाना चौराहे पर नशा मुक्ति जागरूकता नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक और गीत-संगीत के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया जा रहा है। मंगलवार को कलाकारों ने अपने प्रभावशाली अभिनय के जरिए लोगों को संदेश दिया कि नशा व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है। नुक्कड़ नाटक में दिखाया जा रहा है कि नशे की लत कैसे व्यक्ति के स्वास्थ्य, आर्थिक स्थिति और पारिवारिक जीवन को प्रभावित करती है।कलाकारों ने लोगों से अपील की कि वे नशे की आदत छोड़कर स्वस्थ और खुशहाल जीवन की ओर कदम बढ़ाएं। अभियान के दौरान कलाकारों द्वारा विभिन्न स्लोगनों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इनमें प्रमुख रूप से नशे का जो हुआ शिकार, उजड़ा उसका घर-परिवार तथा नशे को ना, जीवन को हां जैसे संदेश शामिल हैं।
पुलिस एसडीओपी शिवचरण बोहित व थाना प्रभारी राजेश चंद्र मिश्रा ने कहा कि नशे की लत केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करती है। हम लोगों को अपने युवा शक्ति को बचाने के लिए खेलों के प्रति और रुचि बढ़ानी होगी, ताकि युवाओं को एक दिशा प्रदान कर सकें। नुक्कड़ नाटक का कुशल संचालन हिमांशु तिवारी के द्वारा किया गया।जन जागरूकता अभियान में टीम के लोगो ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति देकर लोगों को जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं। शहर वासियों ने भी कलाकारों के प्रयासों की सराहना करते हुए नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।
समाचार 08 फोटो 08
ओलंपिक दिवस एवं विश्व हैंडबॉल दिवस के अवसर पर स्टेडियम में हैंडबॉल मैत्री मैच हुआ संपन्न
उमरिया
ओलंपिक दिवस एवं विश्व हैंडबॉल दिवस के अवसर पर जिला हैंडबॉल संघ एवं क्रीड़ा भारती जिला उमरिया द्वारा नगर पालिका स्टेडियम उमरिया में हैंडबॉल मैत्री मैच का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के रोमांचक मुकाबले खेले गए, जिनका खिलाडि़यों एवं खेल प्रेमियों ने भरपूर आनंद लिया।
बालक वर्ग में क्रीड़ा भारती उमरिया कि टीम एवं भगत सिंह क्लब कि टीम के मध्य कड़ा मुकाबला हुआ। दोनों टीमों के खिलाडि़यों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मैच में क्रीड़ा भारती उमरिया ने 11 गोल किए, जबकि भगत सिंह क्लब ने 17 गोल दागे। इस प्रकार भगत सिंह क्लब ने 6 गोलों के अंतर से जीत दर्ज कर मुकाबला अपने नाम किया। बालिका वर्ग में व्हाइट वॉरियर्स एवं रेड वॉरियर्स के मध्य मैच खेला गया। व्हाइट वॉरियर्स ने 7 गोल किए, जबकि रेड वॉरियर्स ने 4 गोल किए। इस प्रकार व्हाइट वॉरियर्स ने 3 गोलों के अंतर से जीत दर्ज की।
कार्यक्रम में सभी अतिथियों ने खिलाडि़यों का उत्साहवर्धन किया तथा मैच का भरपूर आनंद लिया। प्रतियोगिता के संचालन में तकनीकी अधिकारियों के रूप में वीरेंद्र बैगा, मनीषा पेंद्रे एवं अंजली विश्वकर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर सभी ने मिलकर हैंडबॉल मैच का भरपूर आनंद लिया तथा खिलाडि़यों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। आयोजन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी खिलाडि़यों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान की गईं। जिला हैंडबॉल संघ एवं क्रीड़ा भारती जिला उमरिया द्वारा आयोजित इस मैत्री मैच का उद्देश्य खिलाडि़यों में खेल भावना, अनुशासन एवं आपसी सौहार्द को बढ़ावा देना है।
समाचार 09
कलेक्टर ने अमन को सौंपा नियुक्ति पत्र
शहडोल
कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में वार्ड क्रमांक 27, सिंहपुर रोड, शहडोल निवासी अमन अली को प्रयोगशाला परिचायक के पद हेतु अनुकम्पा नियुक्ति पत्र सौंपा। कलेक्टर ने उन्हें अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी, लगन एवं समर्पण भाव से करने की समझाइश देते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग आनंद राय सिन्हा, सहायक संचालक खेल रईस अहमद, अनवर अली एवं मोहम्मद अब्बास उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि बुढार विकासखंड के शासकीय कन्या प्राथमिक विद्यालय बिरुहुली में पदस्थ सहायक शिक्षक स्वर्गीय अनवर अली का सेवाकाल के दौरान आकस्मिक निधन हो गया था।