समाचार 01 फ़ोटो 01

महुआ की डोरी बिनने गए ग्रामीण पर टाइगर ने किया हमला, हुई मौत, दहशत का माहौल, हमले से तीसरी मौत

उमरिया

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा वन परिक्षेत्र में बाघ के हमले से एक और ग्रामीण की मौत हो गई। गुरुवार सुबह चँसुरा गांव निवासी अन्नू रजक (58 वर्ष), पिता काशी रजक पर जंगल में महुआ से जुड़े फल डोरी बीनने के दौरान टाइगर ने हमला कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।

अन्नू रजक गांव के अन्य लोगों के साथ जंगल में डोरी बीनने गए थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे टाइगर ने अचानक उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाघ उन्हें घसीटकर घटनास्थल से कुछ दूरी पर ले गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। हाथियों और वन अमले की सहायता से खोजबीन कर शव को बरामद किया गया। बाद में पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए शव को अमरपुर अस्पताल भेजा गया। 

हाल ही में चँसुरा से लगभग पाँच किलोमीटर दूर झलवार गांव में भी टाइगर के हमले की दो दर्दनाक घटनाएं सामने आई थीं। वहां दो दिनों के भीतर फूलबाई पति छोटेलाल सिंह और उनके भतीजे कल्याण सिंह पिता रामकृपाल सिंह की बाघ के हमले में मौत हो गई थी। अब चँसुरा में हुई ताजा घटना ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है।

लगातार हो रहे टाइगर हमलों से क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जंगल से लगे गांवों के लोग अब रोजमर्रा के कार्यों के लिए भी जंगल जाने से डर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग को प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, गश्त तेज करने तथा लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

समाचार 02 फ़ोटो 02

खाई में गिरने से युवक व कार हादसे में नाबालिक की हुई मौत, पुलिस जांच में जुटी

अनूपपुर

कोतवाली थाना अनूपपुर व जैतहरी थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं में खाई से गिरने पर युवक की तथा कार दुर्घटना में नाबालिक की मौत की घटना पर पुलिस के द्वारा कार्यवाही की गई है।

जिले के भालूमाड़ा थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत देवरी के बड़ी मौहरी निवासी विनोद कुमार साहू के परिवार के सात सदस्य मां नर्मदा के दर्शन हेतु कार से अमरकंटक जाकर दर्शन करने बाद कार क्रमांक एपी 18 जेडसी 2522 से अपने घर वापस आ रहे थे, तभी किरर घाट में सिद्धबाबा के नीचे सामने की ओर से आ रही कार क्रमांक एमपी 51 सीए 6950 से दुर्घटना होने पर 10 वर्षीय नाबालिक बालक आयुष साहू पिता विनोद कुमार साहू को गंभीर चोट लगने पर मृत्यु हो गई, कार में सवार अन्य लोगों को चोटिल होने पर जिला चिकित्सालय अनूपपुर में उपचार हेतु लाया गया, पुलिस सहायता केंद्र जिला चिकित्सालय अनूपपुर में सदस्य प्रधान आरक्षक कमलेश प्रसाद द्वारा मृतक के शव का पंचनामा कर ड्यूटी चिकित्सक वीरेंद्र खेस से पीएम कराने बाद शव के अंतिम संस्कार हेतु परिजनों को सौंपते हुए घटना की अग्रिम जांच हेतु कोतवाली थाना अनूपपुर को सूचित किया।

वही जैतहरी थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत बैहार के दुखवाटोला में 45 वर्षीय पचलू बैगा पिता ऐतू बैगा घर से कुछ दूर बुधना बैगा के खेत के पास जंगल के किनारे 60 फिट गहरे खाई में गिर जाने से मौत हो गई। घटना की सूचना पर थाना जैतहरी निरीक्षक अमर वर्मा एवं सहायक उप निरीक्षक संतोष पांडेय पुलिस दल के साथ घटना स्थल का निरीक्षण कर परिजनों एवं ग्रामीणो की मदद से मृतक के शव को खाई से निकालकर कार्यवाही करते हुए जैतहरी अस्पताल में ड्यूटी डॉक्टर से पीएम कराने बाद शव के कफन दफन हेतु परिजनों को सौंप कर जांच प्रारंभ की। ग्रामीणो एवं परिजनों ने बताया कि मृतक पचलू बैगा को कभी-कभी मिर्गी के बीमारी के कारण चक्कर आता था, संभावना व्यक्त की जा रही है कि मृतक दिशा मैदान या अन्य कार्य के लिए गांव के किनारे खाई के समीप देर रात गया होगा, जिससे अचानक ऊपर से खाई मे नीचे गिर जाने से अत्यधिक चोट लगने के कारण स्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

समाचार 03 फ़ोटो 03

सड़क किनारे मिली अज्ञात युवक का शव, 4-5 दिन पहले हुई मौत, पुलिस जांच में जुटी

शहडोल 

जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग पर एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मऊ गांव के पास सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है। शव सड़क से लगभग 20 फीट नीचे पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में दुर्गंध आने पर कुछ लोग मौके पर पहुंचे, जहां उन्हें एक व्यक्ति का शव दिखाई दिया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर ब्यौहारी थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची और मौके का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार शव की स्थिति को देखते हुए यह अंदेशा है कि उसकी मौत करीब चार से पांच दिन पहले हुई होगी। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने शव की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। इसके लिए आसपास के थाना क्षेत्रों से गुमशुदा व्यक्तियों की जानकारी मंगाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पहचान होने के बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच की जा रही है। घटनास्थल की परिस्थितियों और शव की स्थिति को देखते हुए सभी पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।  टीम द्वारा साक्ष्य एकत्र किए जाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

समाचार 04 फ़ोटो 04

रेलवे स्टेशन पर पार्किंग शुल्क को लेकर आक्रोश, ऑटो चालकों ने स्टेशन प्रबंधक को सौंपा ज्ञापन

अनूपपुर

जिले के अमलाई रेलवे स्टेशन पर नया पार्किंग ठेका शुरू होते ही स्थानीय ऑटो और टैक्सी चालकों के सामने रोजी रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। ठेकेदार द्वारा मनमाने ढंग से ₹800 से ₹900 प्रति माह के पास की मांग किए जाने से नाराज समस्त ऑटो एवं टैक्सी चालक संघ ने रेलवे स्टेशन प्रबंधक को मंडल रेल प्रबंधक के नाम एक ज्ञापन सौंपा। चालकों का साफ कहना है कि स्टेशन की जमीनी हकीकत को नजरअंदाज कर तय किया गया यह शुल्क पूरी तरह से न्यायसंगत नहीं है।

ज्ञापन में चालकों ने अमलाई क्षेत्र की भौगोलिक और औद्योगिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए बताया कि अमलाई स्टेशन पर ट्रेनों का स्टॉपेज पहले से ही बेहद सीमित है। इसके अलावा, स्टेशन से महज कुछ किलोमीटर की दूरी पर स्थित तीन बड़े औद्योगिक प्लांट ओरियंट पेपर मिल अमरकंटक ताप विद्युत केंद्र (चचाई) और कास्टिक सोडा फैक्ट्री द्वारा स्थानीय यात्रियों व अपने कर्मचारियों के लिए चौबीसों घंटे निःशुल्क बस, बोलेरो कार और एम्बुलेंस सेवाएं संचालित की जाती हैं।

इन फैक्ट्रियों के आसपास और बीच के क्षेत्रों के अधिकांश लोग कंपनी प्लांटों की मुफ्त वाहनों से आना जाना करते हैं। इस वजह से अमलाई रेलवे स्टेशन पर उतरने वाले यात्रियों की संख्या न के बराबर होती है और स्थानीय ऑटो चालकों को पूरे दिन में गिने चुने यात्री ही मिल पाते हैं, जब दिनभर में दो वक्त की रोटी कमाना मुश्किल है, तो हम महीने का ₹900 सिर्फ पार्किंग के लिए कहाँ से लाएं, हम ₹300 महीना देने को तैयार हैं, लेकिन ठेकेदार तानाशाही पर उतारू है। 

ऑटो टैक्सी चालको का कहना हैं कि वे रेलवे के नियमों का सम्मान करते हैं और पूरी ईमानदारी से ₹300 प्रति माह का पास बनवाने के लिए तैयार हैं, ताकि व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके। परंतु, पार्किंग ठेकेदार द्वारा चालकों की इस व्यावहारिक और न्यायसंगत मांग को सिरे से खारिज किया जा रहा है। ऑटो टैक्सी चालकों ने रेलवे प्रशासन से सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है।

इनका कहना हैं।

पार्किंग के मामले में ऑटो संघ के द्वारा जो ज्ञापन दिया गया हैं, उच्च अधिकारी के पास भेजकर इस विषय पर चर्चा करता हूँ।

*रेलवे स्टेशन, प्रबंधक, अमलाई*

समाचार 05 फ़ोटो 05

डॉक्टरों के अभाव में बंद हुआ मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक, ग्रामीणों में आक्रोश, हस्तक्षेप की माँग

अनूपपुर

कोतमा में मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक योजना क्षेत्र में दम तोड़ती नजर आ रही है। नगर के  वार्ड क्रमांक 3 में आयुष्मान आरोग्य मंदिर परिसर में संचालित मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक पर चिकित्सकों के अभाव के चलते ताला लटक गया है, जिससे स्थानीय नागरिकों और ग्रामीणों में भारी नाराजगी व्याप्त है।

क्लिनिक परिसर में प्रबंधन द्वारा चस्पा किए गए सूचना पत्र में स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि “चिकित्सक के अभाव में आगामी आदेश प्राप्ति तक संजीवनी क्लिनिक को अस्थायी रूप से बंद किया जाता हैं। सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर पहुंचाने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति बिल्कुल विपरीत दिखाई दे रही है। जिन लोगों को प्राथमिक उपचार और सामान्य बीमारियों के लिए इस क्लिनिक से राहत मिलती थी, उन्हें अब इलाज के लिए दूरस्थ अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है। इससे गरीब, बुजुर्ग एवं ग्रामीण मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यदि सरकार समय रहते चिकित्सकों की नियुक्ति सुनिश्चित नहीं कर पा रही है तो स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ आम जनता तक कैसे पहुंचेगा। लोगों का कहना है कि संजीवनी क्लिनिक बंद होने से यह साबित हो गया है कि स्वास्थ्य सुविधाओं के संचालन और निगरानी में गंभीर खामियां हैं।

क्षेत्र के नागरिकों एवं ग्रामीणों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार आम आदमी को स्वास्थ्य सुविधा देने में विफल साबित हो रही है। स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों तथा जिला प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर शीघ्र समाधान निकालने की मांग की है। 

समाचार 06 फ़ोटो 06

नीट पेपर लीक मामले से आहत होकर आत्महत्या करने वाले छात्र-छात्राओं को दी गई विनम्र श्रद्धांजलि,

*छात्रों की आवाज से गूंज उठा अनूपपुर*

अनूपपुर

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे "छात्रों की गूंज" अभियान के अंतर्गत जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर द्वारा जिला मुख्यालय अनूपपुर स्थित सर लगन पैलेस में जन संवाद कार्यक्रम एवं राजस्थान के कोटा में राहुल गांधी द्वारा दिए गए महत्वपूर्ण संबोधन की एलईडी स्क्रीन पर प्रस्तुति का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों एवं कांग्रेसजनों द्वारा नीट पेपर लीक प्रकरण से आहत होकर आत्महत्या करने वाले 21 होनहार छात्र-छात्राओं तथा लखनऊ अग्निकांड में अपनी जान गंवाने वाले 15 छात्र-छात्राओं को पुष्प अर्पित कर विनम्र श्रद्धांजलि देकर किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गुड्डू चौहान ने कहा कि "छात्रों की गूंज" अभियान भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा नीट पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली, शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार तथा देश में बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ चलाया जा रहा एक महत्वपूर्ण राष्ट्रव्यापी अभियान है। इस अभियान का उद्देश्य छात्रों, युवाओं एवं अभिभावकों की आवाज को सड़क से लेकर संसद तक पहुंचाना तथा शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग करना है। 

इस अभियान देश के कई शहरों में प्रेस वार्ताएं एवं जन संवाद कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं, छात्रों, शिक्षकों एवं अभिभावकों से सीधे संवाद स्थापित कर रही है। अभियान के माध्यम से लगातार हो रहे पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली में बढ़ती अनियमितताओं तथा शिक्षा क्षेत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की जा रही है। कार्यक्रम के दौरान कोटा, राजस्थान में राहुल गांधी द्वारा छात्रों को संबोधित किए गए महत्वपूर्ण संबोधन का वीडियो एलईडी स्क्रीन पर प्रदर्शित किया गया। 

समाचार 07 फ़ोटो 07

अवैध भंडारण में खनिज विभाग की कार्यवाही 25 से 30 ट्रैक्टर रेत जप्त, रेत माफिया हुआ फरार 

उमरिया

जिले के बिरसिंहपुर पाली थाना अंर्तगत घुनघुटी रेलवे स्टेशन के समीप लगभग 25 -30 टेक्टर टाली रेत जिसका अवैध भंडारण किया गया था, को पकड़ने में खनिज विभाग को महती सफलता अर्जित की है। बताया जाता है कि घुनघुटी रेलवे स्टेशन से सटी रेलवे की भूमि पर रेत के अवैध भंडारण की जानकारी मिलने पर खनिज विभाग का अमले ने त्वरित कार्यवाही करते हुए रेत को अपने कब्जे में ले लिया है। इस कार्यवाही को अंजाम देने के लिए खनिज विभाग ने स्थानीय पुलिस और वन महकमा को भी अपने साथ ले रखा था। खनिज विभाग ने अवैध रेत को अपने कब्जे में लेते हुए इसे वहाँ से उठाकर वन विभाग के सुर्पुद कर दिया है। इस समय घुनघुटी में रेत माफिया के हौसले बुलंद है और रात दिन एक कर रेत के अवैध कारोबार को अंजाम देते देखें जाते हैं। रेत के इस कारोबार बढाने में स्थानीय पुलिस प्रशासन का हाथ बताया जाता है। घुनघुटी पुलिस चौकी में पदस्थ कई कर्मचारी रेत चोरी कराने का ठेका ले रखें है। बिना स्थानीय प्रशासन के मिलीभगत के इस पैमाने पर रेत का भंडारण किया जाना संभव नहीं है। बताया जाता है कि घुनघुटी में कई छत्रप रेत के अवैध कारोबार में संलिप्त है जो घुनघुटी के आसपास के नालो से रेत निकालने के काम में जुटे हुए हैं, और गहिरा नाला, झरिया नाले को पाताल में पहुचाने में सफल हो गयें है। रेत माफिया की  गेंग चलती है और पुलिस प्रशासन को अपने पक्ष में करके शासन को हर दिन लाखों रूपये की क्षति पहुचाते हुये इस काम को अंजाम देते आ  रहें हैं। रेलवे परिसर में अवैध रेत का भंडारण जो की वन चौकी से भी लगी हुई है, यह भंडारण अपने साथ कई सवाल खड़े करते हुए स्थानीय पुलिस, वन और रेलवे को कटघरे में खड़ा करता है। आखिर कार रेलवे स्टेशन के सटी भूमि पर उसके परिसर में अवैध भंडारण का घिनौना कृत्य बिना उनकी मिलीभगत के कैसे संभव हो गया। कहा तो यह भी जाता है इस अवैध भंडारण में क्षेत्र का कुख्यात अपराधी जो आये दिन जेल की सैर करते रहते हैं के हाथ होने से लोग सामने आने से बच रहे हैं।

खनिज विभाग का छोटा सा विभाग है जो पूरे जिले भर में व्यस्त रहता है उसकी इस व्यस्तता का लाभ उठाते हुए घुनघुटी जैसे क्षेत्र में अवैध रेत भंडारण का  करते हुए दिन दुगुना रात चौगुनी चांदी काट रहे हैं।

समाचार 08 फ़ोटो 08

सीवर लाइन का कमाल, फूटी पाइप लाइन, सड़क धसी, फंस गया ऑटो, लोगो का चलना हुआ मुश्किल

शहडोल

नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 11/15 में रीवा रोड स्थित मदन एजेंसी के पीछे सीवर लाइन कार्य में लापरवाही का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार कार्य करने वाली एजेंसी ने कुछ दिन पहले बीच सड़क पर गड्ढा खोद दिया था। विरोध होने पर कर्मचारियों ने गड्ढे में केवल मिट्टी भरकर औपचारिकता पूरी कर दी, लेकिन सड़क की मरम्मत नहीं की गई।

रहवासियों का कहना है कि पहले से बनी अच्छी-खासी सड़क को खोदकर खराब कर दिया गया। गुरुवार सुबह जब नल जलापूर्ति शुरू हुई तो पता चला कि गड्ढे के भीतर पानी भर रहा है। आशंका जताई गई कि खुदाई के दौरान नल की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे लगातार पानी रिस रहा है।

पाइपलाइन से हो रहे रिसाव के कारण गड्ढे में भरी मिट्टी धंस गई और सड़क फिर से बैठने लगी। स्थिति ऐसी हो गई है कि लोगों को पैदल निकलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि एजेंसी के कर्मचारी मिट्टी डालने के बाद मौके से चले गए और सड़क को सुरक्षित बनाने के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई।

रहवासियों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो बड़ा हिस्सा और धंस सकता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाएगी। लोगों ने नगर पालिका से तत्काल कार्रवाई कर सड़क और पाइपलाइन दोनों की मरम्मत कराने की मांग की है।

समाचार 09

निर्जला एकादशी हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी 

अनूपपुर

पवित्र नगरी अमरकंटक में ज्येष्ठ मास शुक्ल पक्ष की निर्जला एकादशी (भीमसैनी ग्यारस) एवं स्वाती नक्षत्र के पावन संयोग पर हजारों श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा के पवित्र जल में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। श्रद्धालुओं ने स्नान, ध्यान, पूजन-अर्चन एवं दर्शन कर सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।

प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं का नर्मदा तटों पर पहुंचना प्रारंभ हो गया था। श्रद्धालु अपने परिवारजनों एवं स्वजनों के साथ मां नर्मदा में आस्था की डुबकी लगाकर जप, तप, साधना और पूजा-अर्चना में जुटे रहे। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा उद्गम स्थल स्थित पवित्र कुंड में आचमन एवं स्नान कर नर्मदा मंदिर में दर्शन-पूजन किया।

श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा के समक्ष अपने परिवार की कुशलता, सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य, यश एवं उत्तरोत्तर प्रगति की कामना की। अनेक श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के साथ पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार विधिवत पूजन-अर्चन एवं आरती संपन्न की।

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget