समाचार 01 फ़ोटो 01

ट्रक ने ऑटो को मारी टक्कर, ऑटो चालक की हुई मौत, 6 लोग हुए घायल, अस्पताल में भर्ती

शहडोल

जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के बेडरा के पास ब्यौहारी से सवारी लेकर पतेरा टोला जा रहे ऑटो को पोड़ी की ओर रेत लोड करने जा रहे तेज रफ्तार हाईवा ने जोरदार टक्कर मार दी, टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो चालक ललन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो में सवार 6 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मृतक का शव शहडोल-मानपुर मार्ग पर रखकर चक्काजाम कर दिया, प्रदर्शनकारियों ने अवैध रेत परिवहन पर तत्काल रोक लगाने, दोषी हाईवा चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की। जाम के कारण शहडोल-मानपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात कई घंटों तक प्रभावित है।

सूचना मिलते ही ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के कारण लगातार भारी वाहन तेज रफ्तार से दौड़ रहे हैं, जिससे आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध रेत कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

समाचार 02 फ़ोटो 02

पुराने विवाद पर आगजनी का आरोप, लाखो का सामान जलकर खाक, पांच लोगों के खिलाफ एसपी से शिकायत

*निष्पक्ष जांच व एफआईआर की मांग*

अनूपपुर

जिले के भालूमाड़ा थाना अंतर्गत पुलिस चौकी फुनगा क्षेत्र के ग्राम पयारी नंबर-01 (मोहरटोला) निवासी 65 वर्षीय ललुआ चौधरी ने पुलिस अधीक्षक अनूपपुर को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है की रात में गांव के पांच लोगों ने उनके घर में आग लगा दी। शिकायत में घटना की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की गई है।

शिकायत पत्र के अनुसार ललुआ चौधरी ने आरोप लगाया है कि सुरेश केवट, गोविंद केवट, सारथ केवट, जगदीश केवट तथा गोपाल केवट एकजुट होकर उनके घर पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने लकड़ी के डंडे में कपड़ा बांधकर उसमें आग लगाई और जलते हुए कपड़े को मकान में फेंक दिया, जिससे घर में आग भड़क गई।

घटना के समय वह घर में सो रहे थे। शोर सुनकर उनकी पत्नी सुपेती बाई ने उन्हें जगाया। दोनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे, जिसके बाद आरोपित मौके से भाग गए। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी है। आग लगने से घर में रखा पंखा, गद्दा, तकिया, कुर्सियां, कपड़े सहित अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

घटना के बाद पुलिस चौकी फुनगा में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे, लेकिन उनकी शिकायत में आरोपियों के नाम दर्ज नहीं किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनसे बिना पूरी जानकारी पढ़ाए हस्ताक्षर करा लिए गए।पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने व न्याय दिलाने की मांग की है।

समाचार 03 फ़ोटो 03

चार हाथियों ने 2 घरों को तोड़ा, फसलों को किया नुकसान, पहुँच गए बस स्टैंड व होटल, दहशत का माहौल

अनूपपुर

चार जंगली प्रवासी हाथियों का समूह जो तीन दिन पूर्व छत्तीसगढ़ राज्य की सीमा को 37 दिन बाद फिर से पार कर अनूपपुर जिले के जैतहरी क्षेंत्र की सीमा में प्रवेश कर सुबह से धनगवां बीट के जंगल दिन भर विश्राम करने बाद देर शाम जंगल से निकल कर जैतहरी नगर के सम्राट होटल, बस स्टैंड, रेलवे लाइन को पार कर शुक्रवार की सुबह गोबरी बीट के जंगल में पहुंचकर विश्राम कर रहे हैं।

चारों प्रवासी हाथियों द्वारा तीन दिनों के मध्य दो घरों में तोड़फोड़ कर एवं ग्रामीणों के खेत एवं बांडियों में लगे विभिन्न तरह की फसलों, सब्जियो,आम,कटहल आदि के पेड़ों को तोड़फोड़ कर फल को खाते हुए नुकसान पहुंचाया है।

हाथियों के समूह के एक बार फिर से जैतहरी इलाके में प्रवेश कर विचरण करने पर वन विभाग के अधिकारी/कर्मचारी,जैतहरी थाना की पुलिस,जिला मुख्यालय अनूपपुर कि वन्यजीव संरक्षक शशिधर अग्रवाल ग्रामीणों के सहयोग से हाथियों के विचरण पर निरंतर निगरानी रखते हुए ग्रामीण जनों को सचेत एवं सतर्क करने ग्रामीणों द्वारा सहयोग करने के कारण किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति निर्मित नहीं हो सकी।

 रात में जब चार हाथियों का समूह जब जैतहरी नगर के मुख्य मार्ग पर प्रवेश किया तब एक उपद्रवी युवक द्वारा लंबे डंडे से हाथियों पर बार-बार हमला कर हाथियों को मारने की कोशिश करते नजर आया जिसकी पहचान कर वन विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों को इस उपद्रवी युवक को की पहचान कर उसके विरुद्ध वन्यजीव के साथ मारपीट करने पर शख्त कार्यवाही किया जाना चाहिए।

समाचार 04 फ़ोटो 04

बाघ के हमलें से मौत के बाद बाघ का किया गया सफल रेस्क्यू, बहेरहा इनक्लोजर में किया शिफ्ट

उमरिया

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा बफर क्षेत्र में गुरुवार का दिन एक दर्दनाक घटना और उसके बाद हुई बड़ी वन्यजीव कार्रवाई का गवाह बना। सुबह चँसुरा निवासी अन्नू रजक की बाघ के हमले में मौत से इलाके में दहशत फैल गई, वहीं वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर संदिग्ध बाघ को रेस्क्यू कर लिया। जानकारी के अनुसार,घटना के बाद वन विभाग की टीम ने पनपथा बफर परिक्षेत्र की पलझा उत्तर बीट में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान कक्ष क्र.आरएफ 604 में लगभग 5 वर्ष आयु का नर बाघ चिन्हित किया गया। वन्य प्राणी स्वास्थ्य अधिकारी की टीम ने पूरी सावधानी के साथ उसे ट्रेंकुलाइज कर काबू में लिया। रेस्क्यू के बाद बाघ का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और आवश्यक जांच के लिए रक्त के नमूने भी एकत्र किए गए। बाघ को पकड़ने की इस कार्रवाई में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में व्यापक अमला जुटा रहा। क्षेत्र संचालक, उप संचालक,सहायक संचालक (ताला) परिक्षेत्र अधिकारी, टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स (टीपीएफ) तथा वन्य प्राणी स्वास्थ्य विशेषज्ञों की मौजूदगी में अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया। रेस्क्यू किए गए बाघ को विशेष सुरक्षा व्यवस्था के बीच बहेरहा एनक्लोजर पहुंचाया गया है, जहां उसकी गतिविधियों पर चौबीसों घंटे नजर रखी जाएगी।अभियान में लक्ष्मण,सूर्या,गणेश और सुन्दरगज हाथियों तथा उनके महावतों ने भी अहम भूमिका निभाई। गौरतलब है कि गुरुवार सुबह हुए हमले में अन्नू रजक की मौत के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश और भय का माहौल था। ऐसे में वन विभाग द्वारा संदिग्ध बाघ को तत्काल रेस्क्यू कर ईनक्लोजर में भेजे जाने को बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। अब विभागीय अधिकारी बाघ के व्यवहार और स्वास्थ्य की निगरानी करते हुए आगे की कार्रवाई तय करेंगे।

समाचार 05 फ़ोटो 05

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सपरिवार मां नर्मदा का किया पूजन-अर्चन

अनूपपुर

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल ने पवित्र नगरी अमरकंटक पहुंचकर मां नर्मदा उद्गम मंदिर में विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दर्शन-पूजन किया। इसके पश्चात उन्होंने बाबा अमरकंठ महादेव का जलाभिषेक, पूजन-अर्चन एवं आरती कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना की।

पूर्व मुख्यमंत्री अपनी पत्नी मुक्तेश्वरी बघेल, परिजनों एवं मित्र प्रदीप शर्मा के साथ मां नर्मदा उद्गम कुंड पहुंचे, जहां उन्होंने श्रद्धापूर्वक पूजन-अर्चन कर मां नर्मदा के दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। नर्मदा मंदिर के पुजारी पंडित उमेश द्विवेदी (बंटी महाराज) ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ उनका संपूर्ण पूजन-अर्चन संपन्न कराया। इसके बाद उन्होंने बाबा अमरकंठ महादेव के दर्शन कर जलाभिषेक किया तथा मंदिर परिसर की परिक्रमा की। इस दौरान उन्होंने 11 रुद्र महादेव मंदिर में भी दर्शन कर शीश नवाया।

परिक्रमा के दौरान श्री बघेल ने अपने परिवार के साथ मंदिर परिसर में स्मृति स्वरूप छायाचित्र भी खिंचवाए। नर्मदा मंदिर के पुजारियों ने उन्हें मां नर्मदा की पावन चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया। प्राचीन पुरातत्व संरक्षित परिसर स्थित पातालेश्वर महादेव मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया। बताया गया कि वे अपने परिवार के साथ दो दिवसीय निजी प्रवास पर अमरकंटक आए हैं तथा स्थानीय एक होटल में ठहरे हुए हैं।

समाचार 06 फ़ोटो 06

कपिलधारा में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, टूटा कांच बना हादसे का कारण

अनूपपुर

पवित्र नगरी अमरकंटक के प्रसिद्ध पर्यटन एवं धार्मिक स्थल कपिलधारा जलप्रपात में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर चिंता का विषय सामने आया है। जानकारी के अनुसार कपिलधारा क्षेत्र में लगाए गए सुरक्षा कांच (ग्लास बैरियर) का एक हिस्सा टूट गया है, जिससे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। टूटे हुए कांच के कारण पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। कपिलधारा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा अवरोधक के क्षतिग्रस्त होने से किसी भी प्रकार की अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि संबंधित विभाग को तत्काल संज्ञान लेते हुए टूटे हुए कांच को हटाकर नई एवं मजबूत सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि पर्यटकों और श्रद्धालुओं की जान-माल की सुरक्षा बनी रहे। लोगों ने यह भी मांग की है कि कपिलधारा सहित अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर नियमित निरीक्षण की व्यवस्था की जाए, जिससे इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

अमरकंटक प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन केंद्रों में शामिल है, जहां वर्षभर हजारों श्रद्धालु एवं पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा संबंधी छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का रूप ले सकती है। नागरिकों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से शीघ्र कार्रवाई कर क्षेत्र को सुरक्षित बनाने की मांग की है।

समाचार 07 फ़ोटो 07

ज्वाला धाम ने पंचायत के गौशाला को लिया कब्जे में, जन सुनवाई में शिकायत के बाद कार्यवाही का इंतजार

उमरिया

ज्वाला धाम ऊंचेहरा  की हडप नीति का कारनामा ऊंचेहरा ग्राम पंचायत से बढकर निपनिया ग्राम पंचायत को भी अपने गिरफ्त में ले लिया है। विदित होवे की निपनिया ग्राम पंचायत में बनी गौशाला पर अतिक्रमण करते हुए ज्वाला धाम ने अपने कब्जे में ले लिया है। विदित होवे की निपनिया ग्राम पंचायत की वर्क आई डी 174000 2080/A v/1/ 22012034514047 के लागत 38 लाख 5 हजार से प्रारंभ कराया गया था, जो गौशाला। लगभग बनकर तैयार हो गया है, लेकिन इस गौशाला को ग्राम पंचायत निपनिया के व्दारा शासकीय गौशाला को ज्वाला धाम के हवाले कर दिया गया है। ज्वाला धाम और ग्राम पंचायत के सरपंच की इस मिलीभगत के कारण न सिर्फ शासकीय धन राशि के दुरुपयोग करने का मामला है बल्कि साथ ही मध्यप्रदेश शासन की गौशाला के उद्देश्य को भी पलीता लगता दिखाई दे रहा है।

इस बात की शिकायत निपनिया ग्राम पंचायत के आंनद कुमार गौतम ने कलेक्टर उमरिया की जन सुनवाई में करते हुए अतिक्रमित गौशाला को मुक्त कराने का आवेदन पत्र दिया गया है। इस बात की शिकायत जन कल्याण शिविर करकेली में भी करते हुए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अम्बिकेश प्रताप से की गयी है, यद्यपि इस मामले में प्रशासन ने  फिलहाल अब तक कोई जांच कार्यवाही नहीं की है। 

शासकीय गौशाला जो मध्यप्रदेश शासन व्दारा निपनिया में बनाया जा रहा था, चूंकि इसके निर्माण से ही ज्वाला धाम समिति कब्जा कर रखी थी, जिस वजह से इस गौशाला के नाम पर दान दाताओं से भी जमकर वसूली की जाने की बातें बतायी जा रही हैं। बताया जाता है कि गौशाला परिसर ज्वाला धाम से साफ तौर पर दिखाई दे रहा था, जिसको दिखाकर चंदा एकत्रित करने का गोरख धंधा भी खूब चला। हलांकि इसके कोई कागजी प्रमाण नहीं है।

मालुम होवे की ज्वाला धाम की प्रबंध समिति में पहले से ही उंचेहरा ग्राम पंचायत की संपत्ति को हडपने और उन्हें व्यवसायिक उपयोग करने के आरोप लगे हैं, जो की वास्तविक और हकीकत में दिखाई दे रहे हैं, फिर भी न जिला प्रशासन और ना ही ग्राम पंचायत कभी भी इस ओर आवश्यक कार्यवाही नही की है।

समाचार 08 फ़ोटो 08

10 लाख का नशीला इंजेक्शन व स्मैक बरामद, तीन आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

समाचार

शहडोल

कोतवाली शहडोल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन और स्मैक बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि ऋषभ तिवारी नामक युवक किरण टॉकीज के पास अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री करने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर ऋषभ तिवारी को पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके अन्य दो साथियों नितिन यादव और संदीप यादव को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 880 नग नशीले इंजेक्शन तथा 53.6 ग्राम स्मैक बरामद की। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋषभ तिवारी पिता दिनेश तिवारी उम्र 24 वर्ष ग्राम टिहकी हाल निवास खेर माता मंदिर के पास, नितिन यादव पिता बृजेश यादव उम्र 22 वर्ष निवासी घरौला मोहल्ला हनुमान मंदिर के पास वार्ड क्रमांक 14 तथा संदीप यादव पिता नरेश यादव उम्र 22 वर्ष निवासी मतनी टोला एमपीईबी के पीछे के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21, 29 एवं मध्यप्रदेश ड्रग कंट्रोल अधिनियम की धारा 5/13 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में शामिल लोगों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

समाचार 09 फ़ोटो 09

कुआं में सफाई कर रहे अधेड की करंट लगने से मौत

अनूपपुर

कोतवाली थाना अनूपपुर से 8 किलोमीटर दूर स्थित खांडा गांव के बड़काटोला निवासी 40 वर्षीय दालचंद महरा पिता लल्ला लल्ला महरा की शुक्रवार की दोपहर अपने ही कुआं में भाई तीरथ महरा एवं मनोज कुशवाहा के साथ कुंआ की सफाई करने के दौरान, पंप निकालने बाद कुंआ में झूल रहे नंगी बिजली तार में करंट होने से हाथ में करंट लगने पर जिला अस्पताल लाने चिकितसक द्वारा परीक्षण करने दौरान पूर्व मे मृत्यु हो गई, घटना की सूचना पर पुलिस सहायता केंद्र के प्रधान आरक्षक कमलेश प्रसाद द्वारा परिजनों एवं सहयोगियो की उपस्थिति में मृतक के शव का पंचनामा कर ड्यूटी डॉक्टर से मृतक के शव का पीएम कराने बाद शव के कफन दफन हेतु परिजनों को सौंपते हुए घटना की जानकारी कोतवाली थाना अनूपपुर को अग्रिम कार्यवाही किए जाने हेतु प्रदाय की।


Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget