टिहकी कोल यार्ड में 45 लाख का 1 हजार टन कोयला पुलिस ने किया जब्त, जांच जारी
शहडोल
जिले में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ ब्यौहारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 हजार टन कोयला जब्त किया है। जब्त किए गए कोयले की कीमत लगभग 45 लाख रुपये बताई जा रही है। टिहकी स्थित एक कोल यार्ड में पुलिस ने दबिश देकर कोयले से संबंधित दस्तावेजों की जांच की लेकिन मौके पर वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद पुलिस ने कोयला जब्त कर जांच शुरू कर दी। इस कार्रवाई से क्षेत्र के कोयला कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
ब्यौहारी थाना क्षेत्र के टिहकी गांव में संचालित एक कोल यार्ड में पुलिस ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी ज्याउल हक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यार्ड में खुले मैदान में रखे भारी मात्रा में कोयले की जांच-पड़ताल की। जांच के दौरान पुलिस ने कोयले के भंडारण और परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेजों की मांग की लेकिन मौके पर मौजूद संचालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है। कोयले के स्रोत सहित उससे जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संबंधित कोल यार्ड का लाइसेंस ऋषभ पाण्डेय के नाम पर है। हालांकि लाइसेंस होने के बावजूद जब्त कोयले से संबंधित वैध दस्तावेज अभी तक प्रस्तुत नहीं किए जा सके हैं। इसी आधार पर यह कार्रवाई की गई है। जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
