समाचार 01 फ़ोटो 01
दावेदार के पक्ष में मीडिया सेल के उतरने का पहला मामला, एक चेहरे के लिए भाजपा पार्टी बदल रही है चाल-चरित्र
*बाहरी व्यक्ति को थोपने का हो रहा है खेल*
अनूपपुर
भाजपा संगठन में अनुसूचित जाति मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा, किसान मोर्चा सहित कई मोर्चों के जिला अध्यक्षों की घोषणा हो चुकी है, जबकि पिछड़ा वर्ग मोर्चा, महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के जिलाध्यक्षों की घोषणा अभी शेष है। इनमें सबसे अधिक चर्चा और विवाद भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष पद को लेकर देखने को मिल रहा है।
जब किसी पद के एक दावेदार के समर्थन में पार्टी का मीडिया सेल खुलकर सामने आता दिखाई दे रहा है। आशुतोष तिवारी को लेकर जिले के बाहर का निवासी होने तथा कॉलरी कर्मचारी होने जैसे सवाल लगातार उठ रहे हैं। भाजपा जिला मीडिया सह-प्रभारी श्रीराम केवट की ओर से 28 मई 2026 को एक प्रेस नोट जारी किया गया, जिसमें आशुतोष तिवारी को “उभरता हुआ राजनीतिक चेहरा” बताते हुए उनके खिलाफ चल रही “बाहरी” वाली बहस पर सवाल खड़े किए गए। चूंकि यह प्रेस नोट भाजपा जिला मीडिया सेल की ओर से जारी हुआ है, इसलिए इसे भाजपा संगठन का आधिकारिक पक्ष माना जा रहा है।
यहीं से कई सवाल खड़े होने लगे हैं। क्या किसी एक दावेदार के समर्थन में इस तरह आधिकारिक प्रेस नोट जारी होना यह संकेत नहीं देता कि जिलाध्यक्ष पद की “स्क्रिप्ट” पहले ही लिखी जा चुकी है? क्या पैनल बनाना और नाम भेजना मात्र औपचारिकता बनकर रह गया है? यह सवाल अब अन्य दावेदारों और कार्यकर्ताओं के बीच भी चर्चा का विषय बन गया है।
जिला मीडिया सह-प्रभारी ने अपने प्रेस नोट में यह भी लिखा कि कुछ लोग आशुतोष तिवारी के उभरते राजनीतिक व्यक्तित्व से घबराए हुए हैं। लेकिन सवाल यह है कि आखिर यह घबराहट किसे है? क्योंकि जिस प्रकार संगठन के मीडिया प्रकोष्ठ को स्वयं सफाई देने के लिए सामने आना पड़ा, उससे यह बहस और गहरी हो गई है। जहां तक “बाहरी” होने के मुद्दे का सवाल है, यह बहस भावनात्मक नहीं बल्कि तथ्यात्मक आधार पर उठाई जा रही है।
मीडिया की ओर से भाजपा जिला मीडिया सह-प्रभारी और संगठन से कुछ स्पष्ट सवाल भी पूछे जा रहे हैं। यदि आशुतोष तिवारी पिछले 22 वर्षों से अनूपपुर में निवास कर रहे हैं, तो क्या उन्होंने यहां का निवास प्रमाण पत्र बनवाया है? उनके आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र और सेवा अभिलेखों में कौन-सा पता दर्ज है? इस भाजपा संगठन इन सवालों का जवाब किस प्रकार देता है।
समाचार 02 फ़ोटो 02
वाटर प्लांट में नहाने गया किशोर डूबा, हुई मौत, रेस्क्यू टीम ने शव बाहर निकाला, पुलिस जांच में जुटी
शहडोल
जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र स्थित सोन टोला वाटर प्लांट में नहाने गया एक किशोर गहरे पानी में डूब गया। इस घटना के बाद देर रात तक उसकी तलाश जारी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। शुक्रवार सुबह पुलिस और एसडीआरएफ टीम के संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन में किशोर का शव पानी से बाहर निकाला गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अंशु ढीमर पिता रामनाथ ढीमर (15) निवासी सोन टोला के रूप में हुई है। बताया गया कि अंशु अपने दोस्तों के साथ सोन नदी स्थित जल निगम के वाटर प्लांट में नहाने पहुंचा था। नहाने के दौरान वह ऊपर से पानी में कूदा, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण बाहर नहीं निकल सका और डूब गया। साथ मौजूद दोस्तों ने पहले उसे खोजने की कोशिश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर गोहपारू पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन रात अधिक होने और अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान शुरू नहीं हो सका। शुक्रवार सुबह एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। टीम ने पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर किशोर के शव को पानी से बाहर निकाला। शव मिलने के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया।
थाना प्रभारी गोहपारू राजकुमार मिश्रा ने कहा पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। उनका कहना है कि यह क्षेत्र आम लोगों के लिए प्रतिबंधित है और यहां जल निगम की ओर से चौकीदार भी तैनात किया गया है। बावजूद इसके बड़ी संख्या में लोग यहां नहाने पहुंच जाते हैं।
समाचार 03 फ़ोटो 03
तेज आंधी से गिरा विशाल फ्लेक्स बोर्ड, बाल-बाल बचे लोग, अवैध व जर्जर होर्डिंग से हो सकता हैं बड़ा हादसा
*घटना घटी तो कौन होगा जिम्मेदार*
अनूपपुर/कोतमा
नगर में अनियंत्रित तरीके से लगाए गए जर्जर फ्लेक्स बोर्ड और होर्डिंग अब आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। गुरुवार दोपहर तेज आंधी-तूफान के दौरान स्टेशन चौक स्थित दीनदयाल शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में लगा एक विशाल फ्लेक्स बोर्ड अचानक टूटकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के समय क्षेत्र में लोगों की आवाजाही जारी थी। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, अन्यथा जनहानि से इंकार नहीं किया जा सकता था। फ्लेक्स गिरने के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल निर्मित हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फ्लेक्स बोर्ड गिरते समय सड़क किनारे बैठी एक महिला सब्जी विक्रेता उसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गई। फ्लेक्स के साथ लगे लोहे के पाइप और अन्य हिस्से सड़क पर बिखर गए, जिससे कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और राहगीरों को सुरक्षित स्थानों की ओर हटाया। घटना के बाद क्षेत्र में मौजूद लोगों में नगर की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी भी देखी गई।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर के विभिन्न बाजार क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों और व्यावसायिक परिसरों में लंबे समय से कई पुराने एवं जर्जर फ्लेक्स बोर्ड और होर्डिंग लगे हुए हैं। इनकी नियमित जांच, रखरखाव और सुरक्षा मानकों की निगरानी प्रभावी तरीके से नहीं होने के कारण ऐसे हादसों की आशंका लगातार बनी रहती है। विशेषकर तेज हवा, आंधी और बारिश के दौरान ये फ्लेक्स बोर्ड कभी भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।
नागरिकों ने आरोप लगाया कि नगर क्षेत्र में अवैध रूप से लगाए गए कई होर्डिंग और फ्लेक्स बोर्डों के विरुद्ध समय-समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। लोगों का कहना है कि बिना सुरक्षा मानकों का पालन किए सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए बड़े फ्लेक्स और होर्डिंग भविष्य में किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। इस मामले में जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन एवं संबंधित विभागों की मानी जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है जल्द अवैध व जर्जर बोर्ड हटाए।
समाचार 04 फ़ोटो 04
लाखों रुपये खर्च के बाद भी उखड़ रहे पेवर ब्लॉक, सड़क किनारे धंसाव से राहगीरों की बढ़ रही परेशानी
अनूपपुर/कोतमा
नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 8 और 9 में सड़क किनारे कराए गए पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय स्तर पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। लाखों रुपये की लागत से कराए गए निर्माण कार्य के कुछ समय बाद ही कई स्थानों पर पेवर ब्लॉक उखड़ने, धंसने और टूट-फूट की स्थिति सामने आने लगी है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का समुचित पालन नहीं किए जाने के कारण यह स्थिति निर्मित हुई है।
क्षेत्र से सामने आई तस्वीरों और स्थानीय लोगों के अनुसार कई स्थानों पर पेवर ब्लॉक सड़क किनारे से उखड़ चुके हैं, जबकि कुछ हिस्सों में धंसाव भी स्पष्ट दिखाई दे रहा है। सड़क और पेवर ब्लॉक के बीच असमान स्तर बनने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर बुजुर्गों, बच्चों तथा दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति जोखिमपूर्ण बनी हुई है। कुछ स्थानों पर पानी भराव की स्थिति भी देखी जा रही है, जिससे पेवर ब्लॉक और अधिक कमजोर होते जा रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान मजबूत बेस तैयार करने, समतलीकरण और जल निकासी जैसी आवश्यक तकनीकी प्रक्रियाओं का प्रभावी तरीके से पालन नहीं किया गया। लोगों ने आशंका जताई है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता संबंधी लापरवाही बरती गई हो सकती है, जिसके कारण कम समय में ही निर्माण कार्य की स्थिति खराब होने लगी है।
मामले को लेकर क्षेत्र में निर्माण गुणवत्ता और कार्य प्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पूरे निर्माण कार्य की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय तकनीकी जांच कराए जाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि मामले की गंभीरता से जांच कराई जाए तो निर्माण कार्य से जुड़ी वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है। इस मामले में जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन एवं संबंधित निर्माण एजेंसी की मानी जा रही है।
समाचार 05 फोटो 05
नर्मदा पुष्कर बांध में मजदूर की डूबने से हुई मौत, रेस्क्यू टीम ने निकाला शव
अनूपपुर
पवित्र नगरी अमरकंटक स्थित नर्मदा पुष्कर बांध में गुरूवार 28 मई 26 को हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोकाकुल कर दिया। स्नान के दौरान गहरे पानी में डूबे युवक सुरेश धुर्वे का शव रेस्क्यू टीम ने निकाला। घटना के बाद बांध तट पर परिजनों और स्थानीय लोगों के बीच गमगीन माहौल बना रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरेश धुर्वे स्नान करने के दौरान अचानक गहरे पानी की ओर चले गए और देखते ही देखते पानी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिक, पुलिस एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे। देर शाम तक लगातार खोजबीन की गई, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। अनूपपुर जिला मुख्यालय से पुलिस एसडीआरएफ की टीम मृतक का शव निकालने के लिए खोजबीन करते रहे तेज आए आंधी तूफान अति वर्षा के चलते अभियान को रोकना पड़ा दूसरे दिन सुबह फिर प्रारंभ किया गया। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम द्वारा मृतक का शव बाहर निकाला टीम के साथ वार्ड क्रमांक 8 कपिला संगम का साहसी युवक कृष्णा राठौर भी साथ रहकर सहयोग किया।
पुलिस थाना अमरकंटक द्वारा मौके पर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया। पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग क्रमांक 0/26 कायम कर धारा 194 बीएनएसएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
समाचार 06 फ़ोटो 06
30 हजार पद सरेंडर करने पर रेलवे कर्मचारियों का जीएम ऑफिस के सामने धरना
शहडोल
रेलवे बोर्ड द्वारा 30 हजार पदों को सरेंडर किए जाने और कर्मचारी विरोधी नीतियों के विरोध में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मजदूर संघ ने शुक्रवार को बिलासपुर स्थित जीएम कार्यालय के सामने विशाल धरना-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी, पदाधिकारी और शाखा प्रतिनिधि प्रदर्शन में शामिल हुए और बोर्ड के फैसले के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कई पदाधिकारी एवं सैकड़ों कर्मचारी शामिल हुए।
धरना को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भारतीय रेल में ट्रेनों, यात्रियों और कार्यभार में लगातार वृद्धि हो रही है, लेकिन इसके विपरीत कर्मचारियों के पद खत्म किए जा रहे हैं। इससे कर्मचारियों पर अतिरिक्त बोझ बढ़ेगा और रेल संचालन तथा सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने एकजुट होकर कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। रेलवे बोर्ड के फैसले के विरोध में जमकर नारेबाजी करते हुए कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि उनके अधिकारों पर किसी भी तरह का हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
समाचार 07
एबीवीपी ने निःशुल्क शीतल पेयजल का किया वितरण
अनूपपुर
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद अनूपपुर के कार्यकर्ताओं द्वारा इस बढ़ती भीषण गर्मी तपती, चिलचिलाती कड़ी धूप में दूर दराज से आए हुए रेलवे स्टेशन परिसर में बैठे सभी यात्रियों को निःशुल्क शीतल पेयजल वितरित किया गया। विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं का कहना है कि विद्यार्थी परिषद लगातार अनेकों प्रकार के सामाजिक कार्यों में अपनी सहभागिता रखता है और इस भीषण गर्मी में अभी यह निशुल्क पेयजल वितरण कई दिनों तक चलाया जाएगा। एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने समाज के लोगों से यह भी आग्रह किया है कि लोगों के साथ-साथ बेजुबान पक्षियों व में मवेशियों के लिए अपने घर के बाहर पानी की व्यवस्था जरूर करें ताकि वह पशु पक्षी भी अपनी प्यास बुझा सके।
समाचार 08
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में नर बाघ का हुआ पोस्टमॉर्टम
उमरिया
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व, उमरिया अंतर्गत पनपथा बफर क्षेत्र के ग्राम खेरवा टोला में 24 मई 2026 को मृत पाए गए नर बाघ का पोस्टमॉर्टम 25 मई 2026 को किया गया। पोस्टमॉर्टम 3 वन्यजीव चिकित्सकों के पैनल और 2 आमंत्रित विशेषज्ञों की उपस्थिति में हुआ। पोस्टमॉर्टम में बाघ के सभी अंगों का गहन परीक्षण किया गया और आवश्यक नमूने संग्रहित किए गए। पोस्टमॉर्टम में एकत्रित नमूनों को बीमारी, अन्य आंतरिक रोगों, तनाव अथवा विषाक्तता जैसी संभावनाओं की जांच के लिए मानक प्रयोगशालाओं में भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम में डायरेक्टर, स्टेट वाइल्ड लाइफ फॉरेंसिक हेडक्वार्टर (एसडब्ल्यूएफएच) जबलपुर, क्षेत्र संचालक बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व तथा एनटीसीए के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। पूरी प्रक्रिया की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई। पोस्टमॉर्टम में चिकित्सकों और विशेषज्ञों के पैनल ने पाया कि मृत नर बाघ का स्वास्थ्य अत्यंत खराब था। उसकी मांसपेशियां पीली एवं सूखी थीं, पाचन तंत्र खाली था और त्वचा खुरदरी और बेजान हो चुकी थी।
समाचार 09
हिस्सा बांट को लेकर हुई मारपीट
उमरिया
नौरोजाबाद थाना अंतर्गत ग्राम नरवार मे हिस्सा बांट को लेकर आरोपियो व्दारा फरियादी से गाली गालौज करते हुए मारपीट की गई एवं जान से मारने की धमकी दी गई। जानकारी अनुसर मुन्ना बैगा पिता सम्भर बैगा निवासी ग्राम नरवार कि शिकायत पर आरोपी राजू बैगा, रामजी बैगा पर पुलिस ने मामला कायम कर लिया है। मामले की विवेचना की जा रही है।
समाचार 10
सड़क दुर्घटना में मामला दर्ज
उमरिया
इंदवार थाना अंतर्गत पुराना चौधरी मोहल्ला मे वाहन चालक व्दारा वाहन को लापरहीपूर्वक चलाते हुए एक्सीडेंट कर मृत्यु कारित करने पर पुलिस ने मामला कायम कर लिया है। जानकारी अनुसार पुलिस ने इस मामले मे वाहन क्रमांक एमपी 21 जेड ई 8946 पर मामला कायम कर लिया है। मामले की विवेचना की जा रही है।
समाचार 11
11.5 लीटर अवैध शराब जप्त, मामला दर्ज
उमरिया
नौरोजाबाद थाना अंतर्गत ग्राम पटपरा तथा पाली थाना अंतर्गत पंचायत भवन के पास ग्राम बकेली मे आरोपिया के कब्जे से अवैध रूप शराब रखी पाए जाने पर पुलिस ने कार्यवाही करते हुए अवैध मदिरा जप्त की है। जानकारी अनुसार पुलिस ने इस मामले में गीता बाई पति राज भान सिंह उम्र 46 साल पर कार्यवाही करते हुए उसके पास से 8 लीटर कच्ची महुआ शराब जप्त की है, जिसकी कीमत 800 रूपये है। पुलिस ने मामला कायम कर लिया है। मामले की विवेचना की जा रही है। इसी तरह आरोपी राम निवास जयसवाल पिता माधव प्रसाद जयसवाल उम्र 50 वर्श निवासी ग्राम बकेली पर पुलिस ने कार्यवाही करते हुए उसके पास से 14 पाव देशी प्लेन मदिरा जप्त की है जिसकी कीमत 1120 रूपये है। पुलिस ने मामला कायम कर लिया है। मामले की विवेचना की जा रही हैं ।
समाचार 12
आरोपी पर 5 हजार रूपये का ईनाम घोषित
उमरिया
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार भागवानी ने अपराध क्रमांक 727ध्2022 धारा 457,380 भादवि के आरोपी गुल्ली उर्फ गुलसेर बसदेवा पिता बैजू बसदेवा निवासी ग्राम टिकुरी थाना इंदवार कि गिरफ्तारी हेतु उद्घोषणा कि है कि जो कोई व्यक्ति ऐसी सूचना देगा जिसके आधार पर दस्तयाबी, गिरफ्तारी संभव हो सके, उसे पांच हजार रूपये के पुरस्कार से पुरस्कृत किया जाएगा । ईनाम वितरण के संबंध में पुलिस अधीक्षक का निर्णय अंतिम होगा ।