सड़क दुर्घटना में अब तक 6 लोगो की हुई मौत, 39 घायलों का मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में चल रहा है इलाज
*कमिश्नर, कलेक्टर पहुँचे मेडिकल कालेज, 4-4 लाख आर्थिक सहायता, मुख्यमंत्री ने व्यक्त की शोक संवेदना*
अनूपपुर
जिले की सीमा क्षेत्र में शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है। करन पठार थाना क्षेत्र के बिजौरा के पास श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई थी। हादसे में 41 लोग घायल हुए हैं। इनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पड़मनिया से करीब 50 ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर ग्राम बिजौरा पूजा-अर्चना (पुजहाई) कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान शनि धाम के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रॉली पलटते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और कई लोग उसके नीचे दब गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पाली एसडीएम मीनाक्षी बंजारे और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल एम्बुलेंस के जरिए पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
प्रारंभिक जानकारी में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके बाद पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान दो अन्य घायलों ने दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर हालत में शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर किए गए दो और घायलों की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई है।
हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग ग्राम पड़मनिया के निवासी बताए जा रहे हैं। मृतकों की पहचान घनश्याम सिंह (45), सहबल बैगा (55), भूपत सिंह (50), बीर सिंह (60), धर्मपाल (15) और कृष्णपाल सिंह (40) के रूप में हुई है।
हादसे में कुल 41 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 22 गंभीर घायलों का शहडोल मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। एक गंभीर मरीज को देर रात जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अनूपपुर कलेक्टर हर्षल पंचोली और शहडोल संभागायुक्त सुरभि गुप्ता व उमरिया कलेक्टर राखी सहाय ने अस्पताल व मेडिकल कॉलेज शहडोल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने परिजनों से मलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर पोस्ट लिखा- अनूपपुर जिले में पुष्पराजगढ़ सड़क दुर्घटना में 6 लोगो की मौत और घायलों के लिए इस दुख की घड़ी में परिवार वालो के लिए शोक संवेदना व्यक्त की है।
