प्रदेश की मेरिट में अनूपपुर से खुशी साहू, धीरज पाण्डेय, शहडोल से योगेंद्र सिंह, माही मिश्रा ने मारी बाजी
*प्रदेश में कक्षा 10वीं में अनूपपुर प्रथम, 12वीं में द्वितीय स्थान, शहडोल में 12वीं 5, 10वीं में 8 लोग प्रवीण्य सूची में*
अनूपपुर
मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित वर्ष 2026 के बोर्ड परीक्षा परिणामों में अनूपपुर जिले ने अभूतपूर्व सफलता हासिल करते हुए पूरे प्रदेश में अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का परचम लहराया है। जिले ने हाईस्कूल (10वीं) में प्रदेश में प्रथम और हायर सेकेंडरी (12वीं) में द्वितीय स्थान प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह उपलब्धि जिले के इतिहास का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन माना जा रहा है। परीक्षा से पहले चलाए गए ‘विशेष शैक्षणिक अभियान’ के तहत शत-प्रतिशत शैक्षणिक कैलेंडर का पालन, नियमित मॉडल टेस्ट, प्री-बोर्ड परीक्षाएं और सतत मूल्यांकन ने विद्यार्थियों को मजबूत आधार प्रदान किया। विशेष रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए चलाई गई रेमेडियल कक्षाओं ने उन्हें मुख्यधारा में लाकर सफलता दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
*प्रावीण्य सूची के चमकते सितारे*
राज्य स्तरीय मेरिट सूची में स्थान बनाकर जिले के दो मेधावी विद्यार्थियों ने न केवल अपनी कड़ी मेहनत और लगन का शानदार परिचय दिया है, बल्कि पूरे जिले का गौरव भी बढ़ाया है। कक्षा 10वीं में शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खूंटाटोला की प्रतिभाशाली छात्रा खुशी साहू ने 493 अंक अर्जित करते हुए प्रदेश में 7वाँ स्थान हासिल किया। वहीं कक्षा 12वीं (गणित समूह) में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अनूपपुर के छात्र धीरज पांडे ने 486 अंक प्राप्त कर राज्य की मेरिट सूची में 7वाँ स्थान प्राप्त किया। इन छात्रों की सफलता ने न केवल जिले का नाम रोशन किया, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्त्रोत बन गए। यह सफलता केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक उदाहरण है। सही दिशा, मजबूत नेतृत्व और सामूहिक प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
*10वीं, 12वीं प्रावीण्य सूची में बनाया स्थान*
जिले के अंतर्गत कक्षा 10वीं की प्रावीण्य सूची में कई विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्थान प्राप्त किया। इनमें कविता दुबे (महर्षि एंग्लो जर्मन स्कूल, परसवार, अनूपपुर) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं गायत्री देवी (शासकीय सांदीपनि हायर सेकेंडरी स्कूल, खुंटाटोला, अनूपपुर) द्वितीय स्थान पर रहीं। इसके अतिरिक्त पीयूष जोगी (विवेक शिक्षा निकेतन हायर सेकेंडरी स्कूल, कोतमा), आयुषी वर्मा (शासकीय मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल, जैतहरी), सृष्टि पांडेय (शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, अमलाई कॉलरी, अनूपपुर) एवं रिचा सिंह राठौर (न्यू स्टेला हायर सेकेंडरी स्कूल, अनूपपुर) ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया। इसी प्रकार कक्षा 12वीं की प्रावीण्य सूची में भी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। शिप्रा शर्मा (शासकीय मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल, कोतमा) ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं आकांक्षा उपाध्याय (शासकीय सांदीपनि कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल, बदरा) एवं सक्षम गुप्ता (ग्रीनलैंड पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल, अनूपपुर) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इन सभी विद्यार्थियों की उपलब्धि ने अनूपपुर जिले का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित किया है।
👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇
*शहडोल से योगेंद्र सिंह तीसरा व माही मिश्रा सांतवा स्थान, 12वीं 5 व 10वीं में 8 लोगो ने प्रवीण्य सूची में बनाई जगह*
शहडोल
माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश द्वारा वर्ष 2026 के हाईस्कूल परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए गए हैं, जिसमें शहडोल जिले के लिए गर्व का पल सामने आया है। जिले के ब्यौहारी नगर के वार्ड क्रमांक 9, न्यू बरौंधा निवासी योगेंद्र सिंह परमार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ब्यौहारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की मेरिट सूची में तीसरा स्थान हासिल किया है। वही हायर सेकेंडरी प्रावीण्य सूची में कु. माही मिश्रा पिता रामनारायण मिश्रा अशासकीय ज्ञानोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पुलिस लाइन शहडोल ने सांतवा स्थान हासिल किया है।
*12वीं इन्होंने प्रवीण्य सूची में बनाया स्थान*
हायर सेकेंडरी प्रावीण्य सूची में कु. माही मिश्रा पिता रामनारायण मिश्रा अशासकीय ज्ञानोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पुलिस लाइन शहडोल ने कला समूह में 500 में से 483 अंक प्राप्त कर प्रदेश में सातवां स्थान प्राप्त किया है। कु. मान्यता साहू आशासकीय सेन्ट् जूड्स क्रिष्टयन मिशन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शहडोल ने गणित समूह में 488 अंक अर्जित कर प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त किया है। कु. दीक्षा मिश्रा शासकीय संदीपनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जयसिंहनगर ने गणित समूह में 483 अंक प्राप्त कर प्रदेश में दसवां स्थान हासिल किया है। कु. निशिका गुप्ता अशासकीय टाईम पब्लिक स्कूल शहडोल ने जीव विज्ञान समूह में 488 अंक प्राप्त कर प्रदेश मे चौथा स्थान प्राप्त किया तथा ऋषभ पांडे अशासकीय भारतीयम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ब्यौहारी ने जीव विज्ञान समूह में 487 अंक अर्जित कर पांचवां स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया।
*10वीं प्रवीण्य इन्होंने बनाया स्थान*
हाई स्कूल प्रावीण्य सूची में योगेन्द्र सिंह परमार शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ब्यौहारी ने 500 में से 497 अंक प्राप्त कर प्रदेश की मेरिट सूची में तृतीय स्थान हासिल किया है। कु. श्रेया साहू अशासकीय सेन्ट्रल अकादमी स्कूल शहडोल ने 492 अंक अर्जित कर मेरिट सूची में आठवां स्थान प्राप्त किया है। कु. आर्यिका नामदेव पिता शासकीय भारतीयम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ब्यौहारी तथा कु. नेहा सिंह अशासकीय सेन्ट्रल आकदमी स्कूल शहडोल ने 491 अंक प्राप्त कर मेरिट सूची में नौवां स्थान हासिल किया है। इसी प्रकार हर्षिल गुप्ता, अपेक्षा गुप्ता दोनो अशासकीय भारतीयम स्कूल ब्यौहारी एवं कु. अनामिका कुशवाहा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बाणसागर तथा कु. आरायना गुप्ता अशासकीय ज्ञानोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पुलिस लाईन शहडोल ने 490-490 अंक प्राप्त कर प्रदेश की मेरिट सूची में 10वां स्थान हासिल किया है।
