समाचार 01 फ़ोटो 01
पुलिस की धमकी के बाद युवक ने की आत्महत्या, न्याय के लिए कांग्रेस के नेता व अन्य लोग बैठे थे धरने पर
अनूपपुर
जिले के कोतमा थाना अंतर्गत ग्राम पकरिहा में एक 23 वर्षीय युवक राजेश गुप्ता की आत्महत्या के मामले ने अब राजनीतिक और सामाजिक मोड़ ले लिया है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए जिला पंचायत सदस्य और दिग्गज कांग्रेस नेता रामजी 'रिंकू' मिश्रा अपने साथियों के साथ धरने पर बैठ गए, जिसके बाद प्रशासन को झुकना पड़ा।
ग्राम पकरिहा निवासी राजेश गुप्ता (पिता दशरथ गुप्ता) का लामाटोला की एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग था। परिजनों का आरोप है कि इसी बात को लेकर बीते दिन तीरथ साहू, लल्लू साहू, बिसाहू यादव और उसके पुत्र ने राजेश के साथ बुरी तरह मारपीट की और उसका मोबाइल भी जला दिया।
पीड़ित राजेश न्याय की उम्मीद में शाम 7 बजे कोतमा थाने पहुंचा था, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने उसकी सुनने के बजाय उसे ही डराया-धमकाया। युवती के परिजनों की शिकायत पर थाना प्रभारी ने राजेश को छेड़छाड़ के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। पुलिस की इस प्रताड़ना और झूठे केस के डर से सहमा युवक थाने से भाग निकला और घर से 200 मीटर दूर आम के पेड़ पर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला पंचायत सदस्य रामजी रिंकू मिश्रा आक्रोशित परिजनों के साथ थाने के सामने धरने पर बैठ गए। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
एक निर्दोष युवक न्याय मांगने थाने गया था, लेकिन उसे अपराधी बनाकर डराया गया। यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सिस्टम द्वारा की गई हत्या है। जब तक दोषियों और लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती, हम पीछे नहीं हटेंगे। रिंकू मिश्रा के नेतृत्व में बढ़ते जन आक्रोश को देखते हुए पुलिस प्रशासन हरकत में आया। टीआई के आश्वासन और मामले में एफआईआर दर्ज होने के साथ ही एक आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के बाद रामजी रिंकू मिश्रा ने धरना समाप्त किया।
समाचार 02 फ़ोटो 02
दो साल से फरार करोड़ों की ठगी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, विभिन्न राज्यो में कई मामले है दर्ज
अनूपपुर
जिले के थाना भालूमाड़ा पुलिस ने करोड़ों रुपये की ठगी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो वर्षों से फरार चल रहे मुख्य आरोपी उमेश कांतिलाल पटेल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। लंबे समय से फरार आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
मामला अपराध क्रमांक 350/2024 एवं 400/2024 से संबंधित है, जिसमें आरोपी के खिलाफ धारा 420, 406, 409, 120बी सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज है। आरोपी ने निवेशकों को झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी की थी और घटना के बाद से फरार चल रहा था।
ज्ञात हो कि लगभग दो वर्ष पूर्व बदरा निवासी संतोष चौरसिया की रिपोर्ट पर इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक मोतिउर रहमान ने तत्काल प्रभाव से थाना भालूमाड़ा में प्रकरण दर्ज करने के निर्देश दिए थे। उनकी संवेदनशीलता और सख्त रुख का ही परिणाम है कि लंबे समय से फरार आरोपी आज कानून के शिकंजे में आ सका। आरोपी को महाराष्ट्र के नवी मुंबई स्थित तलोजा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया।
आरोपी उमेश कांतिलाल पटेल के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में भी दर्जनभर से अधिक धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। करोड़ों रुपये की ठगी करने के बावजूद वह लंबे समय तक पैसे और प्रभाव के दम पर कार्रवाई से बचता रहा। ठगी गिरोह का एक अन्य आरोपी अलकित मालवीय निवासी गुजरात अभी भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई है और उम्मीद जताई जा रही है कि उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय कोतमा में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
समाचार 03 फ़ोटो 03
घर-घर पानी पहुँचाने का सरकार का दावा खोखला, नल-जल योजना ठप्प, भीषण गर्मी में प्यासे ग्रामीण, जिम्मेदार मौन
*शो पीस बना पानी टंकी व पाइप लाइन*
अनूपपुर
जिले की ग्राम पंचायत बेलिया बड़ी में नल-जल योजना फेल नजर आ रही है। हालात ऐसे हैं कि भीषण गर्मी में ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है, जबकि सरकार द्वारा हर घर तक जल पहुंचाने का दावा किया जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि योजना के तहत गांव में केवल पाइप लाइनें बिछा दी गईं, लेकिन अभी तक ग्रामीणों को पानी का एक बूंद भी नहीं मिला, नल जल योजना के तहत पानी टंकी का निर्माण अधूरा पड़ा हुआ है और देखने को तो पाइप लाइन बिछा दी गई है, लाखों रुपए खर्च होने के बावजूद योजना का लाभ लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है।
ठेकेदार अपनी मनमानी तरीके से नल जल योजना का काम धीमी गति से कर रहा है, ऐसा लगता है कि इस वर्ष भी ग्रामीणों को भीषण गर्मी में बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़ेगा, ठेकेदार पर आरोप मढ़ रही है, तो दूसरी ओर ठेकेदार प्रशासनिक स्वीकृति और तकनीकी खामियों का हवाला दे रहा है। इस खींचतान के बीच आम ग्रामीण प्यास से परेशान हैं।
सूत्रों के अनुसार बताया जा रहा है कि जो नल जल योजना के तहत पानी टंकी का निर्माण हो रहा है उस पर भी गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे है इससे लोगों में भारी आक्रोश है और सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
हालात चिंताजनक भीषण गर्मी में पेयजल का कोई स्थायी स्रोत नहीं है, ग्रामीणों को निजी साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। जब सरकार “हर घर जल” का दावा कर रही है, तो ग्राम पंचायत बेलिया बड़ी के ग्रामीण आखिर किससे उम्मीद करें। क्या केवल पाइप लाइन बिछाना ही योजना की सफलता है, या वास्तव में घर-घर पानी पहुंचाना। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि तत्काल नियमित जलापूर्ति शुरू कराई जाए, दोषी ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई हो, गर्मी के दौरान टैंकर से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
*इनका कहना है*
20 मई तक नल जल योजना का कार्य पूर्ण कर दिया जाएगा।
*दीपक साहू, एसडीओ, पी एच ई विभाग, अनूपपुर*
समाचार 04 फ़ोटो 04
अमरकंटक में उमड़ा आस्था का सागर, हजारों श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा में लगाई पुण्य डुबकी
अनूपपुर
पवित्र नगरी अमरकंटक में वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की पावन गंगा सप्तमी पर श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अनुपम संगम देखने को मिला। पुण्य सलिला मां नर्मदा के उद्गम स्थल पर हजारों भक्त श्रद्धालुओं ने प्रातःकाल से ही पहुंचकर पवित्र स्नान, दर्शन, पूजन-अर्चन एवं दान-पुण्य कर आध्यात्मिक पुण्य लाभ अर्जित किया।
वैशाख शुक्ल पक्ष सप्तमी, पुनर्वसु नक्षत्र, गुरुवार 23 अप्रैल 2026 को गंगा सप्तमी के शुभ अवसर पर कोटितीर्थ घाट, रामघाट, पुष्कर बांध तथा आरंडी संगम तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा के पावन जल में आस्था की डुबकी लगाकर जीवन की समस्त बाधाओं के निवारण, सुख-समृद्धि, शांति एवं सर्वमंगल की कामना की।
मां नर्मदा उद्गम मंदिर में दर्शन हेतु भक्तजन लंबी कतारों में शांतिपूर्वक खड़े दिखाई दिए। विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात श्रद्धालुओं ने मंदिर प्रांगण के समक्ष विराजमान भिक्षुओं को यथाशक्ति दान देकर पुण्य अर्जित किया। गंगा सप्तमी के इस पुण्य पर्व पर मुंडन संस्कार का भी विशेष महत्व रहा, जिसके चलते अनेक माता-पिता एवं पालकों ने अपने बच्चों का मुंडन संस्कार संपन्न कराया।
प्रातः लगभग 5 बजे से ही नर्मदा स्नान का क्रम प्रारंभ हो गया था, जो दिनभर चलता रहा। तीव्र धूप के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह और भक्ति में कहीं कोई कमी दृष्टिगोचर नहीं हुई। वृद्ध महिलाएं एवं उत्साही श्रद्धालु पारंपरिक भजन-कीर्तन, मंजीरा एवं वाद्य यंत्रों के साथ नृत्य-गान करते हुए पूरे वातावरण को भक्तिमय बना रहे थे।
समाचार 05 फ़ोटो 05
सूने घर मे चोरो ने ताला तोड़कर लाखो की चोरी, शादी में गया था परिवार, मामला दर्ज
शहडोल
जिले के कोतवाली शहडोल के जुगवारी गांव के गांधी मोहल्ला में अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर लाखों के गहने और नगदी चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस पर सवाल उठ रहे हैं। अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के गहने और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस पर लगातार सवाल भी उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार यह वारदात बूदन जायसवाल के घर में हुई। पीड़ित ने बताया कि घटना के समय उसकी पत्नी घर में सो रही थी, जबकि वह अपने बेटों के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गया हुआ था। तड़के करीब चार बजे जब वह घर लौटा तो सामने का दरवाजा टूटा हुआ मिला। घर के अंदर प्रवेश करने पर अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था, जिससे चोरी की आशंका हुई।
पीड़ित ने बताया कि दूसरे कमरे में सो रही पत्नी को इस घटना की भनक तक नहीं लगी। सुबह जब पूरे घर की जांच की गई तो पता चला कि चोर सोने के करीब चार तोला जेवर, आधा किलो चांदी और करीब 25 हजार रुपए नगद लेकर फरार हो गए। कुल चोरी करीब 6 लाख रुपये से अधिक की बताई जा रही है।
सूचना पर पीड़ित कोतवाली थाने पहुंचा और मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सुराग जुटाने की कोशिश में लगी है।
समाचार 06 फ़ोटो 06
तिलक कार्यक्रम से किशोरी का अपहरण कर किया दुष्कर्म, तीन आरोपी गिरफ्तार
शहडोल
सोहागपुर थाना क्षेत्र में तिलक कार्यक्रम में आई किशोरी को अगवा कर सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार 14 साल की किशोरी अपने एक रिश्तेदार के तिलक में आई थी तभी तीन आरोपियों ने उसे जबरन अपनी स्कूटी में बैठाया और उसे सुनसान जगह ले जाकर उसके साथ एक आरोपी ने दुष्कर्म किया, जबकि दो आरोपी उसके सहयोग किया है। घटना के दौरान पीड़िता ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसे धमकाते हुए अपने कब्जे में रखा।
पीड़िता ने आरोपियों के चुंगल से किसी तरह भाग कर खुद को बचाया और अपने भाई को फोन पर इसकी जानकारी दी। भाई जब मौके पर पहुंचा तो सभी आरोपी वहां से भाग चुके थे। इसके बाद पीड़िता ने अपने भाई और परिवार को इस घटना की पूरी जानकारी दी।
घटना के बाद पीड़िता परिजनों के साथ पुलिस के पास पहुंची और पुलिस से इसकी शिकायत की। पुलिस ने नामजद तीन आरोपियों पर मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि एक ही आरोपी ने किशोरी से दुष्कर्म किया है, लेकिन सहयोग में दो अन्य आरोपी भी थे, जिसके कारण पुलिस ने तीनों पर मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
समाचार 07 फ़ोटो 07
कार पर गिरा विशाल वृक्ष का हिस्सा, गाड़ी हुई क्षतिग्रस्त, बड़ा हादसा टला
अनूपपुर
पवित्र नगरी अमरकंटक में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 12 में रामबाई धर्मशाला के समीप तथा पुलिस कॉलोनी के सामने तून वृक्ष के नीचे खड़े लाल रंग के टवेरा चौपहिया वाहन पर रात्रि में अचानक विशाल वृक्ष का अंश भाग गिर गया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
वाहन क्रमांक सीजी 28 6664 दरमियानी रात उक्त स्थान पर खड़ा था। इसी दौरान अचानक पेड़ का भारी हिस्सा वाहन के ऊपर आ गिरा, जिससे वाहन का ऊपरी भाग एवं आंतरिक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना किस समय घटी, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। घटना के समय वाहन के भीतर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था और न ही उस समय वहां से कोई राहगीर गुजर रहा था। यदि ऐसा होता तो गंभीर दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता था।
समाचार 08 फ़ोटो 08
आकाशकोट जल प्रदाय योजना में बर्दाश्त नही की जाएगी ढिलाई, शीघ्र पूर्ण कर कार्य- कलेक्टर
उमरिया
कलेक्टर राखी सहाय ने आकाशकोट ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना के तहत विभिन्न ग्रामों का सघन निरीक्षण करते हुए कार्यों की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उमरार डैम स्थित इंटकवेल का जायजा लिया, जहां पाइप और पंप का अभाव पाया गया। इस पर उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए निर्देश दिए कि आवश्यक संसाधनों की तत्काल व्यवस्था कर कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रगति की साप्ताहिक रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाए।
ग्राम ददरी और खैराटोला में बिछाई गई पाइपलाइन का निरीक्षण करते समय ग्रामीणों ने पानी न मिलने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय विभाग को निर्देशित किया कि ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था कर ग्रामीणों को पानी उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पाइपलाइन बिछाते समय प्रारंभ और अंत बिंदुओं पर स्पष्ट साइनेज बोर्ड लगाए जाएं, ताकि पाइपलाइन को किसी प्रकार की क्षति न पहुंचे।
ग्राम मरदरी में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का औचक निरीक्षण करने पर कार्य अधूरा पाया गया। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि कार्य को प्राथमिकता के आधार पर 30 जून तक हर हाल में पूर्ण किया जाए। उन्होंने दोहराया कि प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी और किसी भी प्रकार की शिथिलता या देरी पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में ग्राम बिरहुलिया एवं कटरिया में निर्माणाधीन पानी टंकियों का निरीक्षण किया गया, जहां कार्य बंद मिला। इस पर कलेक्टर ने चेतावनी देते हुए कार्य को तुरंत पुनः प्रारंभ कर एक माह में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
समाचार 09
कलेक्टर ने प्राथमिक शाला का किया औचक निरीक्षण
उमरिया
कलेक्टर राखी सहाय ने करकेली विकासखंड के ग्राम कटरिया में प्राथमिक शाला कटरिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 42 में से 10 बच्चे उपस्थित पाए गए।उन्होंने कहा कि ग्राम में प्रचार प्रसार एवं समझाइश देते हुए स्कूल में बच्चों कि उपस्थिति बढ़ाई जाए। कलेक्टर ने बच्चों से रूबरू चर्चा करते हुए मध्यान्ह भोजन, पाठय पुस्तक मिलने, गणवेश मिलने आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त की।बच्चों ने बताया कि प्रतिदिन मध्यान्ह भोजन मिल रहा है। उन्होने कहा कि प्रतिदिन स्कूल आकर अपने अध्ययन का कार्य ईमानदारी के साथ करें।उन्होंने प्राचार्य को निर्देशित किया कि बच्चों को शुध्द भोजन उपलब्ध कराएं। भोजन पकाने के बाद उसे ढंककर रखें। जिस जगह पर भोजन पकाया जाता है, उसे स्वच्छ बनाएं रखे । निरीक्षण के दौरान उन्होने रसोई घर मे उपलब्ध बर्तनों का भी अवलोकन किया।