चोरी करते 4 चोर रंगे हाथों गिरफ्तार, कपड़ा दुकान में लगी आग, जला लाखो का सामान
अनूपपुर
रामनगर पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए खदान में चोरी करते 4 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल ₹75,000 मूल्य का माल जप्त किया गया है।
थाना रामनगर क्षेत्र के अमाडांड़ OCM खदान में सुरक्षा प्रभारी संजय कुमार मिश्रा द्वारा सूचना दी गई कि बीती रात करीब 2:30 बजे अज्ञात व्यक्ति स्टोर में रखी केबल चोरी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुमित कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपियों को चोरी करते समय ही पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में जैनुल आबेदीन (36 वर्ष), मोहम्मद साकिल (25 वर्ष), जलेश्वर चौधरी (35 वर्ष) निवासी कोतमा एवं रामदास निवासी मलगा (42 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक एंड्रॉइड मोबाइल, दो कीपैड मोबाइल, एक मोटरसाइकिल (टीवीएस स्पोर्ट्स, कीमत करीब ₹70,000) तथा लगभग 5-7 मीटर कॉपर केबल (कीमत करीब ₹5,000) जप्त की है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 91/26 के तहत धारा 331(4), 305(B) , 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है ।
*कपड़ा दुकान में लगी आग*
शहडोल जिले के खैरहा थाना क्षेत्र से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां राजेंद्र गेस्ट हाउस के बगल में स्थित नरेंद्र जायसवाल के कॉम्प्लेक्स में संचालित कपड़े की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा कपड़ा सहित अन्य सामान आग की लपटों में घिर गया।
आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में दुकान में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया। इस हादसे में दुकान मालिक को लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने का सही कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना व्यक्त की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही खैरहा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालात को संभाला। वहीं धनपुरी नगरपालिका की दमकल की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

