समाचार 01 फ़ोटो 01
ट्रक के अंदर फांसी पर लटका मिला वाहन मालिक का शव, हत्या या आत्महत्या, कारण अज्ञात
शहडोल
जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत शहडोल-रीवा मार्ग पर खड़े एक ट्रक के केबिन में वाहन मालिक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक यूपी 70 जीटी 1771 के अंदर वाहन मालिक इरफान खान का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। इरफान खान खुद ट्रक चालक भी था और वाहन का मालिक भी बताया जा रहा है। बताया गया है कि इरफान के पास दो ट्रक हैं और दोनों ट्रकों में प्रयागराज से ईंट लोड कर ब्यौहारी लाया गया था।
दूसरे ट्रक के चालक आनंद कुमार ने पुलिस को बताया कि वह दोनों ट्रक लेकर प्रयागराज से ब्यौहारी आए थे। एक ट्रक इरफान खुद चला रहा था, जबकि दूसरे ट्रक को आनंद चला रहा था। रविवार रात दोनों ट्रक ब्यौहारी में पानी टंकी के पास खड़े किए गए। इसके बाद दोनों ने साथ में खाना खाया। खाना खाने के बाद इरफान अपने ट्रक में सोने चला गया और आनंद अपने ट्रक में सो गया।
सोमवार सुबह जब आनंद इरफान को जगाने उसके ट्रक में पहुंचा तो उसने देखा कि इरफान ट्रक के अंदर फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। यह देख वह घबरा गया और तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही ब्यौहारी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। चालक आनंद बताया कि रात में खाना खाने के बाद इरफान अपनी पत्नी से फोन पर बात कर रहा था, लेकिन उसके बाद क्या हुआ? यह किसी को पता नहीं है।
समाचार 02 फ़ोटो 02
झाड़ियों में बाघ का क्षत-विक्षत मिला शव, मौके पर पहुँची वन विभाग की टीम, जांच में जुटी
उमरिया
जिले के मध्य प्रदेश राज्य वन विकास निगम क्षेत्र में एक बाघ का क्षत-विक्षत शव मिला है। जंगल में शव मिलने की सूचना के बाद वन विभाग और राज्य वन विकास निगम के अधिकारी सोमवार को मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
यह शव राज्य वन विकास निगम के परियोजना परिक्षेत्र उमरिया के चंदवार बीट के पी-111 राजस्व क्षेत्र में झाड़ियों के बीच पाया गया। शव की खराब स्थिति के कारण बाघ की मौत के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है।
सूचना पर वन विभाग और वन विकास निगम की एक संयुक्त टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। डॉग स्क्वाड की सहायता से भी जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या शिकार से संबंधित सुराग मिल सकें।
उमरिया परियोजना मंडल के संभागीय प्रबंधक अमित पटौदी ने बताया कि टीम मौके पर मौजूद है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, बाघ की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। घटना के बाद वन क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।
समाचार 03 फ़ोटो 03
शिक्षक पात्रता परीक्षा पर पुनर्विचार की मांग को लेकर राज्य मंत्री और सांसद को सौपा ज्ञापन
अनूपपुर
जिले का मप्र शिक्षक संघ शिक्षक पात्रता परीक्षा से जुड़े मामले में पुनर्विचार की मांग को लेकर सोमवार को मध्यप्रदेश शिक्षक संघ अध्यक्ष संजय कुमार निगम के नेतृत्व में कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यं मंत्री दिलीप जायसवाल एवं सांसद हिमाद्री सिंह को ज्ञापन सौंपते हुए शिक्षकों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
मध्य प्रदेश शिक्षक संघ अध्यक्ष संजय कुमार निगम ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा 1 सितंबर 2025 को दिए गए निर्णय के बाद प्रदेश के लाखों शिक्षकों की सेवा सुरक्षा एवं भविष्य पर संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में टीईटी की बाध्यता की प्रभावी तिथि 26 मार्च 2011 निर्धारित की गई थी। जिसे शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के अंतर्गत वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को योग्य और छूट प्राप्त श्रेणी में रखा गया था, जबकि वर्ष 2010 के बाद नियुक्त शिक्षकों के लिए निर्धारित समय सीमा में इसे उत्तीर्ण करना अनिवार्य किया गया था।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि हालिया न्यायिक निर्णय में इन दोनों श्रेणियों के मध्य विधिक अंतर की अनदेखी की गई है, जिससे प्रदेश के लगभग दो लाख से अधिक शिक्षक प्रभावित हो सकते हैं। संघ ने इसे शिक्षकों की सेवा सुरक्षा, आजीविका तथा शिक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर विषय बताया।।
मध्यप्रदेश शिक्षक संघ ने मंत्री एवं सांसद से मांग की कि वह इस विषय को शासन स्तर पर उठाते हुए मध्यप्रदेश सरकार से सर्वोच्च न्यायालय में पुनर्विचार याचिका दायर करवाने तथा शिक्षकों के हितों की रक्षा हेतु आवश्यक कदम उठाने की पहल करें। जिस पर मंत्री व सांसद ने आश्वत करते हुए कहां कि मुख्यमंत्री आप लोग के हितार्थ अवश्य रूप से बात रखीं जायेगी।
समाचार 04 फोटो 04
भाजपा ने किया कार्यालय निर्माण का भूमि पूजन, युवाओं ने ली सदस्यता, प्रत्येक बूथ पर मनाया स्थापना दिवस
अनूपपुर
भारतीय जनता पार्टी के अनूपपुर जिला कार्यालय निर्माण के लिए चचाई रोड पर भूमि पूजन का भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। मध्य प्रदेश शासन के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिलीप जायसवाल, जिले के प्रभारी मंत्री एवं शहडोल सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रामलाल रौतेल, जिला प्रभारी संजय साहू, जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम, पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल गुप्ता, रामदासपुरी आधार वैश्य एवं बृजेश गौतम की उपस्थिति में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ।
वर्चुअल माध्यम से मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जमवाल ने मार्गदर्शन प्रदान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, भाजपा का कार्यालय कार्यकर्ताओं की आधारशिला है। यह केवल दफ्तर नहीं, बल्कि भाजपा कार्यकर्ता के लिए एक मंदिर के समान है।कार्यक्रम के दौरान कोतमा में हुई दुखद घटना के शोक में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने दो मिनट का मौन धारण कर मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
बैठक के दौरान वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अनूपपुर भाजपा मंडल के लगभग 50 युवा कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष बृजेश चतुर्वेदी के प्रयास से भाजपा की सदस्यता ली। जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम एवं जिला प्रभारी संजय साहू ने उन्हें अंगवस्त्र ओढ़ाकर पार्टी में स्वागत किया तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। भाजपा के 47वें स्थापना दिवस पर जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम के नेतृत्व में अनूपपुर जिले के सभी बूथों पर कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम आयोजित किए।
समाचार 05 फ़ोटो 05
उपभोक्ता बिजली चोरी करते पकड़ा गया, जुर्माना की राशि जमा न करने पर हुआ गिरफ्तार, गया जेल
अनूपपुर
म प्र पू क्षे वि वि कं लि अनुपपुर ग्रामीण के कनिष्ठ अभियंता द्वारा दिनांक 17 फरवरी 2025 को दोपहर लगभग 12 बजकर 11 मिनट पर ग्राम दुलहरा मे राम नारायण पटेल पिता जियालाल पटेल उम्र 45 वर्ष के परिसर में औचक निरीक्षण किया गया था, जिसमे उपयोगकर्ता द्वारा एल टी लाइन से लगभग 45 मीटर डायरेक्ट लाइन जोड़कर कुआ मे दो एच पी की पनडुब्बी मोटर डालकर विद्युत की चोरी करते हुए पाया गया था। कुआ के पास उपभोक्ता प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित पार्वती उम्र 75 वर्ष द्वारा कनिष्ठ अभियंता अनूपपुर ग्रामीण को बताया कि कुआ मे मोटर उनके बेटे राम नारायण पटेल द्वारा डाला गया है, परिसर मे विद्युत उपयोग करने का कोई भी वैध प्रमाण नहीं मिला था, जिससे प्राथमिक तौर पर ही यह पाया गया था, विद्युत का अवैध उपयोग किया जा रहा है। जिस पर जांच टीम के द्वारा विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के अंतर्गत पंचनामा बनाते हुए प्रकरण तैयार किया गया। जिसका अंतिम निर्धारण करते हुए विद्युत क्षतिपूर्ति की सिविल दायित्व की राशि 13195 और प्रशमन राशि 200 कुल 13395 का निर्धारण करते हुए उपभोक्ता को कई बार जुर्माना राशि जमा करने हेतु कार्यालय से नोटिस दिया गया, परंतु उपभोक्ता द्वारा राशि जमा नहीं की जा रही थी। प्रकरण को तीन बार नेशनल लोक अदालत के माध्यम से प्री लिटीगेशन मे भी रखा जाकर उपभोक्ता को तीनो बार नोटिस दी गई, परंतु उसके बाद भी उपभोक्ता द्वारा राशि जमा नहीं की जा रही थी। जिससे कार्यपालन अभियंता अनूपपुर अरुणेन्द्र प्रसाद मौर्य द्वारा उक्त प्रकरण को नरेंद्र पटेल विशेष न्यायाधीश विद्युत अधिनियम अनूपपुर के न्यायालय मे रेगुलर प्रकरण के रूप मे प्रकरण क्रमांक 47/2026 मे दर्ज कराया गया, जिसमे न्यायालय द्वारा जमानती वारंट जारी किया गया, जिसकी तामीली के बाद भी आरोपी उपस्थित नहीं हुआ। जिसके बाद न्यायालय द्वारा आरोपी का गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया, जिसके परिपालन मे थाना कोतवाली अनूपपुर के पुलिस बल द्वारा गिरफ्तार कर रिमांड न्यायालय मे पेश किया, जिसे रिमांड न्यायालय ने जेल वारंट बनाकर जिला जेल अनूपपुर भेज दिया गया है।
समाचार 06 फ़ोटो 06
मां नर्मदा में आस्था की डुबकी, बैसाखी स्नान हेतु कई राज्यों से आ रहे हैं श्रद्धालु, लग रही है भीड़
अनूपपुर
धार्मिक, आध्यात्मिक एवं पावन तीर्थ नगरी अमरकंटक इन दिनों भक्ति और श्रद्धा के अनुपम संगम का साक्षी बन रही है। पतित-पावनी नर्मदा नदी के पवित्र तट पर वैशाख मास के शुभारंभ के साथ ही बैसाखी स्नान हेतु श्रद्धालुओं की निरंतर आमद बढ़ती जा रही है। दूर-दराज से आए श्रद्धालु मां नर्मदा की गोद में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।
चैत्र मास की पूर्णाहुति के पश्चात जैसे ही वैशाख प्रतिपदा का शुभारंभ हुआ, वैसे ही तीर्थयात्रियों का प्रवाह अमरकंटक की ओर उमड़ पड़ा। देश के विभिन्न प्रांतों—छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात एवं दक्षिण भारत के अनेक राज्यों से श्रद्धालु यहां पहुंचकर मां नर्मदा के पावन जल में स्नान, दर्शन, पूजन एवं अर्चन कर आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो रहे हैं।
प्रातः कालीन बेला से ही नर्मदा तट पर भक्ति का अलौकिक दृश्य देखने को मिलता है। “हर-हर नर्मदे” के गूंजते जयकारों के बीच श्रद्धालु स्नान कर विधिवत पूजन-अर्चन करते हैं। यह क्रम दिनभर चलता है और संध्या होते ही श्रद्धालु अपने-अपने गंतव्य की ओर लौट जाते हैं, हृदय में आस्था और संतोष की दिव्य अनुभूति संजोए हुए।
विशेष रूप से आज वैशाख मास के इस पुण्य अवसर पर मंडला जिले के नैनपुर-सालीवाड़ा क्षेत्र से सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचे, वहीं छत्तीसगढ़ के मुंगेली से भी बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों ने अमरकंटक पहुंचकर मां नर्मदा के पावन जल में स्नान कर पुण्य अर्जित किया।
समाचार 07 फ़ोटो 07
अवैध रेत उत्खनन, परिवहन पर पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली किया जब्त, चालक व मालिक पर मामला दर्ज
शहडोल
जिले के खैरहा थाना क्षेत्र अंतर्गत मझियार गांव में पुलिस ने अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्राली जब्त की है। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक और वाहन मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सराफा नदी से अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर ट्रैक्टर-ट्राली के माध्यम से परिवहन किया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मझियार गांव के पास नदी से अवैध रेत निकाली जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्राली को पकड़ लिया।
मौके पर ट्रैक्टर चालक बद्री कोल मिला, जिससे पूछताछ की गई। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह वाहन मालिक सुमित उर्फ लाला द्विवेदी के कहने पर नदी से रेत लेने आया था। पुलिस ने मौके से ट्रैक्टर-ट्राली जब्त कर थाना ले आई।
पुलिस ने चालक और वाहन मालिक के खिलाफ खनिज अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
समाचार 08 फ़ोटो 08
कलेक्टर की अध्यक्षता में समय सीमा की बैठक संपन्न, समय सीमा में प्रकरणों का निराकरण करने के दिए निर्देश
उमरिया
कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्टर सभागार में समय सीमा की साप्ताहिक बैठक संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए खराब प्रगति पर समय सीमा में प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि शिकायतों को संतुष्टिपूर्वक बंद किया जाए।बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री निवास से प्राप्त आवेदनों,आयुक्त शहडोल संभाग कार्यालय से प्राप्त आवेदनों तथा जनसुनवाई,न्यायालयीन प्रकरणों,मानवाधिकार के पत्रों,फैक्ट न्यूज आदि की समीक्षा करते हुए जिला प्रमुख अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी दायित्वों का निर्वहन समय सीमा में अनिवार्य रूप से करें।उन्होने शहरी भूमि के पट्टों के खराब निराकरण पर स्थिति को सुधारने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सर्वाइकिल कैंसर से बचाव हेतु 14 वर्ष से लेकर 15 वर्ष तीन माह कि बच्चियों का निशुल्क एचपीवी का टीकारण किया जा रहा है, इसके लिए आवश्यक है कि स्कूल,हॉस्टल के माध्यम से टीकाकरण के कार्य शत प्रतिशत वृध्दि प्राप्त की जाए। उन्होंने समस्त अनुविभागीय अधिकारियों से कहा है कि अपने क्षेत्रांतर्गत गैस सिलेंडर की उपलब्धता का अवलोकन करें। साथ ही गैस उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर का वितरण क्रम के अनुसार ही किया जाए।
उन्होने उप संचालक कृषि से कहा है कि खाद कि बिक्री केवल ई विकास केंद्र एवं ई टोकन के माध्यम से ही की जाए इसके बाद भी यदि अवैध रूप से खाद बिक्री होती पाई जाती है तो, संबंधित के विरूध्द एफआईआर दर्ज कराई जाए। उन्होने उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं से कहा है कि जिले में स्थित गौशालाओ में पानी, चारा, भूसा आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होने समस्त अधिकारियों से कहा है कि साधना सप्ताह अंतर्गत सभी विभाग निर्धारित कोर्स को पूरा करें ।
उन्होने समस्त अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिले की प्रमुख नदियों का सीमांकन कराएं तथा तालाबो पर हो रहे अतिक्रमण को हटवाते हुए जल संरचनाओ को अतिक्रमण से मुक्त कराएं । जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत सभी विभाग गंभीरता से कार्य करें एवं प्रतिदिन जानकारी उपलब्ध कराएं।
समाचार 09
नगरपालिका द्वारा हटाया गया अतिक्रमण
शहडोल
मुख्य नगरपालिका अधिकारी सुश्री पूजा बुनकर के नेतृत्व में धनपुरी नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य एवं नवाचार किये जा रहे है। इसी अनुक्रम में मुख्य नगरपालिका अधिकारी पूजा बुनकर द्वारा नगरपालिका अंतर्गत विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने कॉलेज तिराहा से नरगड़ा नाला के बीच बने शहर के मुख्य नाले का निरीक्षण कर हुए मैदानी अमले द्वारा नाले के ऊपर हुए अतिक्रमण को हटवाया एवं विभिन्न वार्डाे की साफ-सफाई के कार्य भी कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियो को दिए।