जंगल मे पेड़ पर चढ़कर लकड़ी काटते समय युवक गिरा हुई मौत, वन विभाग ने की जाँच शुरू
अनूपपुर
कोतमा वन परिक्षेत्र अंतर्गत सकोला बीट के जंगल में सरई के पेड़ में चढ़कर लकड़ी काट रहे युवक गुड्डू बसोर 25 वर्ष निवासी पतेराटोला की गिरने से दर्दनाक मौत होने का मामला सामने आया है। मृतक 30 फीट ऊंचाई पर पेड़ से लकड़ी काट रहा था।
जंगल में युवक की मौत की खबर से वन विभाग में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि वन विभाग की निष्क्रियता एवं साठगांठ से आए दिन जंगलों में लकड़ी कटाई का अवैध कार्य खुलेआम किया जाता है। घटना की सूचना अस्पताल स्टाफ के द्वारा दिए जाने पर पुलिस ने शव का निरीक्षण एवं पीएम उपरांत परिजनों को सौंप दिया। मामले में मर्ग कायम कर डायरी घटनास्थल भालूमाडा होने के कारण भेजी जाएगी ।
बताया जा रहा है कि गुड्डू बसोर पिता पूरन सुबह घर से साइकिल में लकड़ी काटने के लिए निकला था। जमुना कॉलोनी वर्कशॉप के पीछे सरई के जंगलों में लगभग 30 फीट उपर पेड़ में चढकर काटने के दौरान अचानक गिर गया। गंभीर घायल होने पर वन चौकीदार चौधरी दो पहिया वाहन से कोतमा अस्पताल लाया जहां मौत हो गई।
जन चर्चा है कि मृतक को मिर्गी के भी बीमारी थी जिस कारण भी गिरने की संभावना बताई जा रही है। घटना को लेकर जहां स्थानीय लोगों में वन विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखा जा रहा है। वन विभाग के द्वारा निजी आदमियों के माध्यम से जल्द से जल्द मामले को शांत करने में जुटा हुआ था।
पर्यावरण प्रेमियों का आरोप है कि रेंजर की विफलता के कारण क्षेत्र में जंगलों का सफाया तेजी से हो रहा है। जहां खुलेआम जंगलों की हरियाली पर कुल्हाड़ी का प्रहार जारी है वही मलगा सर्किल से कोयला खनन का काम भी तेजी से हो रहा। जिम्मेदार साठगांठ कर वनों का नुकसान करा रहे हैं।
इनका कहना है।
पेड़ में चढ़े युवक की गिरकर मौत होने की घटना की जानकारी मिली है। मामले की जांच कराई जाएगी।
*हरीश तिवारी रेंजर कोतमा*
