कार में मिला था गांजा, कुएं में मिला था तीन शव मामले में छटवां आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार
शहडोल
जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र में 13-14 अप्रैल की रात कुएं में मिले तीन युवकों के शव के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी माइकल को गिरफ्तार किया है। इस बहुचर्चित घटना में अब तक कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन मौत की परिस्थितियों को लेकर उठ रहे सवाल अब भी शांत नहीं हुए हैं।
मृतकों की पहचान तनुज शुक्ला, सचिन सिंह बघेल और रोहित शर्मा के रूप में हुई थी। पुलिस का दावा है कि गांजा तस्करी के दौरान पुलिस को देखकर तीनों युवक भागे और करीब 60 फीट दूर स्थित कुएं में गिरने से उनकी मौत हो गई। हालांकि, स्थानीय लोगों और परिजनों का कहना है कि जब पुलिस मौके पर मौजूद थी और वाहनों की तलाशी लेकर गांजा जब्त कर रही थी, तब पास ही कुएं में डूब रहे युवकों की भनक तक नहीं लगना कई सवाल खड़े करता है।
गिरफ्तार किया गया माइकल वही व्यक्ति है, जो घटना की रात दुर्घटनाग्रस्त क्रेटा कार में ड्राइवर के बगल वाली सीट पर बैठा था। इस कार को सुनील टांडिया चला रहा था, जिसे पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार, माइकल इस पूरे गांजा नेटवर्क की अहम कड़ी हो सकता है और उससे पूछताछ में तस्करी के स्रोत और सप्लाई चैन को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।
इस मामले में सबसे पहले सड़क किनारे खड़ी कार के मालिक शंकर विश्वकर्मा को पकड़ा गया था। उसके इनपुट पर आगे की कार्रवाई करते हुए सुनील टांडिया, हीरासिंह (जिसके घर से 200 किलो गांजा बरामद हुआ), सोनू बैगा और रामपाल सिंह को गिरफ्तार किया गया। अब माइकल की गिरफ्तारी के साथ यह संख्या छह हो गई है, जबकि तीन अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है।
