समाचार 01 फ़ोटो 01

माँ व पुत्र की पिटाई से युवक की हुई मौत, दोनों आरोपी गिरफ्तार, मृतक था गांजा व शराब का आदी

अनूपपुर

जिले के कोतमा थाना क्षेत्र के श्रमिक नगर में एक मां-बेटे ने एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक 34 वर्षीय मनोज साहू का शव शंकर मंदिर के पास एक इमली के पेड़ के नीचे मिला। पुलिस ने इस मामले में रैमुन बाई और उसके बेटे शिवराम चौधरी को गिरफ्तार किया है। स्थानीय लोगों की सूचना पर कोतमा पुलिस मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा भिजवा दिया।

पुलिस अधीक्षक अनूपपुर ने बताया कि मृतक मनोज साहू शराब और गांजा पीने का आदी था, जिसके कारण परिवार ने उसे घर से निकाल दिया था। वह कालरी के खंडहरनुमा मकान में रहता था। आरोपी शिवराम चौधरी और उसकी मां रैमुन बाई भी पास ही रहते थे। शिवराम और मनोज दोनों गांजा और शराब के आदी थे। शिवराम चौधरी और मनोज साहू साथ बैठकर गांजा पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो गाली-गलौज से हाथापाई तक पहुंच गया।

शिवराम चौधरी ने पास रखे डंडे से मनोज साहू की पिटाई शुरू कर दी। तभी उसकी मां रैमुन बाई भी बाहर निकली और मनोज साहू का हाथ पकड़कर उसे पीटने लगीं। मां-बेटे की पिटाई से कुछ ही देर में मनोज साहू की मौत हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। हालांकि, पुलिस ने स्थानीय लोगों की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया है। पुलिस मृतक के परिजनों को सूचना देकर पोस्टमार्टम के लिए बुलाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की पूछताछ के बाद हत्या के मुख्य कारणों का खुलासा किया जाएगा।

समाचार 02 फ़ोटो 02

दुर्लभ प्रजाति के खैर के अवैध परिवहन करते वन विभाग ने ट्रक किया जप्त, चालक हुआ फरार

अनूपपुर

जिले में भी दुर्लभ प्रजाति के खैर(कत्था) के हरे पेड़ों को बेरहमी से कटकर अवैधानिक रूप से तस्करी करने के दौरान, वन परिक्षेत्र बिजुरी के अधिकारी/कर्मचारियों द्वारा रात्रि गस्ती के दौरान तलाशी हेतु एक ट्रक वाहन को रोके जाने दौरान, आरोपी चालक मौके टक को खड़ा कर फरार हो गया। ट्रक के आगे पीछे तस्करों की गाड़ियां चलने की संभावना व्यक्त की जा रही है, ट्रक की तलाशी पर खैर की लकडी टुकड़ों में कटी मिली, वन विभाग द्वारा आरोपी चालक के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जप्त ट्रक को वन परिक्षेत्र कार्यालय परिसर बिजुरी में सुरक्षित रखते हुए फरार आरोपी चालक एवं अन्य की तलाश करते हुए प्रकरण की गंभीरता से जांच करने में जुटी है।

रात में वन परिक्षेत्र बिजुरी के कर्मचारियों द्वारा रात्रि ग्रस्त की जा रही थी इसी दौरान रात 9 बजे के लगभग मौहरी गोढहा,बसखली की ओर से एक बड़ा ट्रक HR 69 B 6524 तेजी से चला आ रहा था, कोतमा बीट अंतर्गत बसखली गांव के मार्ग पर पहुंचने दौरान टॉर्च के सहारे ट्रक की तलाशी हेतु खड़ा कराया गया, इसी दौरान आरोपी चालक ट्रक को खड़ा कर मौके से तेजी से अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। परीक्षण दौरान ट्रक के अंदर पांच घन मीटर की दुर्लभ प्रजाति के खैर (कत्था) की लकडी बक्कल सहित टुकड़ों में काटकर रखा होना पाया गया। तलासी के दौरान वाहन में वाहन चालक मोहम्मद हारुन पिता अब्बास उम्र लगभग 33 वर्ष निवासी मुंडीगढ़ी जिला करनाल हरियाणा प्रदेश का होना पाया गया, फरार आरोपी के विरुद्ध वन अपराध,अवैध परिवहन के तहत विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जप्त वाहन को वन परिक्षेत्र कार्यालय परिषर बिजुरी मे ला कर रखा गया है। वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को दिए जाने पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर दुर्लभ प्रजाति के खैर(कत्था)के लकडी का अवैध व्यापार करने वाले आरोपियों की तलाश की जा रही है। इसके पूर्व वन विभाग के द्वारा जैतहरी,अनूपपुर,राजेंद्रग्राम के साथ शहडोल जिले में भी जप्ती की कार्यवाही की गई है। दुर्लभ प्रजापति के खैर(कत्था)के तस्करों द्वारा व्यापक पैमाने पर तस्करी किए जाने से दुर्लभ प्रजाति के खैर(कत्था)के पेड़ों की कमी आ रही है। इस तस्करी मे अनूपपुर थाना एवं तहसील के एक गांव के मुख्य तस्कर के नाम आने की संभावना पर वन विभाग द्वारा जांच की जा रही है।

समाचार 03 फ़ोटो 03

राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय शिविर का चतुर्थ दिवस सफलतापूर्वक संपन्न

अनूपपुर

पंडित रामगोपाल तिवारी महाविद्यालय एवं शासकीय तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर के द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर के अंतर्गत चतुर्थ दिवस का आयोजन दिनांक 29 मार्च 2026 को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना एवं योगाभ्यास से की गई, जिससे स्वयंसेवकों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।

इसके पश्चात स्वयंसेवकों द्वारा ग्राम बर्री बस्ती में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्राम पंचायत के सचिव एवं उपसरपंच की उपस्थिति में विद्यार्थियों ने गांव में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। परियोजना कार्य के उपरांत अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, रीवा के प्रमुख राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अभिमन्यु प्रताप सिंह जी  ने शिविर का निरीक्षण किया तथा स्वयंसेवकों को प्रेरणादायक मार्गदर्शन प्रदान किया।

चतुर्थ दिवस के बौद्धिक सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी शाखा अनूपपुर के चेयरमैन डॉ. आर.पी. सोनी, विशिष्ट अतिथि के रूप में कोषाध्यक्ष अशोक कुमार शर्मा , पीआरटी महाविद्यालय के संचालक डॉ. देवेंद्र कुमार तिवारी एवं NSS के जिला समन्वयक डॉ. ज्ञान प्रकाश पांडे मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

डॉ. देवेंद्र कुमार तिवारी जी ने NSS के तहत देशभर में संचालित विभिन्न सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इससे युवाओं में नेतृत्व क्षमता, टीम वर्क, आत्मनिर्भरता एवं समस्या-समाधान कौशल का विकास हो रहा है।  कार्यक्रम के अंत में छात्राओं द्वारा समूह गान “हम होंगे कामयाब” की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। 

समाचार 04 फ़ोटो 04

चार्जिंग पर लगी ई-स्कूटी की बैटरी में हुआ ब्लास्ट, 2 बाइक, 2 लाख नगद, व शादी का सामान जलकर हुआ खाक

शहडोल

जिले में चार्जिंग में लगी एक ई-स्कूटी अचानक आग का गोला बन गई और देखते ही देखते महिला बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर के घर को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही दिनों बाद बेटी की शादी होनी थी, लेकिन उससे पहले शादी की सारी तैयारियों को राख कर दिया। आग में एक्वेरियम की मछलियां तक जल गई। बता दें कि इंदौर में ईवी चार्जिंग कार में आग लगने से 8 लोगों की मौत हो गई थी।

दरअसल अमलाई थाना क्षेत्र के धनपुरी वार्ड में बीती रात सुपरवाइजर सुनीता रजक के घर हादसा हुआ। घर के पहले कमरे में चार्जिंग पर लगी ई-स्कूटी की बैटरी में अचानक ब्लास्ट हुआ और आग भड़क गई। लपटें इतनी तेज थीं कि घर का मुख्य द्वार और इलेक्ट्रिक मीटर भी चपेट में आ गया। आग और धुएं से घबराकर परिवार को दीवार फांदकर जान बचानी पड़ी। किचन में रखे दो गैस सिलेंडर भी आग की जद में आ गए थे, लेकिन पड़ोसियों की मदद से समय रहते उन्हें बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

इस आग में दो बाइक, ई-स्कूटी, लाखों के जेवर, करीब दो लाख रुपये नकद और 21 अप्रैल को होने वाली शादी का पूरा सामान जलकर खाक हो गया। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घर में रखा एक्वेरियम और उसमें मौजूद मछलियां भी जल गईं, वहीं मंदिर की प्रतिमाएं भी नहीं बच सकीं, करीब 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अमलाई थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पाण्डेय ने बताया कि आगजनी कायम कर मामले की जांच की जा रही है।

समाचार 05 फ़ोटो 05

दीवार में सेंध लगाकर चोरो ने 3 तोला सोना, आधा किलो चांदी, 25 हजार नगद किया पार

शहडोल 

जिले में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं और चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब वे लोगों के घरों में सेंध लगाकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। बुढार थाना क्षेत्र में एक अजब-गजब चोरी का मामला सामने आया है। यहां परिवार घर के आंगन में सोता रहा और कमरों में बाहर से ताला लगा हुआ था, लेकिन सुबह तक अंदर से लाखों की चोरी हो चुकी थी।

पुलिस के अनुसार यह घटना बुढार थाना क्षेत्र के रामजानकी मंदिर वार्ड नंबर 10 में हुई। यहां रहने वाले दीपक साहू के घर अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बताया गया कि गर्मी के कारण परिवार के सभी सदस्य रात में घर के आंगन में सो रहे थे और कमरों के दरवाजों में बाहर से ताला लगा दिया गया था।

सुबह जब परिवार के लोग उठे, तो दरवाजों में ताला वैसे ही लगा हुआ था। लेकिन अंदर जाकर देखा तो सभी के होश उड़ गए। चोर घर के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर अंदर घुसे थे और कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे जेवरात और नगदी पार कर दी। कमरे के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और दीवार में बड़ा छेद मिला, जिससे चोर अंदर आए थे।

पीड़ित दीपक साहू ने बताया कि चोर लगभग 3 तोला सोने के जेवरात, आधा किलो चांदी के जेवरात और करीब 25 हजार रुपए नगद लेकर फरार हो गए। दीपक साहू के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 5 लाख रुपए बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों के कारण लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। लोग पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने और गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

समाचार 06 फ़ोटो 06

कंकाली माता मंदिर के दर्शन के दौरान गले से चैन पार, मामला दर्ज, पुलिस जांच में जुटी

शहडोल

सोहागपुर थाना क्षेत्र के कंकाली मंदिर में चैत्र नवरात्रि के दौरान दर्शन करने पहुंची एक महिला के गले से सोने की चैन चोरी हो गई। खास बात यह रही कि महिला का दामाद जिले के दूसरे थाने में ड्यूटी पर तैनात होकर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहा था, जबकि उसी दौरान उसकी सास चोरी की शिकार हो गई। घटना के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

पुलिस के अनुसार पुलिस लाइन निवासी अनीता कोल (48), पति अशोक कोल, पुलिस क्वार्टर एफ-22 में रहती हैं। वह कंकाली मंदिर में देवी दर्शन के लिए पहुंची थीं और महिलाओं की लाइन में खड़ी थीं। इसी दौरान किसी अज्ञात चोर ने उनके गले से करीब एक तोले वजनी सोने की चेन पार कर दी। घटना उस समय हुई जब मंदिर परिसर में भारी भीड़ थी और सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात था।

पीड़िता, सोहागपुर थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक शैलेंद्र कोल की सास बताई जा रही हैं। घटना के समय प्रधान आरक्षक अपने थाना क्षेत्र में ड्यूटी पर थे।घटना के बाद महिला ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि शनिवार शाम को ही उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी थी।

पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। साथ ही संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।

समाचार 07 फ़ोटो 07

बाजार क्षेत्र में फिर बढ़ा अतिक्रमण, राहगीरों की मुश्किलें बढ़ीं, 

अनूपपुर/कोतमा

शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्र में इन दिनों अतिक्रमण की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा सामान फैलाने तथा ठेले-खोमचे लगाने से मुख्य मार्ग संकरा हो गया है, जिसके कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर पैदल चलना भी कठिन हो गया है और दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार सुबह से देर शाम तक बाजार में भारी भीड़ रहती है, लेकिन अतिक्रमण के कारण आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे विशेष रूप से परेशान हैं तथा दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। दुकानदारों का कहना है कि प्रतिस्पर्धा के कारण दुकान के बाहर सामान रखना मजबूरी है, जबकि ठेला संचालक स्थायी स्थान उपलब्ध न होने से सड़क किनारे व्यवसाय करने को विवश हैं।

नगर पालिका द्वारा समय-समय पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाती है, लेकिन कुछ ही दिनों बाद स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है, जिससे समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है। नगर पालिका परिषद कोतमा एवं जिला प्रशासन के यातायात/अतिक्रमण अमला पर है, जो नियमित निरीक्षण और व्यवस्था बनाए रखने के लिए उत्तरदायी है। नागरिकों का आरोप है कि नियमित और सख्त कार्रवाई के अभाव में अतिक्रमण लगातार बढ़ रहा है, जिससे आमजन को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।

समाचार 08

30 मार्च को सार्वजनिक अवकाश घोषित

उमरिया

मध्यप्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन विभाग,भोपाल के अनुपालन में तथा जनभावनाओं और स्थानीय परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए जिला उमरिया हेतु पूर्व में घोषित सार्वजनिक अवकाश में संशोधन किया जाता है। कैलेंडर वर्ष 2026 हेतु घोषित अवकाशों की सूची में महावीर जयंती के उपलक्ष्य में  31 मार्च 2026  को घोषित अवकाश के स्थान पर अब संपूर्ण उमरिया जिले में 30 मार्च 2026 को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।दिनांक 31 मार्च 2026 (मंगलवार) को सभी शासकीय कार्यालय एवं संस्थाएं पूर्ववत खुले रहेंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

समाचार 09

नरवाई जलाने वाले किसानों पर लगेगा पर्यावरणीय जुर्माना

हार्वेस्टर में स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम/स्ट्रा रीपर न होने पर मशीन होगी जब्त

उमरिया

उप संचालक, कृषि संग्राम सिंह मरावी ने बताया कि गेहूं एवं अन्य फसलों के अवशेषों को खेतों में ही गलत तरीके से जलाए जाने को तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित किया गया है तथा ऐसा करते हुए पाए जाने पर पर्यावरणीय मुआवजा अधिरोपित किया जाएगा।यदि कोई व्यक्ति/ संस्था ऐसा करते हुए पाया जाता है तो उसे नेशनल ग्रीन टिब्यूनल के नियमानुसार जिसमें नरवाई जलने पर 2 एकड़ या उससे कम भूमि धारक को 2500 रुपये प्रति घटना, 2 एकड से अधिक लेकिन 05 एकड़ से कम भूमि धारक से 5000 रुपये प्रति घटना, 5 एकड़ से अधिक भूमि धारक से 15000 रुपये प्रति घटना शामिल है । 

समाचार 10

निर्माण कार्य प्रारंभ करने की सूचना देना अनिवार्य

उमरिया

श्रमपदाधिकारी ने बताया कि श्रम विभाग द्वारा निर्माण स्थलों पर सुरक्षा एवं स्वस्थ कार्यस्थल बनाने और श्रमिकों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का समुचित लाभ पहुंचाने के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं।भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल अंतर्गत निर्माण स्थलों पर श्रमिकों के लिए सुरक्षा व्यवस्था एवं सुरक्षा अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। श्रम सेवा पोर्टल मोबाईल ऐप पर निर्माण स्थल का पंजीयन विवरण,कर्मचारियो की संख्या,स्थान (लोकेशन) सहित अन्य आवश्यक जानकारी एकत्र की जा रही है, जिस पर नियोजक श्रमिको के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी दे सकते हैं। 


Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget