समाचार 01 फ़ोटो 01

बद से बदतर अस्पताल, घायल मरीज को नही मिली बेड,  जंग लगे स्ट्रेचर पर दी जा रही है ऑक्सीजन

नर्क' जैसी व्यवस्था जानवरों से बदतर है इंसानों की कीमत

अनूपपुर

स्वास्थ्य विभाग की 'हाईटेक' स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलती एक तस्वीर इन दिनों अनूपपुर जिले के राजेंद्र ग्राम से सामने आई है, जो सूबे के मुखिया और स्वास्थ्य मंत्री के दावों को सरेआम झुठलाकर खोखला साबित कर रही है। अनूपपुर सीएमएचओ की नाक के नीचे चल रहे इस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को इलाज के नाम पर जो 'नरक' दिया जा रहा है, उसे देखकर किसी भी संवेदनशील इंसान की रूह कांप जाए।

तस्वीर में साफ दिख रहा है कि एक घायल व्यक्ति, जिसकी जान हलक में अटकी है, उसे अस्पताल के किसी साफ-सुथरे बेड पर होना चाहिए था। लेकिन अनूपपुर स्वास्थ्य विभाग की 'महान' व्यवस्था ने उसे एक पुराने, जंग लगे और गंदगी से पटे स्ट्रेचर पर लिटाकर ऑक्सीजन लगा दी है।

जंग लगा स्ट्रेचर: जिस लोहे पर मरीज लेटा है, वह संक्रमण का सबसे बड़ा केंद्र है। क्या सीएमएचओ साहब बताएंगे कि मरीज को बचाने का प्रयास हो रहा है या उसे मौत के मुंह मे धकेला जा रहा है। दीवारों पर जमी कालिख, लटकते तार और बिना चादर का वह ठिठुरता लोहे का स्ट्रेचर—क्या यही है, मध्यप्रदेश सरकार व स्वास्थ्य विभाग का सुशासन।

जो बजट आया कहाँ गया, अस्पताल के रखरखाव और बेड के नाम पर आने वाला सरकारी पैसा किस अधिकारी की तिजोरी की शोभा बढ़ा रहा है। इमरजेंसी बेड का बोर्ड मजाक क्यों उड़ाया जा रहा है, जब मरीज के सिरहाने 'Emergency Bed' का बोर्ड लगा है, तो उसे बेड क्यों नहीं मिला, क्या बेड रसूखदारों, वीआईपी के लिए रिजर्व रखे गए हैं। नो वीडियो का बोर्ड किसके लिए लगाया गया हैं, अस्पताल की दीवारों पर 'मोबाइल मना है' का बोर्ड इसलिए लगाया गया है ताकि जनता आपकी इस 'बदहाली' को दुनिया को न दिखा सके।

जिले के राजेंद्र ग्राम की यह तस्वीर सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रही है। लोग पूछ रहे हैं कि क्या अनूपपुर जिले के गरीब आदिवासियों और आम नागरिकों की जान इतनी सस्ती है? एक्सीडेंट के बाद दर्द से कराहते मरीज को एक साफ बेड तक न दे पाना जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की घोर विफलता है।

इनका कहना है।

मरीज को रेफर करते समय स्ट्रैचर पर रखकर ही एम्बुलेंस तक पहुँचाया जाता है, इसमे गलत क्या है, उसी समय किसी ने फ़ोटो ले ली है।

*डॉ. आर के बर्मा बीएमओ पुष्पराजगढ़*

समाचार 02 फ़ोटो 02

कोयलांचल की माटी का 'कोहिनूर' बिजुरी की बेटी और बहू पूजा सोनी बनीं 'मिस इंडिया'

अनूपपुर

अक्सर कहा जाता है कि छोटे शहरों के सपनों की एक सीमा होती है, लेकिन अनूपपुर जिले की कोयलांचल नगरी बिजुरी की एक बहू ने इस धारणा को पैरों तले रौंद दिया है। नगर पालिका बिजुरी के वार्ड क्रमांक 07 की लाड़ली और इसी नगर की पुत्रवधू पूजा सोनी ने 'मिस इंडिया' का प्रतिष्ठित ताज पहनकर इतिहास रच दिया है। यह जीत केवल एक मुकुट की नहीं, बल्कि उस अटूट हौसले की है जो चूल्हे-चौके की जिम्मेदारी और दो बच्चों के पालन-पोषण के बीच भी डिगा नहीं।

दो घरों का मान बिजुरी की ही बेटी, बिजुरी की ही बहू पूजा सोनी की सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि उनका मायका और ससुराल दोनों बिजुरी में ही है।  पिता राम शिरोमणि सोनी एवं माता मालती सोनी की बेटी ने जहाँ संस्कारों की नींव पाई। वहीं पति संतोष कुमार सोनी के अटूट विश्वास ने उन्हें राष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने का हौसला दिया।

अपने दो बच्चों (चाहत और किशन) की परवरिश के साथ-साथ महर्षि मार्तण्ड विश्वविद्यालय (कोतमा) से मास्टर ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी करने वाली पूजा आज हर उस महिला के लिए प्रेरणा हैं जो शादी के बाद अपने सपनों को अधूरा छोड़ देती हैं।

उपलब्धियों का 'गोल्डन रन': 2025 से 2026 तक का सफर, पूजा सोनी की यह यात्रा किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। वर्ष 2025: समाज सेवा और महिला सशक्तिकरण के लिए 'नारी शक्ति अवार्ड' से नवाजा गया। वर्ष 2026: अपनी बौद्धिक क्षमता और पेशेवर सौंदर्य (Professional Beauty) के दम पर 'जूरी अवार्ड्स' जीता। मिस इंडिया 2026: राष्ट्रीय स्तर पर 'मिस इंडिया' का खिताब जीतकर विंध्य क्षेत्र का नाम स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज कराया।

इस सफलता के पीछे वार्ड 07 की सजग पार्षद विमला पटेल का बड़ा योगदान रहा। एक जनप्रतिनिधि से इतर उन्होंने एक संरक्षक (Mentor) की भूमिका निभाते हुए पूजा की प्रतिभा को निखारा। पार्षद पटेल का कहना है— "पूजा की जीत ने साबित कर दिया कि यदि सही मार्गदर्शन मिले, तो हमारे कस्बे की बेटियाँ दुनिया को अपना कायल बना सकती हैं।

समाचार 03 फ़ोटो 03

ईरान भारत का मित्र, समय पर खरा उतरने वाला साझेदार, मगर प्रधानमंत्री मोदी की चुप्पी चिंताजनक

अनूपपुर 

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के मध्य प्रदेश के सहायक सचिव और विश्वशांति एवं एकजुटता संगठन(एप्सो) के महासचिव कामरेड विजेंद्र सोनी एडवोकेट अनूपपुर ने बयान जारी कर बताया कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव  कामरेड डी राजा का ईरान के ताजा घटनाक्रम पर बयान जारी कर इस बात को मजबूत किया है कि भारत की विदेश नीति जो पहले थी उसे पर मौजूदा सरकार नहीं चल रही है। उन्होंने अपने बयान में कहा है कि अमेरिका-इज़राइल गठजोड़ अपने सबसे नग्न रूप में बुराई और दुष्टता का प्रतिनिधित्व करता है।ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की प्रत्यक्ष सैन्य बल द्वारा हत्या एक गंभीर और खतरनाक निंदनीय घटनाहै।

हम वामपंथी हमेशा से खामेनेई शासन की महिलाओं के अधिकारों, लोकतांत्रिक स्वतंत्रताओं और नागरिक स्वतंत्रताओं पर आलोचना करते आए हैं। लेकिन राजनीतिक असहमति कभी भी साम्राज्यवादी कसाइयों के हाथों किसी राज्य के संप्रभु प्रमुख की लक्षित हत्या को उचित या सामान्य नहीं ठहरा सकती। यदि ऐसे कृत्यों को स्वीकार कर लिया जाए, तो अंतरराष्ट्रीय कानून अर्थहीन हो जाएगा और संप्रभुता सशर्त हो जाएगी।।

सात दशकों से संयुक्त राज्य अमेरिका दुनिया में संघर्ष का प्रमुख स्रोत रहा है। वियतनाम की तबाही, ग्वाटेमाला और चिली में तख्तापलट, निकारागुआ में कोंट्रा युद्ध, और पनामा पर आक्रमण, वेनेज्वला में राष्ट्रध्यक्ष का अपहरण से लेकर अफगानिस्तान, इराक, लीबिया के विनाश और सीरिया में लंबे हस्तक्षेप तक। 

भारत सरकार और प्रधानमंत्री मोदी की चुप्पी चिंताजनक है। ईरान एक मित्रवत, समय पर खरा उतरा साझेदार रहा है, जो कश्मीर पर सहायक रहा है और ओआईसी में संतुलित भूमिका निभाता रहा है। चाबहार बंदरगाह में भारत का रणनीतिक निवेश, जो पाकिस्तान को दरकिनार करके अफगानिस्तान और मध्य एशिया तक पहुँच के लिए महत्वपूर्ण है, ईरान की अस्थिरता से सीधे खतरे में पड़ गया है।

समाचार 04 फोटो 04

होली उत्सव, उपहार और मिठाई पाकर गरीब बच्चों और परिजनों के खिल उठे चेहरे

उमरिया

होली के पावन पर्व पर जिले की सक्रिय युवाओं की टोली युवा टीम उमरिया के द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जिले मुख्यालय से लगे हुए ग्रामीण क्षेत्रों की बस्तियों में पहुंचकर  80 नन्हे नन्हे बच्चों को खुशियों के रंग बांटने और हर उदास चेहरे पर मुस्कान लाने के कार्य के उद्देश्य उपस्थित सभी बच्चों को पिचकारी ,रंग गुलाल ,मिठाइयां, बिस्किट, फल,मुखौटा आदि  उपहार में दिया गया। इस आयोजन से बच्चों के बीच हर्षोल्लास का माहौल बना रहा, और उन्होंने पूरे जोश के साथ त्योहार का आनंद लिया।उद्देश्य समाज के हर वर्ग के बच्चों तक शिक्षा और खुशियां पहुंचाना है। कार्यक्रम में ग्रामीण बच्चों के बीच खुशी का लहर देखने को मिला।

टीम संयोजक हिमांशु तिवारी ने जानकारी देते हुए कहा कि बस्ती इलाके 80 से अधिक गरीब परिवार के बच्चों को फल, बिसकिट्स, टॉफ़ी, रंग गुलाल एवं पिचकारी का वितरण उपहार स्वरूप करते हुए उनके साथ होली का त्यौहार होली का उत्सव बड़े ही धूमधाम व उत्साह पूर्वक मनाया गया। मिठाई, रंग गुलाल एवं पिचकारी मिलने पर बच्चों के चेहरे पर खुशियां उमड़ पड़ी, मानो उनके खुशियों का कही ठिकाना ही नही रहा।हम त्यौहार तो धूमधाम से मनाते हैं लेकिन दूसरों की खुशियों का ख्याल नहीं रखते। हम सभी को एक होकर समाज में आगे आना चाहिए और जरूरतमंदों के साथ और इन बच्चों के साथ त्योहार मना कर खुशियां बॉटनी चाहिए” युवा टीम उमरिया पिछले 6 साल से नगर वासियों के सहयोग से सभी त्योहार झुग्गी झोपड़ी एवं जरूरतमंद और बुजुर्गों के साथ ही मनाती आ रही है। इस दौरान हिमांशु तिवारी,राहुल सिंह, महक सोनी, खुशबू बर्मन,साक्षी रैदास,एवं सभी उपस्थित रहे।

समाचार 05 फ़ोटो 05

हाथी देखने गए युवक को हाथी ने दौड़ाया गिरने से हुआ घायल, अस्पताल में भर्ती

अनूपपुर

जिले के कोतमा तहसील, वन परिक्षेत्र के चुकान गांव के जंगल में गांव की कुछ लोगों के साथ एक युवक हाथी देखने गया जो वीडियो बना रहा था, इसी दौरान हाथी के चिघाडं कर दौड़ाने से दौड़ने दौरान गिरने से घायल होने पर युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा में उपचार हेतु भर्ती कराया गया है, वही वन विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौके पर पहुंचकर हाथी के विचरण पर निगरानी रखते हुए ग्रामीणों को सचेत एवं सतर्क रहने की अपील की अपील की है।

बीट चुकान अंतर्गत वन कक्ष क्रमांक पीएफ 471 में एक जंगली हाथी के विचरण की सूचना ग्रामीणों को प्राप्त हुई। इस दौरान ग्राम चुकान बाकी बांध के पास सायं जंगली हाथी द्वारा आसपास उपस्थित ग्रामीणों को दौड़ाया गया। इस दौरान ग्राम चुकान निवासी दारा सिंह पिता राम सिंह पोर्ते उम्र 21 वर्ष वार्ड नंबर 13 ग्राम चुकान ग्राम पंचायत चुकान थाना भालूमाड़ा तहसील कोतमा निवासी हाथी के द्वारा दौड़ाये जाने पर घायल हो गया, दारा सिंह के पैर हाथ चेहरे चोट आई है। जिन्हें उपचार हेतु तत्काल मौके से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा लाकर भर्ती कराया गया, जिनका उपचार चल रहा है। डॉक्टरों द्वारा वर्तमान में उनकी स्थिति स्वस्थ बताई गई। दारा सिंह पॉलिटेक्निक कॉलेज शहडोल में प्रथम वर्ष के छात्र हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा में परिक्षेत्र सहायक लतार अभिलाष सोनी एवं बीटगार्ड लतार अवध नरेश शुक्ला मौके पर पहुंचे घायल व्यक्ति को देखें तथा तात्कालिक सहायता राशि प्रदान किया गया घायल व्यक्ति का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा में जारी है।

समाचार 06 फोटो   06

ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार को मारी टक्कर, युवक की हुई मौत, गुस्साये परिजनों ने लगाया जाम

शहडोल

जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जिसके बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने जयसिंहनगर–अमझोर मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक शव सड़क पर ही रखा रहा और परिजन ट्रक मालिक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के अमझोर मार्ग स्थित रामसोहरा तिराहे के पास हुआ। मृतक की पहचान श्रवण साहू (30) निवासी गांधिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि श्रवण साहू अपनी बाइक से जयसिंहनगर बाजार की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे बोर लदे ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ट्रक के नीचे आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना को देख आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक का पीछा कर कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने ट्रक को जप्त कर थाने में खड़ा करा दिया है, वहीं चालक को भी हिरासत में ले लिया गया है।

इधर घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से गुस्साए लोगों ने जयसिंहनगर–अमझोर मार्ग पर चक्का जाम लगा दिया, जिससे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। परिजनों का कहना है कि जब तक ट्रक मालिक को मौके पर नहीं बुलाया जाएगा और उचित कार्रवाई का आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक वे जाम नहीं हटाएंगे। घटना स्थल पर करीब एक घंटे तक शव सड़क पर ही रखा रहा। स्थिति को संभालने के लिए थाना प्रभारी और तहसीलदार मौके पर पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों को समझाया गया। 

समाचार 07 फ़ोटो 07

कोतमा स्टेशन पर निजामुद्दीन-अंबिकापुर एक्सप्रेस का ठहराव शुरू, क्षेत्र में खुशी की लहर

अनूपपुर/कोतमा

जिले के अंतर्गत कोतमा नगर और क्षेत्रीय निवासियों की वर्षों पुरानी मुराद आखिरकार पूरी हो गई है। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेल मंत्रालय ने अंबिकापुर से निजामुद्दीन एवं वापसी में निजामुद्दीन से अंबिकापुर जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन का स्टॉपेज कोतमा रेलवे स्टेशन पर सुनिश्चित कर दिया है। बुधवार को पहली बार ट्रेन के यहाँ रुकने पर स्टेशन का नजारा उत्सव जैसा रहा, जहाँ नगरवासियों ने उत्साह के साथ इस नई शुरुआत का स्वागत किया।

क्षेत्रीय रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की समस्याओं को देखते हुए सांसद हिमाद्री सिंह निरंतर प्रयासरत थीं। उनकी विशेष मांग और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कोतमा में इस प्रमुख ट्रेन के स्टॉपेज की आधिकारिक घोषणा की थी। रेल प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 एवं 5 मार्च से इसकी समय सारणी भी घोषित कर दी थी, जिससे स्थानीय जनता में लंबे समय से बना संशय समाप्त हो गया।

नगर वासियों को यह बड़ी सौगात मिली है। बुधवार को पहले दिन जब निजामुद्दीन से चलकर अंबिकापुर जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन ने कोतमा में 2 मिनट का स्टॉपेज लिया, तो बड़ी संख्या में यात्री यहाँ उतरे और चढ़े। स्टेशन पर मौजूद स्थानीय लोगों ने खुशी जाहिर किया। इस सुविधा से अब कोतमा के व्यापारियों, छात्रों और आम नागरिकों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए अनूपपुर या शहडोल जैसे दूरस्थ स्टेशनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। सीधे दिल्ली के लिए सीधी रेल सेवा उपलब्ध होने से क्षेत्र के आर्थिक विकास और आवागमन को नई गति मिलेगी। 

समाचार 08 फ़ोटो 08

जिला स्तरीय कृषि विज्ञान मेला की तैयारियां जोरों पर, रागी, ज्वार, तिल और महुआ के बिस्कुट की रहेंगी धूम

उमरिया

त्रिदिवसीय कृषि विज्ञान सह मिलेट मिशन मेला का आयोजन उमरिया जिले के कृषि उपज प्रांगण में 09 मार्च से 11 मार्च तक आयोजित किया जाना है। जिसकी तैयारी के लिए आज खंड कृषि  कार्यालय पाली में एक आवश्यक बैठक का आयोजन किया गया। 

 बैठक में जैविक और प्राकृतिक खेती के बने 10 कलस्टरो  की कृषि सखिया  के साथ खंड कृषि अधिकारी क्षेत्रीय कृषि विस्तार अधिकारी और आत्मा परियोजना के कर्मचारियों की उपस्थिति में संपंन हुई। इस बैठक में पाली विकास खंड के गाँव गाँव से जैविक उत्पादक करने वाले  कृषकों के उत्पादों एवं उत्पादकों  को बाजार सुलभ कराने के लिए जिले में मेला आयोजित किया जा रहा है, जिससे उत्पादकों को बाजार में उचित मूल्य मिल सकें।कृषि विभाग के कृषि विभाग के एस ए डी ओ सूरज सिंह आर्मो, आत्मा से दीपक पटेल,कृषि विस्तार अधिकारी सुश्री  शांति सिंह शाहपुर क्षेत्र, शिवकली सिंह अमिलिहा,बकेली से संगम गुर्जर एवं चौरी क्षेत्र से राज कुमार आर्य एवं सभी कलस्टरो की कृषि सखिया उपस्थिति रही।  खुशी की बात यह है  की इस बैठक में जैविक खेती में महिलाओं की भागीदारी बहुतायत संख्या में देखने को मिली। मालूम होवे की कृषि विज्ञान मेले में रागी , ज्वार  अलसी,तिल, महुआ, का बिस्कुट व लड्डू  की धूम रहेगी, वही पर कोदो, कुटकी, तुअर, मसूर की दाल भी उबाल भरेंगी। इसके साथ ही क्षेत्रीय मौसमी और प्राकृतिक सब्जियों को मेले में लाने की तैयारियां की जा रही है।

समाचार 09 फ़ोटो 09

ग्रामीण स्वच्छता को सशक्त बनाने वॉश ऑन व्हील सुविधा का उठाए लाभ -सीईओ जिपं

अनूपपुर 

स्वच्छता से रोजगार की नई पहल,  स्वच्छता साथी वॉश ऑन व्हील’ सेवा मांग एवं पूर्ति के सिद्धांत पर आधारित एक ऑनलाइन व्यवस्था है जिसमें मोबाइल एप के माध्यम से आम नागरिक घर के मुखिया अथवा संस्था प्रमुख शौचालय की साफ-सफाई हेतु स्वच्छता साथी को मांग (रिक्वेस्ट) भेज सकते हैं। रिक्वेस्ट प्राप्त होते ही निर्धारित समय पर स्वच्छता सेवा उपलब्ध कराई जाएगी ।

 स्मार्ट क्लीनिंग लेकर आई वाश ऑन व्हील सेवा ग्रामीण क्षेत्रों में शौचालयों की नियमित साफ.सफाई एक बड़ी चुनौती रही है जिसमें प्रशिक्षित सफाई कर्मियों की सीमित उपलब्धता प्रमुख कारण रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी  जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी के निर्देशानुसार 04 ब्लाको से संबद्ध 25  क्लस्टर निर्माण करते हुए ग्रामों को जोड़ा जा चुका है जिसमे ऑनबोर्ड 36 स्वच्छता साथियों में से 25 स्वच्छता साथियों को प्रशिक्षित करते हुए 25 सेक्टेरों में स्वच्छता साथियों को एलोकेट कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है। अब तक अनूपपुर जिले में 1812 मागें प्राप्त हुई हैं जिनमे से 1418 सेवा पूर्ण की गई है।  स्वच्छता साथियों द्वारा स्लाट की तिथि के अनुसार सेवा प्रदान की जा रही है । वॉस ऑन व्हील सेवा की मांग व पूर्ति की दैनिक रिपोर्टिंग एसबीएम के जिला समन्वयक द्वारा की जाती है जिसकी जनपदवार समीक्षा सीइओ जिला पंचायत द्वारा की जा रही है। वहीं ब्लॉक समन्वयको द्वारा स्वच्छता साथियों को तकनीकी सहयोग प्रदान करते हुए ग्रामीण अंचल से सम्बद्ध संस्थानों, वाहन शो रूम, वर्कशाप, पेट्रोल पंप, ढाबा, रिसोर्ट, मैरिज गार्डेन इत्यादि में जाकर वाश ऑन व्हील को प्रमोट किया जा रहा है। अब तक  जिले के स्वच्छता साथियों  द्वारा 2 लाख 23 हजार 347  रूपए की आय अर्जित कर चुके हैं। वाश ऑन व्हील सेवा ग्रामीण अंचलों में घरेलू संस्थागत एवं सामुदायिक शौचालयों की साफ-सफाई हेतु एक स्मार्ट आधुनिक एवं मांग आधारित समाधान प्रदान करेगी। मोबाइल एप से बुकिंग प्रक्रिया की जानकारी देेते हुए जिला समन्वयक डा रामनरेश वर्मा ने मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन मांग दर्ज करने की प्रक्रिया  की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सेवाएं प्राप्त करने के लिए क्यूआर कोड मोबाइल प्ले स्टोर से डाउनलोड करना होगा।

 

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget