हिरण शावक को कुत्तो ने नोचकर किया घायल, घायल का वन विभाग की टीम ने कराया इलाज
शहडोल
जिले के वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुदरी के सिहासी इलाके में एक हिरण का शावक आवारा कुत्तों के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना उस समय हुई जब हिरण का बच्चा जंगल से भटककर गांव की ओर आ गया था। गांव में घूम रहे आवारा कुत्तों ने उसे घेर लिया और उस पर हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया।
घटना को देख स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और कुत्तों को भगाकर किसी तरह हिरण के शावक की जान बचाई। घायल अवस्था में हिरण दर्द से तड़प रहा था, जिसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत गौसेवकों को सूचना दी। सूचना मिलते ही गौसेवक मौके पर पहुंचे और हिरण के प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की।
गौसेवक जितेन्द्र सिंह, प्रकाश सेन और सागर गुप्ता ने मिलकर घायल हिरण का जरूरी उपचार कराया और उसकी देखभाल की। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल हिरण को अपने कब्जे में लेकर उपचार के लिए वन विभाग की देखरेख में भेज दिया।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार हिरण के शावक को कुत्तों के काटने से कई जगह चोट आई है, लेकिन उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। फिलहाल उसे वन विभाग की निगरानी में रखा गया है, जहां उसका आगे इलाज किया जा रहा है और पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उसे फिर से जंगल में छोड़ा जाएगा।
इस घटना के बाद ग्रामीणों ने गांव में बढ़ते आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर चिंता जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे वन्य जीवों के साथ-साथ लोगों के लिए भी खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों पर नियंत्रण की मांग की है।
