11वीं के दो छात्र छात्रावास से हुए गायब, थाना में हुई शिकायत, पुलिस तलाश में जुटी
शहडोल
जिले के धुरवार एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छात्रावास से 11वीं कक्षा के दो छात्र लापता हो गए हैं। सुबह उपस्थिति के दौरान दोनों छात्र नहीं मिलने पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन छात्रों की तलाश में जुट गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार छात्रावास वार्डन अरुण कुमार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि रात्रि गणना के दौरान सभी छात्र छात्रावास में मौजूद थे, लेकिन सुबह की गणना में दो छात्र गायब मिले। दोनों छात्र कक्षा 11वीं के बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और छात्रों की तलाश शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि छात्रावास से पहले भी एक छात्रा लापता हो चुकी है, जिसका अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। लगातार छात्र-छात्राओं के लापता होने की घटनाओं से अभिभावकों में नाराजगी बढ़ रही है। परिजनों ने छात्रावास प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बच्चों को पढ़ाई के लिए छात्रावास भेजा था, लेकिन उनकी सुरक्षा ही नहीं हो पा रही है। छात्रावास में कई कर्मचारी तैनात रहते हैं, गेट भी बंद रहता है, इसके बावजूद बच्चों का इस तरह लापता हो जाना गंभीर सवाल खड़े करता है।
वहीं सोहागपुर थाना प्रभारी अरुण पांडे ने बताया कि मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है और लापता छात्रों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। एसी ट्राइबल आनंद राय सिन्हा ने भी बताया कि विभागीय स्तर पर मामले की जांच कराई जा रही है। जल्द ही छात्रों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
