खेत की जुताई से पहले ट्रैक्टर पलटा, चालक की दबकर मौत, अवैध खनन पर दो ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त
शहडोल
जिले के खैरहा थाना क्षेत्र अंतर्गत सारंगपुर रोड पर एक दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। खेत की जुताई करने जा रहा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक इंजन के नीचे दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शनिवार पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए जांच शुरू की है।घटना की जानकारी के बाद लोगों की मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान हाफिज पिता सफीक (36) के रूप में हुई है। वह ट्रैक्टर लेकर खेत की जुताई करने के लिए निकला था। इसी दौरान सारंगपुर रोड पर ट्रैक्टर का इंजन असंतुलित होकर पलट गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और वह ट्रैक्टर के नीचे दब गया।
घटना की सूचना मिलते ही खैरहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से ट्रैक्टर इंजन को सीधा कराया गया और उसके नीचे दबे चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राथमिक जांच में हादसे का कारण ट्रैक्टर का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस द्वारा घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
थाना प्रभारी उमा शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि घर से खेत के लिए ट्रैक्टर जा रहा था, तभी रास्ते में इंजन पलट गया और चालक की दबने से मौत हुई है। सूचना पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा था। शव को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर कार्यवाही की, फिलहाल मामले पर हमने मर्ग कायम किया है आगे की जांच कर रहे है।
*अवैध खनन पर दो ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त*
शहडोल जिले में खनन माफियाओ के खिलाफ पुलिस ने सख्त अभियान छेड़ दिया है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में रेत की चोरी करते दो ट्रैक्टर जब्त कर आरोपियों पर कड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पहली कार्रवाई देवलौंद थाना क्षेत्र के सोनघड़ियाल गोपालपुर में हुई। पुलिस ने प्रतिबंधित क्षेत्र से रेत उत्खनन कर परिवहन कर रहे ट्रैक्टर को धर दबोचा। थाना प्रभारी सुभाष दुबे ने बताया कि आरोपी विनय मिश्रा के खिलाफ खनिज अधिनियम एवं वन्य जीव संरक्षण अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। इसी तरह दूसरी कार्रवाई ब्यौहारी थाना क्षेत्र में की गई। ग्राम खामडांड से रेत चोरी करते एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया। इस मामले में राहुल उर्फ सोनी खैरवार (30) एवं हिमांशु सिंह, दोनों निवासी खामडांड, के खिलाफ मामला दर्ज किया गया
