केंद्रीय बजट पर सियासी घमासान तेज़, भाजपा ने बताया ‘विकसित भारत का रोडमैप’, कांग्रेस बोली एमपी को मिला झुनझुना

केंद्रीय बजट पर सियासी घमासान तेज़, भाजपा ने बताया ‘विकसित भारत का रोडमैप’, कांग्रेस बोली एमपी को मिला झुनझुना 

*आम जनता के लिए निराशाजनक व दिशाहीन बजट*


शहडोल/अनूपपुर 

वित्त वर्ष 2026–27 के केंद्रीय बजट के संसद में प्रस्तुत होते ही राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने बजट को विकसित भारत 2047 की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया, वहीं कांग्रेस नेताओं ने इसे आम जनता, किसानों और मध्य प्रदेश के लिए निराशाजनक करार दिया।

*अपार अवसरों का राजमार्ग है बजट’ – राकेश गुप्ता*

भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक राकेश गुप्ता ने बजट का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट भविष्य के स्वर्णिम अवसरों का राजमार्ग है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा, स्वास्थ्य, शिक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। यह बजट वर्तमान के सपनों को साकार करता है और 2047 के विकसित भारत की नींव को सशक्त करता है।

*किसान-युवा-महिला को समर्पित बजट – पवन "चीनी"*

नगर परिषद  बरगवां अमलाई के  पार्षद भाजपा युवा नेता  पवन चीनी ने बजट को दूरदर्शी और विकासोन्मुखी बताते हुए कहा कि यह मध्यम वर्ग, किसान, युवा, महिला और गरीब कल्याण को समर्पित है।उन्होंने ₹12 लाख तक की आय को कर-मुक्त करने को मध्यम वर्ग के लिए बड़ी राहत बताया।किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ाने, दलहन आत्मनिर्भरता मिशन, MSME और स्टार्टअप्स को आसान ऋण जैसे प्रावधानों को रोजगार सृजन में सहायक बताया।

*बजट केवल आंकड़े नहीं, विकास का रोडमैप – रविंदर कौर*

भाजपा  नेत्री अध्यक्ष नगर पालिका परिषद  धनपुरी रविंदर कौर छावड़ा ने बजट को गांव, गरीब, मजदूर, किसान, महिला और युवाओं के हित में ऐतिहासिक बताया।उन्होंने कहा कि यह बजट आर्थिक विकास को गति देने, जन-आकांक्षाओं को पूरा करने और सबका साथ–सबका विकास के संकल्प पर आधारित है। स्वास्थ्य क्षेत्र में एक लाख से अधिक प्रशिक्षित विशेषज्ञ तैयार करने, मेडिकल टूरिज्म के लिए पांच नए क्षेत्रीय हब और आयुर्वेदिक साइंसेज के नए कॉरिडोर को उन्होंने ऐतिहासिक कदम बताया।

*एमपी के साथ अन्याय, भरोसे के बदले निराशा– श्याम कुमार गुड्डू*

कांग्रेस  जिला अध्यक्ष अनूपपुर गुड्डू चौहान ने बजट को मध्य प्रदेश के साथ उपेक्षा का दस्तावेज़ बताया। उन्होंने कहा कि राज्य ने भाजपा को पूरा समर्थन दिया, लेकिन बजट में न बड़ी सिंचाई परियोजना है, न औद्योगिक पैकेज और न ही आदिवासी अंचलों के लिए कोई विशेष घोषणा। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, ग्रामीण विकास और सामाजिक कल्याण के बजट में कटौती का हवाला देते हुए इसे विकास के लिए गंभीर संकेत बताया।

*निराशाजनक और दिशाहीन बजट– आशीष त्रिपाठी*

नगर परिषद अनूपपुर क्षेत्र कांग्रेस के युवा नेता आशीष त्रिपाठी ने बजट को निराशाजनक और दिशाहीन करार देते हुए कहा कि इसमें बेरोज़गारी, महंगाई और किसानों की समस्याओं का कोई ठोस समाधान नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बजट समाधान का नहीं, बल्कि प्रचार का दस्तावेज़ है और कांग्रेस इसका हर स्तर पर विरोध करेगी।

*निष्कर्ष*

केंद्रीय बजट 2026–27 को लेकर एक ओर भाजपा इसे अमृतकाल का मजबूत आधार बता रही है, वहीं कांग्रेस इसे कटौती और उपेक्षा का बजट करार दे रही है। आने वाले दिनों में बजट को लेकर सियासी बहस और तेज़ होने के आसार हैं।

Labels:

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget