लकड़ी पकड़ने गई वन विभाग की टीम पर हमला, डिप्टी रेंजर समेत 6 कर्मचारी घायल, आरोपी गिरफ्तार
शहडोल
जिले में माफियाओं के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। 10 दिनों के भीतर वन विभाग की टीम पर दूसरी बार हमला हुआ है। ताजा मामला अमझोर वन परिक्षेत्र के महादेवा बीट का है, जहां सरई की अवैध लकड़ी पकड़ने पहुंची वन विभाग की टीम पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में डिप्टी रेंजर सहित छह कर्मचारी घायल हो गए। वाहनों में भी तोड़फोड़ हुई है।
पुलिस के अनुसार वन विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि जंगल से बेशकीमती सरई की लकड़ी काटकर एक स्थान पर इकट्ठा की गई है। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची, तभी पहले से घात लगाए आरोपियों ने हमला कर दिया। हमले में डिप्टी रेंजर के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आई है। घटना में राम सजीवन, जगन्नाथ, नारायण, रवि नंदन और दुर्गा प्रसाद सहित कुल छह वनकर्मी घायल हुए हैं। सभी का उपचार जयसिंहनगर अस्पताल में कराया गया। आरोपियों ने वन कर्मचारियों के वाहनों में भी तोड़फोड़ की है।
घटना की सूचना मिलते ही जयसिंहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मौके से कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य फरार बताए जा रहे हैं। घटना की पुष्टि करते हुए डीएफओ तरुणा वर्मा ने बताया कि वन टीम लकड़ी जब्त करने गई थी, तभी हमलावरों ने अचानक हमला बोल दिया। मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है।
जयसिंहनगर थाना प्रभारी अजय कुमार बैगा ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। कुछ आरोपियों को पुलिस टीम ने मौके से हिरासत में लिया है।
गौरतलब है कि बीते दिनों सोहागपुर थाना क्षेत्र में कोयला पकड़ने गई वन टीम पर भी जानलेवा हमला हुआ था और अब जिले में दस दिनों के भीतर यह दूसरा हमला वन टीम पर हुआ है।
