समाचार 01 फ़ोटो 01

नवाचार की ओर लगातार बढ़ रहा निकाय, आपका विकास -आपके साथ के बाद 

*वार्ड दर्शन के माध्यम से नागरिकों को मिल रहा लाभ*

अनूपपुर

प्रदेश के शुरुआती छोर पर छत्तीसगढ़ से राज्य की सीमा से लगा अनूपपुर जिले में स्थित नगर परिषद डूमरकछार नित्य नये नवाचारों की ओर बढ़ते हुए   नागरिकों की सेवा ,जनहितैषी कार्यों को करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहा है। निकाय अध्यक्ष और जिला योजना समिति के सदस्य डॉ. सुनील कुमार चौरसिया के नेतृत्व में निकाय के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों/ कर्मचारियों के सहयोग से जनता की समस्याओं को दूर करने का हर तरह का प्रयास किया जाता है, अभिनव प्रयास के दौरान नित्य नया कुछ करने की ललक यहां के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों में लगातार देखी जा रही है।

हितग्राहियों, निकाय क्षेत्र के नागरिकों को कार्यालय के सभी विभागों के चक्कर ना काटना पड़े,निकाय आने वाले हितग्राहियों को हेल्प डेस्क में ही अपनी समस्याओं को बताते ही,हेल्प डेस्क के कर्मचारी उन समस्याओं को संबंधित विभाग से सामंजस्य स्थापित कर समस्याओं को दूर करते हैं। विगत 3 वर्षों से निकाय के माध्यम से विभिन्न अवसरों पर नागरिकों को उनके मोबाइल फोन पर एसएमएस सुविधा के माध्यम से भी सूचनाएं प्रेषित की जाती है,ताकि समय पर नागरिकों को सम्बन्धित योजनाओं की सूचनाएं मिल सके।

लगभग 1 वर्ष पहले सभी वार्डों के अलग-अलग व्हाट्सएप ग्रुप बनाए गए हैं,इस व्हाट्सएप ग्रुप में उस वार्ड के पार्षद,हेल्प डेस्क के कर्मचारी और निकाय के अध्यक्ष को जोड़ा गया है ताकि वार्ड की जो भी समस्याएं हैं इस ग्रुप में जानकारी मिल सके। निकाय के प्रांगण क्षेत्र में निकाय के 3 वर्षों से सुझाव पेटी भी रखी गयी है ताकि समय-समय पर नागरिकों एवं जरूरतमंदों का सुझाव भी निकाय को प्राप्त होता रहे और

निकाय के अध्यक्ष निर्वाचित जन प्रतिनिधियों  एवं साथियों के साथ प्रातः कालीन मॉर्निंग वॉक के दौरान भी एक नवाचार को और बढ़ावा देते हुऎ निर्वाचित जनप्रतिनिधि और सहयोगी साथियों के साथ वार्ड दर्शन के नाम से प्रातः काल वार्डों का भ्रमण किया जाता है। नित्य नए नवाचार की ओर बढ़ रहा है,ताकि शासन की योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंच सके।

समाचार 02 फ़ोटो 02

सीतामढ़ी गधियां को तीर्थ क्षेत्र घोषित, विकास और धार्मिक पहचान को मिलेगा नया आयाम

अनूपपुर

जिले के कोतमा क्षेत्र में राम वन गमन पथ अंतर्गत सीतामढ़ी गधियां को तीर्थ क्षेत्र घोषित करने के लिए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति सनातन एकता यात्रा के संयोजक जेपी साहू ने आभार व्यक्त किया है उन्होंने कहा कि यह निर्णय क्षेत्र की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी

जेपी साहू ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शहडोल आगमन के दौरान इस विषय को शामिल किए जाने से स्थानीय श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों में उत्साह का वातावरण है उन्होंने कहा कि लंबे समय से सीतामढ़ी गधियां को तीर्थ क्षेत्र का दर्जा दिलाने के लिए प्रयास किए जा रहे थे, जो अब सफल हुए हैं इस ऐतिहासिक घोषणा से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय लोगों को रोजगार और विकास के नए अवसर प्राप्त होंगे

सनातन एकता यात्रा के संयोजक जेपी साहू ने मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि यह निर्णय सनातन संस्कृति और आस्था के संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में इस क्षेत्र का समग्र विकास होगा और यह स्थल श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आस्था केंद्र के रूप में स्थापित होगा

समाचार 03 फ़ोटो 03

झोला छाप डाक्टर ने मेडिकल स्टोर में भी हाथ कर रहे साफ गाँव- गाँव में चिकित्सकों ने बनाया अड्डा 

उमरिया 

जिले के आदिवासी विकास खंड पाली को झोला छाप चिकित्सकों ने अपने अवैध कमायी का जरिया बना रखा है। पूरे जनपद क्षेत्र में कतिपय चिकित्सकों ने डेरा जमा कर आदिवासियों का बेहद शोषण करते देखे जा रहे हैं। एक झोला लेकर पाली पहुंचे तथाकथित चिकित्सक आज अपनी हवेलियाँ तान कर लिये हैं, कोई भी मरीज उनके देहरी में आ गया, वह बीमारी से कम डाक्टर साहब के दांव में ज्यादा फंस जाता है। बताया जाता है कि साधारण बीमारी का मरीज भी गलत उपचार से गंभीर रोगो से ग्रसित हो कर ताउम्र बीमारी का दंश झेलते घूमता रहता है।एक बार मरीज इनके चक्कर में फंसा तो लाइलाज रोगी बन कर रह जाता है। 

पाली जनपद के ग्रामीण अंचल में यद्यपि पंचायत दर पंचायत झोला छाप डाक्टर पैर जमा बैठे है फिर भी पाली के पूर्व दिशा में घुनघुटी में एक यादव डाक्टर जमुडी ममान सडक पर अपनी दूकान दारी चलाते हुए अपना सिक्का जमाये बैठे है, वही  दक्षिणी दिशा का भार सुन्दर दादर में मजूमदार अपनी जमी दारी बना के रखेे हुए हैं। यह झोला छाप डाक्टर अपने डाक्टरी पेशे से तो लूटने में कोई कसर नही छोडते पर बची - कुची कसर संगम मेडीकल स्टोर से पूरी कर देते हैं। बताया जाता है कि वही चिकित्सक और वही मेडीकल स्टोर का संचालक। अलबत्ता संगम मेडीकल स्टोर सुहाग मजूमदार  के नाम पर  लाइसेंस बना हुआ है, फिर भी डाक्टर मजूमदार मरीज और मेडीकल दोनों का संचालन करते देखें जा सकते हैं। 

पिछले दिनों मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में नकली सीरफ मामले में कई दर्जन लोग काल कलवित हो चुकें है जिले से लेकर राजधानी तक हलचल मचाने वाली यह हृदय विदारक घटना ने स्वास्थ्य अमले की चूल हिला कर रख दी हो परन्तु   उमरिया जिले  के प्रशासन बेअसरहीन साबित हो रहा है। कभी भी न तो इन झोला छाप डाक्टरों की जांच की जाती है और न इनके मनमानी पूर्वक काम पर रोक लगाना उचित समझा जाता है।

समाचार 04 फ़ोटो 04

ऑनलाईन पार्सल ट्रेक करते समय लिंक खोला,  खाता से उड़ गए 2.5 लाख, पुलिस जांच में जुटी

उमरिया

जिले के नौरोजाबाद में एक रिटायर्ड शिक्षक के साथ हुई साइबर ठगी की कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं लगती। बात शुरू हुई संगीत के शौक से और खत्म हुई बैंक खाते से ढाई लाख रुपये गायब होने पर। राजाराम चौहान ने चेन्नई की एक कंपनी से चार बांसुरियां मंगाई थीं। उम्र के इस पड़ाव पर उनका समय संगीत साधना में गुजरता था। ऑर्डर के बाद व्हाट्सएप पर रसीद आई, साथ में कूरियर का ट्रैकिंग नंबर भी। सब कुछ सामान्य दिख रहा था।

कुछ दिन बाद जब उन्होंने पार्सल की स्थिति देखने के लिए लिंक खोला, तो वहां एक मोबाइल नंबर नजर आया। पार्सल की जानकारी लेने के लिए उन्होंने उस नंबर पर कॉल कर दिया। फोन उठाने वाले ने खुद को कूरियर से जुड़ा बताया और बड़ी सहजता से कहा कि पार्सल में दर्ज मोबाइल नंबर गलत है। नंबर ठीक कर देते हैं, बस एक छोटी सी प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

यहीं से ठगी की कहानी शुरू हुई। ठग ने पहले नया मोबाइल नंबर लिया गया। फिर एक लिंक भेजा गया और कहा कि उस पर क्लिक कर भुगतान की प्रक्रिया पूरी करनी है। बात इतनी सामान्य अंदाज में कही गई कि शक की कोई गुंजाइश नहीं बची। इसके बाद आरोपी ने एटीएम कार्ड की 16 अंकों की संख्या मांगी। फिर कार्ड के पीछे लिखा सीवीवी नंबर भी पूछ लिया। भरोसे में आए शिक्षक ने सारी जानकारी दे दी। उधर से आश्वासन मिला अब सब ठीक है, पार्सल समय पर मिल जाएगा। पार्सल सचमुच पोस्ट ऑफिस पहुंचा भी। शिक्षक ने राहत की सांस ली कि प्रक्रिया पूरी हो गई। लेकिन असली खेल तो पीछे चल रहा था।

कुछ समय बाद बैंक से फोन आया। बताया गया कि उनके खाते से ढाई लाख रुपये निकल चुके हैं। यह सुनते ही पैरों तले जमीन खिसक गई। तुरंत एटीएम ब्लॉक कराया गया लेकिन तब तक रकम साफ हो चुकी थी। परिवार ने फौरन साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। मामला थाना नौरोजाबाद और जिला साइबर सेल तक पहुंचा। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

समाचार 05 फ़ोटो 05

गिलियन-बैरे सिंड्रोम बीमारी से जंग जीतकर घर लौटा दस वर्षीय बालक

शहडोल

जिले के ब्यौहारी क्षेत्र से आए एक दस वर्षीय बच्चे ने गिलियन-बैरे सिंड्रोम (GBS) जैसी गंभीर तंत्रिका संबंधी बीमारी को मात देकर नई जिंदगी पाई है। उसके परिवार के लिए यह समय बेहद चुनौतीपूर्ण रहा, जब बच्चे को अचानक हाथ-पैरों में कमजोरी महसूस होने लगी। महज दो दिनों में हालत इतनी बिगड़ गई कि वह खड़ा होने और चलने में असमर्थ हो गया। परिजनों ने तत्काल उसे बिरसा मुंडा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, शहडोल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया। अस्पताल में भर्ती के समय बच्चे की  जांच में पुष्टि हुई कि वह गिलियन-बैरे सिंड्रोम से पीड़ित है।

इलाज के शुरुआती दिनों में बच्चे की हालत और बिगड़ गई। कमजोरी इतनी बढ़ गई कि वेंटिलेटर की आवश्यकता की आशंका बनने लगी। यह समय परिवार और चिकित्सकीय टीम—दोनों के लिए बेहद कठिन था। हालांकि समय पर दी गई दवाओं, सतत निगरानी और विशेषज्ञ उपचार का असर दिखने लगा। कुछ ही दिनों में स्थिति स्थिर हुई और धीरे-धीरे सुधार शुरू हुआ।

करीब 15 दिन तक आईसीयू में रखने के बाद बच्चे को सामान्य वार्ड में शिफ्ट किया गया। वहां एक सप्ताह तक दवाओं के साथ नियमित फिजियोथेरेपी कराई गई। धीरे-धीरे उसकी मांसपेशियों में ताकत लौटने लगी और वह फिर से चलने-फिरने लगा। अंततः बच्चा पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर लौट सका। 

समाचार 06 फ़ोटो 06

जिला स्तरीय ओलंपियाड प्रतियोगिता से चयनित विद्यार्थियो को कलेक्टर ने किया सम्मानित

उमरिया

कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन ने कलेक्टर सभागार में आयोजित जिला स्तरीय ओलंपियाड प्रतियोगिता से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित विद्यार्थियो को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि 16 हजार बच्चों के ओलंपियाड प्रतियोगिता में रजिस्ट्रेशन कराने के बाद विभिन्न स्तरों पर परीक्षा पास करते हुए 32 बच्चे चयनित हुए है, जो बधाई के पात्र है । जो बच्चे चयनित नही हो पाए है, वे निराश नही हो। उन्होने कहा कि सभी बच्चे अपने लक्ष्य का निर्धारण करें , और उसी अनुरूप तैयारी करेंगे तो निश्चित रूप से सफलता मिलेगी । 

उन्होने अभिभावको से अपील करते हुए कहा कि अपने बच्चो को खूब पढाए। अभिभावक अपने बच्चो  पर अपनी इच्छा का दबाव नही डालें । प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई प्रतिभा विद्यमान है, बच्चो को जिस क्षेत्र में रूचि है, उसी क्षेत्र में मेहनत करने दें और अपनी सफलता की इबारत लिखने दें । इन बच्चो में कोई खिलाड़ी, कोई डाक्टर,कोई इंजीनियर बन सकता है। आपने सभी बच्चो को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। 

जिला परियोजना समन्वयक के के डेहरिया ने बताया कि ओलंपियाड प्रतियोगिता में 16242 बच्चो ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया था। जन शिक्षा केंद्र स्तरीय परीक्षा में 16242 बच्चों में से 14687 बच्चों ने परीक्षा दी जिसमें 2118 विद्यार्थी चयनित किए गए । जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 2118 में से 1987 बच्चे शामिल हुए जिसमें से 32 बच्चो का चयन किया गया । जिन्हें जिला स्तरीय ओलंपियाड प्रतियोगिता कार्यक्रम समारोह में सम्मानित किया गया।

समाचार 07

सीईओ जिला पंचायत ने निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

उमरिया

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभय सिंह ने जनपद पंचायत पाली एवं जनपद पंचायत करकेली अंतर्गत चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। ग्राम पंचायत कुरकुचा एवं टकटई में अटल सुशासन भवन, सुंदरदादर में एक बगिया माँ के नाम योजना तथा कल्दा में नवीन आंगनवाड़ी भवन निर्माण कार्य का अवलोकन कर गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में जनपद पंचायत करकेली अंतर्गत क्लस्टर बिल्डिंग (पंचायत भवन) का भी निरीक्षण किया गया तथा कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। साथ ही सुंदरदादर की शासकीय उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण कर प्राप्त शिकायत के संबंध में आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

समाचार 08

शिविर लगाकर नपा की संपत्ति कर की वसूली

शहडोल

मुख्य नगरपालिका अधिकारी धनपुरी सुश्री पूजा बुनकर ने बताया कि धनपुरी नगरपालिका द्वारा संपत्ति कर की वसूली हेतु श्रीराम रेसीडेंस में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान 53 हजार रूपये की संपत्ति कर की वूसली की गई। 

राजस्व वसूली की वृद्धि हेतु नगरपालिका धनपुरी द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वर्ष 1997 से जिन लोगो ने संपत्ति कर जमा नही किया उन्हें भी टैक्स जमा करने की सुविधा दी जा रही है। मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने बताया कि जिन लोगों द्वारा सम्पत्ति कर की राशि जमा नहीं की गई है उन लोगों के घरों से नल विच्छेद की कार्यवाही भी निरंतर जा रही है।

समाचार 09

प्रतिबंधित पॉलीथिन पर 2200 का जुर्माना

शहडोल 

कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के मार्गदर्शन एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी आशा भंडारी के निर्देशानुसार नगरपलिका शहडोल अंतर्गत नगरपालिका के मैदानी अमले द्वारा प्रतिबंधित पॉलीथीन के उपयोगकर्ताओ के विरूद्व कार्यवाही की गई। शहडोल नगर के 6 दुकानों से कुल 5 किलो 200 ग्राम पॉलिथीन जब्त की गई तथा संबंधित दुकानदारों से 2200 रूपये का जुर्माना भी लगाया गया। साथ ही नागरिकों एवं व्यापारियों से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सहयोग करने की अपील भी की गई है। कार्यवाही में स्वास्थ्य निरीक्षक अनिल महोबिया, सफाई दरोगा एवं स्वच्छता मित्र की भूमिका रही।

समाचार 10

अवैध परिवहन करते वाहन हुए जप्त

अनूपपुर

जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित किए जाने हेतु कलेक्टर हर्षल पंचोली द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में खनिज विभाग द्वारा सघन कार्यवाही की जा रही है। इसी अनुक्रम में प्रभारी खनिज अधिकारी ईशा वर्मा द्वारा गुरुवार को ग्राम बसखला में खनिज गिट्टी का ओवरलोडिंग व अवैध परिवहन करते हुए 02 वाहन जब्त किया गया। उक्त प्रकरण में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के नियम 19 (1), (2) एवं (3) के अंतर्गत विधिसम्मत कार्यवाही की गई।

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget