अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, घटना स्थल पर हुई अज्ञात महिला की मौत, पुलिस जांच में जुटी
शहडोल
जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के टेटका मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने एक अज्ञात महिला को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई है। घटना के बाद सड़क पर पड़े शव को देख लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। अज्ञात महिला की पहचान करवाने में पुलिस लगी हुई है।
पुलिस ने बताया कि जयसिंह नगर थाना क्षेत्र के टेटका मोड़ के पास बहरा पुलिया में एक अज्ञात महिला का शव सड़क पर मिला है। सड़क पर शव देख ऐसा अंदेशा पुलिस ने लगाया है कि महिला को किसी अज्ञात वाहन ने कुचल दिया है। इससे महिला की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई है।
सड़क से गुजर रहे कुछ वाहन चालकों ने शहडोल-रीवा मार्ग में बीच सड़क महिला का शव देखा और पुलिस को इसकी जानकारी दी गई थी। पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों की सूचना के बाद टीम मौके पर पहुंची थी, और महिला के शव को अपने कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की गई है। महिला की उम्र लगभग 45-50 वर्ष के आसपास लग रही है। महिला के शव में गंभीर चोट के निशान हैं। महिला की पहचान करवाने में पुलिस लगी हुई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से महिला शहडोल-रीवा मार्ग पर काफी दिनों से दिखाई दे रही थी, जिसकी मानसिक स्थिति भी कुछ कमजोर थी, स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं कि आखिरकार महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई है। पुलिस ने मामले पर मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू की है।
