मैकल की वादियों में सर्दी का सितम शुरू, अमरकंटक में पारा 7 डिग्री पर पहुंचा, शीतलहर ने बढ़ाई ठिठुरन

*गर्म कपड़ों और अलाव का बढ़ा सहारा*


अनूपपुर 

पवित्र नगरी अमरकंटक में सर्दी ने अब अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। मैकल पर्वत की ऊंची वादियों में ठंडी हवाओं के साथ शीतलहर का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। तापमान में आई गिरावट ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है। यहां न्यूनतम तापमान गिरकर 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि अधिकतम तापमान लगभग 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है।

रात से सुबह तक वातावरण में ठंडक बनी रहती है और खुले स्थानों पर जमकर ओस गिर रही है। सुबह होते ही घास के मैदान, पेड़-पौधों की पत्तियां, झाड़ियां और खड़े वाहन ओस की बूंदों से भीगे नजर आते हैं। सूरज की पहली किरण जब इन बूंदों पर पड़ती है तो प्रकृति का दृश्य बेहद आकर्षक दिखाई देता है। ऐसा लगता है मानो मैकल की वादियों ने ओस की चादर ओढ़ ली हो।।

सुबह और शाम चलने वाली सर्द हवाओं ने आम जनजीवन की दिनचर्या को भी प्रभावित करना शुरू कर दिया है। लोग घरों से निकलते समय गर्म कपड़ों, स्वेटर, जैकेट और टोपी का सहारा ले रहे हैं। शाम ढलते ही बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर ठंड का एहसास बढ़ जाता है। कई स्थानों पर लोग अलाव जलाकर सर्दी से राहत पाने का प्रयास करते दिखाई देने लगे हैं।

मां नर्मदा के उद्गम स्थल से लेकर रामघाट, सोनमूड़ा, माई की बगिया और कपिलधारा तक प्राकृतिक वातावरण में सर्दी का प्रभाव साफ नजर आने लगा है। सुबह के समय धुंधली वादियां, ओस से भीगी हरियाली और ठंडी हवाएं अमरकंटक के प्राकृतिक सौंदर्य को एक अलग ही स्वरूप प्रदान कर रही हैं। इसी वजह से पर्यटकों और प्रकृति प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बन जाता है।

बढ़ती ठंड के बीच अमरकंटक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी गर्म कपड़ों के साथ आने की आवश्यकता महसूस हो रही है। मैकल की वादियों में ठंड की दस्तक के साथ ही शीत ऋतु का प्राकृतिक सौंदर्य भी अपने पूरे आकर्षण के साथ दिखाई देने लगा है।

छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर खतरे का सफर, खोड़री नंबर 1–सुईडाड मार्ग से डामर गायब, होते हैं हादसे

*2030 तक रखरखाव, 2.36 किमी सड़क की डामर उखड़ी*


अनूपपुर 

ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सरकार द्वारा लाखों-करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कई बार सरकारी दावों की पोल खोल देती है। ऐसा ही मामला ग्राम खोड़री नंबर 1 से सुईडाड मार्ग का सामने आया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित लगभग 2.36 किलोमीटर लंबी यह सड़क वर्तमान में बेहद बदहाल स्थिति में पहुंच चुकी है। छत्तीसगढ़ राज्य को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग की पूरी डामर परत उखड़ चुकी है और जगह-जगह गिट्टियां बाहर निकल आई हैं। सड़क की हालत ऐसी हो गई है कि पक्के मार्ग के बजाय यह उबड़-खाबड़ गिट्टी वाले रास्ते में तब्दील होती नजर आ रही है।

सड़क के किनारे लगे शासकीय सूचना बोर्ड पर दर्ज जानकारी के अनुसार इस मार्ग के संधारण एवं रखरखाव की अवधि 10 जून 2030 तक निर्धारित है। यानी सड़क के रखरखाव की जिम्मेदारी अभी समाप्त नहीं हुई है। इसके बावजूद पूरी डामर परत उखड़ जाना संबंधित विभाग की निगरानी और रखरखाव व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है आखिर जब वर्ष 2030 तक सड़क के रखरखाव की जिम्मेदारी तय है, तो फिर इसकी पूरी डामर परत गायब कैसे हो गई। जिम्मेदारअधिकारी क्या कर रहे हैं।

सड़क पर डामर पूरी तरह उखड़ने और गिट्टियां बाहर निकलने के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के लिए सड़क बेहद खतरनाक बन चुकी है। सड़क पर बिखरी गिट्टियां और उबड़-खाबड़ सतह वाहन चालकों के संतुलन को प्रभावित कर रही हैं। ऐसे में कभी भी कोई बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

यह मामला केवल सड़क की बदहाली तक सीमित नहीं है, बल्कि निर्माण गुणवत्ता, सरकारी धन के उपयोग और निर्धारित अवधि तक रखरखाव की जिम्मेदारी निभाने को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। क्या जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं। आखिर इस महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग से गुजरने वाले ग्रामीणों और राहगीरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा।

बहन की शादी में तेज आवाज में बजा रहा था डीजे, पुलिस ने किया गिरफ्तार, डीजे जब्त


शहडोल

कोतवाली अंतर्गत पुलिस लाइन स्थित इंद्रा बस्ती का है। यहां रहने वाले रवि सोंधिया के घर में बहन की शादी का आयोजन था, शादी के बाद सुबह करीब 4 बजे तक तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। रात बीत चुकी थी और सुबह होने को थी, लेकिन डीजे की तेज आवाज का सिलसिला जारी था। बताया जा रहा है कि डीजे की आवाज से परेशान किसी व्यक्ति ने पुलिस को इसकी सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल डीजे बंद कराया और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर डीजे उपकरण जब्त कर लिया, इसके साथ ही रवि सोंधिया के खिलाफ धारा 553 बीएनएस तथा मध्यप्रदेश कोलाहल नियंत्रण अधिनियम की धारा 7/15 के तहत कार्रवाई की गई, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और बाद में मुचलके पर जमानत दे दी। पुलिस ने बताया कि पुलिस लाइन इन्द्रा बस्ती के पास एक शादी वाले घर में सुबह तेज डीजे बजा रहा था, जिससे लोगों की शिकायत पर  कार्यवाही करते हुए डीजे जप्त कर कार्यवाही की गई है।

*2 फरार आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार*

उमरिया जिले में प्रतीक श्रीवास्तव पिता अनिल कुमार श्रीवास्तव उम्र 33 वर्ष वन परिक्षेत्र अधिकारी वन परिक्षेत्र पनपथा बफर बी.टी.आर द्वारा आरोपीगणों के द्वारा शासकीय कार्य मे बाधा डाल शासकीय सेवको (जंगल विभाग) पर हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के संबंध मे आवेदन पत्र प्राप्त हुआ ।  आवेदन पत्र के अवलोकन पर आरोपी राजेश पाल, राधे पाल , चद्रशेखर जायसवाल, ददुआ पाल, कैलाश जायसवाल, धर्मू पाल एवं लालजी पाल के विरूद्ध प्रथम दृष्टया अपराध धारा 109(1), 191(1), 191(2), 221, 132, 121(1), 296(बी), 115(2), 351(3) बी.एन.एस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया गया था।  मामले मे आरोपीगण चंद्रशेखर जायसवाल, राधे पाल एवं धर्मू पाल को जुलाई में को आरोपी कैलाश जायसवाल व 16 नवंबर 2026 को आरोपी राजेश पाल को गिरफ्तार किया जाकर विधि संगत कार्यवाही कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा चुका था । मामले मे अन्य आरोपी लालजी पाल पिता जागेश्वर पाल उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम पनपथा व ददुआ पाल पिता फुल्ला पाल उर्फ फूलचंद पाल उम्र 37 वर्ष निवासी ग्राम चंसुरा के घटना दिनांक से ही फरार चल रहे थे। मामले मे फरार आरोपीगणों की पता तलाश हेतु हरसंभव प्रयास किया जा रहे थे, उक्त दोनो फरार आऱोपीगणों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget