रेलवे स्टेशन के विकास कार्यों में अनियमितता के आरोप, बिना रॉयल्टी के रेत-गिट्टी भंडारण पर उठे सवाल
रेलवे स्टेशन के विकास कार्यों में अनियमितता के आरोप, बिना रॉयल्टी के रेत-गिट्टी भंडारण पर उठे सवाल
शहडोल
बिलासपुर रेलवे जोन अंतर्गत कटनी-बिलासपुर रेलखंड के बीच स्थित स्टेशनों पर इन दिनों प्लेटफॉर्म मरम्मत और सौंदर्यीकरण के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुढ़ार और अमलाई रेलवे स्टेशन पर भी विकास कार्य जारी हैं। इस निर्माण कार्य की जिम्मेदारी 'मेसर्स श्याम इन्फोटेक' को सौंपी गई है। हालांकि, इन विकास कार्यों की आड़ में निर्माण सामग्री के अवैध उपयोग और भंडारण को लेकर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।
स्थानीय सूत्रों और प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्टेशन परिसर में चल रहे मरम्मत कार्य के दौरान उपयोग में लाई जा रही निर्माण सामग्री, विशेष रूप से गिट्टी और बालू (रेत) का भंडारण नियमों को ताक पर रखकर किया गया है। आरोप है कि निर्माण कार्य में इस्तेमाल हो रही रेत के लिए आवश्यक रॉयल्टी पर्ची उपलब्ध नहीं है। बिना वैध रॉयल्टी पर्ची के रेलवे स्टेशन परिसर के भीतर इतनी बड़ी मात्रा में रेत और गिट्टी का अवैध भंडारण किसकी अनुमति और संरक्षण में किया गया है, यह जांच का विषय बन गया है। इससे शासन को सीधे तौर पर राजस्व की हानि होने की आशंका जताई जा रही है।
इस पूरे मामले में निर्माण एजेंसी से जुड़े जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर भी उंगलियां उठ रही हैं। सूत्रों का दावा है कि कंपनी के हितों को साधने के लिए नियमों की अनदेखी की जा रही है। इस कथित अनियमितता में कंपनी से जुड़े संजय के साथ-साथ अधीनस्थ राघवेंद्र और गुरदीप की भूमिका भी चर्चा के केंद्र में है।
अब देखना यह होगा कि रेलवे प्रशासन और खनिज विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है। क्षेत्र के नागरिकों और जागरूक लोगों ने रेलवे के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि स्टेशन पर चल रहे इस अवैध गतिविधियों पर तुरंत अंकुश लगाए।


