सरकारी आवास में लगी आग, घर का सामान जलकर हुआ खाक, गांजा सहित मोबाइल जब्त, मामला दर्ज


शहडोल

पाली रोड स्थित वन विभाग कार्यालय के समीप बने सरकारी आवास में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग वन विभाग में क्लर्क के पद पर पदस्थ बृजेश श्रीवास्तव के सरकारी आवास में लगी थी। घटना के समय घर में ताला लगा हुआ था और परिवार के सभी सदस्य बाहर थे। ऐसे में घर के अंदर आग लगने की जानकारी किसी को नहीं थी। मकान से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी।

आवास के ऊपर से धुएं का गुबार उठता देख आसपास रहने वाले लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद लोग तत्काल मदद के लिए मौके पर पहुंचे। पुलिस और दमकल वाहन को सूचना दी गई। दमकल वाहन के पहुंचने से पहले ही आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया था। बाद में दमकलकर्मियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास के अन्य आवासों को इसकी चपेट में आने से बचा लिया गया।

आग इतनी तेजी से फैली कि आवास के अंदर रखा गृहस्थी का सामान इसकी चपेट में आ गया। फर्नीचर, घरेलू उपयोग की सामग्री सहित अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार घटना में दो लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। आग लगने का वास्तविक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। 

*गांजा, मोबाइल सहित जब्त , मामला दर्ज*

शहडोल जिले के थाना सिंहपुर पुलिस द्वारा कार्यवाही करते हुए अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। थाना सिंहपुर पुलिस टीम द्वारा ग्राम बोडरी स्थित शासकीय हाई स्कूल के पीछे एक संदेही को पकड़ा गया, पूछताछ में संदेही ने अपना नाम रामनारायण पटेल उर्फ टीकराम पटेल पिता सुरितराम पटेल, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम बोडरी, जमुनिया टोला, थाना सिंहपुर जिला शहडोल बताया। नियमानुसार तलाशी की कार्यवाही करने पर उसके कब्जे से 320 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। पुलिस द्वारा उक्त मादक पदार्थ गांजा एवं एक टच स्क्रीन मोबाइल सहित कुल कीमती लगभग 15,000 रुपये का मशरूका विधिवत जप्त किया गया। आरोपी के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत दंडनीय पाए जाने से उसके विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में निर्धारित पर्यटन मार्ग से हटकर जंगल में पहुंचा पर्यटक वाहन, दो को नोटिस जारी


उमरिया

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा बफर जोन में पर्यटन नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आया है। इस संबंध में कार्यालय पर्यटन अधिकारी, ताला द्वारा सुयश केशरी एवं निखिल सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

जारी नोटिस के अनुसार दोनों लोग पर्यटकों को लेकर पनपथा बफर जोन में पार्क भ्रमण के लिए गए थे। इस दौरान सहायक संचालक ताला के गश्ती एवं निरीक्षण के समय उनका पर्यटक वाहन निर्धारित पर्यटन मार्ग से हटकर वनक्षेत्र में पाया गया।

नोटिस में उल्लेख किया गया है कि निर्धारित पर्यटन मार्ग से हटकर वाहन ले जाना पर्यटन नियमों एवं पार्क प्रबंधन द्वारा जारी निर्देशों का उल्लंघन है।

पर्यटन अधिकारी द्वारा संबंधित लोगों से उक्त मामले में अपना पक्ष स्पष्ट करते हुए नोटिस प्राप्त होने के 24 घंटे के भीतर लिखित जवाब मांगा गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समयावधि में जवाब प्राप्त नहीं होने अथवा स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर नियमानुसार एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।

अब देखना होगा कि संबंधित लोगों की ओर से क्या स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया जाता है और पार्क प्रबंधन इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करता है।

अविश्वास प्रस्ताव में औंधे मुंह गिरे नपा उपाध्यक्ष, निकल गयी सारी हेकड़ी, 4 मतों में सिमटी राजनीतिक ताकत


अनूपपुर

नगर पालिका परिषद पसान की राजनीति में 11 नवंबर 2026 का दिन उपाध्यक्ष अजय ताराचंद्र यादव के लिए बड़ा राजनीतिक झटका साबित हुआ। लंबे समय से परिषद के भीतर चल रही खींचतान और राजनीतिक उठापटक का अंत अविश्वास प्रस्ताव पर हुए मतदान के साथ हुआ, जिसमें अजय यादव अपनी कुर्सी बचाने में पूरी तरह नाकाम रहे। उनकी राजनीतिक ताकत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मतदान में उन्हें महज 4 मत ही प्राप्त हुए।

उपाध्यक्ष के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के परिणाम ने न केवल उनकी कुर्सी छीन ली, बल्कि नगर पालिका परिषद के भीतर उनके राजनीतिक समर्थन की स्थिति भी उजागर कर दी। जिस पद के दम पर अब तक परिषद की राजनीति में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जा रही थी, उसी पद से उन्हें हाथ धोना पड़ा। यह घटनाक्रम उनके राजनीतिक भविष्य के लिहाज से भी बड़ा झटका माना जा रहा है।

मतदान के नतीजे सामने आते ही पसान के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया। अविश्वास प्रस्ताव का परिणाम इस बात का संकेत माना जा रहा है कि परिषद के भीतर उपाध्यक्ष के प्रति समर्थन कमजोर पड़ चुका था। अब उनके पद से हटने के बाद नगर पालिका की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि खाली हुए उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी अब किस पार्षद को मिलेगी। संभावित दावेदारों के नामों को लेकर पार्षदों के बीच जोड़-तोड़ और राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं। नए उपाध्यक्ष के चयन में नगर पालिका अध्यक्ष की भूमिका भी अहम मानी जा रही है।

फिलहाल अविश्वास प्रस्ताव के परिणाम ने अजय यादव की राजनीतिक पारी को बड़ा झटका दिया है। अब देखना होगा कि बदले हुए सियासी हालात में वे अपनी राजनीतिक जमीन दोबारा मजबूत कर पाते हैं या पसान की राजनीति में उनका प्रभाव और कमजोर होता है।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget