राखड़ से भरे खड़े ट्रक से मोटरसाइकिल टकराई, एक युवक की हुई मौत, एक घायल अस्पताल में भर्ती


अनूपपुर

भालूमाड़ा थाना क्षेत्र के पोड़ी-चोड़ी पेट्रोल पंप सड़क किनारे खड़े ट्रक से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार अनूप सिंह की मौके पर मृत्यु हो गई, वहीं पीछे बैठे बालेन्द्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा पहुंचाया जहां इलाज जारी हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी हैं।

पुलिस ने बताया कि मृतक अनूप सिंह दारसागर के रहने वाले थे। घायल बालेन्द्र सिंह, पिता झुड़हू सिंह, 45 वर्ष के हैं और दारसागर में रहते हैं। उनकी हालत गंभीर है। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें दूसरे अस्पताल भेजा जाएगा।

कोतमा बीएमओ डॉ. केएल दीवान ने बताया कि बालेन्द्र को सिर में चोट लगी है। उन्हें रात सीएचसी कोतमा लाया गया। हालत स्थिर होने के बाद उन्हें दूसरे अस्पताल भेजा जाएगा।

ट्रक मोजर बेयर पावर प्लांट से राखड़ लेकर जा रहा था और किसी कारण सड़क किनारे खड़ा था। पुलिस के अनुसार बाइक सवार चुकान की ओर से अपने घर दारसागर जा रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ट्रक चालक से जानकारी जुटा रही है और यातायात बहाल करने में लगी है। पुलिस ने बताया कि मौके पर लोगों की भीड़ है। मृतक के परिजनों से भी जानकारी ली जा रही है।

कोयला से भरा ट्रक नदी में गिरा, 9 घंटे तक मलबे में फंसा रहा कंडक्टर, अस्पताल में भर्ती


उमरिया

जिले के उचेहरा और घोरचत्र नदी के बीच आधी रात हुए भीषण सड़क हादसे में करीब नौ घंटे तक कोयले के ढेर में दबे रहे ट्रक के कंडक्टर को आखिरकार बचा लिया गया।

रात करीब 12 बजे शहडोल से कटनी की ओर जा रहा कोयले से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरा था। हादसे के बाद ट्रक में सवार चालक और कंडक्टर वाहन के अंदर फंस गए थे।

सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। क्रेन और जेसीबी की मदद से रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद चालक भगवान दास को बाहर निकालकर पाली अस्पताल भेज दिया गया था, लेकिन कंडक्टर को निकालने में बचाव दल को लंबी मशक्कत करनी पड़ी।

सुबह करीब नौ घंटे बाद रेस्क्यू टीम ने कंडक्टर को कोयले के ढेर से बाहर निकालने में सफलता हासिल की। उसे तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए पाली अस्पताल रवाना किया गया। रातभर चले इस बचाव अभियान के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही। कंडक्टर के बाहर निकलने से राहत मिली है। उसकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

समाचार 01 फ़ोटो 01

शराब कारोबारी दिग्विजय सिंह सहित चार, पिस्टल, राइफल 200 जिंदा कारतूस, 7.5 लाख नगद सहित गिरफ्तार

*स्कोर्पियो, बाइक व 11 मोबाइल जब्त, मध्यप्रदेश से उत्तरप्रदेश तक नेटवर्क*

शहडोल

राष्ट्रीय राजमार्ग 43 टोल प्लाजा पर पिस्टल लहराने के मामले से चर्चा में आए शराब कारोबारी दिग्विजय सिंह का नाम भी आया सामने, जौनपुर पुलिस की कार्रवाई में हथियार और नकदी बरामद में सामने आया है।

शहडोल जिले से उत्तर प्रदेश के जौनपुर तक अवैध हथियारों के कारोबार की कड़ियां जुड़ने का मामला सामने आया है। जौनपुर पुलिस ने हथियारों की खरीद-फरोख्त के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें शहडोल जिले के चार युवक शामिल बताए जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपियों में शराब कारोबारी दिग्विजय सिंह भी शामिल हैं, जो पूर्व में राष्ट्रीय राजमार्ग 43 टोल प्लाजा पर पिस्टल लहराने की घटना को लेकर सुर्खियों में आए थे।

जौनपुर पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर को सुजानगंज थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान अवैध हथियारों की खेप पहुंचने और सौदेबाजी किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर पांच संदिग्धों को पकड़ा। प्रारंभिक जांच में शुभम सिंह निवासी जौनपुर को कथित तौर पर इस नेटवर्क का मुख्य संचालक बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, वह पूर्व में भी हथियारों की खरीद-फरोख्त के मामले में जेल जा चुका है।

गिरफ्तार आरोपियों में दिग्विजय सिंह के अलावा सौरभ सिंह, अनीश सिंह और एक अन्य युवक शामिल हैं। इन चारों का संबंध शहडोल जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र से बताया गया है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो 12 बोर राइफल, एक 45 बोर पिस्टल, ब्राजील निर्मित 9 एमएम पिस्टल, एक 22 बोर राइफल, 12 बोर के 200 जिंदा कारतूस, लगभग 7.50 लाख रुपये नकद, एक स्कॉर्पियो-एन, एक दोपहिया वाहन और 11 से अधिक मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

इस कार्रवाई के बाद कई अहम सवाल खड़े हो रहे हैं। शहडोल के युवकों का जौनपुर में सक्रिय बताए जा रहे हथियारों के नेटवर्क से किस तरह संपर्क हुआ? बरामद हथियार कहां से लाए गए थे और इनकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी। क्या इस कारोबार की जड़ें अन्य जिलों तक भी फैली हुई हैं। जांच में सामने आ सकता है।

समाचार 02 फ़ोटो 02

नाली निर्माण बना आफत, बिना लेआउट, तकनीकी निगरानी के हो रहा काम, सड़क पर मिट्टी व कीचड़ हो रही है दुर्घटना

अनूपपुर 

नगर परिषद् द्वारा बरगवां अमलाई के वार्ड नंबर-1 में इन दिनों कराया जा रहा नाली निर्माण कार्य वार्डवासियों के लिए सुविधा की जगह परेशानी का सबब बन गया है। निर्माण कार्य में कथित लापरवाही और तकनीकी मानकों की अनदेखी के चलते स्थानीय लोगों के साथ-साथ मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नाली निर्माण के लिए सड़क किनारे की गई खुदाई से सड़क संकरी हो गई है। वहीं, खुदाई से निकली मिट्टी सड़क पर ही डाल दिए जाने के कारण रास्ते में कीचड़ और फिसलन की स्थिति बनी हुई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर नाली का निर्माण कराया जा रहा है, वहां इसकी आवश्यकता को लेकर पहले से ही सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि नाली के अंतिम छोर (एंड पॉइंट) पर पानी निकासी के लिए कोई उचित व्यवस्था या स्थान ही नहीं है। इतना ही नहीं, निर्माण कार्य शुरू करने से पहले प्रोपर लेआउट भी तैयार नहीं किया गया। ऐसे में बिना उचित जल निकासी की योजना के नाली निर्माण की उपयोगिता पर सवाल उठ रहे हैं।

सड़क पर फैली मिट्टी और कीचड़ के कारण बाइक सवार कई लोग फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। घरों के सामने रास्ते बाधित होने से लोगों को दैनिक आवागमन और निस्तार में परेशानी हो रही है। स्थिति यह है कि कई घरों में चारपहिया वाहनों का प्रवेश तक मुश्किल हो गया है।निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर भी लोगों में नाराजगी है।  आरोप है कि नाली के ऊपर बनाए जा रहे ढक्कन इतने कमजोर हैं कि पैर रखते ही दरारे आ जाती है और टूटने लगते हैं। ढक्कन लगाने के बाद भी सड़क की सतह एक समान नहीं हो पा रही है। कहीं नाली की दीवार सड़क से ऊपर है तो कहीं सड़क से नीचे। नाली का निर्माण भी कई स्थानों पर असमान दिखाई दे रहा है और नीचे का हिस्सा खोखला होने की शिकायत की जा रही है। नाली के बेस में महज डेढ़ इंच मोटी ढलाई की जा रही है, वार्डवासियों का कहना है कि निर्माण कार्य बिना किसी इंजीनियर की नियमित देखरेख के मनमाने तरीके से कराया जा रहा है। निर्माण में न तो एकरूपता दिखाई दे रही है और न ही निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन होता नजर आ रहा है।

नाली निर्माण के दौरान पानी सप्लाई की मुख्य पाइपलाइन भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है। पाइपलाइन टूटने के बाद उसकी मरम्मत कराए बिना ही उसके ऊपर नाली की ढलाई कर दी गई। इसके कारण पानी लगातार बह रहा है। इससे लगातार पेयजल की बर्बादी हो रही है, लोगों ने ने संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मांग की है की जांच कराई जाए। 

समाचार 03 फ़ोटो 03

मानसिक अस्वस्थ रोगी ने पेड़ पर फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

अनूपपुर

कोतवाली थाना अनूपपुर से 4 किलोमीटर दूरी स्थित ग्राम पंचायत परसवार के खोलीटोला में मानसिक रूप से पीड़ित 45 वर्षीय अधेड़ ने देर रात घर के पीछे एक पेड़ में फांसी लगा ली। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई है।

परसवार के खोलीटोला निवासी 45 वर्षीय रमेश यादव पिता चंनू यादव जो विगत कई वर्षों से मानसिक रोगी था, देर रात घर के पीछे स्थित जामुन के पेड़ में केविल तार से फांसी लगा ली, घटना की जानकारी पर सुबह परिजनों द्वारा कोतवाली थाना अनूपपुर में किए जाने पर प्रधान आरक्षक नितिन नामदेव पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मृतक के शव को पेड़ से उतरवा कर पंचनामा एवं कथन की कार्रवाई करते हुए, पीएम हेतु जिला अस्पताल अनूपपुर में शव वाहन से भेज कर ड्यूटी डॉक्टर से पी,एम,कराने बाद मृतक के शव का अंतिम संस्कार हेतु परिजनों को सौंपते हुए जांच शुरू की।

घटना के संबंध में मृतक की पत्नी ने बताया कि उनके पति रमेश यादव विगत चार-पांच वर्षों से मानसिक रोगी है जिनका कई स्थानों पर अस्पतालों में उपचार कराया गया, लेकिन वह ठीक नहीं हुए बीच-बीच में तरह-तरह की हरकतें करते रहने के कारण उन पर नजर रखते थे, रात खाना खाने बाद वह 2 बजे तक जागती रही, अचानक नींद आ जाने पर बच्चों के साथ सो गई सुबह पति के बिस्तर पर न होने पर खोजबीन करने दौरान घर के पीछे स्थित जामुन के पेड़ में फांसी लगकर मृत स्थिति में दिखे।

समाचार 04 फ़ोटो 04

खन्नौधी परिक्षेत्र के सन्ना बीट में पहुँचा हाथियों का झुंड, वन विभाग ने सतर्क रहने की दी सलाह

शहडोल

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से हाथियों का एक झुंड शहडोल जिले के वन क्षेत्रों में पहुंच गया है। हाथियों का यह झुंड उत्तर शहडोल वनमंडल के वन क्षेत्रों से भ्रमण करते हुए वर्तमान में दक्षिण शहडोल वनमंडल के खन्नौधी परिक्षेत्र अंतर्गत सन्ना बीट के कक्ष क्रमांक आरएफ-562 में विचरण कर रहा है।

वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर 2026 को हाथियों का यह झुंड दक्षिण शहडोल वनमंडल के वन क्षेत्र में देखा गया है। वर्तमान में जंगली हाथियों द्वारा किसी भी प्रकार की जनहानि या अन्य नुकसान की सूचना नहीं है। हालांकि, वन क्षेत्र से लगे गांवों के आसपास हाथियों की आवाजाही से फसलों एवं मकानों को नुकसान पहुंचने के साथ ही हाथी-मानव द्वंद्व की आशंका बनी हुई है।

हाथियों की आवाजाही को देखते हुए दक्षिण शहडोल वनमंडलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। जिन क्षेत्रों में हाथियों की मौजूदगी है, वहां मैदानी अमले को सक्रिय रखने के लिए कहा गया है।

हाथियों की सुरक्षा और संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए वन क्षेत्र से गुजरने वाली विद्युत लाइनों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित ऊंचाई से नीचे गुजर रही विद्युत लाइनों को ऊंचा करवाने तथा टूटी-फूटी एवं क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों को तत्काल दुरुस्त कराने के के निर्देश दिए गए हैं।

समाचार 05 फ़ोटो 05

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को आयोजित होने वाले 9 दिवसीय नर्मदा पुराण एवं यज्ञ में शामिल होने का आमंत्रण

अनूपपुर

मध्यप्रदेश के सुप्रसिद्ध पवित्र तीर्थस्थल एवं पुण्य सलिला मां नर्मदा के उद्गम स्थल अमरकंटक में आगामी 22 नवंबर से 30 नवंबर तक आयोजित होने वाले श्री नर्मदा पुराण एवं यज्ञ के आयोजन को लेकर धार्मिक एवं सामाजिक स्तर पर तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी जी को इस धार्मिक अनुष्ठान में पधारने का सादर आमंत्रण दिया गया।

स्वामी नर्मदानंद महाराज के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस नौ दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम के निमंत्रण अवसर पर स्वामी सत्यानंद जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता ज्ञानेश्वर गुरव, अजय जी किरानापुरे गुरुजी, राम मांडवगड़े, सुरेश खेड़कर, गणेश सिंगर सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे। सभी ने केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी जी से आयोजन में शामिल होकर अपना सानिध्य एवं मार्गदर्शन प्रदान करने का विनम्र आग्रह किया।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने मां नर्मदा की परिक्रमा के महत्व के संदर्भ में चर्चा करते हुए नर्मदा परिक्रमा मार्ग में आने वाली सड़कों एवं आवागमन से जुड़ी समस्याओं की ओर भी ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने परिक्रमा मार्ग में यदि कहीं सड़क निर्माण अथवा आवागमन को लेकर कोई कठिनाई या अड़चन हो तो उसके संबंध में सुझाव देने का आह्वान किया, ताकि संबंधित समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक पहल की जा सके।

आयोजन से जुड़े संतजनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आशा व्यक्त की कि केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी जी का सानिध्य एवं मार्गदर्शन इस धार्मिक आयोजन की गरिमा बढ़ाएगा। 

समाचार 06 फ़ोटो 06

मुर्गा छीनने मारपीट व अभद्रता के आरोप के बाद एसपी ने एएसआई को किया निलंबित

शहडोल

एएसआई पर शराब के नशे में आदिवासी ग्रामीणों से अभद्रता और मारपीट करने के आरोप लगे हैं। एएसआई पर 4 मुर्गे छीनने और 10 मुर्गों की मांग करने का भी आरोप है। जिला पंचायत सदस्य से भी विवाद हुआ। वीडियो वायरल होने और एसपी से शिकायत के बाद एएसआई को निलंबित कर दिया गया।

मामला सीधी थाना क्षेत्र के बनसुकली का है। यहां मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था के लिए एएसआई दीपक सिंह परिहार की ड्यूटी लगाई गई थी। आरोप है कि वह ड्यूटी पर जाने के बजाय दूसरी जगह शराब के नशे में पहुंचे और आदिवासी ग्रामीणों से गाली-गलौज करने लगे। ग्रामीणों ने घटना का वीडियो बना लिया।

मौके पर पहुंचे जिला पंचायत सदस्य गुजरात सिंह ने एएसआई को रोकने की कोशिश की तो उनसे भी अभद्रता किए जाने का आरोप है। वहीं, एक मुर्गों से भरी पिकअप को रोककर 4 मुर्गे छीनने और 10 अन्य मुर्गों की मांग करने की शिकायत भी सामने आई है।

घटना को लेकर अमडीह निवासी तौकीद और ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल को लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत में जबरन मुर्गे छीनने और गाली-गलौज करने के आरोप लगाए गए। मामले का वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने एएसआई दीपक सिंह परिहार को निलंबित कर दिया।

समाचार 07 फ़ोटो 07

जंगल से अवैध तस्करी में सागौन से लदी लकडियों की 12 सिल्ली पीकप सहित वन विभाग की जब्त

उमरिया

नौरोजाबाद वन परिक्षेत्र में सागौन की अवैध तस्करी की सूचना पर वन विभाग की टीम ने आधी रात को घेराबंदी कर लकड़ियों से लदी एक पिकअप को जब्त कर लिया। कार्रवाई में सागौन की 12 सिल्ली बरामद हुई हैं। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, नौरोजाबाद वन परिक्षेत्र का वन अमला देर रात नियमित गश्त पर निकला हुआ था। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि रहठा क्षेत्र के ग्राम बांदर चुआ और खैरखा के बीच तालाब के पास एक पिकअप वाहन से अवैध रूप से सागौन की लकड़ियों का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हुई और तड़के करीब 2:30 बजे संदिग्ध स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी कर दी।

कुछ ही देर बाद वहां संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक MP 20 GA 5398 पहुंचा। वन अमले ने वाहन को रोककर तलाशी ली तो उसमें सागौन की 12 सिल्ली लदी मिलीं। लकड़ी के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद वन विभाग ने लकड़ी सहित पिकअप वाहन को जब्त कर लिया।

कार्रवाई के दौरान जगतपाल बैगा को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। जब्त वाहन के मालिक की पहचान ग्राम हड़हा निवासी रवि विश्वकर्मा के रूप में बताई गई है। वन विभाग पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

समाचार

अमरकंटक में मां नर्मदा की निर्मलता एवं अविरलता पर होगा वैचारिक मंथन 

अनूपपुर 

मां नर्मदा की पावन उद्गम स्थली अमरकंटक में जीवनदायिनी मां नर्मदा की निर्मलता, अविरलता एवं नैसर्गिक स्वरूप को अक्षुण्ण बनाए रखने के उद्देश्य से 4 नवंबर 26, बुधवार को ‘मां नर्मदा निर्मल एवं अविरल’ विषय पर वैचारिक मंथन कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।

अमरकंटक विकास प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित यह कार्यशाला नगर परिषद अमरकंटक के सभाकक्ष में प्रातः 10 बजे से प्रारंभ होगी। कार्यशाला में मां नर्मदा के संरक्षण, संवर्धन, जल की शुद्धता तथा नदी की अविरल धारा को बनाए रखने से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

वर्तमान समय में नदियों के संरक्षण की आवश्यकता और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। ऐसे में यह वैचारिक कार्यशाला केवल औपचारिक आयोजन न होकर मां नर्मदा के प्रति सामाजिक दायित्व, जनभागीदारी और पर्यावरणीय चेतना को सशक्त बनाने की दिशा में एक सार्थक पहल है। इसमें होने वाला विचार-मंथन नर्मदा संरक्षण के प्रति सामूहिक संकल्प और सकारात्मक कार्ययोजना का आधार बने, यही इस आयोजन की मूल भावना है।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget