राखड़ से भरे खड़े ट्रक से मोटरसाइकिल टकराई, एक युवक की हुई मौत, एक घायल अस्पताल में भर्ती
अनूपपुर
भालूमाड़ा थाना क्षेत्र के पोड़ी-चोड़ी पेट्रोल पंप सड़क किनारे खड़े ट्रक से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार अनूप सिंह की मौके पर मृत्यु हो गई, वहीं पीछे बैठे बालेन्द्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा पहुंचाया जहां इलाज जारी हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी हैं।
पुलिस ने बताया कि मृतक अनूप सिंह दारसागर के रहने वाले थे। घायल बालेन्द्र सिंह, पिता झुड़हू सिंह, 45 वर्ष के हैं और दारसागर में रहते हैं। उनकी हालत गंभीर है। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें दूसरे अस्पताल भेजा जाएगा।
कोतमा बीएमओ डॉ. केएल दीवान ने बताया कि बालेन्द्र को सिर में चोट लगी है। उन्हें रात सीएचसी कोतमा लाया गया। हालत स्थिर होने के बाद उन्हें दूसरे अस्पताल भेजा जाएगा।
ट्रक मोजर बेयर पावर प्लांट से राखड़ लेकर जा रहा था और किसी कारण सड़क किनारे खड़ा था। पुलिस के अनुसार बाइक सवार चुकान की ओर से अपने घर दारसागर जा रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ट्रक चालक से जानकारी जुटा रही है और यातायात बहाल करने में लगी है। पुलिस ने बताया कि मौके पर लोगों की भीड़ है। मृतक के परिजनों से भी जानकारी ली जा रही है।
