जिला अस्पताल में महिला को खून उपलब्ध कराने पर लिए 3500 रुपए, शिकायत होने पर लौटाई रुपए
जिला अस्पताल में महिला को खून उपलब्ध कराने पर लिए 3500 रुपए, शिकायत होने पर लौटाई रुपए
शहडोल
जिला चिकित्सालय में मरीज को ब्लड उपलब्ध कराने के बदले करीब 3500 रुपये लेने का मामला सामने आया है। सर्जिकल वार्ड में भर्ती एक महिला को दो बार खून की जरूरत पड़ने पर कथित तौर पर रकम ली गई। मामला अस्पताल प्रबंधन के संज्ञान में आने के बाद संबंधित महिला को पैसे वापस करा दिए गए हैं। वहीं, पूरे प्रकरण में अस्पताल में हाउसकीपिंग का काम करने वाले आउटसोर्स कर्मचारी से पूछताछ की जा रही है। यह मामला मीडिया कर्मियों तक पहुंचा था,जिसके बाद मीडिया कर्मियों ने मामले की जानकारी अस्पताल प्रबंधन को दी थी।
सर्जिकल वार्ड में भर्ती महिला मरीज को उपचार के दौरान ब्लड की आवश्यकता थी। आरोप है कि अस्पताल में कार्यरत एक आउटसोर्स कर्मचारी ने दूसरे व्यक्ति के माध्यम से दो बार ब्लड उपलब्ध कराने के एवज में लगभग 3500 रुपये लिए। इसकी जानकारी जब जिला अस्पताल प्रबंधन तक पहुंची तो मामले को गंभीरता से लेते हुए रकम वापस कराई गई। इसके बाद लेनदेन से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच शुरू कर दी गई।
प्रबंधन यह पता लगाने में जुटा है कि महिला से रकम किस माध्यम से ली गई और ब्लड उपलब्ध कराने की पूरी प्रक्रिया में कौन-कौन शामिल था। इसके लिए ब्लड बैंक के सीसीटीवी फुटेज भी निकलवाए जा रहे हैं। फिलहाल आउटसोर्स कर्मचारी से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामले में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। अस्पताल प्रबंधन ने जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।


