समाचार 01 फोटो 01
पुलिस कार्यवाही के विरोध में जिला कांग्रेस ने मनाया ‘काला दिवस’, काले वस्त्र पहनकर निकाला पैदल मार्च
*प्रधानमंत्री व गृहमंत्री का पुतला जलाकर जताया विरोध*
अनूपपुर
दिल्ली में इंडिया ब्लॉक के सांसदों द्वारा जंतर-मंतर की ओर किए जा रहे विरोध मार्च को पुलिस द्वारा रोके जाने और नेताओं की हिरासत के विरोध में कांग्रेस ने 8 अक्टूबर को देशभर में ‘काला दिवस’ मनाने का आह्वान किया।
इसी क्रम में जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर द्वारा जिला कांग्रेस कार्यालय से दोपहर करीब 3 बजे जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू चौहान के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता काले वस्त्र धारण कर जिला कांग्रेस कार्यालय से सामतपुर तालाब तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में हुई पुलिस कार्यवाही के विरोध में नारेबाजी की तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का पुतला जलाकर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्यवाही करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू चौहान, विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष रमेश सिंह सहित अन्य कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, उन्हें अस्थायी जेल में रखा गया और कुछ घंटों बाद रिहा कर दिया गया।
दिल्ली में इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने जंतर-मंतर की ओर मार्च करने का प्रयास किया था। पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया था। कांग्रेस ने इसके विरोध में 8 अक्टूबर को देशभर में प्रदर्शन का आह्वान किया था।
जिला कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने और लोकतांत्रिक अधिकारों के तहत प्रदर्शन करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है। कांग्रेस नेताओं ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकार की रक्षा की मांग की।
समाचार 02 फ़ोटो 02
जिला अस्पताल रेफर मरीज की एंबुलेंस रास्ते में हुई खराब, बीमार एंबुलेंस, व्यवस्था पर उठे सवाल
अनूपपुर
अमरकंटक स्वास्थ्य केंद्र से रात में अनूपपुर के लिए रेफर किए गए एक मरीज को ले जा रही 108 एंबुलेंस रास्ते में खराब हो गई। बताया गया कि वाहन खराब होने के बाद मरीज और उसके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा तथा मरीज को वापस अमरकंटक लाना पड़ा।पहाड़ी और दूरस्थ क्षेत्र में आधी रात के समय एंबुलेंस का बीच रास्ते में खराब होना मरीज और उसके परिजनों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया। यदि मरीज की हालत अत्यंत गंभीर होती तो मरीज की जान चली जाती।
नागरिकों का कहना है की प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा देने से स्वास्थ्य व्यवस्था सुदृढ़ नहीं हो सकती।अस्पताल में जांच और उपचार की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने की स्थिति में गंभीर मरीजों की परेशानी का सामना करना पड़ता है। अस्पताल में पर्याप्त , प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ, नियमित जांच सुविधाएं, एक्स-रे, आवश्यक दवाइयां, चिकित्सा उपकरण और 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं भी उपलब्ध नही है।
नागरिकों ने मांग की है कि अमरकंटक में कम से कम एक स्थायी, अच्छी स्थिति वाली और 24 घंटे उपलब्ध एंबुलेंस सुनिश्चित की जाए। अमरकंटक के नागरिकों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को वास्तविक रूप से सुविधायुक्त बनाने की मांग की है।
समाचार 03 फ़ोटो 03
आंचल को दूसरी बार मिली एयर एंबुलेंस की सुविधा, हार्ट की जांच व उपचार के लिए बेंगलुरु हुई रवाना
अनूपपुर
संकट की घड़ी में एक बार फिर मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए अनूपपुर जिले के जमुना कॉलोनी निवासी कुमारी आंचल शुक्ला पिता नरेंद्र शुक्ला को एयर एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई। आंचल शुक्ला का वर्ष 2018 में बेंगलुरु में हार्ट ट्रांसप्लांट हुआ था।
हार्ट ट्रांसप्लांट के बाद से आंचल का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार बेंगलुरु के विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है। कुछ समय पूर्व अचानक तबीयत बिगड़ने पर सरकार ने सुविधा उपलब्ध कराकर उन्हें उपचार के लिए बेंगलुरु भेजने में मदद की थी।
आंचल की तबियत दोबारा बिगड़ने और हार्ट से संबंधित गंभीर समस्या की जानकारी उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल को मिली। उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए आंचल के लिए दूसरी बार एयर एंबुलेंस की व्यवस्था कराई। आंचल को रीवा से एयर एंबुलेंस के माध्यम से बेंगलुरु भेजा गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया जा रहा है। परिजनों के अनुसार फिलहाल आंचल की स्थिति स्थिर एवं स्वास्थ्य में सुधार बताया जा रहा है।
संकट की इस घड़ी में समय पर मदद मिलने पर आंचल शुक्ला ने सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कठिन समय में मिली तत्काल सहायता उनके परिवार के लिए बड़ी राहत है।
समाचार 04 फोटो 04
नवोदय के विद्यार्थी नर्मदा मंदिर में दर्शन-पूजन कर जाना अमरकंटक का धार्मिक एवं प्राकृतिक महत्व
अनूपपुर
मां नर्मदा की उद्गम स्थली एवं प्रदेश के प्रमुख धार्मिक-आध्यात्मिक तीर्थ स्थल पवित्र नगरी अमरकंटक में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, मऊ जिला शहडोल के कक्षा सातवीं के छात्र-छात्राओं का एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण दल पहुंचा। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने अमरकंटक के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों का अवलोकन कर उनके ऐतिहासिक, धार्मिक एवं प्राकृतिक महत्व की जानकारी प्राप्त की।
विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती दिव्या त्रिपाठी, पीईटी अपर्णा गुरु एवं बलवीर वर्मा सहित छह शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों के मार्गदर्शन में कक्षा सातवीं के लगभग 75 छात्र-छात्राओं ने अमरकंटक के विभिन्न प्रमुख स्थलों का भ्रमण किया। विद्यार्थियों ने मां नर्मदा मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया तथा नर्मदा उद्गम स्थल के धार्मिक महत्व के बारे में जानकारी प्राप्त की।
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने अमरकंटक के प्रमुख पर्यटन एवं तीर्थ स्थलों को देखा और वहां की प्राकृतिक, धार्मिक तथा सांस्कृतिक विशेषताओं को करीब से समझा। विभिन्न स्थलों पर विद्यार्थियों ने अपनी जिज्ञासाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा भ्रमण को पुस्तकीय ज्ञान के साथ प्रत्यक्ष अनुभव से जोड़ने का प्रयास किया।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं व्यवहारिक ज्ञान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किए जा रहे हैं। इससे विद्यार्थियों को कक्षा में पढ़ाए जाने वाले विषयों को वास्तविक परिवेश में समझने और स्थानीय इतिहास, संस्कृति, पर्यावरण एवं धार्मिक परंपराओं से परिचित होने का अवसर मिलता है।
समाचार 05 फ़ोटो 05
टोल प्लाजा में थार चालक ऋषि सिंह ने बंदूक निकालकर टोल कर्मी को दी धमकी, थाना में हुई शिकायत
*फास्ट टैग रिचार्ज पर हुआ विवाद*
शहडोल
सोहागपुर थाना क्षेत्र के धुरवार स्थित एनएच-43 टोल प्लाजा पर फास्टैग रिचार्ज को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि थार वाहन सवार एक व्यक्ति ने टोल कर्मियों को बंदूक दिखाकर धमकाया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें वाहन चालक हाथ में हथियार लिए नजर आ रहा है। टोल कर्मियों ने मामले की शिकायत सोहागपुर थाने में की है।
टोल कर्मी राजकुमार यादव के मुताबिक रात करीब 10 बजे बुढार की ओर से एक थार वाहन शहडोल की तरफ आ रहा था। वाहन धुरवार स्थित टोल प्लाजा पर पहुंचा तो फास्टैग में पर्याप्त रिचार्ज नहीं था। इस पर टोल कर्मियों ने वाहन चालक से पहले फास्टैग रिचार्ज कराने के लिए कहा। आरोप है कि चालक इस बात को लेकर नाराज हो गया और टोल कर्मियों से विवाद करने लगा।
राजकुमार यादव का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर चालक ने थार में रखा पिस्टल या कट्टा जैसा दिखाई देने वाला हथियार निकाल लिया और टोल कर्मियों को धमकाने लगा। हथियार देखकर मौके पर मौजूद अन्य टोल कर्मचारी भी वहां पहुंच गए और बीच-बचाव किया। इसके बाद मामला शांत हुआ।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को दिए आवेदन में थार वाहन चालक का नाम ऋषि सिंह बताया है। टोल प्रबंधन की ओर से भी घटना को लेकर कार्रवाई की मांग की गई है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सोहागपुर पुलिस ने कहा की टोल कर्मियों की शिकायत प्राप्त हुई है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। फुटेज के आधार पर वाहन चालक की पहचान किए जाने की बात पुलिस ने कही है। वाहन से निकाला गया हथियार लाइसेंसी है या अवैध, इसकी भी जांच की जा रही है। जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी
समाचार 06 फ़ोटो 06
पत्नी व सास की हत्या कर आरोपी हुआ फरार, बन्द कमरे में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी
शहडोल
जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के नवागांव में बंद कमरे के अंदर मां-बेटी के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों शव करीब पांच दिन पुराने बताए जा रहे हैं। घर से दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने महिला के रिश्तेदार को सूचना दी। अहमदाबाद में रह रहे रिश्तेदार ने डायल-112 को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर के बाहर लगा ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो कमरे में दोनों के शव मिले।
मृतकों की पहचान रुचि रजक (30) और उसकी मां सावित्री पति प्रेमलाल (50) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार रुचि का मायका सीधी जिले के मझौली में है। उसकी शादी वर्ष 2025 में नवागांव में हुई थी और वह पति के साथ रह रही थी। पुलिस को प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रविवार को उसकी मां सावित्री बेटी को मायके ले जाने के लिए नवागांव पहुंची थी।
पुलिस के मुताबिक इसी बात को लेकर रुचि के पति से विवाद होने की जानकारी सामने आई है। आशंका है कि विवाद के बाद पति ने पत्नी और सास की हत्या कर दी और घटना को अंजाम देने के बाद घर में बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे रविवार रात गांव से जाते हुए देखने की बात पुलिस को बताई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू करने की तैयारी की है। पुलिस रुचि के पति की तलाश कर रही है। सीएसपी राजेंद्र मोहन दुबे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या के मामले में रुचि के पति पर संदेह है। वह फिलहाल फरार है।
समाचार 07 फ़ोटो 07
हाईवे पर पिकअप चालक से रुपए लेते दिखे एएसआई, सोशल मीडिया में वीडियो हुआ वायरल
शहडोल
सोहागपुर थाना क्षेत्र में हाईवे पर एक सहायक उप निरीक्षक का मालवाहक वाहन के चालक से कथित तौर पर पैसे लेते हुए वीडियो सामने आया है। सुबह सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई। वीडियो में सोहागपुर थाने में पदस्थ एएसआई जवाहर लाल राय बाइक से हाईवे पर खड़े भूसे की बोरियों से लदे पिकअप वाहन के पास पहुंचकर चालक से बातचीत करते और पैसे लेते दिखाई दे रहे हैं। मामले में थाना प्रभारी ने वीडियो की जांच कर वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी देने की बात कही है।
वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि सहायक उप निरीक्षक ने पिकअप को रोककर चालक से पैसे की मांग की। चालक ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इसी दौरान पुलिसकर्मी मोबाइल की ओर देखते हुए उसे मोबाइल नहीं चमकाने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। इसके बाद चालक को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि, ‘साहब, आप कहीं भी रोक लेते हो, कितना देना है।’ वीडियो में इसके बाद चालक से एक नोट लेते हुए पुलिसकर्मी उसे जेब में रखते और वहां से जाते दिखाई दे रहे हैं।
मामले में सोहागपुर थाना प्रभारी आरपी रावत ने बताया कि उन्होंने वायरल वीडियो देखा है। वह संबंधित एएसआई से बात कर पूरे मामले की वास्तविकता जानने का प्रयास करेंगे और वरिष्ठ अधिकारियों को भी इसकी जानकारी देंगे।
समाचार 08 फ़ोटो 08
राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग, की नारेबाजी
उमरिया
राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर उमरिया जिले के पाली नगर में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रवि मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ता प्रकाश चौराहे पर एकत्र हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के समर्थन में नारे लगाए। साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के फोटो भी जलाए गए।
प्रकाश चौराहे पर काफी देर तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नारेबाजी से माहौल राजनीतिक रंग में नर कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने राहुल गांधी की गिरफ्तारी को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से रोध जारी रखेंगे।
कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रवि मिश्रा के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने एकजुटता दिखाते हुए केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ आवाज बुलंद की। फोटो जलाने और नारेबाजी के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।