जिला बदर कुख्यात बदमाश तालिब का आतंक, नशे के लिए 500 रुपए ने देने पर युवक पर किया चाकू से जानलेवा हमला

*​18 से अधिक संगीन मुकदमें, पुलिस व आम लोगो के लिए बना सिरदर्द*


​शहडोल.

कोयलांचल नगरी धनपुरी में बेखौफ अपराधियों और नशेड़ियों के हौसले किस कदर बुलंद हो चुके हैं, इसका खौफनाक नमूना एक बार फिर बीच सड़क पर देखने को मिला है। इलाके का कुख्यात बदमाश मो. तालिब जिस पर पहले जिला बदर की कार्रवाई हो चुकी है और जिसके खिलाफ चोरी, एनडीपीएस (नशीले पदार्थ) समेत 18 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं, उसने कानून-व्यवस्था को सीधी चुनौती देते हुए एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमला केवल इस बात पर किया गया क्योंकि युवक ने नशीली कफ सिरप (कोरेक्स) खरीदने के लिए 500 रुपये की रंगदारी देने से इनकार कर दिया था।  

​कच्ची मोहल्ला निवासी अरमान अख्तर (उम्र 25 वर्ष, पिता मो. अख्तर हुसैन) अपने साथी मो. शाहिद के साथ पैदल अपने घर की ओर जा रहा था। जैसे ही दोनों अमरकंटक रोड पर इसरार की दुकान के सामने पहुंचे, सामने से कच्ची मोहल्ला निवासी मो. तालिब (पिता मो. रमजान कामरेड) अचानक आ धमका और उसने रास्ता रोक लिया।  

​आरोपी तालिब ने अरमान को धमकाते हुए कहा कि उसे कोरेक्स पीना है और तुरंत 500 रुपये निकाल कर दे। जब अरमान ने लाचारी जताते हुए पैसे देने से मना किया, तो आदतन अपराधी तालिब आगबबूला हो गया और सरेराह मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां बकने लगा। जब पीड़ित ने इस अभद्रता का विरोध किया तो धारदार चाकू निकाला और अरमान की हत्या की नीयत से उस पर वार कर दिया। चाकू सीधे अरमान की बाईं कमर में जा धंसा, जिससे वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। अरमान की चीख-पुकार सुनकर उसके दोस्त शाहिद ने अपनी जान पर खेलकर बीच-बचाव किया। इसी बीच शोर सुनकर मोहल्ले का एक अन्य युवक मो. सुहैल भी दौड़कर मौके पर पहुंच गए। और जाते हुए गुंडई का रौब दिखाते हुए खुली धमकी दी— "तुम मुझे नहीं जानते, मैं बहुत बड़ा गुंडा हूँ। आज तो तेरे दोस्त ने तुझे बचा लिया, लेकिन अगली बार कोरेक्स के पैसे नहीं दिए तो तुझे सीधे जान से खत्म कर दूंगा।" इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकला। तालिब के ऊपर नशीले पदार्थों की तस्करी व अवैध खरीद-फरोख्त (NDPS एक्ट) के साथ-साथ चोरी, मारपीट और रंगदारी के 18 मामले दर्ज हैं।

धनपुरी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 296(b) (गाली-गलौज/अश्लीलता), 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 119(1) (गंभीर चोट/घातक हथियार से हमला) एवं 351(3) (जान से मारने की आपराधिक धमकी) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

समाचार 01 फ़ोटो 01

जर्राटोला में 4.50 लाख की गुणवत्ता विहीन पुलिया निर्माण पर उठे सवाल, सीएम हेल्पलाइन में हुई शिकायत

*ग्रामीणों ने लगाए घटिया निर्माण के आरोप, जांच की मांग तेज*

अनूपपुर

जनपद पंचायत अनूपपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत जर्राटोला में लगभग 4 लाख 50 हजार रुपये की लागत से निर्माणाधीन पुलिया को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी सामने आई है। राजा राम पाण्डेय के घर के पास बन रही पुलिया के निर्माण में गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल उठाते हुए संबंधित अधिकारियों से मौके पर जांच और निर्माण कार्य की गुणवत्ता परीक्षण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में स्वीकृत मापदंडों और मौके पर किए जा रहे निर्माण के बीच अंतर दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक यदि निर्माण की तकनीकी जांच नहीं कराई गई तो भविष्य में पुलिया की मजबूती और सुरक्षा को लेकर परेशानी खड़ी हो सकती है।

ग्रामीणों का दावा है कि एस्टीमेट में नींव की गहराई करीब 1.5 मीटर निर्धारित है, जबकि मौके पर लगभग 1 मीटर तक ही खुदाई किए जाने का आरोप है। ग्रामीणों ने इसकी वास्तविक माप तकनीकी अधिकारियों से कराने की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार बेस में निर्धारित मोटाई के अनुरूप सामग्री नहीं डाली जा रही है। उनका आरोप है कि मौके पर बेस की परत काफी कम दिखाई दे रही है और उसके ऊपर गिट्टी डाली जा रही है। ग्रामीणों ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और बेस की मोटाई की जांच की मांग की है।

पुलिया में लगाए जा रहे सरिये को लेकर भी ग्रामीणों ने आपत्ति जताई है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्धारित माप के स्थान पर कम मोटाई के सरिये का इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं सीमेंट, रेत और अन्य सामग्री के मिश्रण को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। पुलिया पर भविष्य में भारी वाहन और ट्रैक्टर-ट्रॉली का आवागमन होना है, इसलिए निर्माण की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही दुर्घटना का कारण बन सकती है।

पुलिया निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सीएम हेल्पलाइन 181 में शिकायत दर्ज कराई गई है। ग्रामीणों की मांग है कि शिकायत पर केवल कागजी कार्रवाई न हो, बल्कि जनपद पंचायत के तकनीकी अधिकारी मौके पर पहुंचकर निर्माण की माप, नींव की गहराई, बेस की मोटाई, सरिये की गुणवत्ता, सीमेंट-रेत का अनुपात और कुल खर्च का भौतिक सत्यापन करें।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के भीतर एसडीएम अथवा जनपद पंचायत के तकनीकी अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच नहीं करते, तो वे सामूहिक रूप से कलेक्टर कार्यालय अनूपपुर पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपेंगे।

समाचार 02 फ़ोटो 02

दो अलग-अलग मामलो मे पानी मे डूबने से व छत से गिरने से 2 युवकों की हुई मौत, पुलिस जांच में जुटी

अनूपपुर

पुलिस चौकी फुनगा अंतर्गत दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मृत्यु हो गई। ग्राम पंचायत बम्हनी में दोपहर खेत में भरे पानी में 35 वर्षीय महेश बैगा की डूबने से एवं ग्राम पंचायत पाली में 21 वर्षीय दिनेश चौधरी की छत से गिरने से मौत हो गई।

ग्राम पंचायत बम्हनी में दोपहर खेत में भरे पानी में डूबने से महेश बैगा पुत्र भुत्ता बैगा, निवासी बम्हनी सुबह घर से गांव की जाने की बात कह निकला था। इसी दौरान गांव के सुनसान जगह के पास एक खेत में गांव के एक बुजुर्ग ने युवक के शव को देखा, जिसकी सूचना ग्रामीणों को दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव को देखने के बाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फुनगा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां शाम पोस्टमार्डम करा परिजनों को सौंपा दिया। पति की मौत की सूचना पर पत्नी की तबियत बिगड़ गई, जहां पुलिस ने उसे स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए भर्ती कराया है।

पुलिस ने बताया कि मृतक खाने पीने का आदी था। प्रथम दृष्टया पांव फिसलने से खेत की मेढ़ पर गिरना और खेत में भरे पानी में गिरने और डूबने से युवक की मौत होना प्रतीत होता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दूसरी घटना पुलिस चौकी फुनगा के ही ग्राम पंचायत पाली में एक दर्दनाक हादसे में 21 वर्षीय युवक दिनेश पुत्र राकेश चौधरी की छत से गिरने से मौत हो गई। युवक शाम के समय घर की छत पर टहल रहा था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह छत से नीचे गिर गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस चौकी फुनगा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार पोस्टमार्डम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुनगा लेकर पहुंची, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक जांच में सिर में गंभीर चोट के कारण मौत होने की बात कही। पुलिस शव परिजनों को सौंप मामले की जांच कर रही है। 

समाचार 03 फ़ोटो 03

अस्पताल में इलाज के दौरान संदिग्ध अवस्था में युवती की हुई मौत* जांच रिपोर्ट से होगा मौत का खुलासा

अनूपपुर 

जिला चिकित्सालय में इलाज कराने पहुंची 20 वर्षीय युवती सरिता प्रजापति पुत्री सुखलाल प्रजापति निवासी पोंडी चोड़ी की संदिग्धावस्था में मौत हो गई। युवती को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था, इस दौरान परिजनों द्वारा जहर खाने की सूचना पर डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया, हालांकि इस दौरान डॉक्टर ने युवती की बिगड़ती तबियत पर उसे स्थिर कर शहडोल मेडिकल कॉलेज के जाने की सलाह दी गई। लेकिन परिजन शहडोल ले जाने की बजाय जिला चिकित्सालय अनूपपुर में इलाज कराना चाह रहे थे। इसी दौरान अचानक युवती की तबियत ज्यादा बिगड़ गई, जहां उसकी मौत हो गई।

अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने की बात परिजनों से कही। जिस पर परिजन बिना पोस्टमार्टम शव ले जाने जिद्द करने लगे। इस पर पुलिस अधिकारी ने परिजनों को समझाते पोस्टमार्टम के लिए राजी कर शव को मर्चुरी में रखवाया गए, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। जाँच रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। डॉक्टर के अनुसार युवती के जहर खाने की आशंका बताई, लेकिन युवती के मुँह से न तो सल्फास या अन्य कीटनाशी दवा की गंध आ रही थी।

घटना के दौरान घर में युवती, पिता के अलावा भाभी थी। माँ अपनी छोटी बहन के पास शनिवार को शहडोल मिलने गई थी। मृतिका की मौसी का कहना है की युवती को कुछ दिनों से बुखार आ रहा था, शनिवार की गांव में ही किसी डॉक्टर से इलाज करवाते उसे इंजेक्शन दिलाई गई थी। दोपहर में युवती बाड़ी में बैठी थी, तबियत बिगड़ने पर जहर की आशंका में इलाज के लिए अस्पताल लेकर परिजन आए थे।

समाचार 04 फ़ोटो 04

तीन दिवसीय प्रवास पर रहेंगे द्वारकापीठाधीश्वर शंकराचार्य, नर्मदा पूजन व रुद्राभिषेक सहित होंगे धार्मिक आयोजन

अनूपपुर

पवित्र नगरी अमरकंटक में आगामी 3 से 6 अक्टूबर तक पश्चिमाम्नाय द्वारका शारदा पीठाधीश्वर 1008 परमपूज्य जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती महाराज का प्रवास होगा। उनके आगमन को लेकर शंकराचार्य आश्रम सहित संत समाज एवं श्रद्धालुओं में उत्साह का वातावरण है। प्रवास के दौरान विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

शंकराचार्य आश्रम के ब्रह्मचारी स्वामी नर्मदानंद ने बताया कि महाराज शंकराचार्य पद पर नियुक्त होने के बाद पहली बार अपने गुरुस्थान परमहंसी झोतेश्वर, गोटेगांव से अमरकंटक पधार रहे हैं। उनके आगमन पर आश्रम की ओर से विधिवत स्वागत-अभिनंदन किया जाएगा। इसके साथ ही पादुका पूजन सहित अन्य धार्मिक कार्यक्रम होंगे।

प्रवास में जगद्गुरु शंकराचार्य मां नर्मदा के उद्गम स्थल पहुंचकर दर्शन एवं पूजन करेंगे। इस दौरान ललिता सहस्त्रनाम,रुद्राभिषेक सहित अन्य धार्मिक अनुष्ठान भी होंगे। प्रवास के दौरान वे अमरकंटक क्षेत्र के संत-महात्माओं से भेंट करेंगे तथा श्रद्धालुओं को सत्संग एवं आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

जगद्गुरु शंकराचार्य जी के अमरकंटक आगमन को धार्मिक एवं आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मां नर्मदा के उद्गम स्थल की पावन भूमि पर उनके प्रवास के दौरान आश्रम एवं आसपास के धार्मिक स्थलों में विशेष धार्मिक वातावरण देखने को मिलेगा। उनके दर्शन एवं आशीर्वचन प्राप्त करने के लिए आसपास के क्षेत्रों से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। शंकराचार्य आश्रम की ओर से प्रवास को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। 

समाचार 05 फ़ोटो 05

पुलिस ने चोरी के प्रकरण में आरोपी गिरफ्तार, आरोपी के कब्जे से 68 हजार रूपये बरामद

उमरिया

थाना चंदिया पुलिस द्वारा घर में रखी नगद राशि चोरी करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 68,000/- रुपये नगद बरामद किए गए हैं। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 288/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था।

नंदलाल बैगा निवासी ग्राम देवरा, थाना चंदिया, जिला उमरिया द्वारा थाना चंदिया में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 23 सितंबर 2026 को उनके बड़े भाई की मृत्यु हो गई थी । परिवार के सदस्य अंतिम संस्कार एवं पूजा के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए थे। फरियादी के अनुसार घर में आवास योजना के प्राप्त हुये 60 हजार रूपये एवं अन्य कार्य हेतु पूर्व से रखे 30 हजार रूपये इस प्रकार कुल 90 हजार रूपये घर पर रखे हुये थे। दिनांक 23 सितंबर 2026 को लगभग दोपहर 12 बजे परिवार के सभी सदस्य पूजा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर में ताला लगाकर चले गए । शाम को वापस लौटने पर घर में रखे कुल 90,000/- रुपये चोरी होना पाया गया। मामले की रिपोर्ट पर थाना चंदिया पुलिस द्वारा अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

रिपोर्ट पर पुलिस द्वारा प्रकरण कायम कर विवेचना में लिया गया । विवचेना के दौरान पुलिस टीम द्वारा आवश्यक साक्ष्य संकलन एवं संबंधितो से पूछताछ की गई, जिससे संदेही  पुरुषोत्तम बैगा का नाम सामने आया, संदेही से प्रकरण के संबंध में बारीकी से पूछताछ की गई । पूछताछ में आरोपी द्वारा घर में रखी पेटी का कुंदा तोड़कर उसमें रखे 90,000/- रुपये चोरी करना स्वीकार किया गया । पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से चोरी की गई राशि में से 68,000/- रुपये नगद बरामद किए गए । पूछताछ में आरोपी द्वारा शेष राशि खर्च करना बताया गया । आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय उमरिया के समक्ष पेश किया गया।

समाचार 06 फ़ोटो 06

कोयला खदान में सुरक्षाकर्मी के साथ गाली-गलौज व मारपीट मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

शहडोल

अमलाई थाना क्षेत्र स्थित रामपुर कोयला खदान में सुरक्षाकर्मी के साथ गाली-गलौज, मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में अमलाई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में फरार तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने विशेष टीमों का गठन किया है।

पुलिस के अनुसार सुरक्षाकर्मी अजय कुमार पटेल खदान परिसर में ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान चार लोग खदान के अंदर पहुंचे और वहां मौजूद ट्रकों से कथित तौर पर अवैध वसूली करने लगे। इसकी जानकारी मिलने पर सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट कर दी। घटना में एसआईएसएफ के जवान के शासकीय कार्य में बाधा डालने का भी आरोप है।

घटना के बाद सुरक्षाकर्मी ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर अमलाई पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी हीरामणि त्रिपाठी उर्फ बुग्गा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब सुनील तिवारी, सूरज तिवारी और राज द्विवेदी की तलाश कर रही है।

थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे ने बताया कि सुरक्षा में तैनात एस आई एस एफ कंपनी के एक कर्मचारी के साथ मारपीट की घटना हुई है। शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगाई गई हैं। 

समाचार 07 फ़ोटो 07

आबादी क्षेत्र में पहुँचा भालू, वन विभाग ने निगरानी के लिए विशेष टीम की तैनात, ग्रामीणों में दहशत का माहौल

शहडोल

जिले के केशवाही वन परिक्षेत्र में एक बार फिर भालू के आबादी और खेतों के आसपास पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्राम गिरवा और बेलिया के आसपास भालू के विचरण की सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने तत्काल निगरानी शुरू कर दी है। विभाग की दो विशेष टीमें मौके पर तैनात की गई हैं, जो भालू की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं। वहीं ग्रामीणों को सतर्क करने के लिए गांवों में लाउडस्पीकर से मुनादी भी कराई जा रही है।

वन विभाग के मुताबिक भालू मुख्य वन क्षेत्र से निकलकर खेतों और रिहायशी इलाकों के समीप विचरण कर रहा है। क्षेत्र में कृषि भूमि और आबादी एक-दूसरे से लगी होने के कारण मानव-वन्यप्राणी संघर्ष की आशंका बनी हुई है। इसे देखते हुए वन अमले को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

वन विभाग ने ग्रामीणों और किसानों से कहा है कि वे खेतों की ओर अकेले न जाएं। विशेष रूप से शाम और रात के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचें। भालू दिखाई देने पर उसे घेरने, उसके पास जाने या किसी तरह छेड़ने का प्रयास न करें।

गौरतलब है कि केशवाही वन परिक्षेत्र में इस वर्ष भालू के हमले की दो घटनाओं में दो लोगों की जान जा चुकी है। वन विभाग के अनुसार इस क्षेत्र में जिले के अन्य इलाकों की तुलना में भालुओं की संख्या अधिक है। जंगल से सटे गांवों और खेतों में अक्सर इनके पहुंचने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। ऐसे में विभाग ने ग्रामीणों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

समाचार 08

पांच अधिकारियों पर 500-500 रुपये जुर्माना

शहडोल

समय-सीमा की बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत समय-सीमा से बाह्य प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित पांच अधिकारियों पर 500-500 रुपये की पेनाल्टी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत आने वाली सेवाओं का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

सीईओ जिला पंचायत ने समय-सीमा के पत्रों की समीक्षा करते हुए कहा कि सीएम हाउस, सीएम कार्यालय तथा विभिन्न आयोगों से प्राप्त पत्रों का तत्परता से जवाब दिया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पत्रों का समय पर निराकरण कर जवाब भेजने तथा लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।

प्रेरणा हिंदी प्रचारिणी सभा का मथुरा में दिव्यता पूर्ण भव्य हिंदी सम्मेलन संपन्न     


मथुरा -   प्रेरणा हिंदी प्रचारिणी सभा का मथुरा में हिंदी सम्मेलन भव्यता के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ धर्म प्रकाश वाजपेयी दिल्ली, विशिष्ट अतिथि विनोद मिश्र दतिया व अनिल कुमार मिश्र कटनी ने की। कवि सम्मेलन सम्मान समारोह पुस्तक विमोचन लोकार्पण व हिंदी विचार गोष्ठी की अध्यक्षता प्रभा बच्चन श्रीवास्तव जबलपुर ने किया। राधा कृष्ण के पूजन वंदना पश्चात अतिथियों का स्वागत किया गया। सरस्वती वन्दना सीमा शर्मा मेरठ व गणेश वंदना सोनिया नायडू ने किया। राजकुमारी रैकवार राज जबलपुर व प्रभा बच्चन श्रीवास्तव जबलपुर ने राष्ट्रभक्ति पर भव्य नृत्य प्रस्तुत किया।

वीणा अब्राहम सिंह आगरा, जयपूर्णा विश्वकर्मा गढ़वा झारखंड, डॉ राम लखन वर्मा विद्यावाचस्पति रायबरेली, नितिन शर्मा नीति भोपाल, बेखुद ब्रजवासी मथुरा, डॉ रमा कान्ता हरियाणा, सोनिया नायडू भिलाई, मेघा अग्रवाल नागपूर, राकेश शर्मा हास्य आगरा, रामेन्द्र कुमार शर्मा ( रवि) गीतकार आगरा, उमा शंकर पाराशर आचार्य जी गीतकार आगरा, प्रभु दत्त उपाध्याय आगरा, जगमोहन श्रीवास्तव ग्वालियर, कमलेश कमल ग्वालियर, सरिता चौहान ग्वालियर, पुष्पा मिश्रा ग्वालियर, संदीप खैरा ग्वालियर, अनिल राही ग्वालियर, दीप्ति खरे मंडला, सुषमा वीरेन्द्र खरे सरस सिहोरा जबलपुर, पदमा तिवारी दमोह मध्यप्रदेश, जय प्रकाश गौतम, कवि मुकेश निडर मंदसौर, रंजन मिश्र बिरागी मथुरा, डॉ महेश अनघड़ कसरावद खरगोन मध्यप्रदेश, राघव कन्हौआ भिंड, डॉ सुषमा पंड्या बिलासपुर, रफीक नागौरी उज्जैन, सरिता चौहान, पुष्पा मिश्रा ग्वालियर, कृष्ण कान्त कपासिया बुलंदशहर, हरिहर प्रसाद जी, अनीता गौतम ' विदुषी ' आगरा, वीरेन्द्र पाठक हाथरस, रजनी वर्मा मैनपुरी, कवि मुकेश निडर मंदसौर, आशुकवि भैरु सुनार मनासा, कवि रामगोपाल फरक्या खड़ावदा मंदसौर, प्रांशू त्रिपाठी मैनपुरी, निर्मला डोंगरे सिहोरा/ मथुरा, सागर स्याल कोटियाल, मौर्य ए पी साहब लुधियाना, शीशलता शालू भिलाई छत्तीसगढ़, मोहिनी भटनागर आगरा, रुपेश कुलश्रेष्ठ आगरा, हरिहर प्रसाद पाण्डेय रायबरेली, राधा तोमर अंबाह मुरैना, जयप्रकाश गौतम बटोही दिल्ली भक्ति कवि,  डॉ सोमनाथ शुक्ल प्रयागराज, डॉ राधेश्याम दुबे श्याम फतनपुरी प्रयागराज, अजय शुक्ल नोएडा, राजकुमारी रैकवार राज जबलपुर, डॉ रामनिवास तिवारी इंडिया दिल्ली, शत्रुघन सिंह चम्बल कवि, आनंद सिंह चौहान, रविना नरवरिया पोरसा मुरैना, हरिओम गुप्ता पोरसा मुरैना, सुशील राठौड. राजस्थान, मृत्युंजय उपाध्याय नवल गोरखपुर, विनय कुमार झा गाजियाबाद, मधुकर द्विवेदी जी वरिष्ठ पत्रकार रायपुर, विनोद मिश्र ' सुरमणि' दतिया, कुसुम सिंह अविचल कानपुर, रामवल्लभ गुप्त इंदौरी, आचार्य निर्मल मथुरा, संगीता शुक्ला ' स्वरा' शहडोल,  सोहन लाल शर्मा डींग राजस्थान, विजय कुमार कन्नौजे आमोदी आरंग जिला रायपुर छत्तीसगढ़, दीनदयाल सोनी ' स्वर्ण ' चन्द्रप्रकाश प्रकाश व्यथित बांदा, दिनेश कुमार पुरी मथुरा, डॉ गोविन्द पाण्डेय प्रेम जबलपुर, मधुसूदन गौतम कोटा राजस्थान, डॉ रामचन्द्र स्वामी बीकानेर, डॉ ओम ऋषि भारद्वाज एटा, रजनी वर्मा, डॉ राजेन्द्र मिलन आगरा, यशोयश आगरा, निशि राज आगरा, गोवर्धन थपलियाल दिल्ली, डॉ अशोक अग्रहरि प्रतापगढ़, बीना नौडियाल खंडूरी देहरादून, किरन नैथानी श्रीनगर पौड़ी गढ़वाल, मोहनी भटनागर आगरा, संतोष पारीक, मनोमा मनु हैदराबाद, डॉ महेन्द्र सिंह गौर सागर, नेमा खगेश के शाह वडोदरा गुजरात संपादक गुजराती बोल, राम वल्लभ गुप्त इंदौरी, डॉ विजयानन्द साहित्यकार प्रयागराज, रामलखन गुप्त चाकघाट रीवा, डॉ चैतन्य चेतन एडवोकेट नवाबगंज, ओजेन्द्र तिवारी दमोह, विनय कुमार झा गाजियाबाद, सरस्वती मल्लिक मधुबनी बिहार, बृज बिहारी त्रिपाठी समाजसेवी प्रयागराज आदि उपस्थित रहे व कवियों - कवयित्रियों ने काव्य रस वर्षा की। 

       राष्ट्रीय स्तर पर कवि सम्मेलन को अपने संचालन से सिद्धेश्वरी सराफ शीलू जबलपुर ने उंचाई प्रदान की। अनिल शर्मा समाजसेवी दिल्ली ने आभार व्यक्त किया।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget