पहाड़ों से मलबा व पेड़ गिरने से दो दिन से तीन प्रमुख मार्ग बंद, हाथ भट्टी व विदेशी मदिरा जब्त, तीन मामला दर्ज 


अनूपपुर

प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक तीर्थ स्थल तथा पर्यटन केंद्र पवित्र नगरी अमरकंटक को छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से जोड़ने वाले तीन प्रमुख संपर्क मार्ग लगातार हुई मूसलाधार बारिश के बाद बंद हो गए हैं। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान के प्रभाव से क्षेत्र में तीन दिनों तक हुई झमाझम बारिश के चलते पहाड़ी हिस्सों से मलबा और पेड़ गिरने के कारण धरमपानी-दुर्गधारा-पकरिया मार्ग, जालेश्वर-मदरवानी मार्ग तथा विश्वविद्यालय-पेंड्रा रोड मार्ग पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित हुआ है।

बताया जा रहा है कि तीनों मार्ग पिछले दो दिनों से अवरुद्ध हैं। मार्गों पर गिरे पेड़ों और मलबे को हटाकर यातायात बहाल करने के लिए स्थानीय स्तर पर प्रशासन तथा छत्तीसगढ़ लोक निर्माण विभाग की ओर से कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है। लगातार मार्ग बंद रहने से अमरकंटक और गौरेला-पेंड्रा क्षेत्र के बीच आवागमन करने वाले लोगों के सामने अतिरिक्त दूरी तय करने की स्थिति बन गई है।

इन मार्गों का अमरकंटक की यातायात व्यवस्था में विशेष महत्व है। अमरकंटक-दुर्गधारा-पकरिया मार्ग करीब 25 किलोमीटर, जालेश्वर मार्ग लगभग 33 किलोमीटर तथा विश्वविद्यालय-पेंड्रा रोड मार्ग करीब 35 किलोमीटर लंबा है। सामान्य दिनों में इन मार्गों से अमरकंटक और पेंड्रा क्षेत्र के बीच बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, व्यापारी, पर्यटक एवं तीर्थयात्री आवागमन करते हैं।

मार्ग बंद होने के कारण पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्हें तराई क्षेत्र के गांवों से होकर करीब 45 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। इससे यात्रा का समय बढ़ने के साथ ही वाहन चालकों और यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक भार भी पड़ रहा है।

हाथ भट्टी व विदेशी मदिरा जब्त, तीन मामला दर्ज 

अनूपपुर जिले के अमरकंटक में आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिले में अवैध मदिरा के निर्माण , संग्रहण एवं विक्रय पर अंकुश लगाने के उद्देश्य के अंतर्गत आबकारी विभाग ने अमरकंटक क्षेत्र में प्रभावी कार्रवाई करते हुए 27 सितंबर 2026 को विभिन्न स्थानों से हाथ भट्टी एवं विदेशी मदिरा बरामद की है । कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई ।

अमरकंटक के वार्ड क्रमांक-7 में राजेश सिंह एवं रामकली के कब्जे से 11 लीटर हाथ भट्टी मदिरा बरामद की गई । वहीं बाराती क्षेत्र में अनीता धुर्वे के कब्जे से 7.2 बल्क लीटर विदेशी मदिरा तथा ग्राम लालपुर में संजनाबाई के कब्जे से 6.3 बल्क लीटर विदेशी मदिरा जब्त की गई ।

आबकारी विभाग ने बरामद मदिरा को जप्त करते हुए संबंधित आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत मामला दर्ज कर कार्यवाही की।

समाजसेवी पार्षद पवन कुमार चीनी ने कैंसर की बीमारी परेशान महिला गौरी को दी आर्थिक सहायता


अनूपपुर

नगर परिषद बरगवां-अमलाई के वार्ड क्रमांक 10 देवहरा निवासी गौरी बैगा लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से संघर्ष कर रही हैं। बीमारी के उपचार के साथ परिवार के सामने आर्थिक कठिनाइयां भी खड़ी हैं। ऐसे मुश्किल दौर में सामाजिक कार्यकर्ता पवन कुमार चीनी ने परिवार की मदद के लिए आगे बढ़कर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई।

गौरी बैगा की स्थिति की जानकारी मिलने के बाद पवन कुमार चीनी ने उनके परिवार से मुलाकात की और इलाज में सहयोग के उद्देश्य से सहायता राशि प्रदान की। इस दौरान उन्होंने गौरी बैगा के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए परिवार को भरोसा दिलाया कि कठिन परिस्थितियों में जरूरतमंदों के साथ खड़ा होना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

परिजनों के अनुसार गौरी बैगा लंबे समय से उपचार करा रही हैं। गंभीर बीमारी के चलते लगातार इलाज और दवाइयों का खर्च परिवार के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। ऐसे समय में मिली आर्थिक सहायता से परिवार को उपचार संबंधी खर्चों में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

पवन कुमार चीनी द्वारा जरूरतमंद परिवारों की सहायता का यह पहला मामला नहीं बताया जा रहा है। इससे पहले बारिश के दौरान मकान क्षतिग्रस्त होने से परेशान परिवारों की जानकारी मिलने पर भी उन्होंने आर्थिक सहयोग किया था। उनका कहना है कि बीमारी, प्राकृतिक आपदा या आर्थिक संकट जैसी परिस्थितियों में सामर्थ्य के अनुसार किसी जरूरतमंद की मदद करना ही सामाजिक सरोकार का वास्तविक उद्देश्य है। चीनी द्वारा जरूरतमंदों की सहायता के अलावा विभिन्न सामाजिक आयोजनों में उनका सहयोग देखने को मिलता रहा है।

भिखारी बनकर डॉक्टर के घर पर दिनदहाड़े दीवार कूदकर चुराई मूर्ति, सीसीटीवी में कैद हुई करतूत


शहडोल

बुढ़ार थाना क्षेत्र की आदर्श कॉलोनी में दिनदहाड़े चोरी की एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति कथित तौर पर पागल और भिखारी के भेष में कई दिनों से इलाके में घूमता रहा। घर की रेकी करने के बाद मौका मिलते ही डॉक्टर के घर में घुस गया और वहां रखी एक मूर्ति चोरी कर फरार हो गया। चोरी की पूरी करतूत घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जिले के बुढार थाना क्षेत्र आदर्श कॉलोनी निवासी डॉक्टर ए.के. लाला अपने घर में ही क्लिनिक संचालित करते हैं। घटना के समय डॉक्टर क्लिनिक खोलकर किसी काम से बाहर गए थे और घर के मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था। इसी दौरान एक व्यक्ति, जिसे स्थानीय लोग पिछले कुछ दिनों से भिखारी अथवा मानसिक रूप से अस्वस्थ समझकर नजरअंदाज कर रहे थे, घर के आसपास पहुंचा। 

सीसीटीवी फुटेज में कथित चोर पहले घर के आसपास इधर-उधर घूमकर स्थिति का जायजा लेता नजर आ रहा है। कुछ देर तक रेकी करने के बाद जब उसे आसपास कोई दिखाई नहीं दिया तो वह तेजी से गेट और दीवार को पार कर घर के अंदर दाखिल हो गया। अंदर जाने के बाद उसने सामान तलाशा, लेकिन जब कुछ खास हाथ नहीं लगा तो घर में रखी एक मूर्ति उठाई और उसी रास्ते से बाहर निकलकर फरार हो गया। भिखारी चोर की सब करतूत डाक्टर के घर में लगे सीसीटीवी कैद  हो गई।

डॉक्टर ए.के. लाला ने बताया कि एक व्यक्ति कुछ दिनों से इलाके में भिखारी के रूप में घूम रहा था, लोग उसे पागल समझते थे, लेकिन मौका मिलते ही उसने घर में प्रवेश कर मूर्ति चोरी कर ली। उनका कहना है कि यदि घर में कोई कीमती सामान रखा होता तो वह उसे भी लेकर जा सकता था। 

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget