फुटबॉल मैदान में बेटियों ने रचा नया इतिहास, 6 बेटियों का मध्यप्रदेश राष्ट्रीय टीम में हुआ चयन, मिली शुभकामनाएं
फुटबॉल मैदान में बेटियों ने रचा नया इतिहास, 6 बेटियों का मध्यप्रदेश राष्ट्रीय टीम में हुआ चयन, मिली शुभकामनाएं
शहडोल
जिले की बेटियों ने फुटबॉल के मैदान पर अपनी प्रतिभा, अनुशासन और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। इंदौर के महू में आयोजित ओपन इंटर-डिस्ट्रिक्ट जूनियर गर्ल्स फुटबॉल टूर्नामेंट में शहडोल की टीम ने उत्कृष्ट खेल का परिचय देते हुए उपविजेता (रनर-अप) का खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में डी एफ ए शहडोल की टीम ने डी एफ ए इंदौर की मजबूत टीम को कड़ी टक्कर दी और बेहद कड़े व रोमांचक मुकाबले में मात्र एक गोल के अंतर से उपविजेता रही।
टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर डी एफ ए शहडोल की 8 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर के कोचिंग व ट्रायल कैंप के लिए हुआ था। कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद 6 खिलाड़ियों का अंतिम रूप से मध्यप्रदेश टीम में चयन किया गया है, जिनमे चांदनी यादव रिलायंस फुटबॉल ट्रेनिंग सेंटर धनगवां, वाशु यादव रिलायंस फुटबॉल ट्रेनिंग सेंटर धनगवां, संध्या सहिस रिलायंस फुटबॉल ट्रेनिंग सेंटर धनगवां, दिव्या संत रिलायंस फुटबॉल ट्रेनिंग सेंटर हर्री, राधा सिंह रिलायंस फुटबॉल ट्रेनिंग सेंटर धुरवार, राधनी सिंह बिचारपुर स्मॉल फीडर सेंटर के खिलाड़ियों का चयन हुआ है। 26 सितंबर से 3 अक्टूबर तक नारायणपुर (छत्तीसगढ़) में आयोजित होने वाली जूनियर राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
शहडोल की इस ऐतिहासिक उपलब्धि में ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों में संचालित रिलायंस फाउंडेशन फुटबॉल ट्रेनिंग सेंटरों की अहम भूमिका रही है। रिलायंस सी बी एम परियोजना के सी एस आर नवाचार के तहत चलाए जा रहे फुटबॉल विकास कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण बालिकाओं को नियमित प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और अनुशासित वातावरण प्रदान किया जा रहा है। इन्हीं जमीनी प्रयासों का परिणाम है कि आज गांव-देहात से निकलकर बेटियां राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं।


