कार से 37 हजार की 97 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त, दो आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार


अनूपपुर

राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र में रविवार को पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक कार से गांव के रास्ते ले जाई जा रही 9 कार्टून में कुल 97.8 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर जब्त की।जिसकी कीमत 37,620 रुपए बताई गई हैं। कार में सवार दो लोगो को गिरफ्तार कर धारा 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।

पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि किरर घाट की ओर से कार में शराब करौंदी गांव की तरफ ले जाई जा रही है। सूचना पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाकाबंदी की गई। पुलिस को देखकर कार चालक सोनहरा गांव की ओर भागने लगा। घेराबंदी कर पुलिस ने सोनहरा डैम के पास कार क्रमांक एमपी 20 सीएस 7976 को रोका, जिसमें 27 वर्षीय राजेश कुमार नायक, निवासी भरनी अमरकंटक और 35 वर्षीय कृष्ण पाल बंजारा निवासी लपटी अमरकंटक सवार थे। गवाहों की मौजूदगी में कार की तलाशी लेने पर डिक्की से 9 कार्टून मिले। इनमें कुल 97.8 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर मिली। जब्त शराब की कीमत 37,620 रुपए बताई गई है।

पुलिस ने आरोपियों से शराब के वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके बाद शराब के साथ करीब 4 लाख रुपए कीमत की कार भी जब्त कर ली गई। प्रत्येक बैच से 3-3 नग, कुल 12 नग सैंपल निकालकर बाकी शराब को सील किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। दोनों को गिरफ्तार कर थाने लाया गया, जहां मामले को विवेचना में लिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

बाघ के हमले से ग्रामीण हुआ घायल, 15 घंटे बाद हुई पुष्टि, ग्रामीणों में नाराजगी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल


उमरिया

मानपुर परिक्षेत्र के सेमरा-सेमरी (कठुलिया हार) इलाके में एक बाघ ने हमला कर 50 वर्षीय ग्रामीण को घायल कर दिया। पीड़ित शंकर पटेल (निवासी सेमरी) को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मानपुर ले जाया गया, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है। घटना के बाद पुलिस बल और अतिरिक्त वन अमला मौके पर तैनात किया गया है, तथा रेस्क्यू टीम बाघ को पकड़ने की कार्रवाई में जुट गई है।

शनिवार रात करीब 9 बजे ही वन विभाग को कठुलिया हार क्षेत्र में बाघ की आवाजाही की सूचना मिल गई थी। मौके पर पहुंचे वनकर्मियों ने पंजों के निशान (पगमार्क) के आधार पर बाघ की उपस्थिति की आधिकारिक पुष्टि भी की थी। इसके बावजूद रविवार सुबह तक संवेदनशील क्षेत्र की घेराबंदी नहीं की गई।

सुरक्षात्मक उपाय न होने के कारण रविवार सुबह से ही बाघ को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों का जमावड़ा लगता रहा। दोपहर करीब 12:10 बजे अचानक बाघ ने सेमरी निवासी शंकर पटेल पर हमला कर दिया। आसपास मौजूद लोगों द्वारा शोर मचाने पर बाघ पीछे हटकर समीप स्थित नाले की ओर चला गया।

घटना के समय मौके पर केवल पांच मैदानी वनकर्मी मौजूद थे, जबकि वन परिक्षेत्र मानपुर के कोई वरिष्ठ जिम्मेदार अधिकारी वहां उपस्थित नहीं थे। शनिवार रात बाघ की पुष्टि होने के बावजूद 15 घंटे का समय बीत जाने तक सुरक्षा घेरा न बनाए जाने और भीड़ को नियंत्रित न किए जाने को लेकर वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि समय रहते घेराबंदी कर भीड़ को रोक दिया जाता, तो यह हादसा टल सकता था।

घटना के बाद पुलिस और वन विभाग का अतिरिक्त अमला मौके पर पहुंचा और लोगों को घटनास्थल से दूर किया गया। वर्तमान में रेस्क्यू टीम मौके पर मौजूद है और बाघ की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उसे नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं।

पीकप ने बाइक को मारी टक्कर, 2 की हुई मौत, 2 घायलो का अस्पताल में चल रहा है इलाज


अनूपपुर

शनिवार की रात सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। कोतमा से घर लौट रहे बाइक सवार चार लोगों को भोलगढ़ के पास पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में निखिल केवट 20 वर्ष और बद्री केवट 35 वर्ष की मौत हो गई। घायल राज बैगा 20 वर्ष का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि बाइक चला रहे रवि कुशवाहा 36 वर्ष को परिजन जिला अस्पताल से निजी अस्पताल ले गए हैं।

हादसे में घायल निखिल केवट ने शनिवार की रात मौत हो गई। जबकि बद्री केवट की रविवार सुबह मौत हो गई। घायल राज बैगा का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं, बाइक चालक रवि कुशवाहा को परिजन जिला अस्पताल से निजी अस्पताल ले गए हैं।

घायल राज बैगा ने बताया कि वे बरगवां और झगरहा के रहने वाले हैं। रवि कुशवाहा लकड़ी के ठेकेदार हैं। उनके साथ मजदूरी करने वाले तीन लोग कोतमा के खुंटवा गांव से शनिवार रात करीब 10 बजे घर लौट रहे थे। चारों एक ही बाइक पर सवार थे। भोलगढ़ के पास पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार चारों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद डायल 112 की गाड़ी सभी घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंची।

अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा बनाया और पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। पीकप वाहन में लकड़ियां लोड थीं और उसमें 5-6 मजदूर भी लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार चार लोग भी वापस आ रहे थे। पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों और टक्कर मारने वाले वाहन के बारे में जानकारी जुटा रही है।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget