जंगली सुअर के अवैध शिकार कर खाने के लिए मांस पका रहे 5 आरोपियों को वन विभाग की टीम ने किया गिरफ्तार


उमरिया

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व अंतर्गत वन परिक्षेत्र मानपुर बफर अंतर्गत ग्राम बिजौरी के पटपरहा टोला में कुछ लोगो द्वारा जंगली सुअर के अवैध शिकार एवं उसके मांस के उपयोग के लिए पकाने संबंध में प्राप्त सूचना पर बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व के वन परिक्षेत्र मानपुर की टीम द्वारा कार्रवाई की गई। कुल पाँच व्यक्तियों विनोद बैगा, प्रेमलाल बैगा, छल्लु बैगा, उधेलाल बैगा एवं मुकेश चौधरी के विरुद्ध वन्यजीव अपराध की धारा के तहत गिरफ्तार किया गया।

वन परिक्षेत्र अधिकारी, मानपुर बफर के निर्देशन में वन परिक्षेत्र मानपुर बफर के वन अमले द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित स्थान पर दबिश दी गई। मौके से विनोद बैगा, प्रेमलाल बैगा एवं छल्लु बैगा को पकड़ा गया तथा प्रकरण में नियमानुसार पूछताछ एवं जांच की कार्रवाई प्रारंभ की गई। मौके में निरीक्षण एवं तलाशी के दौरान पकाया हुआ मांस, हँसिया, कढ़ाई, अन्य बर्तन तथा खून लगी हुई बोरी सहित अन्य महत्वपूर्ण सामग्री बरामद कर विधिवत जब्ती की गई। जब्त सामग्री को प्रकरण में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में सुरक्षित किया गया।

आरोपियों से पूछताछ आधार पर डॉग स्क्वाड की सहायता से उन स्थानों पर गहन तलाशी एवं सर्च ऑपरेशन चलाया गया। चिन्हित स्थानों की विधिवत तलाशी लेने पर एक अन्य स्थान से जंगली सुअर के दाँत एवं बाल बरामद हुए। इन सामग्रियों को जब्त किया गया।

जांच के दौरान पूर्व में पकड़े गए तीन आरोपियों से प्राप्त कथनों एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उधेलाल बैगा एवं मुकेश चौधरी से भी पूछताछ की  गई तथा प्रकरण में उनकी भूमिका के संबंध में विस्तृत जांच की गई।

प्रकरण में आवश्यक विवेचनात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई पूर्ण करते हुए सभी पाँच आरोपियों को न्यायालय, मानपुर के न्यायिक दंडाधिकारी के  समक्ष प्रस्तुत किया गया। प्रस्तुत तथ्यों एवं उपलब्ध साक्ष्यों पर विचार करते हुए न्यायिक दंडाधिकारी द्वारा सभी पाँच आरोपियों की जमानत याचिका निरस्त करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश प्रदान किए गए।

माई की बगिया मार्ग की हालत अति दयनीय, मार्ग विस्तारीकरण के बाद बना दलदल, हो रही दुर्घटनाएं, जिम्मेदार मौन


अनूपपुर

प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक तीर्थ स्थल पवित्र नगरी अमरकंटक के प्रमुख धार्मिक स्थल माई की बगिया जाने वाले मार्ग की हालत वर्षाकाल में अत्यंत दयनीय हो गई है। मार्ग के विस्तारीकरण के दौरान किए गए कार्य के कारण जगह-जगह जलभराव होने से विस्तारित हिस्सा दलदल में तब्दील हो गया है। इससे पर्यटक, तीर्थयात्री तथा स्थानीय वाहन चालक भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। मार्ग पर आए दिन दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार ग्रीष्मकाल में माई की बगिया मार्ग के विस्तारीकरण का कार्य प्रारंभ किया गया था, लेकिन लंबे समय बाद भी कार्य पूर्ण नहीं हो सका। लगभग 500 मीटर से अधिक हिस्से में मार्ग को विस्तारित करने के लिए मिट्टी हटाई गई है, जबकि सावित्री नदी पुल के पास से लगभग 800 मीटर मार्ग की स्थिति भी अत्यंत खराब बताई जा रही है। वर्षा के चलते विस्तारित हिस्से में पानी भरने से कीचड़ और दलदल की स्थिति निर्मित हो गई है।

मार्ग संकरा होने के कारण जब सामने से चार पहिया वाहन आते हैं तो उन्हें साइड देने के दौरान वाहन चालकों को विस्तारित हिस्से में उतरना पड़ता है। दलदली जमीन और गहरे गड्ढों के कारण कई बार वाहन फंस जाते हैं। इससे मार्ग पर जाम जैसी स्थिति भी निर्मित हो जाती है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए स्थिति और अधिक जोखिमपूर्ण बनी हुई है।

विस्तारित मार्ग के दोनों ओर लंबे-लंबे घास उग आने के कारण वाहन चालकों को यह भी स्पष्ट दिखाई नहीं देता कि सड़क के किनारे कितना गहरा गड्ढा या दलदल है। ऐसे में वाहन का पहिया अचानक गड्ढे में चले जाने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

श्रावण मास के दौरान माई की बगिया पहुंचने वाले पर्यटकों, तीर्थयात्रियों, दोपहिया एवं चार पहिया वाहन चालकों को इस खराब मार्ग के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण इस मार्ग की दुर्दशा के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।

स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं पर्यटक-तीर्थयात्रियों ने प्रशासन से मांग की है कि माई की बगिया मार्ग की वर्तमान स्थिति को देखते हुए तत्काल आवश्यक सुधार कार्य कराया जाए। मार्ग के विस्तारित हिस्से को समतल कर जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाए तथा आवागमन योग्य बनाने के लिए शीघ्र स्थायी समाधान किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को दुर्घटना एवं परेशानी से राहत मिल सके।

एसएचओ सुनील के 2 वर्ष पूर्ण होने पर आम्रपाली कल्चरल फ़ाउंडेशन ने किया सम्मान समारोह का आयोजन


*न्यू दिल्ली से पत्रकार ऊषा माहना*

जैतपुर थाना के एसएचओ सुनील कुमार के इस थाना में 2 वर्ष पूर्ण होने पर क्षेत्र की अग्रणी संस्था आम्रपाली कल्चरल फ़ाउंडेशन के द्वारा एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। ज्ञातव्य है की इस थाना में अभी तक केवल 2 एसएचओ ही दो वर्ष का कार्यकाल पूरा कर पाये हैं। इस सम्मान समारोह में क्षेत्र के आरडबल्यूए फ़ैडरेशन, मंदिर समिति एवं अनेकों संगठनो ने भाग लेकर सुनील कुमार के दो वर्षों के कार्यकाल पर संतोष व्यक्त किया एवं कानून व्यवस्था में सुधारों के लिए उनके प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने बताया की सुनील कुमार हमेशा जनता के लिए उपलब्ध रहते हैं, ऐसा पहली बार हो रहा है की एक गरीब से गरीब व्यक्ति एसएचओ साहिब के कमरे में बिना रोकटोक के प्रवेश कर सकता है। अपने सम्बोधन में इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने क्षेत्र मे कानून व्यवस्था बनाने में उनका सहयोग करने वाले सामाजिक व्यक्तियों को धन्यवाद किया एवं साथ हीं ये आशा व्यक्त किया की क्षेत्र के जागरूक लोग ऐसे ही पुलिस की आँख और कान बने रहें। इस अवसर पर आम्रपाली लाइब्रेरी के दो मेधावी छात्रों स्वप्निल सिंह एवं ओमप्रकाश सिंह को भी सम्मानित किया गया। इस समारोह के मुख्य वक्ता जिला पुलिस कमेटी के सदस्य सूर्यभान पांडे, नागरिक कल्याण समिति के प्रधान के के सिंह, दुष्यंत सिंह, सी के एन सिंह, नरेंद्र सिंह, राकेश भाटी के अतिरिक्त प्राइड इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन सुभाष भाटी, आरएसएस के नगर कारवां उमेद सिंह राणा एवं इंद्रप्रस्थ ब्रहमर्षि एकता मंच के चेयरमैन एकनाथ सिंह रहे। संस्था के महासचिव प्रीतम सिंह ने सभी का धन्यवाद किया। साथ में गंगा सागर, जितेंद्र श्रीवास्तव,  गंगेश झा, नवल किशोर, पुरुषोत्तम, के एन झा उमाकांत मिश्रा शिवम इत्यादि ने भी इस समारोह में भाग लिया।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget