समाचार 01 फ़ोटो 01
पुलिस ने 3 अलग-अलग चोरी के आरोपियों को किया गिरफ्तार, चोरी का सामान किया बरामद
*पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में किया पेश*
अनूपपुर
बिजुरी पुलिस ने गंभीर अपराध पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने शातिर चोर को अरुण उर्फ मोनू पाटकर को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया पूरा घरेलू सामान (बर्तन एवं भट्ठियां) बरामद कर लिया है।
20 अगस्त 2026 की रात्रि को आशीष तिवारी द्वारा 25 अगस्त 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई की क्वाटर क्र. 1016 डबल स्टोरी माइनस कॉलोनी, बिजुरी में अपने घरेलू सामान रखने के लिए कब्जे में ले रखा है, जिसमें ताला बंद रहता है। 20 अगस्त की सुबह जब उसने जाकर देखा तो कमरे का ताला टूटा हुआ था।
कमरे के अंदर रखे बर्तन और भट्ठियां (चूल्हे) गायब थे। चोरी गए सामान में रिलायंस कंपनी का 7 लीटर का सिल्वर कुकर, पुरानी सिल्वर की कड़ाई, 2 नग भट्ठी, 1 लोहे की कड़ाई, 3 बड़े सिल्वर के गंजे, 2 पीतल की गुंडी, 2 स्टील की बड़ी टंकी और फूल की कटोरी व गिलास शामिल थे। पुलिस ने धारा 331(4), 305(a) बीएनएस (BNS) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
*चोरी करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार*
पुलिस ने रात्रि में घर का ताला तोड़कर चोरी करने वाले फरार आरोपी राजकुमार उर्फ चरकू केवट को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। शोभा जैसवाल द्वारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई की 15 अगस्त 2026 से 18 अगस्त 2026 के मध्य शासकीय आवास, उप स्वास्थ्य केंद्र थानगाँव, थाना बिजुरी में अज्ञात चोरों द्वारा उनके शासकीय आवास के किचन और कमरे का ताला तोड़कर इंडक्शन, हेयर ड्रायर, लैपटॉप, मोबाइल, बैटरी, सोने के ईयर रिंग, सोने का लॉकेट, 08 नग चाँदी के चूड़े और 35,000 रुपये नकद सहित कुल 95,000 रुपये का मशरूका चोरी कर लिया गया है। पुलिस ने धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज।
इस मामले में तीन आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया था। फरार चल रहे चौथे आरोपी राजकुमार उर्फ चरकू केवट को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी गए सोने के ईयर रिंग, सोने का लॉकेट और 8 नग चाँदी के चूड़े (कुल कीमत करीब 28,000 रुपये) बरामद किए गए हैं।
*दुकान में चोरी का आरोपी गिरफ्तार*
बिजुरी पुलिस ने दुकान की छत की सीट हटाकर चोरी करने वाले बालिग आरोपी मोहन सिंह गोंड़ तथा अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
23 अगस्त 2026 को संतोष शुक्ला द्वारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि आरकेव्हीव्ही स्कूल रोड पर उनकी सीमेंट शीट से बनी इलेक्ट्रॉनिक की दुकान है। अज्ञात चोरों द्वारा 23-24 अगस्त की रात दुकान की छत पर लगी सीमेंट शीट को हटाकर अंदर प्रवेश किया गया और दुकान से 5 नग कॉपर बेंडिंग वायर रील (वजन करीब 4 किलोग्राम), एक कूलर का एग्जॉस्ट फैन, एक सीलिंग फैन, कूलर मोटर का स्टेटर, मिनी कूलर एग्जॉस्ट फैन के 2 स्टेटर तथा 3 सीलिंग फैन के स्टेटर (कुल कीमत करीब 15,000 रुपये) चोरी कर लिए गए हैं। पुलिस ने धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज।
दूसरा अन्य आरोपी नाबालिग इसलिए किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम के प्रावधानों एवं विधिक नियमों का पालन करते हुए उसके नाम का खुलासा नहीं किया जा रहा है। आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी गया शत-प्रतिशत मशरूका (5 नग कॉपर वायर रील, पंखे, स्टेटर व एग्जॉस्ट फैन आदि कुल कीमती 15,000 रुपये) बरामद कर लिया गया है।
समाचार 02 फ़ोटो 02
चोरी के 2 आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, 25 हजार का सामान बरामद
अनूपपुर
थाना रामनगर पुलिस ने चोरी के एक मामले का त्वरित खुलासा करते हुए चरण प्रसाद केवट, पिता रामनाथ केवट, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम आमाडांड, ललित केवट, पिता लोकनाथ केवट, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम आमाडांड दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया पूरा सामान बरामद किया है। श्याम कुमार चौहान, निवासी ग्राम आमाडांड ने थाना रामनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 13 अगस्त 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोर उसके घर के पीछे बाड़ी में लगे सबमर्सिबल पम्प, स्टार्टर, बिजली का तार एवं पाइप चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग ₹25,000 थी।
रिपोर्ट पर थाना रामनगर में अपराध क्रमांक 246/26 अंतर्गत धारा 302(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात करना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया सबमर्सिबल पम्प, स्टार्टर, तार एवं घटना में प्रयुक्त बाइक क्र MP 65 MA 9026 को बरामद कर जप्त किया गया है। चोरी गया मशरूका बरामद
समाचार 03 फ़ोटो 03
गोबरी के जंगल में पहुंचे दो हाथी, रात भर ग्रामीणों के घरों में तोड़फोड़ कर खेतो में किया नुकसान
अनूपपुर
दो हाथियों का समूह बुधवार को 16 वें दिन गोबरी के जंगल में पहुंचकर पीपल के पेड़ के छाव के पास दिन के समय विश्राम कर रहे हैं। यह दो हाथी मंगलवार के दिन जैतहरी के मोजर बियर प्लांट के अंदर दिन के समय ठहरते हुए देर रात निकल कर विभिन्न गांव के इलाकों से गुजरता हुआ मुख्य मार्ग,रेलवे लाईन एवं नदी को पार किया है इस बीच हाथियों द्वारा कुछ ग्रामीणों के घरों में तोड़फोड़ कर खेतो में लगे फसलों को अपना आहार बनाया है। 16 में दिन विगत रात सात आठ किलोमीटर का रास्ता तय किया है।
दोनों हाथी देर रात एक बार फिर से मोजर बियर प्लांट के सीमेंट प्लेट की बाउंड्री को तोड़कर गुवारी गांव के आदिवासी किसानों के खेतों में लगी धान की फसलों को आहार बनाते हुए अमगवां गांव के हायर सेकेंडरी स्कूल के पीछे से बेलिया फाटक की ओर आकर कुछ देर छुलहनी के जंगल में ठहरते हुए बेलिया फाटक से अनूपपुर से जैतहरी जाने वाली मुख्य मार्ग एवं रेलवे लाईन को देर रात पार किया हाथियों के मुख्य मार्ग को पार करने की संभावना पर वन विभाग के गश्ती दल द्वारा कुछ देर के लिए आवागमन को रोकते हुए हाथियों के निकल जाने पर फिर से मार्ग चालू कराया इस बीच दोनों हाथी बेलिया गांव में कुछ किसानों के खेतों में लगे धान की फसल को खाते हुए तिपान नदी जिसमें पानी का तेज बहाव एवं वर्षा काल की बाढ़ रही है को देर रात तैर कर पार कर ग्राम पंचायत गोबरी के बेलिया कछरा,ग्राम पंचायत पगना के पगना कछरा में किसानों के खेतों में लगी धान की फसल को खाते हुए पगना कछरा में दो ग्रामीणों के कच्चे मकान में तोड़फोड़ करते हुए बुधवार की सुबह बडवार नाला पार कर शक्तिकुंडी नामक जंगल से ग्राम पंचायत एवं वन बीट गोबरी के झुरहीतलैया जंगल में बुधवार की सुबह जंगल के अंदर स्थित पीपल के पेड़ के समीप पहुंच कर विश्राम कर रहे हैं।
समाचार 04 फ़ोटो 04
चोरी के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, चोरी गया लाखों का हुआ बरामद
उमरिया
चंदिया थाना क्षेत्र में हुई 02 चोरी की घटनाओं का तत्परता से खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया मशरूका बरामद किया गया है
विकास चतुर्वेदी पिता रमाकांत चतुर्वेदी, उम्र 36 वर्ष, निवासी छाहर मोहल्ला चंदिया द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई की 09 अगस्त 2026 को अज्ञात चोर द्वारा घर के पीछे खेत में लगी कटीली तार काटकर घर में प्रवेश किया तथा अलमारी का लॉकर तोड़कर चांदी की बिछिया, पायल, सोने का मंगलसूत्र, एवं तांबे का लोटा चोरी कर लिया गया। रिपोर्ट पर थाना चंदिया में अपराध क्रमांक 241/2026, धारा 331(4), 305(ए) भा.न्या.सं. पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
शाहजहां खान पति मो. हारून खान, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम सोनारी थाना बड़वारा जिला कटनी, हाल वार्ड क्र. 07 चंदिया द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 18 अगस्त 2026 को अज्ञात चोर द्वारा घर का ताला खोलकर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी चोरी कर लिया गया। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 256/2026, धारा 331(4), 305(ए) भा.न्या.सं. पंजीबद्ध किया गया। घटित दोनो मामलो में संदेही निवासी चंदिया को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी द्वारा चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की गई।
आरोपी के कब्जे से फरियादिया शाहजहां खान के प्रकरण में 01 नग सोने की पंचाली, 01 नग सोने की अंगूठी, 01 नग सोने का लौंग, 01 जोड़ी चांदी की पायल एवं 1,900/- नगदी, कुल करीब 1,00,000/- का मशरूका बरामद किया गया। वहीं फरियादी विकास चतुर्वेदी के घर हुई चोरी के मामले में आरोपी के कब्जे से 01 नग सोने का मंगलसूत्र एवं 01 जोड़ी चांदी की पायल, करीब 1,00,000/- कीमत का मशरूका बरामद किया गया।
समाचार 05 फ़ोटो 05
रक्षाबंधन पर ‘खाकी के संग राखी’ की अनूठी पहल, पुलिसकर्मियों की कलाइयों पर सजा स्नेह और सम्मान का रक्षासूत्र
उमरिया
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान और आत्मीयता व्यक्त करने के उद्देश्य से युवा टीम उमरिया द्वारा उमरिया कोतवाली थाना परिसर में “खाकी के संग राखी” कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला कलेक्टर राखी सहाय एवं पुलिस अधीक्षक विजय भगवानी के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में युवा टीम की बहनों ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कलाइयों पर राखी बांधकर भाई-बहन के स्नेह एवं सुरक्षा के पवित्र रिश्ते को मजबूत किया।रक्षाबंधन से पूर्व आयोजित कार्यक्रम में बहनों ने पुलिसकर्मियों के माथे पर तिलक लगाया और उनकी कलाइयों पर रक्षासूत्र बांधा। राखी बंधवाने के बाद पुलिसकर्मियों ने भी बहनों की सुरक्षा, सम्मान और सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प व्यक्त किया। कुछ ही पलों में थाना परिसर का माहौल ड्यूटी और अनुशासन के साथ-साथ स्नेह, अपनत्व एवं भावनाओं से भर उठा।
कोतवाली थाना प्रभारी मदनलाल मरावी ने कहा कि पुलिसकर्मी कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए समाज की सुरक्षा में लगातार जुटे रहते हैं। ऐसे आयोजन पुलिस और आमजन के बीच आत्मीय संबंधों को मजबूत करते हैं और पुलिसकर्मियों का मनोबल भी बढ़ाते हैं।
युवा टीम उमरिया के अध्यक्ष हिमांशु तिवारी ने कहा कि पुलिसकर्मी त्योहारों के दौरान भी अपनी ड्यूटी को प्राथमिकता देते हैं और कई बार अपने परिवार से दूर रहकर समाज की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। जब अधिकांश परिवार अपने घरों में रक्षाबंधन की खुशियां मना रहे होते हैं, तब पुलिसकर्मी हमारी सुरक्षा के लिए अपने कर्तव्य स्थल पर मौजूद रहते हैं। ऐसे कर्मठ पुलिसकर्मियों के साथ रक्षाबंधन मनाकर उन्हें यह एहसास दिलाना ही “खाकी के संग राखी” पहल का उद्देश्य है कि समाज उनके साथ खड़ा है और उनके समर्पण का सम्मान करता है। युवा रक्षाबंधन के इस अवसर पर पुलिसकर्मियों की कलाइयों पर बंधा रक्षासूत्र उनके समर्पण के प्रति समाज की ओर से सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक बना।
समाचार 06 फ़ोटो 06
क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य ने स्वास्थ्य केंद्र जयसिंहनगर का किया निरीक्षण, मरीजो से किया संवाद
शहडोल
शहडोल एवं रीवा संभाग के क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा डॉ. जी.एस. परिहार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयसिंहनगर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, दवा वितरण, साफ-सफाई, मरीजों को प्रदान की जा रही सेवाओं तथा आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य ने अस्पताल प्रबंधन एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अस्पताल में पाई गई कमियों को शीघ्र दूर करने तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य संस्थानों में नियमित साफ-सफाई, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार एवं स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने एनीमिया की जांच करने, मौसमी बीमारियों को दृष्टिगत रखते हुए सभी दवाइयां उपलब्ध कराने, गर्भवती माता की विशेष जांच करने, बच्चों का टीकाकरण नियमित रूप से हो आदि स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही मरीजों से चर्चा कर अस्पताल द्वारा दी जा रही सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
समाचार 07 फ़ोटो 07
विधायक ने विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर दिए निर्देश
शहडोल
विधायक मनीषा सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अमृता गर्ग की उपस्थिति में तहसील कार्यालय सोहागपुर के सभागार विधानसभा क्षेत्र जयसिंहनगर के विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए की विधानसभा क्षेत्र जयसिंहनगर के अंतर्गत किए जा रहे विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राहियों को मिले इसके लिए मैदानी अमले के साथ मिलकर कार्य करें।
बैठक में नगरपालिका क्षेत्रान्तर्गत जलभराव की स्थिति, फार्मर रजिस्ट्री, नामांतरण, बंटवारा, राशन वितरण, सड़क निर्माण कार्य सहित अन्य कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
समाचार 08
7 पटवारियों को नोटिस, सचिवों व रोजगार सहायको का कटा वेतन
शहडोल
कलेक्टर पार्थ जायसवाल के निर्देशन में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व विभाग अमृता गर्ग ने फार्मर रजिस्ट्री में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर पटवारी हल्का खेतौली चित्रा धर्या, पटवारी हल्का हर्रा-98 राजेश्वर मेहरा, पटवारी हल्का भानपुर-105 निलेश पांडे, पटवारी हल्का बिरूहली सूर्यभानु सिंह, पटवारी हल्का कटकोना ज्योति मिश्रा, पटवारी हल्का छाता सुजीत श्रीवास्तव, पटवारी हल्का खोह रफीक खान को कारण बताओं नोटिस जारी कर तीन दिवस में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अमृता गर्ग ने फार्मर आईडी के कार्य में लगाई गई ड्यूटी में अनुपस्थित होने पर ग्राम पंचायत बरुका, कंचनपुर, हर्रा टोला,नवलपुर, पंचगाव, सिंदूरी, श्यामडीह, गोरतरा के सचिवों एवं रोजगार सहायको का एक - एक दिन का वेतन काटने के आदेश जारी किया है।
समाचार 09
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान कैम्प 29 अगस्त को
अनूपपुर
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत 27 अगस्त 2026 को जैतहरी में आयोजित कैंप की तिथि को शासन के दिशा निर्देशानुसार 29 अगस्त 2026 नियत किया गया। कलेक्टर रत्नाकर झा के निर्देशानुसार कैम्प का आयोजन सीएमओ कार्यालय ऑडिटोरियम, जैतहरी में किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य नागरिकों की शिकायतों एवं आवेदनों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के साथ शासकीय सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाना है।अभियान के तहत कैम्प वाले क्षेत्र में लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों, जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की जाएगी। भ्रमण से पूर्व अधिकाधिक प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने तथा शेष प्रकरणों का मौके पर निराकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं।