समाचार
अध्यक्ष सीएमओ ने मंदिर को भी नही छोड़ा, भगवान को थमाया टैक्स का नोटिस, लोगो मे नाराजगी
*टूटी सड़कें, अंधेरा रास्ता, पानी की किल्लत, बजबजाती नालियां बीच जनता से टैक्स वसूली पर आमादा*
अनूपपुर
टैक्स वसूली के अजीबोगरीब मामले तो आपने बहुत सुने होंगे, लेकिन मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की नगर परिषद बरगवां-अमलाई का एक मामला इन दिनों लोगों को हैरान कर रहा है। आरोप है कि नगर की बदहाल व्यवस्थाओं को सुधारने के बजाय नगर परिषद अब सार्वजनिक मंदिरों को भी टैक्स का नोटिस जारी कर रही है। बताया जा रहा है कि दो सार्वजनिक मंदिरों के साथ हनुमान जी महाराज के मंदिर के नाम से भी टैक्स वसूली संबंधी नोटिस जारी किया गया है। इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर परिषद क्षेत्र में सड़क, पानी, बिजली, प्रकाश और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पहले से ही खराब है। कई मोहल्लों में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। विशेष रूप से बैगा जनजातीय समाज सहित अनेक परिवारों को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद कई क्षेत्रों में नियमित और पर्याप्त पानी की व्यवस्था नहीं हो पा रही है।
नगर के कई मार्ग जर्जर और टूटी सड़कों की समस्या से जूझ रहे हैं। वहीं अनेक स्थानों पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट न होने के कारण शाम ढलते ही राहें अंधेरे में डूब जाती हैं। इससे आम नागरिकों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को आने-जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं की स्थिति में भी अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया है।
नगर परिषद की स्थापना को करीब चार वर्ष पूरे हो चुके हैं, लेकिन नागरिकों का आरोप है कि इस दौरान क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विकास की रफ्तार अपेक्षानुसार नहीं रही। ऐसे में सार्वजनिक मंदिरों को टैक्स नोटिस जारी किए जाने की कार्रवाई ने लोगों के बीच नया सवाल खड़ा कर दिया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब नगरवासियों को पर्याप्त पानी, बेहतर सड़क, रोशनी और अन्य बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं, तो नगर परिषद आखिर मंदिरों से किस सुविधा के बदले टैक्स वसूलना चाहती है। लोगों का आरोप है कि परिषद जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने के बजाय राजस्व वसूली पर अधिक सक्रिय दिखाई दे रही है।
इस पूरे मामले को लेकर लोगों ने नगर परिषद प्रशासन से पहले क्षेत्र की बदहाल व्यवस्थाओं में सुधार करने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि पेयजल संकट दूर करने, जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने और अंधेरी गलियों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के बाद ही टैक्स वसूली जैसे मामलों पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। अब देखना यह होगा कि मंदिरों को नोटिस जारी करने के विवाद पर नगर परिषद प्रशासन क्या स्पष्टीकरण देता है और जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान कब तक किया जाता है।
इनका कहना है।
टैक्स के लिए मंदिर को नोटिस जारी करना सरासर गलत है, हम इसका विरोध करते हैं। नगर परिषद जमकर भ्रष्टाचार मचा है। आम जनता से तो टैक्स वसूल रही है, लेकिन वार्डो में अंधेरा, बदहाल सड़क, बजबजाती नालियां, पानी की किल्लत है।
*पवन कुमार चीनी पार्षद वार्ड़ नम्बर 07*
समाचार 02 फ़ोटो 02
आरपीएफ व जीआरपी की कार्यवाही, 1.14 हजार के 10 चोरी के मोबाइल सहित आरोपी गिरफ्तार
अनूपपुर
अनूपपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर शनिवार को जीआरपीऔर-आरपीएफ पुलिस की संयुक्त चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को 10 चोरी के मोबाइलों के साथ गिरफ्तार किया है। मोबाइलों की कीमत करीब 1 लाख 14 हजार रुपए बताई जा रही है। जो बेचने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया।
पुलिस टीम को मुखबिर की सूचना पर ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर चेकिंग चला रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर एक युवक काले रंग का पिट्टू बैग लिए संदिग्ध हालत में घूमता दिखा। पुलिस को अपनी ओर आता देख वह भागने लगा, जिस पर टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सनी कोल पुत्र राम बालक कोल उम्र 26 वर्ष निवासी पड़री पानी वार्ड नंबर 8 बिजुरी थाना बिजुरी जिला अनूपपुर का बताया। जिसके बैग की तलाशी लेने पर कुल 10 नग एंड्राइड मोबाइल विभिन्न कंपनियों के कीमती 114000/- का प्राप्त हुआ जिसके वैध दस्तावेज न होने से धारा 317(2) बीएनएस के तहत मोबाइल जप्त कर वैधानिक कार्यवाही की गई।
आरोपी ने बताया कि वह अपना खर्चा चलाने के लिए मोबाइल चोरी करता था और ग्राहक मिलते ही उन्हें कम दाम में बेच देता था। पूछताछ में सामने आया कि वह इन 10 मोबाइलों को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में था। जीआरपी ने अनूपपुर कोतवाली पुलिस से भी गुम हुए मोबाइलों की शिकायतों का मिलान कर उनके मालिकों को सूचना देने को कहा है।
समाचार 03 फ़ोटो 03
बोलेरो से 2.26 लाख का 302 लीटर अवैध शराब को पुलिस ने वाहन सहित किया जब्त, 2 आरोपी फरार, मामला दर्ज
अनूपपुर
थाना जैतहरी पुलिस द्वारा अवैध शराब के परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक बिना नंबर की महिंद्रा बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब जप्त की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 302.520 लीटर अंग्रेजी शराब, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2,26,476/- है, तथा महिंद्रा बोलेरो वाहन जप्त किया गया। मामले में आरोपी राजा सिंधी एवं अज्ञात चालक के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
थाना जैतहरी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक सफेद रंग की बोलेरो S6 वाहन में भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब अनूपपुर की ओर से जैतहरी लाई जा रही है। थाना जैतहरी पुलिस टीम द्वारा डायल-112 स्टाफ एवं चालक के साथ मुखबिर द्वारा बताए स्थान बेलिया फाटक पर घेराबंदी की गई। इसी दौरान अनूपपुर की ओर से एक ट्रक के पीछे एक सफेद रंग की बोलेरो वाहन आती दिखाई दी। पुलिस टीम द्वारा वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। वाहन धीमा होने पर चालक की बगल वाली सीट पर राजा सिंधी बैठा हुआ दिखाई दिया।
इसके बाद अज्ञात चालक द्वारा वाहन को तेज गति से जैतहरी की ओर भगाया गया। पुलिस एवं डायल-112 वाहन द्वारा पीछा किए जाने पर बोलेरो चालक अमन होटल के बगल से पीछे के रास्ते में वाहन लेकर घुस गया। कुछ दूरी पर चालक एवं राजा सिंधी अंधेरे का फायदा उठाकर बोलेरो वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस टीम बिना नंबर की बोलेरो वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में कार्टूनों के अंदर 8 PM, मैक डॉवेल्स, रॉयल स्टैग, मैजिक मूमेंट, बोल्ट बीयर, गोवा ब्रांड सहित विभिन्न कंपनियों की अंग्रेजी शराब पाई गई। जप्त शराब की कुल मात्रा 302.520 लीटर तथा अनुमानित कीमत ₹2,26,476/- एवं बोलेरो वाहन कीमती 10 लाख पाई गई। अवैध शराब एवं बोलेरो वाहन को जप्त कर कर लिया।
समाचार 04 फोटो 04
दो पीकप वाहन से 13 मवेशियों को पुलिस ने कराया मुक्त, 1 मवेशी की हो चुकी थी मौत, आरोपी हुए फरार
अनूपपुर
थाना जैतहरी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो सफेद रंग के फुल बॉडी पिकअप वाहनों में मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर एवं क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना पर थाना जैतहरी एवं पुलिस सहायता केन्द्र वेंकटनगर की दो टीमों द्वारा टकहुली-पचौहा रोड पर नाकाबंदी की गई।
नाकाबंदी के दौरान जैतहरी ऑक्सीजन प्लांट की ओर से टकहुली-पचौहा रोड की तरफ दो पिकअप वाहन तेज गति से आते दिखाई दिए। पुलिस टीम द्वारा दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन चालकों ने वाहन नहीं रोके। वेंकटनगर टीम द्वारा पीछा किए जाने पर एक पिकअप वाहन को टकहुली-पचौहा रोड के किनारे कुछ दूरी पर छोड़कर चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पिकअप वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 03 नग पड़ा एवं 04 नग भैंसी, कुल 07 मवेशी, रस्सियों से बांधकर ठूंस-ठूंसकर एवं क्रूरतापूर्वक भरे हुए पाए गए। मवेशियों को हिलने-डुलने एवं सांस लेने में अत्यधिक परेशानी हो रही थी। मौके से पिकअप वाहन कीमत लगभग ₹7,00,000/- एवं 07 मवेशी कीमत लगभग ₹3,50,000/-, कुल ₹10,50,000/- का सामान जप्त कर पुलिस कब्जे में लिया गया।
दूसरे वाहन से बरामद 07 मवेशियों में से मृत भैंस सहित मवेशियों की अनुमानित कीमत ₹60,000/- तथा पिकअप वाहन की कीमत लगभग ₹5,00,000/- है। दोनों मामलों में कुल 02 पिकअप वाहन एवं 14 मवेशी जप्त किए गए हैं। प्रकरण में संबंधित धाराओं के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। दोनों फरार वाहन चालकों की तलाश जारी है।
समाचार 05 फ़ोटो 05
निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने मंत्री से मुलाकात कर निकाय क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं से कराया अवगत
अनूपपुर
नगर परिषद डूमरकछार के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने कोतमा क्षेत्र के विधायक एवं प्रदेश शासन में मंत्री दिलीप जायसवाल,राज्यमंत्री कुटीर एवं ग्रामोद्योग (स्वतंत्र प्रभार) से मुलाकात कर निकाय क्षेत्र में व्याप्त कई समस्याओं के बारे में चर्चा की,प्रमुख रूप से लंबे समय से निकाय में उपयंत्री की पदस्थापना ना होना,स्थायी सीएमओ की पोस्टिंग ना होने से शासन एवं निकाय के कार्य प्रभावित होना,सफाई कर्मियों का मानदेय विगत कई माह से लंबित होना, निकाय की आय से ज्यादा कर्मचारियों के वेतन पर व्यय होना,साथ ही अन्य कई मुद्दों पर चर्चा की गयी,श्री जायसवाल ने सभी मुद्दों को गंभीरता पूर्वक लेते हुए क्षेत्र के विकास और निकाय क्षेत्र में जनहितैषी कार्य जमीनी स्तर पर अच्छे से हो सके और सुविधाएं आम नागरिकों तक पहुंचे सके,इसे गंभीरता पूर्वक लेते हुए उच्च अधिकारियों को जल्द से जल्द निकाय क्षेत्र की व्यवस्थाओं को चुस्त दुरुस्त करने एवं जनहितैषी कार्यों की योजना बनाकर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
ज्ञात हो कि निर्विरोध पार्षद एवं निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित डॉ. सुनील कुमार चौरसिया के नेतृत्व में निकाय के अधिकांश निर्वाचित जनप्रतिनिधि कंधा से कंधा मिलाकर क्षेत्र के विकास में पूरा सहयोग कर रहे हैं,परंतु कुछ ना कुछ अधिकारियों एवं कर्मचारी की मनमानी, मान.उच्च न्यायालय के आदेशों की गलत ब्याख्या कर निकाय क्षेत्र का विकास प्रभावित किया जा रहा है यह सभी तथ्य मंत्री जी के संज्ञान में लाया गया,इन सभी मुद्दों को मंत्री जी ने संज्ञान में लिया साथ ही निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने यह बात भी संज्ञान में लाया कि जब निकाय की महीने की आय शासन से प्राप्त होने वाली चुंगी लगभग महीने में 10 लाख प्रतिमाह है,दूसरी ओर निकाय में पदस्थ सभी प्रकार के कर्मचारियों का वेतन भुगतान (स्थापना व्यय ) 23 से 24 लाख है,यह कैसे संभव है कि निकाय की आय से लगभग तीन गुना वेतन पर प्रतिमाह व्यय हो,फिर भी सीमित साधनों के बावजूद निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सहयोग से अधिक से अधिक जनहितैषी कार्य निकाय में किए जाने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि सभी समस्याओं को मंत्री जी ने बड़े ही गंभीरतापूर्वक सुना और सकारात्मक पहल करते हुए उच्च अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए
समाचार 06 फ़ोटो 06
बस स्टैंड के पास नाले में मिला नवजात का शव, पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुटी
शहडोल
ब्यौहारी थाना क्षेत्र में बस स्टैंड और शासकीय कॉलेज के समीप स्थित नाले में एक नवजात शिशु का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। नवजात का शव नाले में औंधे मुंह पड़ा था। राहगीरों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के क्षेत्र में नवजात को लेकर जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन फिलहाल यह पता नहीं चल सका है कि नवजात को नाले में किसने फेंका।
घटना की जानकारी आसपास के लोगों और महिलाओं को लगी तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। नवजात का शव देखकर लोगों में आक्रोश और दुख का माहौल रहा।
स्थानीय लोगों का कहना था कि आखिर कौन मां या व्यक्ति इतनी निर्दयता कर सकता है कि जन्म के बाद नवजात को इस तरह नाले में छोड़ दे। पुलिस ने नवजात के शव को अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। इसके बाद शव को कफन-दफन कराया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नवजात का जन्म कहां हुआ था और उसे नाले तक कौन लेकर पहुंचा। आसपास के क्षेत्रों में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के पीछे कौन जिम्मेदार है।
समाचार 07 फ़ोटो 07
बाणसागर डैम के पास सोन नदी पुल के ज्वाइंट में दिखा बड़ा क्रैक, हादसे का खतरा
शहडोल
देवलोंद क्षेत्र में बाणसागर डैम के पास सोन नदी पर बने पुल के बीच ज्वाइंट में बड़ा क्रैक और गड्ढा दिखाई देने का मामला सामने आया है। इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही होती है। इसके बावजूद पुल की स्थिति को लेकर जिम्मेदारों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि पुल के बीच बने गड्ढे से बचने के प्रयास में एक ट्रक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गया। गनीमत रही कि ट्रक पुल से नीचे गिरने से बच गया। हालांकि, वायरल वीडियो कब का है और घटना वास्तव में कब हुई, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
यह पुल शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग को जोड़ता है और सोन नदी पर बाणसागर परियोजना क्षेत्र में स्थित है। जून 2025 में भी इसी पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने और बीच में गड्ढा बनने के बाद प्रशासन ने आवागमन बंद कराया था।
ऐसे में पुल के ज्वाइंट में दोबारा दिखाई दे रहे क्रैक और गड्ढे को लेकर वाहन चालकों में चिंता बढ़ गई है। लोगों ने संबंधित विभाग से पुल का तत्काल निरीक्षण कराने और सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने की मांग की है।
समाचार 08 फ़ोटो 08
डैम के बेस्टवेयर उफनते पानी मे साइकिल से किशोर की खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो वायरल
उमरिया
उमरिया के उमरार डैम के बेस्टवेयर पर उफनते पानी के बीच साइकिल चलाते एक किशोर का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में किशोर बेस्टवेयर के ऊपर साइकिल चलाता नजर आ रहा है। यह स्टंट बेहद खतरनाक है और जरा सी चूक किसी बड़ी अनहोनी का कारण बन सकती है।
लगातार हो रही बारिश के चलते डैम और बेस्टवेयर से पानी का तेज बहाव देखने को मिल रहा है। उफनते पानी के इस मनोरम दृश्य को देखने के लिए आसपास के लोग बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।
इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक किशोर डैम के बेस्टवेयर पर साइकिल चलाते हुए नजर आ रहा है। पानी के तेज बहाव के बीच इस तरह साइकिल चलाना बेहद जोखिम भरा है।
बताया जा रहा है कि किशोर शायद वीडियो या रील बनाने के चक्कर में यह खतरनाक स्टंट कर रहा था। हालांकि वायरल वीडियो में नजर आ रहे किशोर की पहचान और वीडियो की पूरी पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है।
बेस्टवेयर पर लगातार तेज रफ्तार से बहता पानी किसी भी व्यक्ति को अपने साथ बहा सकता है। ऐसे में मनोरंजन या सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए जान जोखिम में डालना भारी पड़ सकता है।